इंदौर
इंदौर में गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। सिमरोल थाना क्षेत्र में भैरव घाट पर यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस इंदौर से खंडवा जा रही थी। हादसे में मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई। हादसे में करीब 46 लोग घायल हो गए। इसकी पुष्टि सिमरोल टीआई आरएस भदौरिया ने की है। कलेक्टर मनीष सिंह के मुताबिक हादसे के वक्त बस तेज स्पीड में थी। ओवर टेक के चक्कर में हादसा हुआ है। 10 घायलों को इंदौर के अस्पताल लाया गया है। जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।
जानकारी के मुताबिक बस भैरव घाट के पास 50 फीट गहरी खाई में जाकर गिर गई। बस पूरी तरह उलट गई। उसके चारों पहिए ऊपर हो गए। यात्रियों को घाट से ऊपर लाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना की जानकारी लगते ही तत्काल 108 एंबुलेंस सहित पुलिस मौके पर पहुंच गई। इंदौर से 4 एंबुलेंस भी घटनास्थल भेजी गई हैं। घायलों को आसपास के अस्पताल भेजा जा रहा है। राहगीरों ने बताया कि बस में 50 से 60 लोग मौजूद थे। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
कलेक्टर मनीष सिंह भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने बताया कि हादसा खंडवा रोड पर सिमरोल के आगे घाट सेक्शन में हुआ है। बस काफी ऊंचाई से गिरी है।
इनकी मौत हुई
– प्रमिला (27) पति राजकुमार, बिलासपुर
– झरोखा बाई (60) पति लक्ष्मण शिंदे, खरगोन
– नंदू (65) पिता गंगाराम, खंडवा
– 34 वर्षीय महिला, अज्ञात
– 45 वर्षीय पुरुष, अज्ञात
प्रत्यक्षदर्शी से जानिए- कैसे हुआ हादसा
शाम के करीब 4 बजे होंगे। मैं बड़वाह से इंदौर बाइक से जा रहा था। अभी सिमरोल घाट ही पहुंचा था। इंदौर की ओर से बस सड़क पर तेज रफ्तार से आ रही थी। सिमरोल घाट का एक टर्न पर 100 से 150 मीटर दूर रहा होगा, तभी तेज रफ्तार बस टर्न पर आते ही खाई में गिर गई। कुछ देर में लोगों के चीखने और बचाओ, निकालो और कराहने की आवाजें आने लगीं।मैंने तुरंत बाइक को सड़क किनारे रोक कर इमरजेंसी एंबुलेंस 108 को घटना की सूचना दी। घटनास्थल पर करीब 10 मिनट रुका। इसके बाद इंदौर के लिए रवाना हुआ।
(जैसा हादसे के प्रत्यक्षदर्शी भगवान सिंह सोलंकी ने बताया)

हादसे के बाद मौके पर भीड़ लग गई। सड़क पर जाम भी लग गया।
मृतकों को 4-4 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपए सहायता
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे में मृतकों को चार-चार लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। साथ ही, घायलों का नि:शुल्क उपचार की बात भी कही है।
सीएम शिवराज ने जताया दुख –

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया।

घायलों को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल ले जाया गया।





