अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

बिजनेस :डॉ. रेड्डीज लैब का लाभ 14 फीसदी घटा; बैंक ऑफ इंडिया को 2,705 करोड़ का लाभ

Share

सरकारी क्षेत्र के बैंक ऑफ इंडिया को चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 2,705 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। एक साल पहले की समान तिमाही की तुलना में यह 7.5 फीसदी अधिक है। बैंक ने बुधवार को शेयर बाजारों को बताया, इस दौरान कुल आय 19,957 करोड़ रुपये से बढ़कर 21,205 करोड़ रुपये हो गई। सकल बुरा फंसा कर्ज (एनपीए) 3.69 फीसदी से घटकर 2.26 फीसदी पर आ गया। 

डॉ. रेड्डीज लैब का लाभ 14 फीसदी घटा
अमेरिकी बाजार में कम बिक्री के चलते डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज को दिसंबर तिमाही में 1,210 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में यह 14 फीसदी कम है। कंपनी ने बताया, राजस्व बढ़कर 8,727 करोड़ रुपये हो गया। तीसरी तिमाही में उत्तरी अमेरिका में इसका राजस्व 12 फीसदी कम होकर 29,64 करोड़ रुपये रहा। घरेलू बाजार में बिक्री 19 फीसदी बढ़कर 1,603 करोड़ रुपये हो गई। 

रकम कम होने पर बैंक खाते से खुद रिचार्ज हो जाएगा यूपीआई, भीम ने शुरू की सुविधा
यूपीआई से भुगतान में एक और नया फीचर जुड़ गया है। आप एनपीसीआई भीम का उपयोग कर रहे हैं और इसके यूपीआई एप में बैलेंस 200 रुपये से कम होता है तो यह अपने आप रिचार्ज हो जाएगा। यूजर्स को यूपीआई लाइट ऑटो टॉप-अप चालू करना होगा जिससे रिचार्ज हो जाएगा।

राष्ट्रीय भुगतान निगम लि. (एनपीसीआई) के भीम एप की प्रबंध निदेशक ललिता नटराज ने कहा, हम लगातार भीम एप को नए टेक्नोलॉजी और फीचर के साथ ला रहे हैं। हाल में केनरा बैंक के साथ साझेदारी की है। 3-4 और सरकारी बैंकों के साथ बात हो रही है जो अप्रैल से जून के बीच पूरी होने की उम्मीद है। भीम एप ने 2025 में मजबूत वृद्धि दर्ज की है। मासिक लेनदेन जनवरी में 3.89 करोड़ से चार गुना बढ़कर दिसंबर में 16.5 करोड़ हो गया है। इसी तरह लेनदेन का मूल्य भी दिसंबर में बढ़कर 20,854 करोड़ रुपये तक हो गया।

उन्होंने कहा, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान जैसे उत्तरी क्षेत्रों सहित प्रमुख बाजारों में जो वृद्धि हम देख रहे हैं, वह भीम पेमेंट्स एप के प्रदर्शन, सुरक्षा और कुल उपयोगकर्ता अनुभव पर बढ़ते भरोसे को दर्शाती है। एप के फीचर्स को सबकी सुविधाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

खराब सेवाओं पर 1.5 लाख  मुआवजा दे एअर इंडिया : उपभोक्ता फोरम
दिल्ली उपभोक्ता फोरम ने 2023 में दिल्ली–न्यूयॉर्क फ्लाइट के दौरान खराब सुविधाओं का सामना करने वाले पिता-पुत्री को हुई मानसिक परेशानी के लिए एअर इंडिया को 1.5 लाख रुपये मुआवजा देने को कहा है। जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने शैलेंद्र भटनागर और उनकी बेटी की शिकायत पर यह आदेश दिया। उपभोक्ता आयोग ने कहा कि भारी रकम लेने के बावजूद एअर इंडिया बुनियादी सुविधाएं देने में नाकाम रही।

आईएलएंडएफएस के निदेशकों को संरक्षण
राष्ट्रीय कंपनी विधि अपील न्यायाधिकरण एनसीएलएटी ने कर्ज में डूबे आईएलएंडएफएस के नए निदेशक मंडल में शामिल पेशेवर निदेशकों को बैंकों द्वारा इरादतन चूककर्ता घोषित किए जाने से दी गई संरक्षण अवधि को बढ़ा दिया है। दो सदस्यीय पीठ ने कहा, बैंक नए बोर्ड के पेशेवर निदेशकों के खिलाफ एनसीएलएटी से मंजूरी मिलने के बाद ही कार्रवाई करेंगे। सरकार ने 1 अक्तूबर, 2018 को बोर्ड की नियुक्ति की थी।

ग्रामीण श्रमिकों के लिए खुदरा महंगाई बढ़ी
नई दिल्ली। कुछ खाद्य पदार्थों की कीमतों में मजबूती के चलते दिसंबर में कृषि और ग्रामीण श्रमिकों के लिए खुदरा महंगाई नवंबर की तुलना में 0.04 फीसदी और 0.11 फीसदी बढ़ गई। श्रम मंत्रालय ने बुधवार को कहा, खुदरा कीमतों में वृद्धि की दर नवंबर में क्रमशः (-)0.66 और (-)0.47 फीसदी नकारात्मक रही। दिसंबर में कृषि श्रमिकों के लिए खाद्य मुद्रास्फीति (-)1.80 फीसदी और ग्रामीण श्रमिकों के लिए शून्य से नीचे 1.73 फीसदी रही। 

टाटा मोटर्स ने 17 ट्रकों को किया लॉन्च
टाटा मोटर्स ने 7 से 55 टन तक की क्षमता वाले 17 ट्रकों का अपना अगली पीढ़ी का पोर्टफोलियो लॉन्च किया है। यह सुरक्षा, लाभ और प्रगति में नए मानक स्थापित करता है। टाटा मोटर्स के एमडी-सीईओ गिरीश वाघ ने कहा, यह नई अजुरा सीरीज, अत्याधुनिक टाटा ट्रक्स ईवी रेंज और मशहूर प्राइमा, सिग्ना एवं अल्ट्रा प्लेटफॉर्म में महत्वपूर्ण अपग्रेड पेश करता है।

डिस्कॉम का घाटा होगा कम, बजट में विद्युत संशोधन विधेयक पर चर्चा
बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) के घाटे को कम करने के लिए लागत अनुरूप टैरिफ की अवधारणा को विद्युत संशोधन विधेयक में शामिल किया गया है। इस पर बजट सत्र में चर्चा और इसके पारित होने की संभावना है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा, डिस्कॉम बिजली आपूर्ति मूल्य श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण घटक हैं, जिसमें उत्पादन, ट्रांसमिशन और वितरण शामिल हैं।
लाल ने कहा, डिस्कॉम बिजनेस टू कस्टमर (बीटूसी) सेवा देते हैं। इसलिए सेवा की गुणवत्ता और अन्य मुद्दों से संबंधित ग्राहकों की शिकायतें सबसे पहले उन्हीं तक पहुंचती हैं। हम डिस्कॉम के नुकसान को कम करने के लिए लागत अनुरूप टैरिफ का प्रावधान ला रहे हैं। इसमें बिजली आपूर्ति पर होने वाले सभी खर्चों को शामिल किया जाएगा। इससे डिस्कॉम का नुकसान कम होगा। 

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें