,अलीराजपुर
मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले के जोबट में भगोरिया मेले से लौटने के दौरान कांग्रेस नेताओं के ऊपर हुए हमले के मामले में पुलिस ने झाबुआ विधायक कांतिलाल भूरिया और उनके बेटे डॉक्टर विक्रांत भूरिया पर अपहरण और लूट की धाराओं में मामला दर्ज किया है।

बड़ी बात यह है की यह मामला अलीराजपुर जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रहे महेश पटेल और उनके समर्थकों की शिकायत पर दर्ज किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने कांग्रेस नेताओ की शिकायत पर भी जोबट थाने में मुकदमा कायम किया है।
दरअसल गुरुवार दोपहर को झाबुआ विधायक कांतिलाल भूरिया और उनके बेटे यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डॉ विक्रांत भूरिया जोबट के भगोरिया मेले से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ियों पर कुछ लोगो ने हमला कर दिया। इस घटना में विक्रांत भूरिया के ड्राइवर को गंभीर चोट आई।
इसी घटना से संबंधित वायरल हुए वीडियो में विक्रांत भूरिया और उनके समर्थक हमले के बाद युवक जितेंद्र को जबरन गाड़ी में भरते हुए दिखाई दे रहे है। जिसे छुड़ाने महेश पटेल के पुत्र पुष्पराज पटेल पहुंच गए थे। इसी को लेकर विक्रांत भूरिया के समर्थकों और महेश पटेल के पुत्र के बीच हाथापाई हो गई। पुलिस को पहले जितेंद्र की तरफ से शिकायती आवेदन प्राप्त हुआ।
इसी को लेकर पुलिस ने पहले युवक की तरफ से शिकायत मिलने पर विधायक कांतिलाल भूरिया और उनके बेटे विक्रांत भूरिया पर धारा 365 और 392 सहित मारपीट की धारा में मुकदमा कायम किया है। हालांकि पुलिस मामले में क्रॉस कायमी करने की बात कह रही है।
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने लगाया अपहरण का आरोप
कांग्रेस विधायक कांतिलाल भूरिया और विक्रांत भूरिया पर मुकदमा दर्ज करवाने के बाद महेश पटेल का कहना है की हमला भाजपा समर्थकों ने किया था। लेकिन उनके बेटे को जबरन गाड़ी में भरकर अपहरण करने की कोशिश की गई। महेश पटेल ने इस दौरान बेटे की सोने की चैन लूटने की भी बात कही है। पूरे मामले के बाद आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में कांग्रेस की गुटबाजी सामने आ गई है।





