अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

मुख्यमंत्री का ऐलान- इस साल एक लाख से ज्यादा नौकरियां देंगे, छतरपुर में गणतंत्र दिवस पर फायरिंग

Share

जबलपुर में CM का ऐलान- इस साल एक लाख से ज्यादा नौकरियां देंगे

मध्यप्रदेश सरकार इस साल एक लाख लोगों को नौकरी देगी। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को 74वें गणतंत्र दिवस पर की। सीएम ने जबलपुर में राष्ट्र ध्वज फहराया। राज्य स्तरीय समारोह भोपाल में हुआ। यहां राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने राष्ट्र ध्वज फहराया। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने रीवा जिले में राष्ट्र ध्वज फहराया। प्रदेश के 29 जिला मुख्यालयों पर मंत्री और 20 जिलों में कलेक्टर ने तिरंगा फहराया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने झंडा फहराया।

गणतंत्र दिवस पर उज्जैन में महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया। तड़के 4 बजे होने वाली भस्म आरती में भगवान के मस्तक पर तिरंगे से श्रृंगार किया गया। नंदी ने भी तीन रंगों के वस्त्र धारण किए। भगवान महाकाल का जल से अभिषेक कर दूध, दही, घी, शक्कर, फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक पूजन किया गया।

मुख्यमंत्री शिवराज ने जबलपुर में कहा, आज हम सभी भारतवासियों को यह दिन उन अमर शहीद बलिदानियों के सर्वस्व न्यौछावर करने से मिला, जिन्होंने मां भारती की स्वतंत्रता के लिए जीवन बलिदान कर दिया। हम सभी अमर शहीदों को नमन करते हैं। नर्मदा परिक्रमा पथ और नर्मदा कॉरिडोर का तीन चरणों में विकास किया जाएगा, जो अद्भुत होगा। सरकार इस साल एक लाख लोगों को सरकारी नौकरी देगी।

वादा करता हूं कि मध्यप्रदेश सबसे बेहतरीन सड़कों का राज्य बनेगा। मध्यप्रदेश की विकास दर 19.76 प्रतिशत है। प्रचलित दरों पर हिंदुस्तान में सबसे तेज विकास की दर हमारे प्रदेश की है। देश की अर्थव्यवस्था में कभी प्रदेश का योगदान 3.6 प्रतिशत होता था, जो बढ़कर 4.6 फीसदी हो गया है। इंदौर में हुए ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट में 15.42 लाख करोड़ रुपए की निवेश की घोषणा हुई है। जबलपुर में यह बताते हुए मुझे प्रसन्नता है कि एक औद्योगिक क्षेत्र जबलपुर में भी बसाया जाएगा। एक ग्लोबल स्किल पार्क राजधानी भोपाल में बन रहा है। दूसरा स्किल पार्क संस्कारधानी जबलपुर में बनाया जाएगा।

भोपाल में फिर तेज बारिश, शाजापुर में आज 5वीं तक के स्कूलों की छुट्टी

मध्यप्रदेश के कई इलाकों में गणतंत्र दिवस यानि गुरुवार को बारिश का दौर जारी रहा। राजधानी भोपाल में देर रात तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। इससे पहले सुबह से ही बादल छाए रहे। मौसम सुहाना होने और गणतंत्र दिवस की छुट्टी होने से लोग पर्यटन स्थलों का रुख करते नजर आए, तो कई लोग सर्दी के चलते घरों में ही रहे।

तेज बारिश के चलते शाजापुर में 27 जनवरी को स्कूलों में पहली से 5वीं तक की कक्षाओं की छुट्टी घोषित की गई है। कलेक्टर दिनेश जैन ने इसके आदेश भी जारी कर दिए हैं। जो जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों पर लागू होंगे।

बारिश के चलते दिन के तापमान में गिरावट आई है। इससे ठंड का असर बढ़ गया है। इंदौर सबसे ठंडा रहा। यहां गुरुवार को दिन का तापमान 17.8 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 19.4 डिग्री तापमान रहा। उज्जैन, धार, गुना, राजगढ़, नौगांव में भी पारा काफी कम रहा। यहां 20 डिग्री के नीच तापमान दर्ज किया गया।

इधर, शुक्रवार को भोपाल-इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत प्रदेश के 33 जिलों में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार से प्रदेश में फिर एक सिस्टम एक्टिव हो रहा है। इससे फरवरी के पहले सप्ताह तक बारिश का दौर जारी रहेगा।

दरअसल, 24 जनवरी से नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव है। इस कारण प्रदेशभर के ज्यादातर इलाकों में कहीं हल्की, तो कहीं तेज बारिश हो रही है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रदेश में हल्की बारिश का दौर 28 जनवरी के बाद भी जारी रह सकता है।

इस माह का तीसरा सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 28 जनवरी को आ रहा है। इससे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी होगी। 29 जनवरी को यह चरम पर रहेगी। 31 जनवरी से फिर मैदानी इलाकों में पारा घटेगा और सर्दी बढ़ेगी। द

छतरपुर में गणतंत्र दिवस पर चली गोली

छतरपुर में गणतंत्र दिवस के दिन दलित सरपंच के भतीजे पर गोली चलने का मामला सामने आया है। सरपंच स्कूल में तिरंगा फहराने जा रहे थे। इसी दौरान पार्किंग को लेकर गांव के दबंग सुरेश यादव ने सरपंच के भतीजे पर गोली चला दी। मामला जिले के लवकुशनगर के रेखा गांव का है।

दरअसल, अटकोंहा चौकी क्षेत्र के रेखा गांव में पार्किंग को लेकर हुए सरपंच और दबंग में विवाद हो गया। गांव के ही सुरेश यादव ने सरपंच के भतीजे के ऊपर गोली चला दी। कट्टे से हुए फायर में सरपंच का भतीजा नारायण अहिरवार इसमें बच गया। हालांकि फायरिंग करने वाले को लोगों ने स्कूल में बंधक बना कर पुलिस को सौंप दिया।

जिले के अटकोंहा क्षेत्र के रेखा गांव में गणतंत्र दिवस की तैयारी चल रही थीं। प्राइमरी स्कूल में ध्वज फहराने जा रहे दलित सरपंच पर गांव के गुंडे ने गोली चलाई है, जिससे अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सरपंच की गाड़ी को नहीं निकलने देने पर विवाद हुआ। घटना को अंजाम देने वाले कुछ आरोपी भाग निकले।

घटना स्थल पर झंडा फहराने से पहले ही भगदड़ मच गई। बच्चों के साथ बड़े भी खौफ में आ गए, अचानक हुए फायरिंग से किसी को कुछ समझ नहीं आया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

भोपाल में कांग्रेस के ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान का आगाज

मध्यप्रदेश में कांग्रेस ने गणतंत्र दिवस के मौके पर ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान का आगाज कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने राजधानी भोपाल के मुगालिया छाप गांव में हनुमान जी की पूजा अर्चना कर इस अभियान की शुरुआत की है। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की शिवराज सरकार पर जमकर निशाना साधा है।

कांग्रेस का ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर बूथ लेवल तक चलेगा। इसमें भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगार बड़ा मुद्दा रहेगा। अभियान के दौरान कांग्रेस का नए वोटर, युवा, महिलाएं, एससी-एसटी और आदिवासी वर्ग पर ज्यादा फोकस रहेगा। कांग्रेस के इस अभियान को एमपी में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव के प्रचार-प्रसार के आगाज के तौर पर भी देखा जा रहा है। अभियान के तहत कांग्रेस नेता जनता के बीच जाकर बीजेपी सरकार की जनविरोधी नीतियों को बताएंगे। साथ ही 15 महीने की कमलनाथ सरकार की उपलब्धियों को गिनाया जाएगा।

‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान का आगाज करने के दौरान कमलनाथ ने एक सभा को भी संबोधित किया। जिसमें उन्होंने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। कमलनाथ ने कहा कि आज हमारी संस्कृति खतरे में है। भारत एक झंडे के नीचे खड़ा है। बाबा साहब अंबेडकर ने हमें संविधान दिया है। वह गलत हाथों में चला जाए तो क्या होगा। कमलनाथ ने बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि शिवराज जी की कलाकारी से प्रदेश में निवेश नहीं आने वाला है। मैं चाहता हूं कि मुख्यमंत्री मुंबई जाकर प्रदेश का नाम रोशन करें।

कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सिंह पहले 18 साल के शासन का हिसाब दे दें। मैं भी 16 महीने का हिसाब दे दूंगा। हमने हमारी सरकार के दौरान अच्छी शुरुआत की थी। आज प्रदेश के युवाओं का भविष्य अंधकार में है। कमलनाथ ने ये भी कहा कि बीजेपी केवल जुमला पार्टी नहीं है। आज मध्यप्रदेश को उन्होंने कुपोषण प्रदेश बना दिया। भ्रष्टाचार प्रदेश बना दिया। बेरोजगार प्रदेश बना दिया। ये भारतीय जनता पार्टी ने किया है।

नर्मदापुरम् में पेड़ से बांधकर युवक की पिटाई, लात-घूंसे और थप्पड़ मारे

मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम में युवक को पेड़ से बांधकर पिटाई करने का VIDEO सामने आया है। VIDEO में 6 आरोपी एक न्यूज चैनल के एक पत्रकार को पेड़ से बांधकर लात-घूंसे मारते हुए दिख रहे हैं। एक घंटे तक उसकी पिटाई की गई है। इस दौरान आरोपी युवक ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। VIDEO सामने आने के बाद पुलिस ने सभी 6 आरोपियों पर FIR करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर एक पत्रकार विज्ञापन के लिए माना गांव बाइक से जा रहा था। इस दौरान कोटगांव जाने वाले रास्ते पर बेलिया पुल के पास नारायण यादव, नरेंद्र यादव और ओमप्रकाश यादव मिला। इस दौरान पुराने विवाद को लेकर युवक की आरोपी नारायण से कहासुनी हो गई। नारायण ने युवक के साथ अभद्रता करते हुए एक पेड़ से बांध दिया। इसके बाद फरियादी की थप्पड़ और लात-घूंसे से पिटाई की। इन्होंने फरियादी को जाने से मारने की धमकी भी दी।

फरियादी युवक का कहना है कि आरोपी नारायण यादव से उसका पहले भी विवाद हो चुका है। उसी की खुन्नस निकालने के लिए ऐसा किया गया है। उन्होंने मुझे रास्ते में रोककर रुपए मांगे थे, नहीं देने पर मुझे पेड़ से बांधकर मेरे साथ मारपीट की गई है। युवक का कहना है कि कुछ दिनों पूर्व मैं शादी समारोह में शामिल हुआ था, वहां पर इन लोगों से विवाद हुआ था। इसके बाद से हम लोगों की कभी भी मुलाकात नहीं हुई थी। उसी बात को लेकर उन्होंने मेरे साथ मारपीट की है। यह लोग करीब एक घंटे तक मुझे पीटते रहे, बाद में मुझे वहीं छोड़कर चले गए।

पेड़ से बांधकर पीटने के इस गंभीर अपराध में माखननगर पुलिस ने सामान्य धाराओं में केस दर्ज किया है। फरियादी का आरोप है कि मैंने पुलिस को अपना परिचय दिया। पेड़ से बांधकर पीटने व अड़ीबाजी करने की शिकायत की। बावजूद पुलिस ने सामान्य धारा 294, 323,506 और 34 में केवल 3 आरोपी पर केस दर्ज किया।

पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने एफआईआर में धारा और आरोपी बढ़ाये है। टीआई प्रवीण कुमरे ने बताया आरोपी नारायण यादव, नरेंद्र यादव, ओमप्रकाश यादव के अलावा तीन और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। केस में 342, 147 धारा भी बढ़ाई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें