उज्जैन. वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री बाबूलाल जैन के निधन पर सीएम शिवराज सिंह ने श्रद्धांजलि दी है. उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा. वह एक बार उज्जैन उत्तर और तीन बार महिदपुर से विधायक रहे हैं. वह 87 वर्ष के थे. वे अपने पीछे परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं.

बाबूलाल जैन बीजेपी के कद्दावर नेताओ में से एक थे. वे अनेक पदों पर रहे. उनकी मौत की खबर पर श्रद्धॉंजली देने सीएम शिवराज सिंह चौहान उज्जैन के दशहरा मैदान स्थित उनके घर पहुंचे. यंहा उनके पार्थिव शरीर पर सीएम ने पुष्प चक्र अर्पित किया और परिवार वालों को सांत्वना दी. मीडिया से बात करते हुए सीएम ने कहा कि बाबूलाल जैन जी कुशल संगठक थे, राष्ट्रवादी चिंतक थे, समाजसेवी और लोकप्रिय नेता थे. जनसंघ के बाद भारतीय जनता पार्टी की जड़ों को मालवा संभाग में मजबूत करने में आपका अतुलनीय योगदान रहा.
सुंदरलाल पटवा जब मुख्यमंत्री थे तब आप कैबिनेट मंत्री के तौर पर मध्यप्रदेश शासन में कैबिनेट मंत्री थे. उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता. मैं उज्जैन और मध्य प्रदेश की जनता की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. उनका जाना राजनीतीक और व्यक्तिगत क्षति है.
कौन थे बाबू लाल जैन
जैन एक बार उज्जैन उत्तर और तीन बार महिदपुर से विधायक रहे है. ओम जैन ने बताया कि जैन का जन्म 17 नवम्बर 1934 को हुआ था. पहली बार उन्होंने 1972 में चुनाव प्रकाश चंद्र सेठी के खिलाफ लड़ा था. 1977 में उज्जैन उत्तर से पहला चुनाव जीते थे. 1980 में उज्जैन दक्षिण से चुनाव लड़ा और 1985 में देवास से भी चुनाव लड़ा था. 1990 से 1998 तक महिदपुर से विधायक लगातार चुने गए. साल 2005 में भाजपा ने प्रदेश कोषाध्यक्ष बनाया था. वर्ष 2007 में सामान्य निर्धन कल्याण आयोग के अध्यक्ष बनाए गए. इसके बाद साल 2011 से 2017 में योजना आयोग के उपाध्यक्ष रहे.




