
स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान और विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम रीवा में ध्वजारोहण करेंगे, जबकि गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा प्रभार वाले जिले इंदौर और लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव जबलपुर में परेड की सलामी लेंगे। इस साल भी सरकार ने तय किया है, 15 अगस्त के मुख्य आयोजन में स्कूली बच्चे शामिल नहीं होंगे।
राज्य सरकार ने स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण के लिए मंत्रियों को जिले आवंटित कर दिए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके मुताबिक 31 जिलों में मंत्री और शेष 20 जिलों में कलेक्टर मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। मंत्री और कलेक्टर जिलों में ध्वजारोहण के बाद परेड की सलामी लेंगे। प्रदेश के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे।







