अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

 CM की अपील: ऐसा कोई फैसला न हो जाए कि इंदौर का विकास लड़ाई में उलझ जाए…

Share

इंदौर

मेयर प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव एक राष्ट्रवादी कार्यकर्ता है। इस नौजवान ने तय किया कि विकास के लिए पार्टी जहां भेजेगी अपना घरबार छोड़कर वहां जाऊंगा और ये नार्थ ईस्ट गए। मुख्यमंत्री ने अपील की कि ऐसा कोई फैसला न हो जाए कि इंदौर का विकास लड़ाई में उलझ जाए, फिर यही रुक जाएगा। जैसे केकड़ा एक बोतल में भर दो तो दूसरे केकड़े को वह ऊपर जाने ही नहीं देता। वह टांग पकड़कर खींचता रहता है। इंदौर की गति बोतल में भरे केकड़ों की तरह न हो जाए। यह जरूर ध्यान रखना, यही मेरी प्रार्थना है। आइये, हम मिलकर इंदौर को उस ऊंचाई तक ले जाए जिसका वह हकदार है। कल देश नहीं, दुनिया नाम ले कि वाह यह इंदौर है।

ये बात प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को ब्रिलियंट कन्वेशन सेंटर में प्रबुद्धजनों से कही। उन्होंने संबोधन के दौरान मेयर प्रत्याशी भार्गव को अपने पास बुलाया और उनके कंधे पर हाथ कर प्रबुद्धजनों से कहा कि इंदौर में मेयर, मेयर इन काउंसिल और सभी पार्षद भाजपा के ही चुने जाना चाहिए, ताकि विकास होता रहे। अपने उद्बोधन में सीएम ने इंदौर का नाम देश-विदेश में ऊंचाई पर होने को लेकर शहर की तमाम उपलब्धियां और पुरानी घोषणाएं दोहराई। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इंदौर में केबल कार चलाई जाएगी। हम कोशिश करेंगे इंदौर एयरपोर्ट से कुछ स्थानों तक शुरू की जाए। हम केबल कार में बैठे हवा में चले और जहां जाने है वहां जाकर उतर जाए। इस पर हम काम कर रहे है। इससे यातायात का दबाव भी कम हो और आधुनिक टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल भी कर सके। उन्होंने कहा ये इंदौर नहीं करेगा तो कौन करेगा। मेरी कोशिश रहेगी देश में सबसे पहले केबल कार का प्रयोग इंदौर में लागू हो जाए।

इंदौर टेकऑफ कर चुका है MP रनवे पर
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा मैं केवल बात करने नहीं आया। विकास की प्रक्रिया में भागीदार बनाने आया हूं। ये आम सभा नहीं है। आज हमारे साथ ये वो टीम हो जो इंदौर और मध्यप्रदेश को गढ़ने का काम कर रही है। हम टीम के रूप में काम कर रहे है। चुनाव को एक बहाना था, हमें तो इंदौरियों से मिलने आना था। कैलाश जी ने टेक ऑफ की बात कहीं। इंदौर टेकऑफ कर चुका है और मध्यप्रदेश रनवे पर दौड़ रहा है। इसका एक उदाहरण हमारे बच्चों की रणजी ट्रॉफी की टीम है। इस बार हमारे खिलाड़ियों ने चमत्कार किया। उन्होंने कहा इंदौर पुराने आरटीओ कार्यालय भवन और उससे लगी भूमि पर मां अहिल्या बाई होल्कर स्मारक और पार्क बनाया जाएगा।

– इस साल मध्यप्रदेश की ग्रोथ रेट करंट प्राइजेज पर 19.7% है। जो देश में नंबर वन है एमपी। दूसरा भारत की जीडीपी में हमारा योगदान हुआ करता था 3.6% इस साल बढ़कर हो गया 4.6% हमारी जीडीपी का आकार 9 लाख करोड़ से बढ़कर साढ़े 11 लाख करोड़ हो गया। – इंदौर के आसपास के धार्मिक स्थल उज्जैन, महेश्वर, ओंकारेश्वर, मंडलेश्वर, मांडू, हनुमंतिया को जोड़ने का एक प्लान बनाया है। ताकि इंदौर आने वाले इंदौर के साथ-साथ देवदर्शन कर सके और टूरिज्म की गतिविधियों में लोग भाग ले सके।

– सरकार प्रयास करती और समाज साथ जुड़ जाता है तो चमत्कार होता है। आज भी कई प्रोग्राम हम कन्यापूजन से शुरू करते है यह प्रतीक है ताकि बेटी का मान-सम्मान और प्रतिष्ठा समाज के दिल-दिमाग पर उतरे। बेटियों के कल्याण की एक पूरी सीरीज है। इस साल भारत सरकार के आंकड़े आए है, जिसमें एक हजार बेटों पर 970 बेटियां जन्म ले रही है। बेटियों की संख्या बढ़ रही है।

कांग्रेस पर साधा सीएम ने निशाना

सीएम ने कहा सरकार अकेली सब नहीं कर सकती, जब तक की समाज उनके साथ खड़े न हो जाए। पूरी दुनिया, स्वच्छता कैसी होती है ये देखने इंदौर आती है। इस दौरान सीएम ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा पीथमपुर में औद्योगिक क्षेत्र था और इंदौर से पीथमपुर पहुंचने के लिए कितनी मशक्कत करना पड़ती थी। गाड़ी में बैठकर जाते थे तो “गाड़ी खाए हिचकोले, हड्‌डा-पसला सारे डोले, याद आ गए शंकर-भोले”। कल वो था जब उद्योग वाले भी बिजली के लिए तरस जाते थे। ये गुजरे इंदौर की कहानी है। अब इंदौर बदल चुका है।

सीएम ने याद दिलाया पीएम का मंत्र

सीएम बोले इंदौर के विकास के बारे में एक थिंक टैंक बने जिसमें राजनेताओं के अलावा इंदौर के प्रबुद्ध नागरिक भी सम्मिलित हो। इंदौर स्वच्छता में भी छक्का लगाएगा। कचरे से सीएनजी बनाने का चमत्कार इंदौर ने किया। शहर की 50% स्ट्रीट लाइट को एलईडी में बदला जा चुका है। उन्होंने कहा कि पीएम ने सेक्युलर इकोनॉमी का मंत्र दिया है। उस मंत्र को सार्थक करते हुए वैश्विक बाजार में कार्बन क्रेडिट की बिक्री करने वाला इंदौर एशिया का सबसे पहला शहर है।

अगले साल मेट्रो रेल की एक लाइन होगी शुरू

वे बोले 2023 तक हमारा संकल्प है 700 करोड़ की लागत से मेट्रो रेल की एक लाइन इंदौर से शुरू करेंगे। ट्रैफिक में इंदौर देश में नंबर वन आए इसके लिए 50 जंक्शन पर 45 करोड की लागत से इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया जा रहा है। आज शहर के फ्लाइओवर के नीचे खेलकूद की गतिविधियों को इंदौर में संचालित किया जा रहा है। इंदौर एयरपोर्ट पर 5 हजार टन क्षमता का अंतरराष्ट्रीय कार्गो गोदाम बनकर तैयार किया गया है। इंदौर के सुपर कॉरिडोर पर 4 करोड़ 50 लाख रुपए लागत से स्टार्टअप पार्क का निर्माण कराया जा रहा है।

10 साल बाद हैदराबाद, बेंगलूर को पछाड़ेगा इंदौर
– आप नोट करके रखे ले 10 साल बाद इंदौर, हैदराबाद और बेंगलूर को पछाड़ कर आगे बढ़ जाएगा। इंदौर एयरपोर्ट से पीथमपुर निवेश क्षेत्र में इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। ये इकोनॉमिक कॉरिडोर इंदौर औप एमपी की ग्रोथ का इंजन होगा। इसके माध्यम से लाखों स्टूडेंट्स को रोजगार देने में सफल होंगे। ये हमारी कल्पना है जिसे हम साकार करने वाले है। एकीकृत मंडी का यहां विकास किया जाएगा। यहां फल, सब्जी, फूल, अनाज, लोहा, लकड़ी आदि का कारोबार हो सकेगा। उन्होंने कहा इंदौर, पीथमपुर और महू के निवेश क्षेत्रों को मिलाकर इंदौर मेट्रो पॉलिटन क्षेत्र बनाकर सुनियोजित विकास को हम विकास देंगे। सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में भव्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। मेट्रो रेल को इंदौर तक सीमित नहीं रखेंगे आसपास के इलाकों में इसका विस्तार किया जाएगा, ताकि यातायात सुगम हो सकेगा। इंदौर एयरपोर्ट और इंदौर रेलवे स्टेशन का भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकास और विस्तार किया जाएगा।

विजयवर्गीय बोले – कोई कबूतर आकर टकरा न जाए
इसके पूर्व भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने संक्षिप्त उद्बोधन में प्लेन से पक्षी टकराने का उदाहरण देते हुए कहा कि प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग कारण क्या था कि एक कबूतर आकर टकरा गया है। इंदौर रनवे पर दौड़ रहा है। प्लेन दौड़ने के बाद टेकऑफ करता है। प्लेन से यदि कोई पक्षी टकरा जाता है तो उसमें बैठे यात्रियों की जान खतरे में आ जाती है। इंदौर का विमान का रनवे पर दौड़ रहा है टेकऑफ करने वाला है कोई गलत कबूतर आकर टकरा न जाए नहीं तो लोगों की जान खतरे में पड़ जाएगी। फिर कहा कि समझदार को इशारा काफी है।

सुपारी हाथ में लेकर दिलवाया संकल्प

सुपारी हाथ में लेकर दिलवाया संकल्प

सुपारी हाथ में लेकर ऐतिहासिक वोटों से विजय बनाने का संकल्प
उधर, शुभकारज गार्डन में सीएम ने कार्यकर्ता सम्मेलन में हौसला अफजाई की। वे बोले कि सरकार द्वारा संचालित हितग्राही संबंधी योजनाओं का लाभ जिन-जिन परिवारों को मिला है उनसे संपर्क बढ़ाए। पुजारियों से भी संपर्क बनाए। प्रोग्राम में सीएम सहित सभी नेताओं ने हाथ में सुपारी लेकर संकल्प दिलाया कि हम इंदौर के मेयर प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव को ऐतिहासिक वोटों से जीत दिलवाएंगे। ऐसा कहकर सीएम ने कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलवाया कि वे भार्गव को विजय दिलवाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

गुलटू हत्याकांड में आरोपित शंकर यादव फिर बीजेपी में
इंदौर की पॉलिटिक्स में मंगलवार को एक बार फिर बड़े बदलाव देखने को मिले। इंदौर के चर्चित गुलटू हत्याकांड के आरोपित शंकर यादव ने एक फिर भाजपा का दामन थाम लिया है। यादव शुभ कारज गार्डन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए है। यादव जब भाजपा में थे तब वे पार्षद का चुनाव भी जीता थे और निगम के सभापति के पद भी काबिज रह चुके थे। इस बीच पार्टी कि नीति से नाराज होकर कांग्रेस में चले गए थे। यादव के अलावा विधानसभा क्षेत्र क्रं. 1 और 4 के प्रदेश, मंडल और ब्लॉक कांग्रेस के करीब 500 कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ली। इनमें पूर्व मंत्री जीतू पटवारी के खास समर्थक विनोद पाल भी शंकर यादव के साथ पहुंचे थे। साथ ही कांग्रेस के रामपाल और रोहित यादव भी अपने समर्थकों के साथ सीएम के सामने भाजपा में शामिल होने पहुंचे।

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें