मित्तल ऑक्सीजन गैस प्लांट द्वारा ऑक्सीजन सिलेंडर को रिफिलिंग करवाएं
देपालपुर। कलेक्टर मनीष सिंह ने लगातार देपालपुर प्रेस क्लब द्वारा की जा रही ऑक्सीजन सिलेंडर रिफिलिंग की मांग पर देपालपुर एसडीएम रवि कुमार सिंह को निर्देश दिए कि पीथमपुर में स्थित मित्तल ऑक्सीजन गैस प्लांट द्वारा ऑक्सीजन सिलेंडर को रिफिलिंग करवाएं, इसके लिए प्लांट द्वारा निर्धारित समय भी किया गया है। ज्ञात हो कि देपालपुर तथा आसपास के ग्रामीण इलाकों में होम आइसोलेशन मरीजों को ऑक्सीजन सिलेंडर के अभाव के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा था। ऑक्सीजन के अभाव में कई लोग अपनी जान से हाथ धो बैठे। यहां के जनप्रतिनिधि भी नदारद थे इस दौरान देपालपुर प्रेस क्लब आगे आया और जरूरतमंदों की इंदौर, पीथमपुर गैस प्लांट से ऑक्सीजन सिलेंडर भरवाकर कई लोगों की जान बचाई हैं। देपालपुर प्रेस क्लब के रमेशचन्द्र राठौर, अजय जैन, दिलीप यादव, संदीप सेन के सहयोग से नगर के सैफुल्ला फारुकी ने बड़े ऑक्सीजन सिलेंडरों से छोटे मेडिकल सिलेंडरों में सप्लाई कर कई लोगों तक पहुंचाने की कार्य योजना और काम सतत जारी है।
लॉकडाउन के उल्लंघन पर 13 लोगों को केंद्रीय जेल इंदौर भेजा
देपालपुर। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा कोरोना की रोकथाम के लिए 15 मई तक बढ़ाए गए लॉकडाउन का सख्ती से पालन किया जाए, इसके लिए समूचे प्रदेश के कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं। इसके तहत इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह के आदेश के अनुपालन में देपालपुर तहसीलदार बजरंग बहादुरसिंह ने लॉकडाउन के उल्लंघन में गुरुवार को बिना वजह आवारा घूमने वाले 13 लोगों को स्थानीय जेल वाहन से केंद्रीय जेल इंदौर भेजा गया है।




