केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 28 अक्तूबर को मध्यप्रदेश के दौरे पर आ सकते हैं। वे बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे और फिर चुनाव प्रचार अभियान में शामिल होंगे।मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ आज अपनी उम्मीदवारी का पर्चा दाखिल करेंगे। कमलनाथ छिंदवाड़ा में विशाल रैली के बाद जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कमलनाथ के लिए यह दूसरा मौका होगा कि जब वो विधायक बनने के लिए छिंदवाड़ा विधानसभा से पर्चा दाखिल करेंगे। इससे पहले साल 2019 में मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद कमलनाथ ने छिंदवाड़ा से ही उपचुनाव लड़ा था। वहीं, मध्य प्रदेश में ठंड बढ़ने लगी है। बुधवार को पचमढ़ी प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा।
जोगी की पार्टी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए 11 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने राज्य में हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को 11 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी की।इस सूची के साथ ही पार्टी ने राज्य की कुल 90 सीट में से 27 सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। आज जिन 11 सीट के लिए उसने सूची जारी की उनमें एक-एक सीट अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है। अजीत जोगी की पत्नी और मौजूदा विधायक रेणु जोगी को कोटा सीट से तथा उनकी बहू ऋचा जोगी को अकलतरा सीट से टिकट दिया गया है। रेणु जोगी ने तीन बार कांग्रेस के टिकट पर (2006-उपचुनाव, 2008 और 2013) तथा एक बार 2018 में जेसीसी (जे) उम्मीदवार के रूप में कोटा सीट से जीत हासिल की है।
मध्य प्रदेश: पारा लुढ़कने से बढ़ी ठंड
भोपाल: मध्य प्रदेश में पारे का लुढ़कना शुरू हो गया है। बुधवार को प्रदेश में सबसे कम तापमान पचमढ़ी में 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इस बीच मौसम विभाग ने बताया है कि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में दो चक्रवाती तूफान निर्मित हुए हैं। इस कारण नाम हवाएं एक जगह इकट्ठी हो रही हैं। छिंदवाड़ा, बालाघाट, राजगढ़, रायसेन, बैतूल, मंडला और रीवा में जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच गया है। वहीं जिलों की बात की जाए तो पूर्वी मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में 14.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। इसके साथ ही कई जिलों का तापमान भी 15 डिग्री सेल्सियस के नीचे रहा। मलाजखंड में 14.1, रीवा में 14.5, मंडला में 14.5, बैतूल में 14. 8, रायसेन में 14.4, राजगढ़ में 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
रिटायर्ड जज ने भोपाल स्थित घर में आत्महत्या की
मध्य प्रदेश के भोपाल में एक सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने डिप्रेशन में आकर अपने घर पर आत्महत्या कर ली। एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। हबीबगंज के थाना प्रभारी मनीष राज भदौरिया ने न्यायाधीश के परिवार के सदस्यों के हवाले से बताया कि डिप्रेशन का इलाज करा रहे प्रेम सिन्हा (63) ने मंगलवार तड़के यह कदम उठाया।
विशाल रैली के साथ नामांकन दाखिल करेंगे पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ
26 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ विशाल रैली के साथ छिंदवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल करेंगे। कांग्रेस कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर 12:00 बजे कमलनाथ शिकारपुर से छिंदवाड़ा के लिए प्रस्थान करेंगे और 12:15 पर छोटी बाजार पहुंचेंगे। जहां पर श्रीराम मंदिर एवं बड़ी माता मंदिर में पूजा अर्चन करेंगे। तदुपरांत 12:40 बजे कमलनाथ श्याम टॉकीज स्थित प्राचीन राम मंदिर पहुंचेंगे। वहीं से पूजन उपरांत कमलनाथ रथ पर सवार होंगे। उसके बाद 12:50 बजे विशाल रैली प्रारंभ होगी। जो शहर के विभिन्न मार्गो से होते हुए 2: 00 बजे कलेक्ट्रेट ऑफिस पहुंचेगी। जहां कमलनाथ नामांकन दाखिल करेंगे। तदुपरांत 2:25 बजे वे सभा स्थल मानसरोवर कांप्लेक्स पहुंचेंगे। जहां पूर्व मुख्यमंत्री एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
सागर के मकरोनिया में कांग्रेस के दो गुटों में हुई मारपीट
मध्यप्रदेश के सागर जिले के नरयावली विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र चौधरी, दावेदार शारदा खटीक और अन्य दावेदार के समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों ओर से लाठी-डंडे चलाए गए। बताया जा रहा है कि असंतुष्ट लोग दिग्विजय सिंह और सुरेंद्र चौधरी का विरोध स्वरूप पुतला जलाने लगे थे, तभी विवाद शुरू हो गया। इसके बाद दोनों पक्ष थाने में पहुंच गए।
पूर्व मंत्री माया सिंह ने नामांकन दाखिल किया
ग्वालियर पूर्व विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी और पूर्व मंत्री माया सिंह ने बुधवार को नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने के बाद पूर्व मंत्री माया सिंह ने जीत का दावा करते हुए कहा कि लोगों की जरूरत के हिसाब से और उनकी परेशानियों को ध्यान में रखती हुईं, वह जनता के बीच पहुंच रही हैं। उनका कहना है कि विधानसभा में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है और बच्चे और महिलाओं के लिए नए रास्ते खुलेंगे ताकि उन्हें कोई परेशानी ना हो।
भाजपा प्रत्याशी के विरोध में उतरी जनता
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पांचवी सूची जारी कर दी है। इस सूची में सिंगरौली के देवसर विधानसभा सीट से राजेंद्र मेश्राम को टिकट दिया गया है। वहीं, माड़ा सहित कई अन्य गांवों के ग्रामीणों ने राजेन्द्र मेश्राम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। देवसर विधानसभा के लोग इस बार स्थानीय उम्मीदवार की मांग कर रहे थे।
चुनाव से पहले 67 लाख का सोना पकड़ा, 11 लाख कैश भी मिले
आचार संहिता लगने के बाद से इटारसी में सोने के आभूषण और नकदी पकड़े जाने लगातार दो मामले सामने आ चुके हैं। सोमवार-मंगलवार रात सिटी पुलिस ने बस स्टैंड से 38 लाख 67 हजार रुपए के सोने के आभूषणों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। वहीं जीआरपी ने दोपहर को स्टेशन से युवक को छह लाख रुपये नकदी के साथ पकड़ा है। दोनों मामलों की जानकारी पुलिस ने आयकर विभाग की टीम को दे दी है। पिछले दोे दिनों में इटारसी से 67 लाख 6220 रुपये का सोना जब्त हुआ है। वहीं, 11 लाख रुपये की नकदी भी जब्त की गई है।
भाजपा जीती तो विजयवर्गीय बन सकते हैं सीएम!
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय मध्यप्रदेश के इंदौर-एक विधानसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में हैं। कैलाश विजयवर्गीय का नाम जब मध्यप्रदेश में बतौर प्रत्याशी सामने आया, तो सियासत में तमाम तरह की चर्चाएं भी होने लगीं। खुद कैलाश विजयवर्गीय भी प्रत्याशी बनाए जाने से अवाक रह गए। अब चर्चाएं हैं कि अगर कैलाश विजयवर्गीय चुनाव जीतते हैं और भाजपा बहुमत से सरकार में आती है, तो मुख्यमंत्री के चेहरे भी हो सकते हैं। वह खुद भी कहते हैं पार्टी जो जिम्मेदारी देगी उसका वह निर्वहन करेंगे। सरकार बनाने पर नेतृत्व परिवर्तन को लेकर उनका कहना है कि बहुमत आने के साथ ही इस पर निर्णय लिया जा सकता है।
18 बार चुनाव हार चुके तोलानी ने फिर से भरा नामांकन
इंदौर में कई प्रत्याशी निर्दलीय विधानसभा चुनाव लड़ने वाले हैं। इनमें से एक हैं परमानंद तोलानी वे 18 बार चुनाव हार चुके हैं। उन्होंने एक बार फिर अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। वे विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-4 से चुनाव लड़ रहे हैं। तोलानी रियल एस्टेट कारोबारी हैं। निर्दलीय खड़े परमानंद तोलानी का परिवार दो पीढ़ियों से लगातार चुनाव लड़ने के लिए मशहूर है। हैरानी यह है कि हर बार इसके सदस्यों की जमानत जब्त हुई है। हालांकि हौसले अब भी बुलंद हैं और इरादे मजबूत हैं।
कांग्रेस ने चार प्रत्याशी बदले
कांग्रेस ने सुमावली, जावरा, बड़नगर और पिपरिया सीट पर प्रत्याशी बदल दिए हैं। सुमावली से पार्टी ने पहले अजब सिंह कुशवाहा का टिकट काटकर कुलदीर शिकरवार को दिया था, जिसके बाद अजब सिंह बगावत अमादा थे। अब पार्टी ने सुमावली से एक बार फिर अजब सिंह को प्रत्याशी घोषित कर दिया है।
बड़नगर से राजेन्द्र सिंह सोलंकी की जगह विधायक मुरली मोरवाल पर भरोसा जताया है। इसके अलावा पिपरिया से गुरुचरण की जगह वीरेंद्र बेलवंशी और जावरा में हिम्मत श्रीमाल की जगह वीरेंद्र सोलंकी को प्रत्याशी बनाया है।
निशा बांगरे ने किया चुनाव लड़ने का एलान
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में पूर्व डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे ने सरकार की तरफ से इस्तीफा स्वीकार करने के अगले ही दिन चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है। निशा बांगरे ने कहा कि वह चुनाव लड़ेंगी। वह बुधवार, गुरुवार या शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगी। कांग्रेस के उम्मीदवार उतारने के बाद अब निर्दलीय चुनाव लड़ने के सवाल पर निशा बांगरे ने कहा कि कांग्रेस ने आमला सीट मेरे लिए छोड़ने की बात कही थी। अब इस्तीफा मंजूर हो गया है। उनसे उनका निर्णय पूछा है। उनका जो भी फैसला हो मैं चुनाव लड़ूंगी और सत्य पर चलने वालों की बाधा बनने वालों को जवाब दूंगी। बता दें राज्य सरकार की तरफ से सोमवार को निशा बांगरे का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया था, लेकिन आदेश मंगलवार को सामने आया। जिसके बाद देर शाम निशा बांगरे ने चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है।
गोविंद सिंह राजपूत पर आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पर आचार संहिता का मामला दर्ज कर लिया गया है। एक वीडियो सामने आने के बाद शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिस पर ये कार्रवाई की गई है। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू है। प्रशासन आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन कर रहा है। आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत मिलने के बाद सागर की सुरखी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी और वर्तमान में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के ऊपर आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। मंत्री गोविंद के खिलाफ एक वीडियो सामने आने के बाद शिकायत दर्ज कराई हैं।
कांग्रेस ने चार प्रत्याशी बदले; सागर में नेता समर्थक भिड़े, कमलनाथ कल भरेंगे नामांकन
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 28 अक्तूबर को उज्जैन आ सकते हैं। गृहमंत्री अमित शाह उज्जैन आकर सबसे पहले बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे। इसके बाद वे उज्जैन उत्तर और दक्षिण विधान सभा में चुनावी रथ पर सवार होकर प्रचार करेंगे। अमित शाह विधानसभा चुनाव को लेकर मालवा क्षेत्र में पहले प्रचार का शंखनाद करेंगे। वहीं, रोड शो के लिए भाजपा के स्थानीय नेताओं ने प्रदेश कार्यालय से मिली गाइडलाइन अनुसार तैयारियां शुरू कर दी है।





