कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को भाजपा के खिलाफ विवादित बयान दे डाला। राजस्थान के अलवर में भारत जोड़ो यात्रा की सभा में उन्होंने कहा- कांग्रेस नेताओं ने देश की आजादी के लिए प्राण न्यौछावर किए हैं। आजादी के बाद इंदिरा गांधी, राजीव गांधी ने देश के लिए जान दी, क्या देश के लिए भाजपा नेताओं के घर से कुत्ता भी मरा है। वे हमें देशद्रोही कहते हैं।
राहुल बोले- नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोल रहा हूं
अलवर के मालाखेड़ा में राहुल गांधी ने सभा में कहा- मुझे भाजपा वाले बुरे नहीं लगते। मैं रास्ते में जाता हूं तो इशारा करके पूछते हैं कि क्या कर रहे हो? मैं उन्हें जवाब देना चाहता हूं कि नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोल रहा हूं। आइए आप भी बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलिए। महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, सरदार पटेल, अंबेडकर सब ने मोहब्बत की दुकान खोली थी।
गहलोत का ऐलान- रसोई गैस सिलेंडर 500 रुपए में देंगे
इस मौके पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सभा में ऐलान किया- हम एक कैटेगरी बना रहे हैं। इस कैटेगरी के लोगों को एक हजार 50 रुपए का घरेलू रसोई गैस सिलेंडर 500 रुपए में देंगे। सिलेंडर अप्रैल से राज्य में मिलेगा।
राहुल ने कहा कि गरीबों के लिए सबसे बेहतर स्कीम राजस्थान में है। राजस्थान से पहले के राज्य में लोग कहते थे कि हमें किडनी ट्रांसप्लांट करवाना है, पैसा नहीं है। राजस्थान में ऐसा नहीं होता। कल दो लोग मिले। उनसे मैंने उनके इलाज के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि मुफ्त में हुआ। चिरंजीवी योजना ने लाखों लोगों का दर्द मिटाया है, इसे पूरे देश में लागू करना चाहिए।
राजस्थान के हर बच्चे को अंग्रेजी पढ़ने का अवसर मिलना चाहिए
राहुल ने कहा- अमित शाह से लेकर सारे भाजपा नेताओं के बच्चे अंग्रेजी मीडियम स्कूल में जाते हैं और भाषण देते हैं कि अंग्रेजी मत सीखो। वे नहीं चाहते कि गरीब अंग्रेजी सीखे। वे नहीं चाहते कि आप बड़े सपने देखो। मजदूरी से बाहर निकलो।
मैं यह नहीं कर रहा हूं कि हिंदी नहीं पढ़नी चाहिए। हिंदुस्तान की सब भाषाएं पढ़नी चाहिए, लेकिन अमेरिका, इंग्लैंड, जापान सहित बाकी दुनिया से बात करने के लिए हिंदी काम नहीं आएगी, अंग्रेजी ही काम आएगी। इसीलिए राजस्थान में 1700 अंग्रेजी मीडियम स्कूल शुरू किए गए हैं, लेकिन यह कम है। राजस्थान के हर बच्चे को अंग्रेजी पढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे की यह राजस्थान में पहली सभा थी। सीएम अशोक गहलोत ने खड़गे का साफा पहनाकर स्वागत किया।
गहलोत सरकार की आलोचना भी की
राहुल गांधी ने कहा कि यात्रा में एक रस्सी है, जिसके अंदर सारे सीनियर नेता रहते हैं। रस्सी के बाहर लोकल नेता रहते हैं। इस रस्सी को तोड़ना पड़ेगा। इसका मतलब है कि हमारे कार्यकर्ता, हमारे लोकल नेताओं की आवाज सरकार और उसके ऑफिस में सुनाई देनी चाहिए और उससे भी जरूरी है कि राजस्थान के आम आदमी की आवाज हर सरकारी ऑफिस में सुनी जानी चाहिए।
हम साढ़े तीन हजार किमी चल रहे हैं। चलने से शरीर की कई बीमारियों का इलाज हो जाता है। राजस्थान की पूरी कैबिनेट राजस्थान की सड़कों पर हर महीने में एक बार 15 किमी चले। लोग मिलेंगे तो इससे उनकी समस्या खत्म हो जाएगी। मंत्री जब पैदल चलेंगे तो आदमी छुप नहीं सकता। इससे कांग्रेस पार्टी, राजस्थान और सभी लोगों का फायदा होगा।
हमारे आदिवासी भाई-बहनों को ट्राइबल बिल में जो हक दिया गया है, उसे राजस्थान सरकार जल्दी से लागू करके दिखाएं। आदिवासी हिंदुस्तान का ओरिजिनल मालिक है।

राहुल गांधी की अलवर के मालाखेड़ा में हुई सभा में मौजूद भीड़।
गहलोत-पायलट को नसीहत- एक होकर काम करें
राजस्थान में गुटबाजी पर खड़गे ने कहा- अध्यक्ष होने के नाते कह रहा हूं कि एक होकर काम करेंगे तो कोई आपको हरा नहीं पाएगा। नेता पार्टी को मजबूत रखें।
गहलोत जनवरी में पेश करेंगे बजट
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि अगले महीने हम बजट पेश करेंगे, उसमें रसोई से महंगाई का बोझ कम करने के लिए किट बांटने की योजना लाएंगे। उन्होंने कहा- पहले इनकम टैक्स, ईडी से लोग डरते थे, अब ये खुद डरे हुए हैं। देश में लोकतंत्र की जड़ें कमजोर हो गई हैं। राहुल गांधी एक मकसद लेकर चले हैं। आजादी के बाद यह पहली भारत जोड़ो यात्रा है। पूरा देश महंगाई, बेरोजगारी से त्रस्त है। ERCP को हम किसी भी हालत में बंद नहीं करेंगे। इसे राष्ट्रीय योजना का दर्ज दिलाने के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी।

राहुल गांधी की अलवर के मालाखेड़ा में हुई सभा में पहुंची महिलाओं की भीड़।
पायलट बोले- यात्रा ने रिकॉर्ड तोड़े
सचिन पायलट ने कहा- राहुल गांधी की यात्रा जिस संकल्प के साथ चली है, उसे मैं सलाम करता हूं। यात्रा ने जोड़ने का काम किया है। कुछ लोगों को यह यात्रा रास नहीं आ रही है। चार दिसंबर को कमलनाथ ने चुनौती दी थी, हमने स्वागत किया। राजस्थान में स्वागत के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

अलवर के मालाखेड़ा में राहुल की जनसभा के लिए कतारों में जाते लोग।
इससे पहले आज सुबह छह बजे से बांदीकुई के कोलाना कोर्ट कैंपस से सुबह छह बजे से यात्रा शुरू हुई। सुबह 10 बजे यात्रा अलवर जिले के राजगढ़ में सुरेर की ढाणी पहुंची। यहीं लंच ब्रेक रखा गया है। आज शाम को दूसरे चरण की यात्रा नहीं होगी।

जनसभा स्थल पर बड़े-बड़े बैनर-होर्डिंग्स और पोस्टर लगाए गए थे। बड़े चेहरों में पूर्व सीएम सचिन पायलट को शामिल नहीं किया गया।

भारत जोड़ो यात्रा में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरीश रावत (हाफ जैकेट में) भी शामिल हुए। साथ ही एक समर्थक को गले लगाते हुए राहुल गांधी।

राहुल गांधी की यात्रा की राजगढ़ क्षेत्र से अलवर में एंट्री हुई। यहां पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह और राजस्थान के मंत्री टीकाराम जूली ने यात्रा का स्वागत किया।

राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सोमवार सुबह ग्रामीण महिलाओं से मिलते राहुल गांधी। राहुल ने उनसे घर-परिवार, बच्चों की पढ़ाई-लिखाई के बारे में पूछा।
इस बीच, राहुल गांधी से मिलकर एक युवक ने रोजगार से जुड़ी परेशानी बताई तो राहुल ने साथ चल रहे प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से कहा, इसके समाधान की जिम्मेदारी आपकी है। राहुल गांव की महिलाओं से भी मिले।
बड़ी संख्या में महिलाएं यात्रा के स्वागत में खड़ी थीं। राहुल गांधी ने उनसे बातचीत की, फोटो खिंचवाए। उनका हालचाल पूछा। ग्रामीण महिलाओं से घर-परिवार, रोजगार और बच्चों की पढ़ाई के बारे में जानकारी ली।

यात्रा में शामिल हुई बच्ची से बातचीत करते राहुल गांधी।

यात्रा के दौरान राहुल से मिलकर एक युवा ने रोजगार संबंधी समस्याएं बताईं। इस पर राहुल ने साथ चल रहे डोटासरा से कहा कि इसका सॉल्यूशन करवाना आपकी जिम्मेदारी है।

सोमवार सुबह 6 बजे भारत जोड़ो यात्रा बांदीकुई के कोलाना कोर्ट कैंपस से शुरू हुई थी। राहुल गांधी के साथ सीएम गहलोत, सचिन पायलट भी चले।