इंदौर
नेता वोट के लिए जो करे सो कम। इंदौर की पॉलिटिक्स में तो यह बिल्कुल फिट है। यहां कांग्रेस नेता ने धार्मिक कार्यक्रम और शादी निमंत्रण की तर्ज पर चुनाव प्रचार का कार्ड छपवाया है। इसकी भाषा से लग रहा है कि जैसे कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला चुनावी दूल्हे बन गए हैं। और तो और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को दर्शनाभिलाषी बना दिया गया है।
यह इंदौर की राजनीति में एक तरह का नया ट्रेंड माना जा रहा है। शादी के आयोजन के पहले मेहमानों को न्योता देने के लिए पत्रिका दी जाती है, वैसे ही शहर की सरकार बदलने और वोटर्स को वोटिंग के लिए न्योता देने के लिए लोकतंत्र मनुहार पत्रिका पीले चावल के साथ दी जाएगी।

कांग्रेस सभी प्रमुख व्यापारिक संगठनों और रहवासी संघों को यह पत्रिका बांटेगी।
व्यापारिक संगठनों और रहवासी संघों को न्योता
कांग्रेस पीले चावल के साथ व्यापारिक संगठनों और रहवासी संघ के बीच जाकर उन्हें लोकतंत्र मनुहार पत्रिका देगी। मेयर प्रत्याशी संजय शुक्ला और वार्ड 69 की कांग्रेस प्रत्याशी शिखा भलिका के समर्थन में ये लोकतंत्र मनुहार पत्रिका छपवाई है। इस पत्रिका के माध्यम से जनता से 6 जुलाई को शहर की सरकार बदलने के लिए वोटिंग की अपील की जाएगी। शहर के सभी बड़े व्यापारिक संगठन जैसे सराफा बाजार, कपड़ा मार्केट, शक्कर बाजार, पीपली बाजार सहित रहवासी संघ अध्यक्षों को ये लोकतंत्र मनुहार पत्रिका देकर न्योता देंगे।

पत्रिका के कवर पर लोकतंत्र मनुहार लिखवाया गया है।
सभी 85 वार्डों के कांग्रेस प्रत्याशियों को देंगे पत्रिका
शहर कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि शहर के सभी 85 वार्डों के कांग्रेस प्रत्याशियों को ये लोकतंत्र मनुहार पत्रिका दी जाएगी ताकि वे अपने वार्ड के प्रमुख व्यापारिक संगठनों और रहवासी संघों के बीच जाकर उन्हें शहर की सरकार बदलने के लिए न्योता दे और उनसे वोटिंग की अपील करें।

कार्ड शहर के सभी 85 वार्डों में वितरित किया जाएगा।





