आज : पीएम मोदी के मलयेशिया दौरे का दूसरा दिन, दिल्ली में भाजपा की जीत के एक साल पूरे होने पर कार्यक्रम
आज 8 फरवरी 2026 कृष्ण पक्ष की सप्तमी तिथि है। रविवार को प्रधानमंत्री मोदी के मलयेशिया दौरे का दूसरा और अंतिम हैं। आज टी20 पुरुष वर्ल्ड कप के तीन मैच खेले जाएंगे। इसके साथ भारत के तीसरे राष्ट्रपति जाकिर हुसैन का जन्म भी आज ही के दिन हुआ था।
पीएम मोदी का मलयेशिया दौरा
आज पीएम नरेंद्र मोदी के मलयेशिया दौरे का दूसरा दिन है। यह उनका 2026 का पहला विदेश दौरा है। अगस्त 2024 में भारत-मलयेशिया संबंधों को समग्र रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने के बात हो रही है। इस यात्रा में व्यापार, निवेश, रक्षा और सुरक्षा सहयोग के साथ-साथ सेमीकंडक्टर क्षेत्र में साझेदारी को लेकर एक अहम समझौते पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
गृह मंत्री का छत्तीसगढ़ दौरा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आज छत्तीसगढ़ में दौरे का दूसरा दिन है। वह 7 से 9 फरवरी तक राज्य के दौरे पर हैं। आज वे नवा रायपुर में नक्सल मामलों को लेकर हाईलेवल मीटिंग लेंगे। इसमें अर्धसैनिक बलों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इस बैठक में 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलियों के खात्मे को लेकर तय डेडलाइन पर आगे की महत्वपूर्ण रणनीति तैयार की जाएगी। ऐसे में छत्तीसगढ़ सहित देश में नक्सलवाद के खात्मे को लेकर शाह का यह दौरा बेहद अहम है।
मोहन भागवत की मुंबई मेंं व्याख्यान श्रृंखला
आज आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत दूसरे दिन मुंबई में विशेष व्याख्यान श्रृंखला को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम आरएसएस के 100 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का नाम ‘न्यू होराइजन्स’ है। यह वर्ली स्थित नेहरू सेंटर में हो रहा है। इसमें उद्योग, फिल्म, कला, साहित्य, विज्ञान, कानून, खेल और मीडिया से जुड़े जाने-माने लोग शामिल होंगे। आरएसएस का शताब्दी वर्ष 2025-26 में मनाया जा रहा है
टी20 वर्ल्ड कप में आज तीन मैच
आज टी20 पुरूष वर्ल्ड कप का दूसरा दिन है। आज भी पहले दिन की तरह तीन मैच खेले जाने हैं। पहला मैच सुबह 11 बजे न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान के बीच चेन्नई में खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला इंग्लैंड और नेपाल के बीच मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में 3 बजे से शुरू होगा। तीसरा मुकाबला श्रीलंका और आयरलैंड के बीच केलंबो में शाम 7 बजे से खेला जाएगा।
अखिलेश की सपा विधायकों के साथ बैठक
आज सपा कार्यालय में सपा विधायकों की बड़ी बैठक बुलाई गई है। विधानमंडल के दोनों सदनों के सदस्यों को इस बैठक में बुलाया गया है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी इस बैठक में मौजूद रहेंगे। 9 तारीख को यूपी में विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने जा रहा है। बजट सत्र से पहले पार्टी विधायकों के साथ सपा प्रमुख रणनीति तय करेंगे।
दिल्ली सरकार का रामलीला मैदान में बड़ा कार्यक्रम
आज दिल्ली सरकार रामलीला मैदान में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन करने जा रही है। कार्यक्रम का उद्देश्य दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में भाजपा की जीत के एक साल पूरे होने और जनता को आगामी योजनाओं के बारे में बताना है। कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, कैबिनेट मंत्री और मुख्य अतिथि के तौर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मौजूद रहेंगे।
डॉ. जाकिर हुसैन की जयंती
आज भारत के तीसरे राष्ट्रपति रहे डॉ. जाकिर हुसैन का जयंती है। उनका जन्म हैदराबाद में हुआ था। हुसैन जामिया मिल्लिया इस्लामिया के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। उन्होंने 1926 से 1948 तक विश्वविद्यालय के वाइस-चांसलर के रूप में काम किया। 1948 में, उन्हें अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी का वाइस चांसलर बनाया गया। 3 मई 1969 को उनका देहांत हो गया था।
अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर कई अहम मुद्दों पर हलचल बनी हुई है। रूसी तेल खरीद को लेकर भारत ने अपना पुराना रुख दोहराया है और कहा है कि ऊर्जा जरूरतों के लिए स्रोतों की विविधता जारी रहेगी। अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने रूसी तेल खरीद पर फिर टैरिफ लगाने की चेतावनी दी है, लेकिन भारत ने खरीद रोकने पर स्पष्ट जवाब नहीं दिया। मौसम विभाग ने अगले दो दिन देश में शुष्क मौसम और उसके बाद पश्चिमी हिमालय में बारिश व बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है, जिससे हवाई और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के बाद मेड इन इंडिया उत्पादों को चीन पर बढ़त मिलने की संभावना जताई गई है। उधर, रूसी विश्वविद्यालय में चाकूबाजी की घटना में चार भारतीय छात्र घायल हुए हैं। पाकिस्तान से जुड़े मामलों में कश्मीर प्रोपेगेंडा और वैक्सीन आपूर्ति संकट की खबरें सामने आई हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पति पर बिना सबूत अवैध संबंध का आरोप लगाना क्रूरता माना है। खेल क्षेत्र में अमर उजाला शतरंज प्रतियोगिता में युवा खिलाड़ियों ने जोरदार प्रदर्शन किया और फाइनल मुकाबले जारी हैं।

रूसी तेल खरीद: भारत ने दोहराया पुराना रूख, कहा- विविधता जारी रहेगी; ट्रंप बोले- खरीदने पर फिर लगेगा टैरिफ
अमेरिका की ओर से भारतीय उत्पादों पर लगाए गए अतिरिक्त 25 प्रतिशत शुल्क को वापस लेने के बाद भी भारत ने यह साफ नहीं किया है कि वह रूस से कच्चा तेल खरीदना बंद करेगा या नहीं। शनिवार को भारत सरकार ने इस मुद्दे पर न तो पुष्टि की और न ही खंडन किया।

अगले दो दिन शुष्क रहेगा मौसम, हिमालय में बदलेगा मिजाज; हवाई और रेल यातायात पर भी असर संभव
देश में अगले दो दिन तक मौसम सामान्य और शुष्क बना रहेगा, लेकिन इसके बाद पहाड़ी राज्यों में मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में नया सिस्टम सक्रिय होगा, जिससे बारिश और बर्फबारी की स्थिति बन सकती है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई ऊंचाई वाले इलाकों में असर दिखेगा। इसे लेकर विभाग ने पहले से सतर्क रहने की सलाह दी है।

चीन पर भारी पड़ सकता है मेड इन इंडिया, व्यापार समझौते से भारतीय उद्योग को सीधी बढ़त
अमेरिका-भारत व्यापार समझौते का असर केवल इन्हीं दो देशों तक सीमित नहीं रहने वाला है। आने वाले वक्त में इसके जरिए भारतीय निर्यातकों को अमेरिकी बाजार में चीनी कंपनियों के मुकाबले बढ़त हासिल हो सकती है, क्योंकि चीन पर अमेरिका ने 37 प्रतिशत टैरिफ लगा रखा है। इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल, फार्मा, इंजीनियरिंग वस्तुओं, रत्न, आभूषण व चर्म उत्पाद क्षेत्र में निर्माण बढ़ने से निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। चीन के मुकाबले अब मेड इन इंडिया को बढ़त हासिल होगी।
Russia: रूस के विश्वविद्यालय में चाकूबाजी, चार भारतीय छात्रों समेत छह घायल; दूतावास ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण
रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य में स्थित एक विश्वविद्यालय के छात्रावास में शनिवार को हुए चाकूबाजी के हमले में चार भारतीय छात्रों समेत कम से कम छह लोग घायल हो गए। यह घटना उफा शहर स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के डॉर्मिटरी में हुई।

Pakistan: कश्मीर प्रोपेगेंडा के लिए शहबाज ने लिखा था सेना को पत्र… फिर रची गई बड़ी साजिश
पांच फरवरी को भारत के खिलाफ पाकिस्तान की तमाम सुरक्षा एजेंसियों और सेना समेत आतंकियों ने जो साजिश रची उसके लिए पाकिस्तान के प्रधान प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की ओर से एक बेहद गुप्त पत्र जारी किया गया था। 13 जनवरी को जारी किए गए इस कॉन्फिडेंशियल लेटर में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की ओर से 29 सेक्रेटरी, पांच चीफ सेक्रेटरी समेत पाकिस्तानी सेना और टेलीकम्युनिकेशन समेत कई महत्वपूर्ण विभागों के मुखिया को उस आदेश का पालन करने के लिए कहा गया था जो पाकिस्तानी प्रोपेगेंडा कश्मीरी एकजुटता दिवस के नाम पर तैयार हो रहा था।

Pakistan: सस्ते भारतीय टीके नहीं मिलने से पाकिस्तानी अर्थव्यवस्था पर दबाव, मंत्री बोले-हालात कठिन
पाकिस्तान में भारत से किफायती टीके नहीं मिलने के कारण अर्थव्यवस्था और स्वास्थ्य दबाव में है। पाकिस्तानी स्वास्थ्य मंत्री मुस्तफा कमाल ने इस पर हताशा जताते हुए कहा, हालात कठिन हैं। मई 2025 के संघर्ष के बाद से भारत से सस्ते टीकों की आपूर्ति रुकने से देश की अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई है।

इलाहबाद हाईकोर्ट ने कहा: पति के चरित्र पर कीचड़ उछालना क्रूरता, बिना सबूत अवैध संबंधों का आरोप लगाना ‘हत्या’
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि पति के चरित्र पर कीचड़ उछालना क्रूरता है। बिना सबूत पति पर अवैध संबंध का आरोप लगाना उसकी सामाजिक और मानसिक हत्या करने जैसा है। इस टिप्पणी के साथ न्यायमूर्ति नीरज तिवारी और न्यायमूर्ति गरिमा प्रसाद की खंडपीठ ने पति की ओर से दाखिल तलाक की अर्जी मंजूर कर ली। कोर्ट ने कहा अगर पति ने वर्षों तक कोई गिला-शिकवा नहीं किया तो इसका यह मतलब कतई नहीं है कि वह प्रताड़ित नहीं है। भारतीय समाज में पुरुष अक्सर लोकलाज और बच्चों के भविष्य के लिए नरक जैसी स्थिति झेलते हैं।

अमर उजाला शतरंज प्रतियोगिता 2026: शह-मात के खेल में दिन भर उलझे रहे नन्हे उस्ताद, आज भी होगा ग्रैंड फिनाले
नोएडा सेक्टर-59 स्थित अमर उजाला कार्यालय में शनिवार को शतरंज प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले का आगाज हुआ। यूपी चेस एसोसिएशन और गौतमबुद्ध नगर चेस एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता में 64 स्कूलों के 256 छात्र-छात्राओं ने शतरंज की बिसात पर दिमागी घोड़े दौड़ाए। इससे पहले दो दिवसीय फिनाले का उद्घाटन जिला खेल अधिकारी डॉ. परवेज अली ने किया। प्रतियोगिता के दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार भी शामिल रहे।

नक्शा बदला, नीयत बदली… महाशक्तियों में सौदा मजबूरी नहीं, कूटनीति का बड़ा परिणाम
भारत और अमेरिका के बीच हुआ यह व्यापारिक समझौता केवल फाइलों का आदान-प्रदान नहीं है। मार्च में जब इस डील के सभी तकनीकी पन्ने खुलेंगे, तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि भारत ने एआई के संकट को एक अवसर में बदल दिया है।

‘भारत के पेट्रोलियम मंत्री ट्रंप हैं या हरदीप सिंह पुरी’, रूसी तेल खरीद पर अमेरिकी धमकी से भड़के ओवैसी
अमेरिका ने भारत पर रूसी तेल खरीद को लेकर लगाया गया 25 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ हटा दिया है। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर भारत किसी भी जरिए से रूसी तेल खरीदता है तो फिर से टैरिफ लगा दिया जाएगा। इस मुद्दे पर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने केंद्र सरकार, भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा।
जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट पहुंचे कुलदीप सेंगर; केएफडी के नए टीके का मानवीय परीक्षण शुरू
दुष्कर्म के दोषी और पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर ने दुष्कर्म पीड़िता के पिता की हिरासत में मौत से जुड़े मामले में जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। शीर्ष अदालत सोमवार को सेंगर की जमानत याचिका पर सुनवाई करेगा। हिरासत में मौत मामले में ट्रायल कोर्ट ने सेंगर को दस साल की जेल की सजा सुनाई है। 18 जनवरी को दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें जमानत देने से इन्कार कर दिया था। अब सेंगर ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। सुप्रीम कोर्ट पहले ही हाईकोर्ट की ओर से सेंगर को दी गई जमानत पर रोक लगा चुका है।
केएफडी के नए टीके का मानवीय परीक्षण शुरू
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने क्यासानूर फॉरेस्ट डिजीज (केएफडी) के बेहतर टीके का मानवीय क्लिनिकल परीक्षण शुरू कर दिया है। यह संक्रामक बीमारी कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, गोवा और महाराष्ट्र जैसे पश्चिमी घाट के राज्यों में फैली हुई है। कर्नाटक सरकार के अनुरोध पर विकसित यह टीका पूरी तरह स्वदेशी है। इसे आईआईएल व एनआईवी ने तैयार किया है। यह दो खुराक वाला इनएक्टिवेटेड टीका है, जो 28 दिनों के अंतराल पर दिया जाएगा।
मलक्का के पास होगा भारत थाईलैंड का शक्ति प्रदर्शन
रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मलक्का जलडमरूमध्य के उत्तर में भारत और थाईलैंड की वायुसेना सोमवार को संयुक्त युद्धाभ्यास करेंगी। इस साल वायुसेना का पहला अंतरराष्ट्रीय अभ्यास होगा। सूत्रों ने बताया कि इस अभ्यास में वायुसेना के सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान हिस्सा लेंगे। जबकि थाईलैंड की ओर से रॉयल थाई एयरफोर्स के ग्रिपेन लड़ाकू विमान भाग लेंगे। ऑपरेशन सिंदूर के बाद उत्पन्न हालात में इसे अहम माना जा रहा है।
पीएम ने की सदानंदन मास्टर के संसद में दिए पहले भाषण की तारीफ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में भाजपा के नामित सांसद सी. सदानंदन मास्टर के पहले भाषण की तारीफ की और कहा कि इससे उनकी नैतिक ताकत और दृढ़ विश्वास नजर आता है। वहीं सदानंदन ने पीएम का आभार जताते हुए कहा कि देश और उसके नेता से मिली यह अनमोल हौसलाअफजाई ताकत देगी। केरल से भाजपा सांसद को लिखे खत में पीएम मोदी ने अपनी बातों को शांत और आत्मविश्वास से पेश करने की भी सराहना की। पीएम ने कहा कि सदानंदन मास्टर भले ही संसद में नए हों, लेकिन आप अपने साथ देश प्रथम की विचारधारा के प्रति जीवनभर की सेवा और प्रतिबद्धता लेकर आए हैं। जब मैंने आपको बोलते हुए सुना तो मुझे आपके शब्दों में नैतिक शक्ति और दृढ़ विश्वास दिखाई दिया।
प्रख्यात लेखिका पेपिता सेठ को 50 साल बाद भारत की नागरिकता
प्रख्यात लेखिका और फोटोग्राफर पेपिता सेठ को आखिकार 84 वर्ष की उम्र में भारत की नागरिता मिल गई। ब्रिटेन में जन्मीं पेपिता पिछले 50 से अधिक वर्षों से केरल में रह रही थीं। उन्होंने 2024 में नागरिकता के लिए आवेदन किया था। जिला कलेक्टर अर्जुन पांडियन ने पेपिता को नागरिकता प्रमाण पत्र सौंपा।
चेन्नई में ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़, अभिनेत्री समेत नौ गिरफ्तार
चेन्नई पुलिस और एंटी-नारकोटिक्स इंटेलिजेंस यूनिट (एआईएनयू) ने एक संयुक्त अभियान चलाकर एक बड़े ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस मामले में एक सहायक अभिनेत्री समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से 6 ग्राम मेथामफेटामाइन 6 ग्राम गांजा, 10 मोबाइल फोन व एक कार जब्त की है।
झारखंड : बोकारो में जंगली हथिनी ने दो दिनो में 5 को कुचला
झारखंड के बोकारो जिले में एक जंगली हथिनी ने दो दिनों के भीतर पांच लोगों की जान ले ली है। महुआटांड़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात हथिनी ने सोमरा साव (50) और उनके पोते आयुष कुमार (9) को कुचल दिया। इस हमले में चार अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले बृहस्पतिवार सुबह भी हथिनी ने तीन लोगों को मार डाला था।
जयशंकर और ग्रीक रक्षा मंत्री डेंडियास के बीच सुरक्षा मुद्दों पर हुई बातचीत
भारत और ग्रीस के बीच रक्षा और रणनीतिक संबंधों को मजबूती देने के लिए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ग्रीस के रक्षा मंत्री निकोस डेंडियास के साथ उच्च स्तरीय वार्ता की। डेंडियास रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के निमंत्रण पर भारत के आधिकारिक दौरे पर हैं। जयशंकर ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात को सार्थक बताया और सुरक्षा मुद्दों पर ग्रीस के आकलन की सराहना की। डेंडियास ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर विस्तार से चर्चा की। वे दिल्ली के बाद बंगलूरू का भी दौरा करेंगे, जहां वे ग्रीक और भारतीय रक्षा उद्योगों के बीच सहयोग की संभावनाओं को तलाशेंगे। यह दौरा भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हस्ताक्षर होने के कुछ हफ्तों बाद हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बृहस्पतिवार को राज्यसभा में इन समझौतों की प्रशंसा करते हुए भारत को दुनिया का एक भरोसेमंद साझेदार बताया था।
स्वदेशी चिप डिजाइन, प्रतिभा विकसित करने को सरकार देगी प्राथमिकता : वैष्णव
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारतीय सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 में स्वदेशी चिप डिजाइन, उनके उत्पाद बनाने, इकोसिस्टम भागीदारों को आकर्षित करने और प्रतिभा विकसित करने को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग संयंत्र लगाने पर काम करती रहेगी और 2 नैनोमीटर नोड साइज जितनी छोटी चिप बनाने का लक्ष्य रखेगी। उन्होंने ये बातें क्वालकॉम की बनाई गई एक हाईटेक 2 नैनोमीटर चिप का अनावरण करते हुए कहीं। क्वालकॉम कंपनी ने अपने 2 नैनोमीटर चिप वेफर को भारत में मिलकर विकसित किया है। कंपनी के कार्यक्रम में वैष्णव ने कहा कि यह अल्ट्रा-एडवांस मैन्युफैक्चरिंग का उदाहरण है। इस वेफर में लगभग 20 से 30 अरब ट्रांजिस्टर लगे हैं, जबकि हर छोटे डाई में करीब 20 अरब ट्रांजिस्टर मौजूद हैं। इतनी सूक्ष्म प्रौद्योगिकी पर काम करना बेहद जटिल माना जाता है। उन्होंने कहा कि यह चिप सीपीयू और जीपीयू दोनों को एकीकृत करती है। इससे भारत की चिप डिजाइन क्षमता का स्तर साफ दिखता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की चिप से जो मॉड्यूल तैयार होगा, वह एक तरह का एआई कंप्यूटर बन सकता है। इसे डेस्कटॉप से लेकर एज डिवाइस तक इस्तेमाल किया जा सकेगा। कैमरा, वाई-फाई राउटर, ऑटोमोबाइल, ट्रेन और एयरक्राफ्ट जैसे सिस्टम में भी इसका उपयोग संभव है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सेमीकॉन 2.0 में सबसे पहली प्राथमिकता डिजाइन कंपनियों को दी जाएगी। उत्पाद डिजाइन करने वाले स्टार्टअप, डिजाइन कंपनियां मार्केट में ला सकते हैं।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में किसान संगठन 12 को देशभर में प्रदर्शन
संयुक्त किसान मोर्चा, इसके गैर-राजनीतिक अलग हुए गुट और अखिल भारतीय किसान सभा समेत कई किसान संगठनों ने व्यापार समझौते के प्रारूप की आलोचना की। संगठनों ने इसके खिलाफ 12 फरवरी को पूरे देश में विरोध प्रदर्शन करने का एलान किया। संयुक्त किसान मोर्चा ने आरोप लगाया कि समझौते का फ्रेमवर्क भारतीय कृषि का अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कंपनियों के सामने पूरी तरह से सरेंडर है। डिस्टिलर्स ड्राइड ग्रेन्स विद सॉल्युबल्स (डीडीजीएस), सोयाबीन तेल, पशु आहार के लिए लाल ज्वार, मेवे, ताजे और प्रसंस्कृत फलों के मुक्त आयात की अनुमति देने के फैसले का भारतीय किसानों पर असर पड़ेगा। संगठन ने वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के इस्तीफे की मांग की। वहीं, अखिल भारतीय किसान सभा के नेता कृष्णा प्रसाद ने कहा कि यह समझौता सूखे डिस्टिलर ग्रेन, जानवरों के चारे के लिए लाल ज्वार और सोयाबीन तेल जैसी चीजों के लिए बाजार खोलकर कृषि क्षेत्र पर गहरा असर डालेगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि इससे डेयरी सेक्टर पर भी असर पड़ेगा। अमेरिका और यूरोपियन यूनियन के साथ हुए समझौते उनकी ठप अर्थव्यवस्था को फायदा पहुंचाने के लिए किए जा रहे हैं और ये भारत के लिए फायदेमंद नहीं हैं। क्रांतिकारी किसान यूनियन (पंजाब) के नेता दर्शन पाल और भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने किसानों से विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की।
अमेरिका में आव्रजन कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन; सूडान में अर्धसैनिक समूह के हमले में 24 लोग मारे गए
अमेरिकी आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) और संघीय आव्रजन प्रवर्तन कार्रवाइयों के खिलाफ अमेरिका में विरोध उग्र होता जा रहा है। लोग आईसीई एजेंटों के खिलाफ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। विभिन्न राज्यों में चल रहे प्रदर्शनों में लोगों का कहना है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर आव्रजन कार्रवाइयों के दौरान संघीय एजेंट मानवीय मूल्यों की लगातार अवहेलना कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को मिनेसोटा राज्य के सेंट पॉल में मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज के आवास के बाहर लोगों ने व्यापक प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां व पोस्टर बैनर लेकर आईसीई एजेंटों के खिलाफ नारे लगाए और विरोध जताया। पिछले दिनों एजेंटों की गोली से एक महिला व एक पुरुष की मौत हो गई थी। इसके बाद से पूरे देश में प्रदर्शन उग्र रूप से जारी हैं।
सूडान : अर्धसैनिक समूह के हमले में 24 लोग मारे गए
एक कुख्यात अर्धसैनिक समूह ने शनिवार को मध्य सूडान में विस्थापित परिवारों को ले जा रहे एक वाहन पर ड्रोन से हमला करके 8 बच्चों समेत 24 लोगों की जान ले ली। युद्ध पर नजर रखने वाले डॉक्टरों के समूह डॉक्टर्स नेटवर्क ने बताया, रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (आरएसएफ) द्वारा किया गया यह हमला उत्तरी कोरदोफान प्रांत के रहाद शहर के पास हुआ। मृतकों में दो नवजात शिशु भी शामिल थे। वाहन में उत्तरी कोरदोफान में लड़ाई से भागे विस्थापित लोग सवार थे। संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के अनुसार, इस विनाशकारी युद्ध में 40,000 से अधिक लोग मारे गए हैं, लेकिन सहायता समूहों का कहना है कि यह आंकड़ा कम है और वास्तविक संख्या इससे कई गुना अधिक हो सकती है।
जापान : पीएम की लोकप्रियता से एलडीपी को जीत की उम्मीद
जापान में रविवार को होने वाले निचले सदन के चुनाव में प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची की लोकप्रियता उनकी पार्टी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) को बड़ी जीत दिला सकती है। ताकाइची की छवि युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय है। युवा उन्हें प्यार से सना कहते हैं और उनके फैशन व पसंदीदा भोजन का अनुसरण करते हैं।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने मेलोनी से की मुलाकात
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने अपने इटली प्रवास के दौरान मिलान में प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी से मुलाकात की। वे एक सप्ताह तक दौरे पर हैं। वेंस ने ओलंपिक खेलों और कूटनीति के मुद्दों पर मेलोनी के साथ लगभग एक घंटे तक चर्चा की। मेलोनी को यूरोप में ट्रंप प्रशासन का करीबी सहयोगी माना जाता है। मुलाकात के बाद दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में लंच भी हुआ। इससे पहले वेंस ने अपने परिवार और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ मिलानो आइस स्केटिंग एरिना में फिगर स्केटिंग प्रतियोगिता देखी।
पनामा में हचिसन का अनुबंध रद्द, हांगकांग भड़का, दूत तलब
हांगकांग के वाणिज्य प्रमुख ने शुक्रवार को पनामा के महावाणिज्य दूत को तलब कर पनामा सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले की कड़ी निंदा की, जिसने हांगकांग स्थित सीके हचिसन के दो बंदरगाहों के संचालन का अनुबंध रद्द कर दिया है। इससे पहले चीन के हांगकांग और मकाऊ मामलों के कार्यालय ने पनामा को भारी कीमत चुकाने की चेतावनी दी थी। इस मामले से दोनों देशों में जबरदस्त तल्खी है।






Add comment