अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

देश-दुनिया: ‘AI महाकुंभ’में प्रमुख हस्तियां बोलीं- भारत बन सकता है एआई का पावरहाउस,; उत्तर भारत में हल्की बारिश के आसार,अमेरिकी अदालत ने रद्द की ट्रंप की आव्रजन नीति; ब्रिटेन में पहली महिला कैबिनेट सचिव नियुक्त

Share

उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियों ने गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट सम्मेलन में भारत को एआई का पावरहाउस बनाने और तकनीक में बड़े निवेश की जरूरत पर जोर दिया। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने अगले सात वर्षों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में 10 लाख करोड़ रुपये निवेश करने की घोषणा की। वहीं, ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने मजाकिया अंदाज में कहा कि एआई बहुत कुछ कर सकता है, लेकिन दिल्ली का ट्रैफिक अभी ठीक नहीं कर सकता। मौसम की बात करें तो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तर-पश्चिम में तापमान गिरने और समुद्री इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश के जबलपुर में मंदिर में तोड़फोड़ और पथराव के चलते तनाव बढ़ा, जबकि फतेहपुर में दुल्हन के पालतू कुत्ते को पीटने पर झड़प हुई। दक्षिण कोरिया के पूर्व राष्ट्रपति यून सुक येओल को उम्रकैद की सजा सुनाई गई। अमेरिका से तनाव के बीच ईरान ने रूस के साथ युद्ध अभ्यास किया। खेलों में टी20 विश्व कप 2026 में ग्रुप चरण के नतीजों के बाद सुपर-8 में टीमों का बंटवारा तय हुआ। 

आज : गृह मंत्री अमित शाह का असम दौरा, श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई

आज 20 फरवरी 2026 को शुक्ल पक्ष की तृतीया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को असम दौरे पर रहेंगे। वहीं, श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मामले में इलाहाबाद कोर्ट मेंं सुनवाई होगी।

केंद्रीय गृह मंत्री का असम दौरा

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार से दो दिन के असम दौरे पर पहुंच रहे हैं। इस दौरान वे वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम–II  लॉन्च करेंगे। यह प्रोग्राम सीमांत गांवों को मजबूत बनाने और सीमावर्ती क्षेत्रों में विकास को बढ़ावा देने का है।

भाजपा अध्यक्ष का गुजरात दौरा
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन शुक्रवार से गुजरात के तीन दिन के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे अहमदाबाद और गांधीनगर में कई संगठनात्मक बैठकों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे दोपहर में सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे नारनपुरा स्थित जीएससी बैंक में सांसदों और विधानसभा सदस्यों से बातचीत करेंगे। शाम को वे गांधीनगर के इंफोसिटी में आयोजित ‘बजट मीट’ में शामिल होंगे, जहां वे उद्योगपितयों, चार्टर्ड अकाउंटेंट, आंत्रप्रेन्योर, डॉक्टर और विभिन्न एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मामले पर सुनवाई 

श्रीकृष्ण जन्मभूमि व शाही ईदगाह विवाद मामले में शुक्रवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। कोर्ट ने सभी पक्षकारों को जो भी उनके प्रार्थना पत्र व संशोधन अर्जियां हों उन्हें प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। इसके बाद विभिन्न मामलों में दायर प्रार्थना पत्र एवं संशोधन अर्जियों पर एक-एक कर सुनवाई की जाएगी।

भारत-नेपाल ट्रेड फेस्टिवल

भारत और नेपाल के बीच शुक्रवार से ट्रेड फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। यह फेस्टिवल 22 फरवरी तक दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इसका मकसद दोनों देश के बीच होने वाले व्यापार को बढ़ावा देना है। इसमें दोनों देशों के हथकरघा उत्पादों के साथ-साथ अन्य उत्पाद भी लोगों के लिए उपलब्ध होंगे।

हरियाणा का बजट सत्र शुरू
हरियाणा सरकार का बजट सत्र शुक्रवार से शुरू होगा। सत्र की  शुरुआत सुबह 11 बजे से राज्यपाल के अभिभाषण के साथ होगी। वहीं, 2 मार्च को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए बजट अनुमान पेश किए जाने की संभावना है। बजट पेश होने के बाद 10 से 13 मार्च तक बजट पर सामान्य चर्चा निर्धारित की गई है।

जयपुर मेंं एयर शो

सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम जयपुर में शुक्रवार से जलमहल के ऊपर नौ-विमान एयर शो करेगी। यह कार्यक्रम 22 फरवरी तक चलेगा। वर्ष 1996 में स्थापित सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम एशिया की एकमात्र नौ-विमान एरोबैटिक टीम मानी जाती है। यह विश्व की चुनिंदा टीमों में शामिल है। यह टीम देश और विदेश में 800 से अधिक प्रदर्शन कर चुकी है।

विश्व कप में आखिरी लीग मुकाबला 

टी20 विश्व कप 2026 में गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया और ओमान के बीच मैच खेला जाएगा। यह मुकाबला  कैंडी में शाम 7 बजे से होगा। टी20 विश्वकप का यह आखिरी लीग मुकाबला है। दोनों ही टीमें प्रतियोगिता से बाहर हो चुकी हैं। मुकाबले के नतीजे का सुपर8 पर कोई असर नहीं पड़ेगा। इस ग्रुप से जिम्बाब्वे और श्रीलंका सुपर8 में पहुंच चुकी हैं। 

उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियां बोलीं- भारत बन सकता है एआई का पावरहाउस, तकनीक में बड़े निवेश की जरूरत
उद्योगपति मुकेश अंबानी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) क्षेत्र में अगले सात वर्षों में 10 लाख करोड़ रुपये निवेश करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जैसे जियो ने मोबाइल डाटा सस्ता और सुलभ बनाया वैसे ही अब एआई को हर भारतीय तक पहुंचाया जाएगा। अंबानी ने कहा कि एआई विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में बड़ी भूमिका निभाएगा। इंडिया एआई इम्पैक्ट सम्मेलन में रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के चेयरमैन अंबानी ने कहा, जियो ने भारत को इंटरनेट युग से जोड़ा, अब जियो भारत को इंटेलिजेंस युग से जोड़ेगा। भारत इंटेलिजेंस किराये पर नहीं ले सकता, इसलिए हम इसकी लागत भी डाटा की तरह कम करेंगे। 

top news in hindi today important big headlines stories

AI Summit: ‘एआई बहुत कुछ कर सकता है, लेकिन दिल्ली का ट्रैफिक नहीं सुधार सकता’, ऋषि सुनक का मजाकिया अंदाज
ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और उप प्रधानमंत्री डेविड लैमी ने गुरुवार को नई दिल्ली में ब्रिटिश उच्चायोग में एक साथ मंच साझा किया। इस दौरान उन्होंने साझा विरासत और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर चर्चा की। सुनक ने मजाकिया अंदाज में कहा, जैसा कि हमने इस हफ्ते सुना एआई बहुत कुछ कर सकता है। लेकिन यह अभी दिल्ली के ट्रैफिक को ठीक नहीं कर सकता है।

top news in hindi today important big headlines stories

Weather: पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, उत्तर-पश्चिम में तापमान गिरेगा; समुद्री इलाकों में बारिश का अलर्ट
देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। दूसरी ओर दक्षिण भारत, अंडमान-निकोबार और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में कम दबाव के असर से बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है।

top news in hindi today important big headlines stories

MP News: जबलपुर के मंदिर में तोड़फोड़ से तनाव, दो पक्ष आमने-सामने, जमकर मारपीट और पथराव
मध्य प्रदेश के जबलपुर में गुरुवार रात करीब 9 बजे आजाद चौक के दुर्गा मंदिर में एक युवक द्वारा तोड़फोड़ करने के बाद तनाव की स्थिति बन गई। उस समय मंदिर में आरती चल रही थी। जिससे स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और विवाद बढ़ते-बढ़ते दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पथराव शुरू हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया। क्षेत्र में एहतियातन भारी पुलिस बल मौजूद है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं।

top news in hindi today important big headlines stories

Iran: ईरान ने रूस के साथ किया युद्ध अभ्यास, पश्चिम एशिया के करीब पहुंचा अमेरिका का विमानवाहक पोत; तनाव बढ़ा
ईरान ने गुरुवार को रूस के साथ वार्षिक सैन्य युद्ध अभ्यास किया। यह युद्ध अभ्यास ऐसे समय में हुआ है, जब अमेरिकी विमानवाहक  पोत पश्चिम एशिया के करीब पहुंच रहा है। अमेरिका और ईरान दोनों ने संकेत दिए हैं कि अगर तेहरान के परमाणु कार्यक्रम पर वार्ता विफल हुई, तो वे युद्ध के लिए तैयार हैं। 

top news in hindi today important big headlines stories

‘मेरे रास्ते पर नहीं आया तो चीजें बहुत बुरी होंगी’: ट्रंप की ईरान को खुली धमकी! कहा- 10 दिन में लेंगे फैसला
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार गहराता जा रहा है। अमेरिकी विमानवाहक पोत लगातार ईरान की ओर बढ़ रहे हैं। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान को सीधी धमकी दी गई है। बोर्ड ऑफ पीस कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ईरान के लिए हमारे साथ उस रास्ते पर चलने का समय है जो हम बना रहे हैं। अगर वह साथ नहीं आता है तो यह एक बहुत अलग रास्ता होगा

top news in hindi today important big headlines stories

Andrew Mountbatten: 11 घंटे की जांच के बाद रिहा किए गए पूर्व प्रिंस एंड्रयू, एपस्टीन फाइल में नाम; जानें विवाद
ब्रिटिश शाही परिवार से गिरफ्तार होने वाले पहले शख्स एंड्रयू माउंटबेटन को करीब 11 घंट की गिरफ्तारी के बाद रिहा कर दिया गया है। ब्रिटेन पुलिस का कहना है कि पूर्व राजकुमार एंड्रयू को जांच के तहत रिहा कर दिया गया है। सार्वजनिक पद पर दुर्व्यवहार के संदेह में गिरफ्तारी के करीब 11 घंटे बाद एंड्रयू को रिहा कर दिया। लगभग चार शताब्दियों में यह पहली बार था कि किसी वरिष्ठ ब्रिटिश शाही सदस्य को गिरफ्तार किया गया। 

top news in hindi today important big headlines stories

Fatehpur: दुल्हन के पालतू कुत्ते को पीटने पर भिड़ गए घराती और बराती, एक महिला का फिर फूटा; आखिर टूट गई शादी
पालतू कुत्ते को पीटने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। वधू ने शादी से इन्कार कर दिया। इसके बाद मामला पुलिस के सामने पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों का लेनदेन कराकर मामला समाप्त कराया। मारपीट में वधू पक्ष से एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए जबकि वर पक्ष के दो लोग जख्मी हुए। किसी भी पक्ष ने कार्रवाई की मांग नहीं की।

top news in hindi today important big headlines stories

T20 WC 2026: ग्रुप चरण में सभी मैच जीतकर शीर्ष पर रहने वाली टीमें ग्रुप-1 में, दूसरे ग्रुप की स्थिति इससे उलट
टी20 विश्व कप 2026 का रोमांच प्रशंसकों के सिर चढ़कर बोल रहा है। ग्रुप चरण का समापन लगभग हो चुका है और अब बारी है सुपर-8 की। आठ टीमें इस टूर्नामेंट के अगले चरण के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं, जिन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप-1 में भारत, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे की टीमें हैं। वहीं, ग्रुप-2 में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका हैं। दिलचस्प बात यह है कि ग्रुप-1 में जो टीमें पहुंचीं हैं वह ग्रुप चरण में एक भी मुकाबला नहीं हारी हैं और अपने-अपने ग्रप में शीर्ष पर रही हैं। वहीं, ग्रुप-2 की स्थिति इससे बिल्कुल उलटी है। उसकी टीमों को ग्रुप चरण में एक न एक मैच में हार मिली है।

इन निर्देशकों की फिल्मों का फैंस को है बेसब्री से इंतजार, ‘रामायण’ से लेकर ‘टॉक्सिक’ तक शामिल; जानें रिलीज डेट
2026 और 2027 में कई बॉलीवुड और टॉलीवुड के निर्देशक अपनी मेगा बजट फिल्में लेकर आ रहे हैं। ये सभी फिल्में अलग-अलग जॉनर की हैं, जिनमें माइथोलॉजी, एक्शन, रिवेंज, गैंगस्टर और साइ-फाई शामिल हैं। बड़े स्टार्स, बड़े डायरेक्टर्स और बड़े बजट की वजह से 2026-2027 भारतीय सिनेमा के लिए जबरदस्त साल बनने वाला है। फैंस को इनकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार है।

अमेरिकी अदालत ने रद्द की ट्रंप की आव्रजन नीति; ब्रिटेन में पहली महिला कैबिनेट सचिव नियुक्त

अमेरिका की एक संघीय अदालत ने आव्रजन नीति से जुड़े अपील बोर्ड के एक फैसले को रद्द कर दिया। इस फैसले में ट्रंप प्रशासन की उस नीति का समर्थन किया गया था, जिसके तहत आव्रजन संबंधी कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए गए लोगों को सामूहिक हिरासत में रखना अनिवार्य किया गया था। कैलिफोर्निया के रिवरसाइड स्थित अमेरिकी जिला न्यायाधीश सनशाइन साइक्स ने पाया कि प्रशासन पूर्व में जारी उनके उस आदेश का पालन करने में विफल रहा, जिसमें बंदियों को जमानत पर रिहाई की मांग करने का मौका न देने की नीति को गैर- कानूनी घोषित किया गया था। बाइडन के कार्यकाल में नियुक्त साइक्स ने प्रशासन की कार्रवाइयों को बेशर्मी भरा बताया। 
ब्रिटेन : रोमियो कैबिनेट सचिव नियुक्त, महत्वपूर्ण पद पाने वाली पहली महिला
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने एंटोनिया रोमियो को कैबिनेट सचिव नियुक्त किया है। वह ब्रिटेन के इतिहास में इस महत्वपूर्ण पद पर पहुंचने वाली पहली महिला हैं। बतौर कैबिनेट सचिव वह प्रधानमंत्री की मुख्य नीति सलाहकार के रूप में काम करेंगी।

ब्रिटेन में कैबिनेट सचिव सबसे वरिष्ठ सिविल सेवक होता है, जो पूरे देश के सिविल सेवकों के प्रबंधन के लिए जिम्मेदार होता है। प्रधानमंत्री स्टार्मर ने रोमियो की नियुक्ति की घोषणा करते हुए कहा कि वह शानदार सिविल सेवक रही हैं और वह उनके पेशेवर रवैये और अपने काम के प्रति समर्पण से खासे प्रभावित हैं। रोमियो क्रिस वर्मल्ड की जगह लेने वाली हैं जिन्होंने हाल में अमेरिका में पीटर मैंडेलसन के ब्रिटिश राजदूत के तौर पर नियुक्त होने पर विवाद के बाद अपना पद छोड़ दिया था। 

द. कोरिया के पूर्व राष्ट्रपति येओल को उम्रकैद
दक्षिण कोरिया के सियोल सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने पूर्व राष्ट्रपति यून सुक येओल को उम्रकैद की सजा सुनाई। यून को 3 दिसंबर 2024 को देश में अवैध रूप से मार्शल लॉ लागू करने और तख्तापलट की कोशिश (विद्रोह) का दोषी पाया गया है। जज जी कुई-यून ने फैसले में कहा कि येओल ने सैन्य और पुलिस बलों का इस्तेमाल कर नेशनल असेंबली (संसद) को घेरने और राजनेताओं को गिरफ्तार करने की कोशिश की। कोर्ट ने इसे संविधान का उल्लंघन और सत्ता पर अवैध कब्जा करने का प्रयास माना।  साथ ही उनके सहयोगी और पूर्व रक्षा मंत्री किम योंग ह्यून को इस साजिश में उनकी भूमिका के लिए 30 साल जेल की सजा सुनाई गई। 

इटानगर में बाल तस्करी रैकेट के 6 लोगों को हिरासत में लिया; कटक में पटाखा विस्फोट में मां-बेटी की मौत

अरुणाचल प्रदेश की राजधानी इटानगर में पुलिस ने असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच संचालित एक संगठित अंतरराज्यीय बाल तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया है, जिसमें तीन नाबालिग लड़कियों को बचाया गया है और घरेलू कामगारों के रूप में बच्चों की तस्करी, खरीद और शोषण के आरोपी छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

राजधानी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) जुम्मार बासर ने बताया कि यह मामला तब सामने आया जब 7 फरवरी को सुबह करीब 4:30 बजे यहां एफ-सेक्टर में एक गंभीर रूप से घायल सात वर्षीय बच्ची अकेली घूमती हुई पाई गई।

पूछताछ में मानव तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ। जांचकर्ताओं ने पाया कि बच्ची को असम से तस्करी करके इटानगर के एक घर में घरेलू नौकरानी के रूप में रखा गया था, जहां उसके साथ बार-बार मारपीट और क्रूरता की जाती थी। पुलिस ने बताया कि वह 6 फरवरी की रात को भाग निकली और बाद में उसे बचा लिया गया।

ओडिशा: कटक के पास पटाखा विस्फोट में मां और बेटी की मौत
ओडिशा के कटक के पास पटाखों के विस्फोट में एक महिला और उसकी तीन वर्षीय बेटी की मौत हो गई और परिवार का एक अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना जगतपुर पुलिस थाना क्षेत्र के महाजनपुर गांव में घटी।

मृतकों की पहचान सुधांशुबाला नायक और उनकी बेटी स्थितप्रंग्या नायक के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि भारती नायक विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हो गईं।
तीनों घायलों को एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान महिला और उसके बच्चे ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि तीसरी घायल महिला को वेंटिलेटर पर रखा गया है।

प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि घर में पटाखे रखे हुए थे और विस्फोट के समय परिवार के सदस्य उन्हें बना रहे थे। एक अधिकारी ने बताया कि विस्फोट के प्रभाव से घर के दो कमरे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के सटीक कारण का पता लगाने के लिए जांच चल रही है।

असम: अमित शाह आज जीवंत ग्राम कार्यक्रम के दूसरे चरण का शुभारंभ करेंगे
गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को पूर्वोत्तर राज्य असम में वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम (वीवीपी) के दूसरे चरण की शुरुआत करेंगे। यह 15 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों के 1,954 सीमावर्ती गांवों को कवर करेगा। इसका शुभारंभ कछार जिले के नाथनपुर से किया जाएगा। केंद्र प्रायोजित इस योजना पर वित्त वर्ष 2028-29 तक 6,839 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इसका उद्देश्य सीमावर्ती गांवों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और स्थायी रोजगार के अवसर पैदा करना है।

इस कार्यक्रम के पहले चरण में अरुणाचल प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, उत्तराखंड और लद्दाख के 662 गांव शामिल थे। पहले चरण में 3,431 करोड़ की लागत से 2,558 परियोजनाएं स्वीकृत की गईं और 8,500 से अधिक गतिविधियां आयोजित की गईं। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि दूसरे चरण को 2 अप्रैल 2025 को मंजूरी दी गई। यह योजना सीमावर्ती लोगों को सशक्त बनाकर उन्हें देश की आंख और कान की तरह काम करने में मदद करेगी, जिससे सीमा सुरक्षा और आंतरिक सुरक्षा मजबूत होगी। 

बंगाल सरकार ने नए फेरबदल में 4 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया
पश्चिम बंगाल सरकार ने आगामी विधानसभा चुनावों से पहले एक नए प्रशासनिक फेरबदल में गुरुवार को तीन पुलिस अधीक्षकों (एसपी) सहित चार आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। एक अधिसूचना के अनुसार, अलीपुरद्वार एसपी उमेश गणपत खंडबाहले को उत्तर बंगाल खुफिया ब्यूरो में वरिष्ठ अधीक्षक के पद पर स्थानांतरित कर दिया गया है।

राज्य की खुफिया शाखा के वरिष्ठ अधीक्षक आरिश बिलाल को बसीरहाट पुलिस जिले का नया एसपी नियुक्त किया गया है। आदेश में कहा गया है कि वे डॉ. हुसैन मेहदी रहमान की जगह लेंगे, जिन्हें जांगीपुर पुलिस जिले का एसपी नियुक्त किया गया है। जांगीपुर पुलिस स्टेशन के वर्तमान एसपी अमित कुमार शॉ का तबादला अलीपुरद्वार के एसपी के रूप में कर दिया गया है।

यह फेरबदल राज्य पुलिस व्यवस्था में हाल ही में किए गए प्रशासनिक परिवर्तनों की श्रृंखला का एक हिस्सा है। 15 फरवरी को एडीजी, आईजी और एसपी रैंक के छह आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया गया। इससे पहले, 30 और 31 जनवरी को सरकार ने 23 आईपीएस अधिकारियों और तीन डब्ल्यूबीपीएस अधिकारियों का तबादला किया था। इसके अतिरिक्त अधिकारियों ने बताया कि पिछले महीने में 109 निरीक्षकों का तबादला किया गया है। राज्य में कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

मेघालय में सड़क दुर्घटना में एक स्कूली छात्र की मौत, कई घायल
मेघालय के री-भोई जिले के बायर्निहाट के पास एक क्लिंकर से लदे ट्रक ने स्कूल बस को टक्कर मार दी, जिसमें एक स्कूली छात्र की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यह हादसा सुबह करीब 8 बजे 17वें माइल पर हुआ, जब माउंट जियन अकादमी की एक बस छात्रों को लेने के लिए इंतजार कर रही थी। उसी समय गुवाहाटी जा रहे एक ट्रक ने बस को पीछे से टक्कर मार दी।

दुर्घटना के समय बस में करीब 20 छात्र सवार थे। पुलिस ने बताया कि सात बच्चों को गंभीर चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए गुवाहाटी के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि मामूली रूप से घायल बच्चों को बायर्निहाट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

नीदरलैंड के प्रधानमंत्री डिक शूफ ने बंगलूरू दौरे पर
नीदरलैंड के प्रधानमंत्री डिक शूफ गुरुवार को आधिकारिक दौरे पर बंगलूरू पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि शूफ अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे, जहां अतिरिक्त मुख्य सचिव गौरव गुप्ता ने उनका स्वागत किया और उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंट किया।

बंगलूरू पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। एक बयान के अनुसार नीदरलैंड के प्रधानमंत्री शुक्रवार को आरटी नगर स्थित फिलिप्स इनोवेशन कैंपस, इन्फैंट्री रोड पर स्थित बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस (बीटीपी) कंट्रोल सेंटर और भारतीय विज्ञान संस्थान का दौरा करने वाले हैं। बयान में कहा गया है कि शहर से विशेष विमान से रवाना होने से पहले वह उद्योगपतियों के साथ दोपहर के भोजन में भी शामिल होंगे।

प्रख्यात पत्रकार व लेखक गोविंदम कुट्टी का 81 साल की उम्र में निधन
प्रख्यात पत्रकार और लेखक के गोविंदम कुट्टी का बुधवार को 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, उन्होंने किसी बीमारी के बाद तिरुवनंतपुरम में निवास पर अंतिम सांस ली। पत्रकारिता जगत में केजीके के नाम से मशहूर कुट्टी का रिपोर्टर और संपादक के रूप में शानदार कॅरिअर रहा है। उनकी सबसे बड़ी पहचान 1977 में असम के जोरहाट में तत्कालीन प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के विमान हादसे की खबर ब्रेक करने से हुई थी।

बंगाल चुनाव से पहले भाजपा को झटका बिष्णु  शर्मा तृणमूल में शामिल
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों से ठीक पहले कर्सियांग से भाजपा विधायक विष्णु प्रसाद शर्मा बृहस्पतिवार को टीएमसी में शामिल हो गए। कोलकाता स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने औपचारिक रूप से टीएमसी का दामन थामा। पहली बार विधायक बने शर्मा का स्वागत राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु और उद्योग मंत्री शशि पांजा ने किया। इस अवसर पर शर्मा ने कहा कि वह सीएम ममता बनर्जी के विकास मॉडल के लिए काम करेंगे। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, मुझे मेरे गोरखा भाइयों और बहनों ने चुना था, लेकिन मैं उनके लिए काम नहीं कर पा रहा था। भाजपा ने केवल वादे किए, जमीन पर कुछ नहीं किया।

फुटबॉल खेलते समय गिरे शिलांग के सांसद, मौत
मेघालय के शिलांग से सांसद और वॉइस ऑफ द पीपुल पार्टी (वीपीपी) के नेता डॉ. रिकी एजे सिंगकों का फुटबॉल खेलते समय दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। सिंगकों (54) बृहस्पतिवार शाम मावलाई मावियोंग के मैदान में मैत्री फुटबॉल मैच खेल रहे थे। वह अचानक मैदान में गिर पड़े। उनके साथी उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए। वहां रात 8:42 बजे उनका निधन हो गया। सिंगकों ने 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के तीन बार के सांसद विन्सेंट पाला को 3.7 लाख मतों के भारी अंतर से हराया था। 

बिरला के एआई वीडियो पर कांग्रेस के 8 नेताओं को नोटिस
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के एआई वीडियो जारी करने के मामले में लोकसभा विशेषाधिकार विभाग ने कांग्रेस मीडिया सेल को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है।  इसमें सोशल मीडिया प्रभारी सुप्रिया श्रीनेत समेत आठ नेता शामिल हैं। इसके बाद विशेषाधिकार हनन के तहत कार्रवाई हो सकती है। नोटिस भाजपा सांसद विष्णुदत्त शर्मा की शिकायत पर जारी हुआ है। विभाग ने कहा, सांविधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को लेकर कांग्रेस का व्यवहार बताता है कि सदन की अवमानना व विशेषाधिकार उल्लंघन किया गया है।

Ramswaroop Mantri

Add comment

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें