आज राष्ट्रपति को सौंपे जाएंगे नेपाल चुनाव के अंतिम नतीजे; ब्राजील में पुलिस ने ड्रग माफिया को किया ढेर
चैत्र नवरात्रि की शुरुआत आज से हो रही है, इसके साथ ही मां वैष्णो देवी का भव्य दरबार भक्तिमय वातावरण से जगमगा उठा। इसी बीच राम मंदिर में आज श्रीराम यंत्र की स्थापना का ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है, जिसमें राष्ट्रपति समेत सात हजार मेहमान उत्सव के साक्षी बनेंगे। वहीं ईरान पर हालिया हमलों के बाद अमेरिका को न केवल क्षेत्रीय तनाव झेलना पड़ रहा है, बल्कि राष्ट्रीय ऋण $39 ट्रिलियन के पार पहुंच चुका है, जो वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी असर डाल सकता है। इसी बीच केरल में एडीआर रिपोर्ट ने राजनीतिक परिदृश्य में हलचल पैदा कर दी है, जिसमें खुलासा हुआ कि 70% विधायक आपराधिक मामलों में शामिल हैं और आधे से ज्यादा करोड़पति हैं। इन सबके बीच मौसम ने भी अपने रंग बदले हैं उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश और बर्फबारी से तापमान गिरा है और मौसम विभाग के अनुसार आज और कल भी बादल बरसेंगे।
आज से चैत्र नवरात्रि की शुरुआत
अध्यात्म, श्रद्धा और विश्वास के पावन पर्व चैत्र नवरात्र की आज से शुरुआत हो रही है। कलश स्थापना के साथ की साधना का शंखनाद होगा। नवरात्रि का प्रत्येक दिन देवी मां के विशिष्ट रूप को समर्पित होता है और हर स्वरूप की उपासना करने से अलग-अलग प्रकार के मनोरथ पूर्ण होते हैं। नवरात्रि के पहले दिन यानी चैत्र शुक्ल पक्ष प्रतिपदा तिथि पर कलश स्थापना के साथ मां के पहले स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-आराधना होती है।

ईरान पर हमले के बाद अमेरिका को पहुंच रहा दोहरा नुकसान
अमेरिका का राष्ट्रीय ऋण बुधवार को 39 ट्रिलियन डॉलर के रिकॉर्ड स्तर को पार कर गया। यह उपलब्धि ऐसे समय में आई है जब अमेरिका-इस्राइल का ईरान के साथ युद्ध शुरू हुए कुछ ही हफ्ते हुए हैं। यह अभूतपूर्व आंकड़ा प्रशासन की प्रतिस्पर्धी प्राथमिकताओं को उजागर करता है, जिसमें बड़े पैमाने पर कर कानून पारित करना, रक्षा खर्च और आप्रवासन प्रवर्तन को बढ़ावा देना और स्वयं ऋण को कम करना शामिल है।
आज से चैत्र नवरात्रि की शुरुआत;
आज गुरुवार, 19 मार्च से चैत्र नवरात्रि शुरू हो रहे हैं। धर्म ग्रंथों के अनुसार नवरात्रि माता भगवती की आराधना, संकल्प, साधना और सिद्धि का दिव्य समय है। यह तन-मन को निरोग रखने का सुअवसर भी है। देवी भागवत के अनुसार देवी ही ब्रह्मा, विष्णु और महेश के रूप में सृष्टि का सृजन, पालन और संहार करती हैं। भगवान महादेव के कहने पर रक्तबीज, शुंभ-निशुंभ, मधु-कैटभ आदि दानवों का संहार करने के लिए माँ पार्वती ने असंख्य रूप धारण किए, किंतु देवी के प्रमुख नौ रूपों की पूजा-अर्चना की जाती है। नवरात्रि का प्रत्येक दिन देवी मां के विशिष्ट रूप को समर्पित होता है और हर स्वरूप की उपासना करने से अलग-अलग प्रकार के मनोरथ पूर्ण होते हैं। नवरात्रि के पहले दिन यानी चैत्र शुक्ल पक्ष प्रतिपदा तिथि पर कलश स्थापना के साथ मां के पहले स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-आराधना होती है।
प्रथम दिन का आरंभ और शैलपुत्री पूजन
नवरात्रि पूजन के प्रथम दिन कलश स्थापना के साथ ही मां दुर्गा के पहले स्वरूप ‘शैलपुत्री’ का पूजन किया जाता है। चैत्र नवरात्रि 19 अप्रैल 2026 से प्रारंभ हो रहे हैं और इसी दिन से साधना का शुभारंभ होता है। यह दिन साधक के लिए आस्था और संकल्प का प्रतीक होता है, जहां से पूरे नौ दिनों की आध्यात्मिक यात्रा प्रारंभ होती है।

आज और कल भी बरसेंगे बादल
उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम में अचानक बदलाव आया है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में जहां बारिश हुई है, वहीं पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी भी दर्ज की गई है। इससे बढ़ते तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहावना हो गया है। देश के पूर्वी, पूर्वोत्तर और दक्षिणी हिस्से में भी आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई है। अगले दो दिन मौसम के ऐसे ही बने रहने के आसार हैं और मैदानी राज्यों में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है।

ADR Report: केरल में 70% विधायकों पर आपराधिक केस
केरल के विधायकों की चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की एक रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के लगभग 70 प्रतिशत मौजूदा विधायकों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं। इतना ही नहीं, आधे से ज्यादा विधायक करोड़पति भी हैं। एडीआर और केरल इलेक्शन वॉच द्वारा किए गए विश्लेषण में 132 मौजूदा विधायकों के हलफनामों की जांच की गई।

FBI के रडार पर भारतीय युवक केनी पटेल
अमेरिका की जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (एफबीआई) ने एक भारतीय नागरिक कल्पेशकुमार रसिकभाई पटेल की तलाश तेज कर दी है। कल्पेशकुमार पटेल पर आरोप है कि उसने 2017 से 2021 के बीच अमेरिका में कई लोगों के साथ धोखाधड़ी की बड़ी साजिश को अंजाम दिया।

KCR पर सीएम रेवंत रेड्डी का करारा हमला
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि बीआरएस प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव को दिसंबर 2023 से फरवरी 2026 तक नेता प्रतिपक्ष के रूप में 1 करोड़ 6 लाख 56 हजार 674 रुपये सैलरी और भत्ते मिल चुके हैं, बावजूद इसके वे लगातार विधानसभा में उपस्थित नहीं हुए।

पालम अग्निकांड के बाद: दिल्ली में सभी इमारतों का होगा फायर ऑडिट
राजधानी में आग की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अब सभी इलाकों और संस्थानों में व्यापक फायर ऑडिट कराया जाएगा। दिल्ली राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीएसडीएमए) की बैठक में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने यह निर्देश दिए।
राज निवास में उपराज्यपाल की अध्यक्षता और मुख्यमंत्री की सह-अध्यक्षता में हुई बैठक में हाल ही में हुई एक आवासीय आग की घटना पर विस्तार से चर्चा की गई।

क्या माही बदलेंगे अपनी लकी जर्सी का नंबर?
भारतीय टीम और चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह है उनका एक सोशल मीडिया पोस्ट, जिसने फैंस के बीच जबरदस्त उत्सुकता और अटकलों का माहौल बना दिया है। बता दें कि, आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होगी। धोनी इस सीजन में भी खेलते नजर आएंगे।

इस दिन सिनेमाघरों में रिलीज होगी ‘करुप्पु’
सूर्या इस साल अपनी एक्शन से भरपूर फिल्म ‘करुप्पु’ के साथ बड़े पर्दे पर धमाल मचाने को तैयार हैं। आरजे बालाजी ने इस फिल्म का निर्देशन किया है।
आज श्रीराम यंत्र की स्थापना कर इतिहास रचेंगी राष्ट्रपति
हिंदू नववर्ष और चैत्र नवरात्रि के पहले दिन अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के द्वितीय तल पर श्रीराम यंत्र की स्थापना होगी। राष्ट्रपति वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यह अनुष्ठान करेंगी। कार्यक्रम में हजारों अतिथि, संत और श्रमिक शामिल होंगे तथा पूरे आयोजन को ऐतिहासिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राष्ट्रपति का आगमन सुबह लगभग 11 बजे महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर होगा। यहां से वह सड़क मार्ग से आद्य शंकराचार्य द्वार (गेट नंबर 11) के जरिये मंदिर परिसर में प्रवेश करेंगी। अयोध्या में उनका प्रवास लगभग चार घंटे का रहेगा।
मंदिर परिसर में प्रवेश के उपरांत राष्ट्रपति रामलला के दरबार में हाजिरी लगाकर आशीर्वाद लेंगी। फिर लिफ्ट से मंदिर के दूसरे तल पर पहुंचकर श्रीराम यंत्र की स्थापना और पूजन अनुष्ठान में सम्मिलित होंगी। इस विशेष अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि, सदस्य जगद्गुरु विश्व प्रसन्न तीर्थ और तीन आचार्य उपस्थित रहेंगे।
श्रीराम यंत्र स्थापना के बाद राष्ट्रपति प्रथम तल पर विराजमान राम परिवार का दर्शन-पूजन एवं आरती करेंगी। इसके बाद वह सप्तमंडपम में स्थापित महर्षि वाल्मीकि, माता शबरी और निषादराज के मंदिरों में दर्शन करेंगी। इस क्रम को सामाजिक समरसता और वंचित वर्गों के सम्मान के प्रतीक के रूप में एक बड़े संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
आज राष्ट्रपति को सौंपे जाएंगे नेपाल चुनाव के अंतिम नतीजे; ब्राजील में पुलिस ने ड्रग माफिया को किया ढेर
नेपाल के चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि 5 मार्च 2026 को हुए आम चुनाव के अंतिम नतीजे शुक्रवार को राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल को सौंपे जाएंगे। इस चुनाव में प्रतिनिधि सभा की 275 सीटों के लिए मतदान हुआ था, जिसमें 165 सीटें सीधे चुनाव से और 110 सीटें अनुपातिक प्रणाली से भरी गईं। रास्ट्रिय स्वतन्त्र पार्टी (RSP) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 182 सीटें जीती हैं, जो बहुमत के आंकड़े 138 से काफी ज्यादा है। नेपाली कांग्रेस को 38 सीटें, सीपीएन-यूएमएल को 25 सीटें और अन्य पार्टियों को कम सीटें मिली हैं। अब राष्ट्रपति नई सरकार बनाने की प्रक्रिया शुरू करेंगे और RSP के नेता बालेन शाह को प्रधानमंत्री बनने का मौका मिल सकता है।
फ्रांस लिब्रे- फ्रांस का नया परमाणु चलित युद्धपोत
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने देश के नए परमाणु ऊर्जा से चलने वाले विमानवाहक पोत का नाम “फ्रांस लिब्रे” रखा है। यह जहाज 2038 तक तैयार होगा और इसमें लगभग 30 राफेल लड़ाकू विमान और 2000 सैनिक रहेंगे। इसकी लागत करीब 10 अरब यूरो बताई गई है। मैक्रों ने कहा कि यह नाम फ्रांस की आजादी और ताकत का प्रतीक है। यह जहाज फ्रांस की सैन्य शक्ति को और मजबूत करेगा और खासकर मध्य-पूर्व क्षेत्र में उसकी मौजूदगी बढ़ाएगा।
इस्राइल के आरोप पर गाजा में सहायता सामग्री की होगी जांच
यूनीसेफ ने कहा है कि वह इस आरोप की जांच करेगा कि गाजा भेजी गई राहत सामग्री में तंबाकू छिपाकर भेजा गया था। इस्राइल की एजेंसी ने दावा किया कि हाइजीन किट में निकोटिन से जुड़ी चीजें मिली हैं, जिसके बाद सहायता रोक दी गई। यूनीसेफ ने कहा कि वह इस मामले को गंभीरता से ले रहा है और जांच शुरू कर दी गई है। गाजा में पहले से ही हालात खराब हैं और इस तरह की रुकावट से लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
टेक्सास में मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतरे
अमेरिका के टेक्सास राज्य में एक मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे इथेनॉल का रिसाव हुआ। यह घटना रिचमंड शहर के पास हुई, लेकिन राहत की बात है कि इसमें कोई घायल नहीं हुआ। अधिकारियों ने बताया कि रिसाव को जल्दी ही नियंत्रित कर लिया गया और लोगों के लिए कोई बड़ा खतरा नहीं है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई।
ब्राजील में पुलिस कार्रवाई, ड्रग माफिया समेत आठ मारे गए
ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में पुलिस ने एक बड़े ऑपरेशन में 8 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक कुख्यात ड्रग माफिया भी शामिल था। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ की गई थी। इसके बाद बदमाशों ने एक बस में आग लगा दी और सड़कों को जाम कर दिया। पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।
अमेरिका में कोविड मौतों पर नई रिपोर्ट
एक नई स्टडी में सामने आया है कि कोरोना महामारी के शुरुआती दौर में अमेरिका में वास्तविक मौतें आधिकारिक आंकड़ों से कहीं ज्यादा थीं। रिपोर्ट के अनुसार 2020 और 2021 में करीब 8.4 लाख मौतें दर्ज की गईं, लेकिन लगभग 1.55 लाख मौतें ऐसी थीं जो रिकॉर्ड में शामिल नहीं हो पाईं। यानी करीब 16 प्रतिशत मौतें गिनी ही नहीं गईं। शोधकर्ताओं ने बताया कि ज्यादातर अनगिनी मौतें अस्पताल के बाहर हुईं, जहां लोगों का टेस्ट नहीं हो पाया। खासकर हिस्पैनिक और अन्य गरीब समुदाय ज्यादा प्रभावित हुए। शुरुआती समय में टेस्टिंग की सुविधा कम थी और कई जगह मौत की जांच सही तरीके से नहीं हुई। इससे सही आंकड़े सामने नहीं आ पाए।
प्रत्यर्पण से बचने के लिए नीरव की याचिका पर सुनवाई पूरी
फरार हीरा कारोबारी नीरव मोदी की उस अर्जी पर सुनवाई लंदन के हाईकोर्ट में पूरी हो गई जिसमें उसने अपनी प्रत्यर्पण याचिका पर फिर से विचार करने का अनुरोध किया था। उसने दावा किया कि भारत में जांच एजेंसियों द्वारा पूछताछ करने के दौरान उसे यातना दिए जाने का खतरा है। ‘रॉयल कोर्ट्स ऑफ जस्टिस’ में अपील की सुनवाई कर रहे लॉर्ड जेरेमी स्टुअर्ट-स्मिथ और जस्टिस रॉबर्ट जे ने दिनभर चली सुनवाई के अंत में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। स्टुअर्ट-स्मिथ ने कहा, यह मामला मोदी और भारत से आए भारतीय अधिकारियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। हम यथाशीघ्र फैसला सुनाएंगे। इसके साथ ही दो दिन के लिए सूचीबद्ध सुनवाई तय समय से पहले समाप्त हो गई। भारत में करीब दो अरब डॉलर के पंजाब नेशनल बैंक ऋण घोटाला मामले में धोखाधड़ी और धनशोधन के आरोपों में मुकदमे का सामना करने के लिए वांछित कारोबारी नीरव (54) उत्तरी लंदन की पेंटनविल जेल से वीडियो लिंक के जरिये पेश हुआ।
नाइजीरिया में बड़ा हमला नाकाम
नाइजीरिया के उत्तर-पूर्वी इलाके में सेना ने आतंकियों के एक बड़े हमले को नाकाम कर दिया। सेना के मुताबिक इस कार्रवाई में करीब 80 आतंकी मारे गए। ये हमलावर बोको हराम या इस्लामिक स्टेट से जुड़े हो सकते हैं। हमला रात के समय एक सैन्य बेस पर किया गया था, लेकिन सेना पहले से तैयार थी और उसने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान चार सैनिक घायल भी हुए। हाल ही में इलाके में आत्मघाती हमलों में 23 लोगों की मौत हुई थी, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
रूसी टैंकर से खतरा- यूरोपीय देशों ने जताई चिंता
यूरोप के पांच देशों ने एक रूसी टैंकर को लेकर चिंता जताई है, जो भूमध्य सागर में बिना चालक के बह रहा है। यह जहाज तरलीकृत गैस लेकर जा रहा था और हाल ही में हमले में क्षतिग्रस्त हो गया। नेताओं ने चेतावनी दी है कि इससे बड़ा पर्यावरणीय खतरा पैदा हो सकता है और विस्फोट का भी डर है। इसलिए यूरोपीय संघ से तुरंत कार्रवाई की मांग की गई है।
न्यूयॉर्क के जेल में ड्रोन से तस्करी
अमेरिका के न्यूयॉर्क की एक जेल में ड्रोन के जरिए हथियार और अन्य सामान गिराने का मामला सामने आया है। अधिकारियों के अनुसार ड्रोन ने रात में चाकू, मोबाइल फोन, नशीला पदार्थ और अन्य चीजें जेल परिसर में गिराईं। हालांकि कर्मचारियों ने तुरंत सामान बरामद कर लिया। इस घटना के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है और जांच शुरू कर दी गई है।
अमेरिका के भीषण जंगल की आग
अमेरिका के नेब्रास्का राज्य में लगी जंगल की आग पर काबू पाने की कोशिशें सातवें दिन भी जारी हैं। इस आग में अब तक एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है और हजारों वर्ग किलोमीटर जमीन जल चुकी है। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैली, लेकिन अब मौसम थोड़ा शांत होने से राहत मिली है। फिर भी खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है और अधिकारियों ने लोगों को सतर्क रहने को कहा है।
ईरान: मोसाद के लिए जासूसी के आरोप में एक व्यक्ति को फांसी
ईरानी न्यायपालिका ने बुधवार को घोषणा की कि इस्राइली खुफिया एजेंसी मोसाद के लिए कथित रूप से जासूसी करने के आरोप में एक व्यक्ति को फांसी दे दी गई है। आरोपी की पहचान कौरोश केवानी के रूप में की गई है। केवानी पर आरोप था कि उसने मोसाद को ईरान के संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें और महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराई थीं। बता दें कि ईरान दुनिया में सबसे ज्यादा मृत्युदंड देने वाले देशों में से एक है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब ईरान और इस्राइल के बीच युद्ध के कारण तनाव चरम पर है।
पार्टी ‘मैं’ केंद्रित राजनीति से ऊपर नहीं उठी तो पुराने दलों से भी बदतर हाल होगा- लामिछाने
राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के सभापति रवि लामिछाने ने चेतावनी दी है कि यदि पार्टी ‘मैं’ केंद्रित राजनीति से ऊपर नहीं उठ सकी, तो उसका हाल पुराने राजनीतिक दलों से भी खराब हो सकता है। बुधवार को ग्वार्को में आयोजित पार्टी के दो दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम के समापन के दौरान उन्होंने यह बात कही। हाल में लगभग दो तिहाई बहुमत के करीब पहुंची पार्टी के संदर्भ में उन्होंने सांसदों को संयमित और जिम्मेदार रहने की सलाह दी। सांसदों से उन्होंने जनता का शासक नहीं, बल्कि सेवक बनकर काम करने का आग्रह किया। लामिछाने ने कहा, जनता ने सोच समझकर पार्टी को समर्थन दिया है, इसलिए इसे चुनौती के रूप में लिया जाना चाहिए। पुराने दलों को जनता ने 36 साल तक इंतजार किया, हमें 36 दिन भी नहीं मिलेंगे। उन्होंने चेताया, मंत्रिपरिषद गठन को लेकर उन्होंने कहा कि अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है। मंत्रिपरिषद का कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।
‘राइट टू रिकॉल’ व्यवस्था को लागू करने पर जोर
उन्होंने ‘राइट टू रिकॉल’ व्यवस्था को सख्ती से लागू करने की बात कही। लामिछाने ने कहा कि नेपाली जनता ने पार्टी पर अभूतपूर्व भरोसा जताया है, इसलिए उसकी जिम्मेदारी को समझना जरूरी है। इस कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता बालेन शाह शामिल नहीं हुए। लामिछाने ने उनका नाम भी नहीं लिया।
नौसेना का आईओएस सागर मिशन शुरू; हैदराबाद में चचेरी बहन की हत्या, आरोपी ने झील में फेंके शव के टुकड़े
हिंद महासागर क्षेत्र के देशों के बीच समुद्री सुरक्षा व सहयोग मजबूत बनाने के लिए नौसेना ने इंडियन ओशन शिप (आईओएस) सागर पहल के दूसरे संस्करण की शुरुआत कर दी है। इस पहल में हिंद महासागर क्षेत्र के 16 सदस्य देश भाग लेंगे। आईओएस सागर पहल कार्यक्रम की शुरुआत कोच्चि स्थित नौसैनिक प्रशिक्षण संस्थानों में पेशेवर प्रशिक्षण सत्रों से की गई। यहां प्रतिभागी नौसैनिक संचालन, समुद्री कौशल और समुद्री सुरक्षा से जुड़े प्रमुख पहलुओं से अवगत कराए जाएंगे। यह पहल भारत की- क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा व विकास- नीति के अनुरूप है। इसका उद्देश्य क्षेत्रीय देशों के बीच भरोसा, तालमेल और व्यावहारिक सहयोग मजबूत करना है।
प्रमुख कार्यक्रम कोच्चि में प्रशिक्षण चरण के बाद सभी प्रतिभागी भारतीय नौसेना के एक युद्धपोत पर सवार होकर समुद्र में संयुक्त गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। विभिन्न ऑपरेशनल अभ्यास करेंगे। यात्रा के दौरान यह पोत विभिन्न देशों के बंदरगाहों का दौरा करेगा। क्षेत्रीय नौसेनाओं व समुद्री एजेंसियों के साथ संवाद किया जाएगा। इन गतिविधियों का उद्देश्य पेशेवर संबंध मजबूत करना, सर्वोत्तम प्रथाएं साझा करना और समुद्री चुनौतियों के प्रति साझा समझ विकसित करना है। व्यापक भागीदारी पिछले साल इस मिशन में भारत के साथ हिंद महासागर क्षेत्र के 9 मित्र देश शामिल थे। जबकि इस बार 16 सदस्य देशों की भागीदारी हो रही है,जो कहीं अधिक व्यापक सहयोग दर्शाती है। इस साल का संस्करण इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि भारतीय नौसेना ने फरवरी 2026 में इंडियन ओशन नेवल सिम्पोजियम (आईओएनएस) की अध्यक्षता संभाली है।
हैदराबाद में चचेरी बहन की हत्या
हैदराबाद पुलिस ने बुधवार को बताया कि एक व्यक्ति ने संपत्ति के विवाद के चलते अपनी चचेरी बहन की हत्या कर दी और उसके शव के टुकड़े झील में फेंक दिए। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, 32 वर्षीय आरोपी ने पिछले महीने 40 वर्षीय महिला को संपत्ति विवाद के कारण लाठी से मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को पहले अपने घर के बाथरूम में रखा।
अगले दिन आरोपी ने एक अन्य व्यक्ति की मदद से शव को झील तक ले गया, जहां उसने उसकी टांगों को आरी से काटकर शव के टुकड़े झील में फेंक दिए। पुलिस ने बताया कि आरोपी और मृतक महिला ने मिलकर एक संपत्ति खरीदी थी, लेकिन महिला ने अपनी हिस्सेदारी ट्रांसफर करने की मांग की, जिसे आरोपी स्वीकार नहीं कर सका। इसके अलावा, पुलिस ने आरोपी के हवाले से कहा कि मृतक, एक विधवा, और आरोपी के बीच उस समय विवाद भी हुआ जब महिला की किसी अन्य व्यक्ति के साथ निकटता को लेकर आरोपी ने आपत्ति जताई थी। महिला के लापता होने के बाद उसकी खोजबीन में शव के टुकड़े झील से बरामद किए गए।
शीना बोरा हत्याकांड में सुनवाई के लिए नौ माह का समय बढ़ाया
सुप्रीम कोर्ट ने शीना बोरा हत्याकांड में सुनवाई पूरी करने के लिए नौ महीने का अतिरिक्त समय देते हुए यह स्पष्ट किया है कि इसके बाद समय बढ़ाने का कोई और अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा। ग्रेटर बंबई के नगर दीवानी एवं सत्र न्यायालय में सीबीआई के विशेष जज ने सुनवाई पूरी करने के लिए समय बढ़ाने का अनुरोध करते हुए शीर्ष अदालत को पत्र लिखा था। जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस एन कोटिश्वर सिंह ने की पीठ ने कहा, इस अपील पर विचार करते हुए, मुकदमा खत्म करने के लिए नौ महीने का अतिरिक्त समय दिया जाता है। हालांकि इसके बाद और समय नहीं दिया जाएगा और इस तरह की कोई भी याचिका स्वीकार नहीं की जाएगी। पीठ ने शीना बोरा की मां और इस मामले की मुख्य आरोपी इंद्राणी मुखर्जी को विदेश यात्रा की अनुमति मांगने के लिए नया आवेदन दाखिल करने की छूट भी दे दी। मीडिया कारोबारी पीटर मुखर्जी, जो इंद्राणी के पूर्व पति हैं, भी इस मामले में सह-आरोपी हैं।






Add comment