दक्षिण कोरिया में सेना का हेलिकॉप्टर क्रैश; क्यूबा में ईंधन संकट से कनाडा एयरलाइन की उड़ानें ठप
देश-दुनिया में सोमवार को कई बड़े घटनाक्रम सामने आए। टी20 विश्व कप 2026 को लेकर पाकिस्तान सरकार ने रुख बदलते हुए घोषणा की कि टीम भारत के खिलाफ 15 फरवरी को ग्रुप मैच खेलेगी। ब्रिटेन में प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने एपस्टीन विवाद के बीच इस्तीफा देने से इनकार किया और पद पर बने रहने की बात कही। जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की किताब पर पेंगुइन ने स्पष्ट किया कि पुस्तक अब तक प्रकाशित नहीं हुई है। अमेरिका-बांग्लादेश व्यापार समझौते में टैरिफ घटाकर 19 प्रतिशत किया गया, जिससे रेडीमेड गारमेंट सेक्टर को राहत मिलेगी। दिल्ली में भाजपा सरकार ने केंद्र और उपराज्यपाल के खिलाफ आप सरकार के समय दायर कई मुकदमे वापस ले लिए। महाराष्ट्र में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव में महायुति को बढ़त मिली और भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। बांग्लादेश में चुनाव प्रचार थम गया है और BNP ने आत्मनिर्भर देश का वादा किया है। हिमाचल प्रदेश में मौसम बदला है और कई जिलों में येलो अलर्ट जारी हुआ। उधर, संघ प्रमुख के साथ भोजन को लेकर विवाद पर सिंगर अदनान सामी ने आलोचकों को तीखा जवाब दिया।
संसद में आज भी टकराव टलना मुश्किल, कार्यवाही चलाने को लेकर शर्तों पर फंसा पेंच; जानें पूरा मामला
लोकसभा की कार्यवाही सुचारु रूप से चलने का मामला शर्त बनाम शर्त में उलझ गया है। इसकी वजह से संकेत हैं कि बजट सत्र का पहला चरण हंगामे में ही कटेगा। सोमवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सदन के सुचारु संचालन के लिए बजट पर चर्चा से पहले भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता पर संक्षिप्त चर्चा की शर्त रखी। इसके जवाब में सरकार ने उनसे सत्र के दौरान सदन में हुई घटनाओं पर खेद जताने की शर्त रखी है। बजट सत्र के दौरान अप्रकाशित किताब, सांसदों के निलंबन, विपक्षी महिला सांसदों पर पीएम पर हमले की साजिश जैसे मुद्दे ने सरकार और विपक्ष के संबंधों की खाई चौड़ी कर दी है।

T20 WC 2026: पलटू पाकिस्तान ने लिया यू-टर्न, भारत के खिलाफ खेलेगा ग्रुप मैच; शहबाज सरकार ने किया एलान
भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को ग्रुप मैच खेला जाएगा। इसका एलान पाकिस्तान सरकार ने सोमवार को किया। बता दें कि, पाकिस्तान सरकार ने इससे पहले घोषणा की थी कि उनकी राष्ट्रीय टीम टी20 विश्व कप में खेलेगी, लेकिन भारत के खिलाफ ग्रुप मुकाबले का बहिष्कार करेगी। हालांकि, अब सरकार ने यू-टर्न ले लिया है।

UK: पहले माफी, फिर सांसदों से समर्थन; अब ब्रिटिश PM के बदले सुर, कहा- पद नहीं छोड़ूंगा, आखिरी दम तक लड़ूंगा
ब्रिटेन की राजनीति इस समय बड़े उथल-पुथल से गुजर रही है। प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने एपस्टीन विवाद पर पहले माफी मांगी थी। फिर अपनी पार्टी के सांसदों से समर्थन की अपील की थी और कहा था कि डेढ़ वर्ष ही बचे हैं। उन्हें कार्याकल पूरा कर लेने दें। हालांकि अब उनके सुर बदल गए हैं और उन्होंने एलान किया है कि वो पद नहीं छोड़ेंगे और विवाद पर आखिरी दम तक लड़ेंगे। पूर्व राजदूत पीटर मैंडेलसन और यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े विवाद के कारण उनकी सरकार घिर है। लेबर पार्टी के भीतर से ही विरोध बढ़ रहा है और नेतृत्व बदलने की आवाजें भी उठने लगी हैं।

‘अब तक प्रकाशित नहीं हुई फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’, जनरल नरवणे की किताब पर पेंगुइन की सफाई
पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की आत्मकथा ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ को लेकर चल रही चर्चाओं पर अपना आधिकारिक बयान जारी किया है। प्रकाशक पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने स्पष्ट किया है कि इस किताब के एकमात्र प्रकाशन अधिकार उनके पास हैं, लेकिन यह किताब अब तक प्रकाशित ही नहीं हुई है। न तो इसकी कोई छपी हुई प्रति और न ही डिजिटल संस्करण (ई-बुक, पीडीएफ आदि) बाजार में जारी किया गया है।
आज : सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी आगरा में, टी20 विश्व कप 2026 में तीन मैच खेले जाएंगे
आज 10 फरवरी 2026 को कृष्ण पक्ष की अष्टमी है। मंगलवार को सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ताजमहल भ्रमण पर जाएंगे। वहीं, आई-पैक के मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी।
सेशेल्स राष्ट्रपति का ताजमहल भ्रमण
सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी भारत दौरे पर हैं। मंगलवार को उनके दौरे का आखिरी दिन है। वे सुबह करीब साढ़े नौ बजे ताजमहल भ्रमण के लिए पहुंचेंगे। उनके भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए सुबह नौ बजे से 11:30 बजे तक ताजमहल आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
आई-पैक मामले पर सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को पश्चिम बंगाल में ममता की पार्टी की चुनाव रणनीति देख रही कंपनी आई-पैक से जुड़े ईडी रेड विवाद में सुनवाई होगी। यह मामला प्रवर्तन निदेशालय की उस याचिका से जुड़ा है, जिसमें उसने पश्चिम बंगाल सरकार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जांच में हस्तक्षेप का आरोप लगाया है। ईडी का कहना है कि जनवरी में जब वह कोयला तस्करी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आई-पैक कार्यालय पर छापेमारी कर रही थी, तब मुख्यमंत्री वहां पहुंचीं और अधिकारियों के काम में बाधा डाली। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
राज्यपाल आनंदीबेन का बलरामपुर दौरा
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर बलरामपुर आएंगी। यहां वे मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य का जायजा लेंगी। दोपहर 12:35 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम में भाग लेंगी। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
मुख्यमंत्री योगी का बाराबंकी दौरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बाराबंकी के दौरे पर रहेंगे। यहां वे 18 फरवरी तक चलने वाले एक धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
नितिन नवीन का पटना दौरा
भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पटना के दौरे पर हैं। मंगलवार को उनके दौरे का दूसरा दिन है। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला बिहार दौरा है।
प्लास्ट इंडिया 2026 का आखिर दिन
प्लास्ट इंडिया 2026 का मंगलवार को आखिरी दिन है। इसका आयोजन 5 से 10 फरवरी 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में रसायन एवं पेट्रोकेमिकल्स विभाग (डीसीपीसी), रसायन और उर्वरक मंत्रालय के सहयोग से आयोजित किया गया है। यह दुनिया की सबसे बड़ी प्लास्टिक प्रदर्शनियों में से एक है।
विश्व कप में आज तीन मैच
टी20 विश्व कप 2026 में मंगलवार को तीन मैच खेले जाएंगे। पहला मैच नीदरलैंड्स और नामीबिया के बीच सुबह 11 बजे से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें ग्रुप ए में है। इसी ग्रुप में भारत भी है। दूसरा मैच दोपहर 3 बजे से न्यूजीलैंड और यूएई के बीच चेन्नई में खेला जाएगा। वहीं, तीसरा मैच पाकिस्तान और यूएसए के बीच होगा। ये दोनों टीमें भी ग्रुप ए का हिस्सा हैं। यह मुकाबला शाम सात बजे से कोलंबो में खेला जाएगा।
रचिता भंडारी माल्टा में भारत की नई उच्चायुक्त नियुक्त; अरुणाचल के पश्चिम कामेंग में लगे भूकंप के झटके
विदेश मंत्रालय ने रचिता भंडारी को माल्टा में भारत की अगली उच्चायुक्त नियुक्त किया है। वह 2005 बैच की भारतीय विदेश सेवा अधिकारी हैं और फिलहाल मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद पर कार्यरत हैं। जल्द ही वह अपना नया कार्यभार संभालेंगी। भारत और माल्टा के बीच संबंध काफी पुराने और मैत्रीपूर्ण रहे हैं। भारत ने 1964 में माल्टा की स्वतंत्रता को मान्यता दी थी। दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग भी मजबूत है। माल्टा में महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित है और वहां योग दिवस नियमित रूप से मनाया जाता है।
माल्टा में भारतीय समुदाय की संख्या करीब 18,000 है, जो हाल के वर्षों में तेजी से बढ़ी है। भारतीय नागरिक स्वास्थ्य, आईटी, निर्माण और होटल उद्योग जैसे क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। भारतीय उच्चायोग माल्टा में फिल्म महोत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भारतीय त्योहारों का आयोजन करता रहा है। रचिता भंडारी की नियुक्ति से भारत-माल्टा संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
भारत-दक्षिण कोरिया विदेश नीति वार्ता का छठा दौर
विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) पी. कुमारन 12 से 13 फरवरी तक दक्षिण कोरिया की आधिकारिक यात्रा पर जा रहे हैं। इस दौरान वह भारत-दक्षिण कोरिया छठी विदेश नीति और सुरक्षा वार्ता (FPSD)की सह-अध्यक्षता करेंगे। कोरियाई पक्ष से इस वार्ता की अगुवाई पार्क यून‑जू, प्रथम उप विदेश मंत्री करेंगे। इस वार्ता में दोनों देश अपने विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। इसमें व्यापार, निवेश, रक्षा, सुरक्षा, विज्ञान और तकनीक जैसे अहम विषय शामिल होंगे। दोनों देशों ने यह भी सहमति जताई है कि वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं को अधिक मजबूत और भरोसेमंद बनाया जाए।
भारत और दक्षिण कोरिया के बीच द्विपक्षीय व्यापार इस समय करीब 28 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच चुका है। दोनों देशों का लक्ष्य इसे 2030 तक 50 अरब डॉलर तक ले जाना है। इसके लिए ठोस कदम उठाने पर सहमति बनी है। इस वार्ता में हिंद-प्रशांत क्षेत्र और कोरियाई प्रायद्वीप की स्थिति जैसे क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार किया जाएगा। साथ ही, जी-20 में भारत की प्राथमिकताओं पर भी चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री खुद AIMIM से मदद मांगते हैं- अकबरुद्दीन ओवैसी
एआईएमआईएम के विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि तमाम मुख्यमंत्री उनकी पार्टी से मदद मांगते हैं, न कि एआईएमआईएम किसी से सहयोग मांगती है। करीमनगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि क्या तेलंगाना में जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव कांग्रेस एआईएमआईएम के समर्थन के बिना जीत पाती। उन्होंने दावा किया कि एआईएमआईएम की राजनीतिक ताकत को सभी को मानना पड़ता है।
अकबरुद्दीन ओवैसी ने तेलंगाना सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जीएसटी के कारण राज्य को करीब 7,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अल्पसंख्यक कल्याण से जुड़े अपने वादे पूरे नहीं किए, जैसे बजट बढ़ाना और सस्ती ऋण योजनाएं लागू करना। उन्होंने भाजपा पर भी हमला करते हुए कहा कि 2014 के बाद से हिंदू-मुस्लिम मुद्दों को जानबूझकर उछाला जा रहा है, जबकि असली मुद्दे रोजगार, किसानों की हालत और गरीबों को मकान देने जैसे हैं। ओवैसी ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों और उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में मुसलमानों पर कथित अत्याचारों की भी निंदा की।
CBCI ने चर्च और समाज के लिए उत्कृष्ट सेवा करने वालों को सम्मानित किया
भारत का कैथोलिक बिशप सम्मेलन (सीबीसीआई) ने देशभर में चर्च, समाज और राष्ट्र के लिए उल्लेखनीय सेवा करने वाले 19 लोगों को राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कारों से सम्मानित किया। यह सम्मान उन लोगों को दिया गया, जिन्होंने मानव गरिमा, शिक्षा, न्याय, नेतृत्व और समाज सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सीबीसीआई की ओर से जारी बयान में कहा गया कि ये पुरस्कार उन व्यक्तियों को दिए गए हैं जो ईसाई मूल्यों को अपनाकर समाज के लिए निस्वार्थ भाव से काम कर रहे हैं। सम्मान पाने वालों में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े धर्मगुरु, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता और जनसेवक शामिल हैं।
पुरस्कार पाने वालों मेंकॉनराड के. संगमा को सुशासन और जननेतृत्व के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, प्रोफेसर डेविड आर सियेमलीह को शिक्षा और बौद्धिक योगदान के लिए, फादर माइकल वेट्टिकट को पादरी सेवा के लिए और डॉ. ए. अरोकियासामी को शिक्षा व सामाजिक सेवा के लिए सम्मान मिला। सीबीसीआई ने कहा कि ऐसे सम्मान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वालों को प्रोत्साहित करते हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का काम करते हैं।
गुजरात- ई़डी ने जब्त की 10 लाख रुपये की क्रिप्टो और 13.5 लाख की नकदी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अहमदाबाद के एक अवैध कॉल सेंटर पर छापे मारकर करीब 10 लाख रुपये की क्रिप्टो करंसी और 13.5 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं। यह कॉल सेंटर अमेरिकी नागरिकों को ठगी का शिकार बना रहा था। एजेंसी ने 4 फरवरी को अहमदाबाद के छह ठिकानों पर छापे मारे थे।
जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को अमेरिकी सरकारी एजेंसियों या निजी कंपनियों का अधिकारी बताकर लोगों को डराते थे। वे कर्ज, टैक्स बकाया या कानूनी कार्रवाई का झूठा डर दिखाकर पीड़ितों से गिफ्ट कार्ड खरीदने या डिजिटल पेमेंट करने को मजबूर करते थे। ठगी से जुटाई गई रकम अमेजन गिफ्ट कार्ड के जरिये ली जाती थी और बाद में उसे बिटकॉइन जैसी क्रिप्टो करंसी में बदला जाता था। मामले में मोहम्मद अंसारी, आकिब घांची, विकास निमार, डी रावल, प्रदीप राठौड़ समेत अन्य लोग शामिल बताए गए हैं। ईडी ने अकीब घांची से 12,000 डॉलर (करीब 10 लाख रुपये) की क्रिप्टो जब्त कर उसे जांच के लिए अपने वॉलेट में ट्रांसफर किया। 31 बैंक खाते और एक लॉकर भी फ्रीज किए गए हैं।
अरुणाचल प्रदेश के पश्चिम कामेंग में 3.1 तीव्रता का भूकंप आया
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को तड़के 12:58 बजे अरुणाचल प्रदेश के पश्चिम कामेंग जिले में रिक्टर स्केल पर 3.1 तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने ट्वीट किया कि भूकंप का केंद्र 10 किलोमीटर की गहराई पर 27.45° उत्तरी अक्षांश और 92.11° पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया। इससे पहले, पिछले साल 28 जुलाई को भारतीय मानक समय (IST) के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले में 3.5 तीव्रता का भूकंप आया था। एनसीएस के अनुसार, भूकंप का केंद्र 27.06° उत्तरी अक्षांश और 95.42° पूर्वी देशांतर पर 7 किलोमीटर की गहराई पर था।
उपमुख्यमंत्री सांघवी ने की गुजरात ATS की तारीफ
गुजरात के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने कहा है कि गुजरात आतंकवाद विरोधी दस्ता (एटीएस) ने आतंकवाद के खिलाफ देश में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि गुजरात एटीएस ने न सिर्फ आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया, बल्कि ऑनलाइन माध्यमों से युवाओं को कट्टरपंथ की ओर ले जाने की कोशिशों को भी समय रहते रोका है। यह राज्य की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।
सांघवी अहमदाबाद में पुलिस विभाग की करीब 202 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के ई-शिलान्यास कार्यक्रम में बोल रहे थे। इनमें चरोड़ी में बनने वाला अत्याधुनिक एटीएस भवन, नए शहरी पुलिस थाने, पुलिस आवास और डॉग ट्रेनिंग सेंटर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि गुजरात की 1600 किलोमीटर लंबी समुद्री सीमा की सुरक्षा आसान काम नहीं है। एटीएस और सुरक्षा बलों ने सीमा पर घुसपैठ की कोशिश कर रहे 75 से ज्यादा पाकिस्तानी नागरिकों को पकड़ा है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एटीएस एक ‘साइलेंट फोर्स’ है, जो बिना रुके 24 घंटे, 365 दिन राज्य की सुरक्षा में लगी रहती है और सरकार इसे तकनीक व बजट दोनों स्तर पर और मजबूत करेगी।
‘अब तक प्रकाशित नहीं हुई फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’, जनरल नरवणे की किताब पर पेंगुइन की सफाई
पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की किताब ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ को लेकर मचे बवाल के बीच अब प्रकाशक पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने सफाई दी है। पेंगुइन ने साफ कहा है कि- किताब के एकमात्र प्रकाशन अधिकार सिर्फ उनके पास हैं, लेकिन यह अब तक प्रकाशित ही नहीं हुई है।
पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की आत्मकथा ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ को लेकर चल रही चर्चाओं पर अपना आधिकारिक बयान जारी किया है। प्रकाशक पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने स्पष्ट किया है कि इस किताब के एकमात्र प्रकाशन अधिकार उनके पास हैं, लेकिन यह किताब अब तक प्रकाशित ही नहीं हुई है। न तो इसकी कोई छपी हुई प्रति और न ही डिजिटल संस्करण (ई-बुक, पीडीएफ आदि) बाजार में जारी किया गया है।
किताब की कॉपी लीक होने पर सख्त रुख
पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने कहा कि अगर किताब की कोई प्रति, पूरी या आंशिक, किसी भी रूप में, ऑनलाइन या ऑफलाइन, किसी भी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है, तो वह कॉपीराइट का उल्लंघन है। ऐसे सभी मामलों में उस सामग्री का प्रसार तुरंत बंद किया जाना चाहिए। प्रकाशक ने यह भी साफ किया कि किताब के अवैध और अनधिकृत प्रसार के खिलाफ वे कानून के तहत उपलब्ध सभी कदम उठाएंगे। यह बयान इसलिए जारी किया गया है ताकि प्रकाशक की स्थिति को रिकॉर्ड पर साफ तौर पर रखा जा सके।
भाजपा ने राहुल-कांग्रेस पर साधा निशाना
पेंगुइन की तरफ से यह स्पष्टीकरण दिल्ली पुलिस द्वारा पांडुलिपि को डिजिटल और अन्य प्रारूपों में कथित रूप से अवैध रूप से प्रसारित करने के आरोप में एफआईआर दर्ज करने के बाद आया है। बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पिछले सप्ताह संसद परिसर में कथित तौर पर इस पुस्तक की एक प्रति लहराते हुए देखा गया था। वे 2 फरवरी से ही लोकसभा में इस संस्मरण के अंशों पर बोलना चाहते थे, लेकिन पुस्तक के अभी तक प्रकाशित न होने के कारण उन्हें लोकसभा अध्यक्ष ने ऐसा करने से रोक दिया था। वहीं इस मामले में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा है।
दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया एफआईआर
वहीं किताब ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ के कथित रूप से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, इस पुस्तक को अभी संबंधित प्राधिकरणों से प्रकाशन की आवश्यक अनुमति नहीं मिली है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, अभी तक अनुमोदित न हुई किसी प्रकाशन सामग्री के कथित रिसाव या उल्लंघन की गहन जांच के लिए विशेष प्रकोष्ठ में मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।
सनाए ताकाइची को दलाई लामा ने दी बधाई
दलाई लामा ने सनाए ताकाइची को जापान की प्रधानमंत्री चुने जाने पर हार्दिक बधाई देते हुए पत्र लिखा है। ‘यह देखकर खुशी होती है कि जापान के लोगों ने आपके काबिल नेतृत्व पर भरोसा जताया है। ऐसे समय में जब हमारी दुनिया कई जटिल चुनौतियों का सामना कर रही है, करुणा और दूसरों की भलाई के लिए सच्ची चिंता पर आधारित नेतृत्व बहुत जरूरी है। मुझे उम्मीद है कि आपका चुनाव कई लोगों के लिए प्रेरणा बनेगा और एक ज़्यादा मानवीय, सहयोगी और शांतिपूर्ण वैश्विक समुदाय बनाने में योगदान देगा। मैं आपको हर सफलता की कामना करता हूं, क्योंकि आप जापान के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए अपने पद की ज़िम्मेदारियों को निभा रही हैं और एक ज़्यादा दयालु और शांतिपूर्ण दुनिया बनाने की दिशा में काम कर रही हैं।’
दक्षिण कोरिया में सेना का हेलिकॉप्टर क्रैश; क्यूबा में ईंधन संकट से कनाडा एयरलाइन की उड़ानें ठप
द.कोरिया के उत्तरी काउंटी गैप्योंग में सोमवार को सेना का एएच-1एस कोबरा अटैक हेलिकॉप्टर प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सेना के आधिकारिक बयान के अनुसार, हादसे में चालक दल के दोनों सदस्यों की मौत हो गई। हेलिकॉप्टर सुबह 11 बजे गिरा, हालांकि दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। हादसे के तुरंत बाद घायल क्रू सदस्यों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
क्यूबा में ईंधन संकट से कनाडा एयरलाइन की उड़ानें ठप
क्यूबा में विमानन ईंधन की कमी के चलते कनाडा की सबसे बड़ी एयरलाइन एयर कनाडा ने अपनी उड़ान सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं। कंपनी ने कहा कि क्यूबा के हवाई अड्डों पर ईंधन उपलब्ध न होने की सरकारी सूचना के बाद यह फैसला लिया गया। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब क्यूबा पहले से गहरे ऊर्जा संकट से जूझ रहा है। एयर कनाडा के मुताबिक क्यूबा सरकार ने सूचित किया कि मंगलवार से हवाई अड्डों पर एविएशन फ्यूल उपलब्ध नहीं होगा। इसके बाद एयरलाइन ने तुरंत अपनी सेवाएं रोकने की घोषणा कर दी। कंपनी ने कहा कि निलंबन सोमवार से लागू कर दिया गया है। आने वाले दिनों में एयर कनाडा खाली विमान क्यूबा भेजेगी ताकि वहां फंसे करीब 3,000 यात्रियों को वापस कनाडा लाया जा सके।
क्यूबा लंबे समय से ऊर्जा आपूर्ति संकट का सामना कर रहा है। तेल आपूर्ति पर अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण हालात और बिगड़े हैं। क्यूबा की अर्थव्यवस्था में कनाडाई पर्यटन की बड़ी भूमिका है। कनाडा, क्यूबा में खनन और पर्यटन क्षेत्रों में प्रत्यक्ष निवेश करने वाला दूसरा सबसे बड़ा देश माना जाता है। हालांकि अन्य कनाडाई एयरलाइंस ने फिलहाल उड़ानें जारी रखने का फैसला किया है। एयर ट्रांसैट और वेस्टजेट/सनविंग समूह ने कहा है कि वे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपनी सेवाएं जारी रखेंगे। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
कांगो के गांव पर आईएस से जुड़े विद्रोहियों का हमला, 20 लोगों की हत्या
पूर्वी कांगो में हिंसा की एक और बड़ी घटना सामने आई है। सेना के अनुसार इस्लामिक स्टेट से जुड़े विद्रोही गुट ने एक गांव पर हमला कर कम से कम 20 लोगों की हत्या कर दी। यह हमला सप्ताहांत में नॉर्थ किवु प्रांत के लुबेरो इलाके के मम्बिम्बी-इसिगो गांव में हुआ। हमले के बाद इलाके में दहशत फैल गई है और बड़ी संख्या में लोग घर छोड़कर भागे हैं। सैन्य अधिकारियों ने बताया कि हमला एलाइड डेमोक्रेटिक फोर्सेज यानी ADF गुट ने किया। हमलावरों ने पहले खेतों में काम कर रहे किसानों को निशाना बनाया और फिर गांव में घुसकर चाकू और बंदूक से हमला किया। स्थानीय सामाजिक संगठनों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कई लोग अब भी लापता हैं।
एडीएफ ने हमले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। नागरिक समूहों ने इलाके में सेना की कम मौजूदगी पर सवाल उठाए हैं। पूर्वी कांगो में ADF और रवांडा समर्थित M23 जैसे कई सशस्त्र गुट सक्रिय हैं। ADF ने 2019 में इस्लामिक स्टेट के प्रति निष्ठा जताई थी और वह अक्सर आम नागरिकों को निशाना बनाता है। संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के प्रमुख जीन-पियरे लैक्रोआ ने भी पूर्वी कांगो का दौरा शुरू किया है। इस साल की शुरुआत से ही इस क्षेत्र में ADF हमलों में दर्जनों नागरिक मारे जा चुके हैं। क्षेत्र में मानवीय संकट लगातार गहराता जा रहा है।
काहिरा में हिंदी सम्मेलन शुरू संस्कृति का सेतु बनी भाषा
मिस्र की राजधानी काहिरा में रविवार को अफ्रीकी क्षेत्रीय हिंदी सम्मेलन का उद्घाटन हुआ। विदेश मंत्रालय की सचिव (दक्षिण) नीना मल्होत्रा ने ऐन शम्स विवि के सहयोग से इस दो दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत की। सम्मेलन का विषय गंगा से नील तक सांस्कृतिक संपर्क और सहयोग रखा गया है। भारतीय राजदूत सुरेश के रेड्डी की उपस्थिति में हुए इस कार्यक्रम का उद्देश्य वसुधैव कुटुंबकम की भावना के साथ वैश्विक स्तर पर हिंदी को बढ़ावा देना है।
स्वीडन का भारतीय वायुसेना को ग्रिपेन लड़ाकू विमान देने का प्रस्ताव
स्वीडन की रक्षा कंपनी साब (एसएएबी) ने भारतीय वायुसेना को अपने अत्याधुनिक ग्रिपेन-ई लड़ाकू विमान की पेशकश की है। सिंगापुर एयर शो के दौरान कंपनी के उपाध्यक्ष मिकेल फ्रांजेन ने बताया कि उन्होंने भारत सरकार के समक्ष दुनिया के सबसे उन्नत एयरोस्पेस उद्योग के निर्माण का प्रस्ताव रखा है। इसमें डिजाइन, उत्पादन और रखरखाव के बहुस्तरीय चरण शामिल होंगे। फ्रांजेन ने दावा किया कि ग्रिपेन-ई बाजार में सबसे आधुनिक और लागत प्रभावी विमान है, जो राफेल और तेजस के साथ भारतीय बेड़े में पूरी तरह फिट होगा।
न्यूजीलैंड में 51 मुस्लिमों की हत्या के आरोपी ने दोषसिद्धि को दी चुनौती
न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में 2019 में 51 मुस्लिमों की हत्या करने वाले ब्रेंटन टैरेंट ने अब अपनी दोषसिद्धि के खिलाफ अपील की है। सोमवार को वेलिंगटन की अदालत में उसने दावा किया कि जेल की कठोर परिस्थितियों के कारण वह तर्कहीन हो गया था, जिससे उसे अपराध स्वीकार करने के लिए मजबूर होना पड़ा। वह चाहता है कि उसके दोष स्वीकार करने के फैसले को रद्द किया जाए। टैरेंट को बिना पैरोल के उम्रकैद की सजा सुनाई गई है, जिसे वह कम कराना चाहता है।
भारत-मिस्र के बीच 14वीं विदेश कार्यालय परामर्श बैठक
भारत और मिस्र के बीच 14वीं विदेश कार्यालय परामर्श बैठक काहिरा में आयोजित हुई। भारतीय पक्ष की ओर से इस बैठक की सह-अध्यक्षता नीना मल्होत्रा, सचिव (दक्षिण) ने की, जबकि मिस्र की ओर से अमर हमजा शामिल हुए। इस बैठक में दोनों देशों ने 2023 में बने रणनीतिक साझेदारी समझौते के बाद संबंधों में आई तेजी पर संतोष जताया। व्यापार और निवेश को लेकर चर्चा में बताया गया कि भारत-मिस्र के बीच द्विपक्षीय व्यापार लगभग 5 अरब डॉलर तक पहुंच गया है और इसमें आगे और बढ़ोतरी की काफी संभावनाएं हैं। भारत ने मिस्र में अपने निवेश को लेकर जानकारी दी, जो अब 5 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। स्वास्थ्य, उर्वरक, हरित ऊर्जा और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में नए प्रस्ताव भी सामने आए हैं। दोनों देशों ने स्वास्थ्य सहयोग, वैक्सीन और दवा निर्माण में तकनीकी साझेदारी बढ़ाने पर जोर दिया। इसके अलावा सांस्कृतिक आदान-प्रदान और पर्यटन को बढ़ावा देने की बात भी कही गई। अगली बैठक भारत में आयोजित करने पर सहमति बनी।






Add comment