जमात-ए-इस्लामी के अमीर से मिले तारिक रहमान; पाकिस्तान में इस्लामिक विद्धान पर जानलेवा हमला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का शुभारंभ करेंगे, जिसमें 30 से अधिक देशों के 300 से ज्यादा मेहमान शामिल होंगे और यह 16 से 20 फरवरी तक चलेगा। इसी बीच, कोलंबो में टी20 विश्व कप 2026 के महामुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराया। ईशान किशन की तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र आज दोपहर शुरू होगा और राजस्व घाटा अनुदान पर हंगामे के आसार हैं। वहीं, पीएम मोदी ने एक इंटरव्यू में ऑपरेशन सिंदूर और वन रैंक वन पेंशन योजनाओं को अपनी सरकार की उपलब्धि करार दिया। उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में बदलाव और बर्फबारी-बारिश के आसार हैं, जबकि दक्षिण में चक्रवाती हवाओं के प्रभाव से तमिलनाडु और केरल में बारिश जारी है। वहीं, एआई सम्मेलन-2026 से पहले संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भारत की उभरती अर्थव्यवस्था की सराहना की। जलवायु संकट को लेकर युवाओं में बढ़ती चिंता और ईको एंजायटी 21वीं सदी की वैश्विक समस्या बन गई है, जिसमें 94 प्रतिशत युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। वहीं, संभल में सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने बुर्का पहनने वाली महिला के कांवड़ लाने पर सवाल उठाए
आंध्र प्रदेश का विशाखापत्तनम तट रविवार से वैश्विक समुद्री कूटनीति का केंद्र बन गया है। यहां नौसेना के तीन बड़े आयोजन-इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू (आईएफआर), मिलन बहुपक्षीय नौसैनिक अभ्यास और हिंद महासागर नौसेना संगोष्ठी (आईओएनएस) की शुरुआत हो चुकी है। नौसेना के अनुसार भारत सहित 75 देश और कुल 65 नौसेनाएं इन कार्यक्रमों में भाग ले रही हैं। इसे समुद्री सुरक्षा और रणनीतिक कूटनीति में भारत के बढ़ते प्रभाव का संकेत माना जा रहा है।
सबसे प्रमुख आयोजन 18 फरवरी को होगा, जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एक विशेष नौसैनिक पोत पर सवार होकर समुद्र में कतारबद्ध 60 से अधिक युद्धपोतों और पनडुब्बियों का निरीक्षण करेंगी। खास आकर्षण स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत होगा, जो अपने पूर्ण कैरियर बैटल ग्रुप के साथ हिस्सा लेगा।
वैश्विक नौसैनिक मिलन अभ्यास 19 फरवरी से
मिलन अभ्यास 19-20 फरवरी को बंदरगाह चरण में और 21-25 फरवरी को बंगाल की खाड़ी में समुद्री चरण में होगा। इसमें जटिल और गतिशील अभियानों का अभ्यास किया जाएगा। अमेरिका, रूस, फ्रांस और जापान सहित कई देशों के साथ संयुक्त अभ्यास होगा। हिंद महासागर नौसेना संगोष्ठी में 25 तटीय देशों के नौसेना प्रमुख शामिल हैं। समुद्री डकैती, आपदा राहत और अवैध गतिविधियों से निपटने के लिए साझा कार्यप्रणाली पर चर्चा होगी।
चंद्रयान और आदित्य-एल-1 हमारे प्राचीन वैज्ञानिक दृष्टिकोण की आधुनिक अभिव्यक्ति : राजनाथ
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि चंद्रयान, मंगलयान और आदित्य-एल1 जैसे भारत के अंतरिक्ष मिशन केवल तकनीकी उपलब्धियां नहीं, बल्कि देश की प्राचीन वैज्ञानिक चेतना की आधुनिक अभिव्यक्ति हैं। वह यहां ईशा योग केंद्र में आयोजित महाशिवरात्रि समारोह के उद्घाटन अवसर पर संबोधित कर रहे थे। सिंह ने कहा कि सूर्य और चंद्रमा हमारे लिए सिर्फ खगोलीय पिंड नहीं हैं, बल्कि हमारे पंचांग, व्रत, त्योहार और शुभ मुहूर्त सटीक वैज्ञानिक गणनाओं पर आधारित हैं। जब भारत चंद्रयान, मंगलयान और आदित्य-एल1 जैसे मिशन लॉन्च करता है, तो यह हमारी उसी प्राचीन वैज्ञानिक परंपरा का आधुनिक रूप है, जिसमें परंपरा और तकनीक साथ-साथ आगे बढ़ते हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा पर उन्होंने कहा कि सुरक्षा केवल हथियारों और सैन्य ताकत से नहीं आती, बल्कि सशक्त राष्ट्रीय चेतना और आध्यात्मिक आधार से भी जुड़ी है। निडर समाज ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। उन्होंने बताया कि ईशा फाउंडेशन की ओर से पहली बार दिए गए ‘भव्य भारत भूषण’ पुरस्कारों में विज्ञान, कला और संस्कृति के साथ सशस्त्र बलों की वेस्टर्न एयर कमांड, सेना की दक्षिणी कमान और वेस्टर्न नेवल कमांड को ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए सम्मानित किया गया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी इस अवसर पर मौजूद थे।
पश्चिम बंगाल में भाजपा मुसलमान मतदाताओं के भी घर-घर देगी दस्तक
पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा मुसलमान मतदाताओं को लुभाने की कोशिश करेगी। पार्टी का प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा एक महीने के अंदर हर विधानसभा सीट के अल्पसंख्यक परिवारों से संपर्क कर उन्हें भाजपा सरकारों के शासन में अल्पसंख्यकों के हुए विकास पर जागरूक करेगा। पार्टी का लक्ष्य है कि वह पांच से दस फीसदी तक अल्पसंख्यक मतदाताओं के वोट हासिल कर सके। अभी एक से दो फीसदी मुस्लिम मतदाता भाजपा को वोट करते हैं। भाजपा पश्चिम बंगाल में लगातार घुसपैठ का मुद्दा उठा रही है। पार्टी के बड़े नेता आरोप लगा रहे हैं कि घुसपैठिये स्थानीय लोगों की रोजी-रोटी का अधिकार छीन रहे हैं।
नैतिक एआई इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए 16 व 17 को देशव्यापी अभियान
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय इंडियाएआई मिशन के तहत इंटेल इंडिया के सहयोग से 16 फरवरी से दो दिवसीय मोस्ट प्लेज रिसीव्ड फॉर एन एआई रिस्पॉन्सिबिलिटी कैंपेन इन 24 ऑवर्स शुरू कर रहा है। इस पहल का मकसद मोस्ट प्लेज रिसीव्ड फॉर एन एआई रिस्पॉन्सिबिलिटी कैंपेन इन 24 ऑवर्स का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स हासिल करना है। अभियान का लक्ष्य देशभर के नागरिकों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के नैतिक, समावेशी और उत्तरदायी उपयोग के लिए प्रतिबद्ध करना है, जिससे भरोसेमंद और मानवकेंद्रित एआई तंत्र के निर्माण के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को बल मिले। एक संवादात्मक और जागरूकता आधारित अनुभव के रूप में डिजाइन की गई इस पहल में परिदृश्य आधारित सवाल शामिल हैं।
30-34 साल की सेवा में सिर्फ एक पदोन्नति, सीआईएसएफ के 500 निरीक्षकों ने की समीक्षा की मांग
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के 500 से अधिक निरीक्षकों ने पदोन्नति में लंबे समय से हो रहे ठहराव को लेकर बल मुख्यालय से न्यायसंगत और समयबद्ध कैडर समीक्षा की मांग की है। अधिकारियों का कहना है कि उन्हें 30 से 34 वर्षों की सेवा में केवल एक ही पदोन्नति मिलती है, जिससे उनके कैरियर में ठहराव की स्थिति बन गई है। इन निरीक्षकों ने 2 फरवरी को आए सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला दिया है, जिसमें सीआईएसएफ की कैडर समीक्षा तीन महीने के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया गया था। अधिकारियों का कहना है कि वे उपनिरीक्षक के रूप में भर्ती होते हैं और निरीक्षक पद तक तो पहुंच जाते हैं, लेकिन इसके बाद सहायक कमांडेंट (ग्रुप ‘ए’ गजटेड रैंक) तक पदोन्नति में भारी देरी होती है। सीआईएसएफ में इस समय करीब 3,000 निरीक्षक और लगभग 17,000 उपनिरीक्षक हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि पदोन्नति कोटा में व्यवस्थित कमी, अन्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तुलना में रैंक असमानता और कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में कमी के कारण स्थिति गंभीर हुई है। निरीक्षकों ने कहा, अन्य बलों के अधिकारी उच्च पदों तक पहुंच जाते हैं।
संसद परिसर में लावारिस कुत्ता लाने पर कांग्रेस सासंद रेणुका को विशेषाधिकार हनन नोटिस
कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद रेणुका चौधरी को संसद परिसर में लवारिस कुत्ता लाने और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के लिए विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, राज्यसभा की विशेषाधिकार समिति ने दो भाजपा सांसदों की शिकायत पर विचार शुरू कर दिया है और उनसे 23 फरवरी तक जवाब मांगा है। यह शिकायत भाजपा सांसद बृज लाल और इंदु बाला गोस्वामी ने नियम 188 के तहत दी थी। आरोप है कि 1 दिसंबर को शीतकालीन सत्र के दौरान कुत्ता लाने पर आपत्ति जताने वाले सदस्यों के बारे में कांग्रेस सांसद रेणुका ने कहा था कि काटने वाले तो संसद के अंदर बैठे हैं, कुत्ते नहीं। भाजपा सांसदों ने अपनी शिकायत में कहा कि रेणुका की यह टिप्पणी सांसदों की गरिमा के खिलाफ है और इससे संसद की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। साथ ही, उन्होंने सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का भी आरोप लगाया। कांग्रेस नेता रेणुका के कार्यालय ने कहा कि वे संविधान और संसदीय नियमों के तहत उचित जवाब देंगी।
सुप्रीम कोर्ट ने साधु को बाबुलनाथ मंदिर परिसर खाली करने का दिया आदेश
सुप्रीम कोर्ट ने मुंबई के प्रसिद्ध बाबुलनाथ मंदिर परिसर में रह रहे 75 वर्षीय साधु को चार वर्ष के भीतर विवादित हिस्सा खाली करने का आदेश दिया है। शीर्ष अदालत ने बॉम्बे हाईकोर्ट के फैसले को सही ठहराया और अपील खारिज कर दी। मामला मंदिर की मुख्य सीढ़ियों के बीच बने छोटे से हिस्से से जुड़ा है, जिस पर साधु जगन्नाथ गिरी का कब्जा था। यह स्थान दक्षिण मुंबई के गेमदेवी इलाके में स्थित है। जस्टिस संजय करोल और जस्टिस एन कोटिश्वर सिंह की सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने माना कि निचली अदालतों और बॉम्बे हाईकोर्ट ने तथ्यों व कानून के आधार पर सही फैसला दिया है, इसलिए उसमें दखल देने की जरूरत नहीं है। पीठ ने कहा कि साधु साल 1968 से उस स्थान पर रह रहे हैं और किराया भी देते रहे हैं। फिर भी मंदिर न्यास की ओर से दायर बेदखली याचिका कानून के अनुसार सही पाई गई।
शीर्ष अदालत ने साधु की अधिक आयु और उनके धार्मिक जीवन को ध्यान में रखते हुए चार वर्ष का समय दिया, ताकि वे वैकल्पिक व्यवस्था कर सकें। साथ ही निर्देश दिया कि वह इस अवधि में शांति बनाए रखें और मंदिर के विकास कार्य में बाधा न डालें। मंदिर प्रशासन को भी आदेश दिया गया कि इस दौरान किसी तीसरे व्यक्ति को उस स्थान पर न बसाया जाए और साधु को परेशान न किया जाए। गौरतलब है कि यह स्थान वर्ष 1927 में बाबा रामगिरि महाराज को दिया गया था। उनके निधन के बाद उनके शिष्य बाबा ब्रह्मानंदजी महाराज ने कब्जा संभाला। बाद में मंदिर न्यास ने वर्ष 1996 में लघु वाद न्यायालय में बेदखली का मामला जीता। वर्ष 2001 में अपील भी खारिज हो गई। बॉम्बे हाईकोर्ट ने 6 नवंबर 2025 को याचिका खारिज करते हुए कहा कि उसके पास सीमित अधिकार हैं और वह सबूतों की दोबारा जांच नहीं कर सकता। अब सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद चार वर्ष में स्थान खाली करना होगा।
आज: एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन की शुरुआत, सीएम हिमंत सरमा से जुड़ें मामले पर सुनवाई
आज 16 फरवरी 2026 को कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी है। सोमवार को एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन की शुरुआत होगी। वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंत सरमा से जुड़ें मामलें पर सुनवाई होगी।
एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन
एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन की शुरुआत सोमवार से हो रही है। इस सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। यह सम्मेलन 16 फरवरी से 20 तक भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में दुनिया के 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष और शासनाध्यक्ष 16 से 20 फरवरी तक भारत में होने वाले एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन में शिरकत करेंगे। इसका मकसद जिम्मेदार एआई शासन, नवाचार तंत्र, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, जलवायु-जागरूक प्रौद्योगिकी और उभरती प्रौद्योगिकियों तक समान पहुंच पर संवाद को बढ़ावा देना है।
सीएम हिमंत सरमा से जुड़ें मामलें पर सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट मेंं सोमवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ एक मामले में सुनवाई होगी। यह याचिका भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की नेता एनी राजा ने दायर की थी। इसमें एक वायरल वीडियो का जिक्र है। वीडियो में कथित तौर पर मुख्यमंत्री को एक समुदाय की ओर राइफल से निशाना लगाते और गोली चलाते दिखाया गया है।
रिलायन्स इंडस्ट्रीज की जुड़ी एक मामले पर सुनवाई
बाराबंकी में फैक्ट्री का कचरा सड़क पर डालने के आरोपों को लेकर रिलायन्स इंडस्ट्रीज के खिलाफ चल रहे मुकदमे में सोमवार को बाराबांकी कोर्ट में सुनवाई होगी। याचिका दाखिल करने वाले शहर के निवासी मनीष मेहरोत्रा के अधिवक्ता रणधीर सिंह सुमन ने आरोप लगाया कि रिलायंस व उनके मालिक पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
राजपाल के चेक बाउंस मामले में सुनवाई
चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव की जमानत याचिका पर सोमवार को दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई होगी। इससे पहले इस मामले पर गुरुवार को सुनवाई हुई थी। कोर्ट ने राजपाल यादव से कहा कि हमने आपको दो दर्जन से अधिक मौके दिए।
मोहन भागवत का गोरखपुर दौरा
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत तीन दिन के गोरखपुर के दौरे पर हैं। वे सोमवार की सुबह भागवत संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में शताब्दी वर्ष के अंतर्गत चल रहे कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
कांग्रेस का देहरादून में राजभवन घेराव
बागेश्वर में सोमवार को कांग्रेस का देहरादून में राजभवन घेराव का कार्यक्रम है। इसमें जिले के 80 से 100 पदाधिकारी और कार्यकर्ता रैली में शमिल होगे।
विश्व कप मैच में तीन मैच
टी20 विश्व कप 2026 में सोमवार को तीन मैच खेले जाएंगे। पहला मैच अफगानिस्तान और यूएई के बीच सुबह 11 बजे से दिल्ली में खेला जाएगा। दूसरा मैच दोपहर 3 बजे से इंग्लैंड और इटली के बीच कोलकाता में खेला जाएगा। दिन का तीसरा मैच ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच होगा। यह मुकाबला शाम सात बजे से कैंडी में खेला जाएगा।
इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो: पीएम मोदी करेंगे आज उद्घाटन, 30 से अधिक देशों के 300 से ज्यादा मेहमान करेंगे शिरकत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत मंडपम में सोमवार को शाम पांच बजे इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने यह जानकारी दी। पीएमओ ने एक बयान में बताया कि इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो का आयोजन 16 से 20 फरवरी तक भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के साथ किया जाएगा।

टी20 में भारत ने पाकिस्तान पर लगाया जीत का छक्का, कोलंबो में 61 रन से रौंदा; गेंदबाजों का बोलबाला
भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया। रविवार को टी20 विश्व कप 2026 का रोमांचक मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। टॉस जीतकर पाकिस्तान ने भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। ईशान किशन की तूफानी अर्धशतकीय पारी की मदद से टीम इंडिया ने 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए।

Himachal Assembly: बजट सत्र आज से, राज्यपाल के अभिभाषण के बाद होगी राजस्व घाटा अनुदान पर चर्चा, हंगामे के आसार
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र सोमवार दोपहर बाद दो बजे से राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के अभिभाषण से शुरू होगा। अभिभाषण के बाद पहले ही दिन केंद्र की ओर से राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) बंद किए जाने पर सत्तापक्ष ने चर्चा कराने का प्रस्ताव दे दिया है। नियम 102 के तहत चर्चा का यह प्रस्ताव विधानसभा सचिवालय ने पहले दिन की कार्यसूची में भी शामिल कर लिया है। इस पर हंगामे के पूरे आसार हैं।

‘ऑपरेशन सिंदूर में दिखा 10 वर्षों के सुधारों के लाभ’: PM बोले- चुनौतियों से निपटने के लिए हम तैयार रहें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिए एक इंटरव्यू में बजट, व्यापार समझौते, रक्षा क्षेत्र के आधुनिकीकरण और भविष्य की योजनाओं पर खुलकर बात की। पीएम मोदी ने इस दौरान ऑपरेशन सिंदूर को सशस्त्र बलों की बहादुरी का प्रतीक बताया और वन रैंक वन पेंशन लागू करने को बड़ी उपलब्धि करार दिया।

Weather: फिर से बदलेगा मौसम, पश्चिमी विक्षोभ से बारिश और बर्फबारी होने के आसार; मैदानी इलाकों में चढ़ा पारा
उत्तर भारत में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव अगले 24 घंटे में मौसम करवट ले सकता है। इससे पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, पंजाब और हरियाणा समेत मैदानी राज्यों में गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ जगहों पर बिजली भी गिर सकती है। दक्षिण भारत में एक नया चक्रवाती हवाओं का झोंका मौसम को प्रभावित कर रहा है और इसके प्रभाव से तमिलनाडु और केरल में बारिश हो रही है।

ईशान के कमबैक की कहानी: वापसी ऐसी कि दुनिया देखती रह गई, PAK के प्रीमियम बॉलर से स्पिनर तक की धज्जियां उड़ाईं
क्रिकेट में कुछ कहानियां सिर्फ आंकड़ों की नहीं होतीं, वे जज्बे, धैर्य और खुद पर भरोसे की मिसाल बन जाती हैं। ईशान किशन की वापसी भी ऐसी ही रही। दिसंबर 2023 में टीम से बाहर होने के बाद ठीक दो साल बाद दिसंबर 2025 में उन्होंने फिर से भारत राष्ट्रीय क्रिकेट टीम की टी20 स्क्वॉड में जगह बनाई और उन्हों क्या कमाल की वापसी की है। पिछले कुछ मैचों में शानदार पारियों के बाद जब उन्हें मौका मिला सबसे बड़े मंच पर, यानी पाकिस्तानटीम के खिलाफ, तो उन्होंने इस मौके का क्या शानदार फायदा उठाया है।

Antonio Guterres: ‘भारत दुनिया की बेहद सफल उभरती अर्थव्यवस्था’, संयुक्त राष्ट्र प्रमुख गुटेरेस का बयान
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने कहा कि भारत वैश्विक मामलों में अधिक प्रभाव रखने वाली एक बेहद सफल उभरती हुई अर्थव्यवस्था है। यह कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए सही जगह है। भारत एआई इम्पैक्ट समिट से पहले संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में दिए विशेष साक्षात्कार में गुटेरस ने जोर दिया कि एआई से पूरी दुनिया को लाभ होना चाहिए। उन्होंने कहा, मैं इस शिखर सम्मेलन के आयोजन के लिए भारत को हार्दिक बधाई देता हूं। यह अत्यंत आवश्यक है कि एआई का विकास हर किसी के लाभ के लिए हो और वैश्विक दक्षिण के देश भी एआई के लाभों का हिस्सा बनें।

चिंताजनक: जलवायु संकट की चिंता को लेकर युवाओं में बढ़ रहा आक्रोश, 94 फीसदी भविष्य को लेकर चिंतित
जलवायु परिवर्तन अब सिर्फ पर्यावरणीय चुनौती नहीं रह गया है, बल्कि यह युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर गहरा असर डालने वाली वैश्विक समस्या बन चुका है। संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) की ताजा रिपोर्ट और भारत में किए गए जनमत सर्वेक्षण से सामने आया है कि ईको एंजायटी यानी जलवायु से जुड़ी चिंता 21वीं सदी की पहली पीढ़ी के बीच तेजी से फैल रही है। दुख, निराशा, असहायता और गुस्से जैसी भावनाएं युवाओं में आम होती जा रही हैं, जबकि 94 प्रतिशत युवाओं ने माना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण वे अपने भविष्य को लेकर गंभीर रूप से चिंतित हैं।

Sambhal: तमन्ना को लेकर बोले सपा सांसद- गुमराह कर रही है वह महिला, क्या साबित करना चाहती है अब बुर्का पहनकर
जो महिला दूसरे धर्म में शादी कर चुकी है और अब वह बुर्का पहनकर कांवड़ ला रही है। इससे स्पष्ट है कि वह गुमराह कर रही है। उस महिला को ज्ञान ही नहीं है। दूसरे धर्म को अपना लिया तो कांवड़ लाने के दौरान बुर्का पहन कर क्या साबित करना है। यह बयान संभल के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने दिया है।

IND vs PAK: भारत ने पाकिस्तान को दी शिकस्त, अजय देवगन और अनुपम खेर समेत इन सेलेब्स ने टीम को लेकर कही ये बात
आज रविवार को टी20 विश्व कप 2026 के तहत कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच खेला गया। इसमें भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से शिकस्त दी है। भारत के मैच जीतने के बाद कई लोग जश्न मना रहे हैं। सिनेमा जगत की हस्तियां भी इस मामले में पीछे नहीं है। उन्होंने भारतीय टीम को बधाई दी है।
जमात-ए-इस्लामी के अमीर से मिले तारिक रहमान; पाकिस्तान में इस्लामिक विद्धान पर जानलेवा हमला
ढाका में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के प्रमुख तारिक रहमान ने जमात-ए-इस्लामी के अमीर शफीकुर रहमान से मुलाकात कर चुनाव बाद हिंसा पर कार्रवाई का भरोसा दिया। 13वें संसदीय चुनाव में बीएनपी गठबंधन को 300 में से 212 सीटें मिलीं, जबकि जमात 77 सीटों के साथ प्रमुख विपक्ष बनकर उभरी। जमात ने कहा कि वह राष्ट्रीय हित में सहयोग करेगी, पर सरकार से जवाबदेही भी सुनिश्चित करेगी। तारिक रहमान के प्रधानमंत्री पद संभालने की तैयारी के बीच यह मुलाकात राजनीतिक संतुलन का संकेत मानी जा रही है।
पाकिस्तान: इंजीनियर मिर्जा पर हमले में आरोपी गिरफ्तार
पाकिस्तान के झेलम में पुलिस ने इस्लामिक स्कॉलर इंजीनियर मोहम्मद अली मिर्जा पर हमले के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। घटना उनके कुरआन-ओ-सुन्नत रिसर्च अकादमी में हुई, जहां आरोपी ने कथित रूप से गला दबाने और पगड़ी उतारने की कोशिश की। पुलिस ने पाकिस्तान दंड संहिता की धारा 324 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया। मिर्जा पहले भी हमलों और ईशनिंदा आरोपों का सामना कर चुके हैं तथा 2021 में उन पर जानलेवा हमला हुआ था। वह यूट्यूब पर लोकप्रिय धार्मिक व्याख्यानों के लिए जाने जाते हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की बोले- वायु रक्षा प्राथमिकता, नए ऊर्जा पैकेज पर जोर
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के बाद कहा कि वायु रक्षा के लिए मिसाइलें सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने अमेरिका और जर्मनी का समर्थन के लिए आभार जताया तथा जर्मनी के साथ संयुक्त ड्रोन उत्पादन लाइन शुरू होने की जानकारी दी। यूके ने भी 500 मिलियन यूरो का नया एयर डिफेंस पैकेज घोषित किया है। ज़ेलेंस्की ने कहा कि अगले सप्ताह ऊर्जा अवसंरचना की बहाली और उपकरणों पर बैठकें होंगी। रूस के हमलों के बीच उन्होंने नागरिकों से एयर रेड अलर्ट का पालन करने की अपील की। 17–18 फरवरी को जिनेवा में संभावित त्रिपक्षीय वार्ता की भी तैयारी है।
रूस ने नवलनी की हत्या के आरोपों से किया इनकार, बताया-दुष्प्रचार
ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी समेत पांच यूरोपीय देशों द्वारा रूस पर विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी की हत्या करवाने के आरोपों को रूस ने नकार दिया है। रूस ने इन आरोपों को पश्चिम देशों का दुष्प्रचार बताकर खारिज कर दिया है। रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा कि वह जांच के नतीजे सार्वजनिक होने के बाद ही कोई टिप्पणी करेंगी। पांच यूरोपीय देशों ने शनिवार को आरोप लगाया था कि रूसी विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी की हत्या जहरीले मेढ़क के जहर से की गई थी।
कनाडा और ब्रिटेन के नागरिकों को वीजा-मुक्त प्रवेश देगा चीन
चीन अब कनाडा और ब्रिटेन के नागरिकों को वीजा-मुक्त प्रवेश की सुविधा देगा। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने रविवार को घोषणा की कि 17 फरवरी 2026 से कनाडा और ब्रिटेन के सामान्य पासपोर्ट धारकों को वीजा-मुक्त प्रवेश की सुविधा दी जाएगी। इस नई नीति के तहत इन दोनों देशों के नागरिक व्यापार, पर्यटन, परिजनों से मिलने या ट्रांजिट के उद्देश्य से बिना वीजा चीन आ सकेंगे।






Add comment