अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

*देश-दुनिया:सुप्रीम कोर्ट में आज अरावली-सेंगर मामले पर अहम सुनवाई; ट्रंप की जेलेंस्की संग बैठक; ठंड-धुंध की दोहरी मार जारी*

Share

दक्षिणी मेक्सिको में पटरी से उतरी ट्रेन, 15 घायल; पाकिस्तान में टीटीपी के 8 आतंकी ढेर

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कई राज्यों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है और शीतलहर के चलते सड़क, रेल और हवाई यातायात पर असर पड़ा है। मौसम की मार के बीच सुप्रीम कोर्ट में आज दो अहम मामलों पर नजर रहेगी, जहां उन्नाव दुष्कर्म केस में कुलदीप सिंह सेंगर की उम्रकैद की सजा निलंबन से जुड़ी याचिका पर सुनवाई होगी, वहीं अरावली पर्वतमाला विवाद पर भी अहम बहस संभव है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूक्रेन संकट को लेकर फ्लोरिडा में हुई ट्रंप-जेलेंस्की मुलाकात के बाद जेलेंस्की ने शांति योजना पर 90 प्रतिशत सहमति बनने का दावा किया, जबकि ट्रंप ने संकेत दिए कि सब कुछ ठीक रहा तो कुछ हफ्तों में बड़ा फैसला हो सकता है। इस बीच घने कोहरे के कारण केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की गुवाहाटी फ्लाइट रद्द हो गई, हालांकि वे आज असम पहुंचेंगे और उनके तय कार्यक्रमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उधर, भीषण शीतलहर को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूल एक जनवरी तक बंद रखने के आदेश दिए हैं।

कई जगह पारा 5 डिग्री से नीचे; शीतलहर ने बढ़ाईं मुश्किलें
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत समूचे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर जारी है। इसके चलते पंजाब, हरियाणा व राजस्थान के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री रहा। उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में शीतलहरी चली। पहाड़ी इलाकों में लद्दाख के द्रास में पारा शून्य से 14.2 डिग्री नीचे चला गया। 

पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में रविवार सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई। भीषण शीतलहर को देखते हुए यूपी में 12वीं तक के सभी स्कूलों को एक जनवरी तक बंद कर दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली से लेकर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी ठंडी हवाओं ने लोगों को सताया। असम के गुवाहाटी में भी शीत लहर का प्रकोप रहा। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश हुई।

कोहरे के चलते नहीं उतर सका विमान, लौटना पड़ा दिल्ली
दिल्ली से रविवार दोपहर में इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-7324 अपने तय समय 1:05 बजे पंतनगर पहुंची, लेकिन कम दृश्यता के चलते उसे उतरने की अनुमति नहीं दी गई। विमान कुछ देर हवा में चक्कर लगाता रहा। बाद में दिल्ली लौटना पड़ा। विमान में 78 यात्री सवार थे। वहीं, पंतनगर से भी दिल्ली के लिए 76 यात्रियों ने टिकट बुक कराया था। विमान के नहीं उतर पाने से इन्हें परेशानी झेलनी पड़ी।

दिल्ली में 40 में से 19 निगरानी केंद्रों पर गंभीर श्रेणी में एक्यूआई
मौसम के तीखे तेवर से दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण की स्थिति और खराब हो गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, रविवार शाम चार बजे दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 390 दर्ज किया गया। 40 में से 19 निगरानी केंद्रों में एक्यूआई गंभीर श्रेणी में रहा। आनंद विहार में एक्यूआई सबसे अधिक 444 रहा। गाजियाबाद में 414, नोएडा में 419 और ग्रेटर नोएडा में 434 दर्ज किया गया। गुरुग्राम में भी एक्यूआई 353 के साथ बहुत खराब श्रेणी में रहा। हवा में प्रदूषकों में पीएम 2.5 प्रमुख रहा।

हिसार में पारा 2.5 डिग्री सेल्सियस
यूपी में मेरठ और मुजफ्फरनगर सबसे ठंडे रहे, जहां न्यूनतम पारा 6.7 डिग्री रहा। इटावा में 7.4 डिग्री, प्रयागराज और झांसी में 8 डिग्री रहा। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री दर्ज किया गया। हरियाणा में 2.5 डिग्री के साथ हिसार सबसे ठंडा रहा। पंजाब में फरीदकोट में पारा 3.4 डिग्री रहा। हिमाचल में कल्पा में 0.6 डिग्री और जम्मू-कश्मीर में गुलमर्ग में पारा शून्य से 2.2 डिग्री नीचे रहा।

Top Headline Today Important And Big News Stories Of 29th December 2025 Updates on amar ujala

सेंगर की उम्रकैद निलंबन पर सुनवाई, अरावली विवाद पर भी होगी बहस
सुप्रीम कोर्ट में आज सोमवार को दो ऐसे मामलों पर सुनवाई होनी है, जिन पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं। एक ओर उन्नाव दुष्कर्म मामले में भाजपा के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर से जुड़ा मामला है, तो वहीं दूसरी ओर अरावली पर्वतमाला की परिभाषा को लेकर उठा विवाद भी शीर्ष अदालत के सामने है।

Top Headline Today Important And Big News Stories Of 29th December 2025 Updates on amar ujala

बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते वोलोदिमिर जेलेंस्की और डोनाल्ड ट्रंप

‘शांति योजना पर 90% सहमति’, बैठक के बाद जेलेंस्की
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को फ्लोरिडा के मार-ए-लागो में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के साथ यूक्रेन-रूस के बीच शांति समझौते को लेकर अहम बैठक की। बैठक के बाद दोनों शीर्ष नेताओं ने प्रेस वार्ता करते हुए संयुक्त बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने यूक्रेन-रूस युद्ध और संभावित शांति समझौते को लेकर अपने-अपने बयान जारी किए। 

‘शायद बहुत करीब है’, शांति डील पर बोले ट्रंप
इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “हमारी एक शानदार मीटिंग हुई। हमने बहुत सी बातों पर चर्चा की। जैसा कि आप जानते हैं, मेरी राष्ट्रपति पुतिन के साथ एक बेहतरीन फोन कॉल हुई। यह दो घंटे से अधिक चली। हमने बहुत से बिंदुओं पर चर्चा की। मुझे लगता है कि हम बहुत करीब आ रहे हैं, शायद बहुत करीब। राष्ट्रपति और मैंने अभी यूरोपीय नेताओं से बात की। हमने उस युद्ध को खत्म करने पर बहुत प्रगति की है, जो शायद दूसरे विश्व युद्ध के बाद सबसे घातक युद्ध है।”

‘सब कुछ ठीक रहा तो कुछ हफ्तों में बात बन सकती है’
शांति प्रक्रिया में कितना समय लग सकता है? इस पर ट्रंप ने कहा, ‘अगर सब कुछ ठीक रहा तो कुछ हफ्तों में बात बन सकती है। अगर हालात खराब रहे तो यह नहीं होगा, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण होगा।’ अभी भी अनसुलझे ‘सबसे मुश्किल मुद्दों’ के बारे में पूछे जाने पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “जमीन। उस जमीन का कुछ हिस्सा ले लिया गया है। अभी डील करना बेहतर होगा।’

शांति योजना पर 90 प्रतिशत सहमति- जेलेंस्की
वहीं यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बैठक को बेहद सकारात्मक बताते हुए कहा कि सभी अहम मुद्दों पर बेहद उपयोगी चर्चा हुई है। जेलेंस्की ने कहा, “हमने सभी विषयों पर शानदार चर्चा की, और हम उन प्रगति की सराहना करते हैं, जो अमेरिकी और यूक्रेनी टीमों ने हाल के हफ्तों में की है। हमने शांति ढांचे के सभी पहलुओं पर चर्चा की। 20-सूत्रीय शांति योजना पर 90 प्रतिशत सहमति बनी है, अमेरिका-यूक्रेन सुरक्षा गारंटी पर 100 प्रतिशत सहमति बनी है, और अमेरिका-यूरोप-यूक्रेन सुरक्षा गारंटी पर लगभग सहमति बन गई है।”

‘यूक्रेन शांति के लिए तैयार’, बोले जेलेंस्की
उन्होंने आगे कहा कि सैन्य आयाम पर 100 प्रतिशत सहमति बनी है। समृद्धि योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है और हमने आगे की कार्रवाई के क्रम पर भी चर्चा की। हम सहमत हुए कि सुरक्षा गारंटी स्थायी शांति प्राप्त करने में एक प्रमुख मील का पत्थर है और हमारी टीमें सभी पहलुओं पर काम करना जारी रखेंगी। यूक्रेन शांति के लिए तैयार है।”

त्रिपक्षीय बैठक पर ट्रंप का बयान
राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ त्रिपक्षीय बैठक की संभावना के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने कहा, “मुझे लगता है कि ऐसा होगा, निश्चित रूप से सही समय पर। मेरी राष्ट्रपति पुतिन से बहुत ही दिलचस्प मुलाकात हुई। वह चाहते हैं कि यह बैठक हो। उन्होंने मुझे दृढ़ता से बताया। मुझे उन पर विश्वास है। मैंने उनसे (राष्ट्रपति पुतिन से) लगभग ढाई घंटे फोन पर बात की। हमने कई विषयों पर चर्चा की।”

इसी के साथ डोनाल्ड ट्रंप ने आगे कहा, “रूस यूक्रेन की सफलता चाहता है। सुनने में थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन मैंने राष्ट्रपति को समझाया कि राष्ट्रपति पुतिन यूक्रेन की सफलता के प्रति बहुत उदार थे, जिसमें ऊर्जा, बिजली और अन्य चीजें बहुत कम कीमतों पर उपलब्ध कराना शामिल था। इसलिए आज की बातचीत से कई अच्छी बातें सामने आईं।”

Top Headline Today Important And Big News Stories Of 29th December 2025 Updates on amar ujala

अमित शाह की गुवाहाटी फ्लाइट रद्द, आज पहुंचेंगे असम
घने कोहरे की वजह से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का असम दौरा एक दिन के लिए टल गया है। अधिकारियों के अनुसार, रविवार को गुवाहाटी आने वाली उनकी उड़ान रद्द हो गई, जिसके चलते उनका आगमन अब आज यानी सोमवार सुबह तय किया गया है। अमित शाह को पहले रविवार देर रात गुवाहाटी पहुंचकर कोइनाधारा स्थित राज्य अतिथि गृह में रुकना था, हालांकि रविवार के लिए कोई आधिकारिक कार्यक्रम निर्धारित नहीं था। उड़ान रद्द होने के बावजूद, उनके दौरे से जुड़े सभी तय कार्यक्रमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, केवल आगमन की तारीख बदली गई है। 

Top Headline Today Important And Big News Stories Of 29th December 2025 Updates on amar ujala

यूपी में भीषण शीतलहर का असर, 12वीं तक के सभी स्कूल एक जनवरी तक बंद
उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और भीषण शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़े कदम उठाए हैं। सीएम ने प्रदेश के सभी बोर्डों के कक्षा 12वीं तक के स्कूलों को 1 जनवरी तक बंद करने का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि शीतलहर के दौरान बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान स्कूल पूरी तरह से बंद रखे जाएंगे। 

मैदान में उतरें अफसर, सुनिश्चित करें व्यवस्थाएं
मुख्यमंत्री ने शासन और प्रशासन के आला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे स्वयं क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर जमीनी हकीकत का जायजा लें। सीएम ने कहा कि भीषण ठंड को देखते हुए हर जिले के सार्वजनिक स्थलों पर अलाव और कंबलों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

सीएम ने दिए ये निर्देश 

 * प्रदेश में कोई भी व्यक्ति कड़ाके की ठंड में खुले में सोने को मजबूर न हो।
 * सभी रैन बसेरों में बिछौने, कंबल और साफ-सफाई समेत सभी आवश्यक सुविधाएं पुख्ता की जाएं।
 * अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जरूरतमंदों को समय पर राहत सामग्री और आश्रय प्राप्त हो।

प्राइमरी से 12 वीं तक के सभी विद्यालय 1 जनवरी तक बंद, डीएम लखनऊ ने दिए आदेश

 घना कोहरा, गलन और ताममान में लगातार गिरावट से बढ़ती ठंड को देखते हुए राजधानी में प्री प्राइमरी से कक्षा 12 वीं तक के सभी विद्यालय 1 जनवरी तक बंद रहेंगे। जिलाधिकारी विशाख जी ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी के अनुसार, राजधानी में शीतलहर, घना कोहरा होने एवं मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते रखते हुए यह फैसला लिया गया है। कक्षा प्री-प्राइमरी से कक्षा-12 तक संचालित सभी परिषदीय, प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय,सहायता प्राप्त विद्यालय व सभी बोर्डो से मान्यता प्राप्त विद्यालयों,कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में 29 दिसंबर से 1 जनवरी 2026 तक अवकाश रहेगा।

37 जिलों में सोमवार को घने कोहरे का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में हो रही भीषण ठंड लोगों की कंपकंपी छुड़ा रही है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी और वहां से आ रही सर्द पछुआ हवाओं के साथ घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। माैसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में अगले तीन दिनों तक इस गलन और कोहरे से राहत की संभावना नहीं है।

सोमवार के लिए प्रदेश के 37 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर समेत 12 जिलों में दिन के तापमान में भारी गिरावट यानी शीत दिवस की चेतावनी जारी किया गया है।

रविवार को घने कोहरे की वजह से आगरा, प्रयागराज, कानपुर और सहारनपुर में दृश्यता शून्य हो गई। वहीं फतेहपुर में 10 मी., मेरठ में 15 मी. और हमीरपुर में 20 मीटर दृश्यता दर्ज हुई। 6.7 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ मेरठ और इटावा में सबसे ठंडी रात रही।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक ठंड और कोहरे से राहत के आसार नहीं हैं। अगले तीन दिनों के लिए प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में कोहरे का प्रकोप रहेगा। इसके बाद दिन में हल्की धूप और पारे में मामूली बढ़त से राहत की परिस्थितियां बनेंगी।

प्रदूषण बिगाड़ रहा मानसिक स्वास्थ्य
राजधानी में कई महीनों से लोग जहरीली हवा में सांस ले रहे हैं। इसका लोगों का प्रभाव पड़ रहा है। प्रदूषण का जहर न केवल लोगों के शरीर तक सीमित रहा, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य पर भी असर डाल रहा है। विशेषज्ञों ने खराब हवा के कारण मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव पर चिंता जताई है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यह न सिर्फ शारीरिक सेहत बल्कि मानसिक सेहत को भी नुकसान पहुंचा रही है, जिससे बच्चों में कम आईक्यू लेवल, याददाश्त में दिक्कतें और ध्यान अभाव सक्रियता विकार (एडीएचडी) होने की संभावना बढ़ रही है। 

Top Headline Today Important And Big News Stories Of 29th December 2025 Updates on amar ujala

अमेरिका में हेलीकॉप्टर क्रैश

न्यू जर्सी में बड़ा विमान हादसा, हवा में टकराए दो हेलीकॉप्टर
अमेरिका के न्यू जर्सी में रविवार को भयानक विमान हादसा सामने आया है। अधिकारियों के मुताबिक दक्षिणी न्यू जर्सी में दो हेलीकॉप्टर टकराने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे से जुड़े कई डरावने वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार दो हेलीकॉप्टरों के बीच हवा में टक्कर हो गई।संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) अनुसार यह विमान हादसा मिड-एयर कोलिजन यानी हवा में टक्कर का मामला है। 

Top Headline Today Important And Big News Stories Of 29th December 2025 Updates on amar ujala

डोनाल्ड ट्रंप का दावा- रुकवाया थाईलैंड-कंबोडिया संघर्ष
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र (यूएन) की भूमिका पर कड़ा सवाल उठाते हुए कहा है कि अमेरिका अब ‘वास्तविक संयुक्त राष्ट्र’ बन गया है, क्योंकि वैश्विक संघर्षों को सुलझाने में यूएन बहुत कम मदद कर पाया है। ट्रंप ने यह बयान ऐसे समय दिया, जब उन्होंने थाईलैंड और कंबोडिया के बीच चल रही लड़ाई के रुकने की घोषणा की। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा कि थाईलैंड और कंबोडिया के बीच हालिया संघर्ष अब रुक जाएगा और दोनों देश पहले से मौजूद संधि के अनुसार शांति से रहने पर सहमत हो गए हैं। उन्होंने दोनों देशों के नेताओं की सराहना करते हुए इसे ‘तेज और निष्पक्ष फैसला’ बताया। 

Top Headline Today Important And Big News Stories Of 29th December 2025 Updates on amar ujala

शेफाली-मंधाना 

भारतीय महिला टीम ने 30 रन से जीता चौथा टी20
भारत ने चौथे टी20 में श्रीलंका को 30 रन से हरा दिया। रविवार को तिरुवनंतपरम में खेले गए मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में दो विकेट पर 221 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम निर्धारित ओवरों में छह विकेट पर 191 रन बना सकी। उनके लिए कप्तान चामरी अटापट्टू ने सर्वाधिक 52 रनों की पारी खेली। भारत के लिए अरुंधति रेड्डी और वैष्णवी शर्मा ने दो-दो विकेट लिए जबकि श्री चरणी ने एक सफलता हासिल की। 

भारत ने हासिल की 4-0 से बढ़त
भारत ने इस जीत के साथ मौजूदा सीरीज में 4-0 से बढ़त हासिल कर ली है। यह श्रीलंका का टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले टीम ने दांबुला में मलयेशिया के खिलाफ चार विकेट पर 184 रन बनाए थे। इससे पहले भारतीय महिला टीम का टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले साल 217/4 का स्कोर बनाया था।

श्रीलंका की पारी
222 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी हुई। हसिनी परेरा और चामरी अटापट्टू के बीच पहले विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी हुई, जिसे अरुंधति रेड्डी ने तोड़ा। उन्होंने परेरा को अपना शिकार बनाया। वह 33 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद अटापट्टू 52 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ श्रीलंका के बल्लेबाज विकेट पर टिकने के लिए संघर्ष करते दिखे। इमेशा दुलानी ने 29, हर्षिता समरविक्रमा ने 20, कविषा दिलहारी ने 13, रष्मिका सेवंडी ने पांच रन बनाए। वहीं, निलक्षिका सिल्वा और कौशिनी ने क्रमश: 23 और पांच रन बनाए

भारत की पारी
इससे पहले, स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की तूफानी शतकीय साझेदारी के दम पर भारत ने श्रीलंका के सामने 222 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। भारत के लिए मंधाना और शेफाली ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 162 रनों की साझेदारी हुई। शेफाली 79 रन बनाकर पवेलियन लौटीं जबकि मंधाना 80 रन बनाकर आउट हुईं। इसके अलावा ऋचा घोष 40 और कप्तान हरमनप्रीत कौर 16 रन बनाकर नाबाद रहीं। भारतीय महिला टीम ने चौथे टी20 मुकाबले में 20 ओवर में दो विकेट पर 221 रन बनाए हैं। यह भारतीय महिला टीम का टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले साल 217/4 का स्कोर बनाया था।

दोनों टीमों की प्लेइंग 11 
भारत: शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, हरलीन देओल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अमनजोत कौर, अरुंधति रेड्डी, वैष्णवी शर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर, श्री चरणी।

श्रीलंका: हासिनी परेरा, चामरी अटापट्टू (कप्तान), हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, इमेशा दुलानी, नीलाक्षिका सिल्वा, कौशानी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), मालशा शेहानी, रश्मिका सेववंडी, काव्या कविंदी, निमशा मदुशानी।

Top Headline Today Important And Big News Stories Of 29th December 2025 Updates on amar ujala

साजिद खान का हुआ एक्सीडेंट, सर्जरी के बाद बहन फराह खान ने शेयर किया हेल्थ अपडेट
एकता कपूर प्रोड्यूस एक फिल्म के सेट पर साजिद खान का एक्सीडेंट हुआ, पैर में फ्रैक्चर हुआ। इसके बाद फिल्ममेकर को सर्जरी कराने की सलाह दी गई। रविवार को साजिद खान का ऑपरेशन भी हुआ। इस खबर की पुष्टि फराह खान यानी साजिद की बहन ने की है। हिंदुस्तान टाइम्स को फराह खान ने बताया, ‘सर्जरी हो गई है, साजिद बिल्कुल ठीक हैं।’

देहरादून में त्रिपुरा के छात्र की हत्या पर असम सीएम ने की कार्रवाई की मांग

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने रविवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से त्रिपुरा के एक छात्र के साथ कथित नस्लीय दुर्व्यवहार के लिए जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाने का आग्रह किया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।

उन्होंने अंजेल चकमा के परिवार के प्रति भी अपनी संवेदना व्यक्त की। बता दें कि पश्चिम त्रिपुरा जिले के नंदननगर निवासी 24 वर्षीय चकमा पर 9 दिसंबर को देहरादून में नस्लीय टिप्पणी का विरोध करने पर छह लोगों के एक समूह ने हमला किया था और 26 दिसंबर को इलाज के दौरान चोटों के कारण उनकी मृत्यु हो गई।

एक्स पर एक पोस्ट में, सरमा ने कहा, “देहरादून में क्रूर नस्लीय दुर्व्यवहार के बाद त्रिपुरा के अंजेल चकमा की दुखद मौत दिल दहला देने वाली और अस्वीकार्य है।” उन्होंने आगे कहा, “मैं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से आग्रह करता हूं कि वे दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें ताकि न्याय मिल सके।” उत्तराखंड पुलिस ने बताया है कि इस घटना के सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि नेपाल का रहने वाला एक अन्य आरोपी संभवत अपने देश भाग गया है।

असम में नकली सोने के बिस्कुट के साथ तीन लोग गिरफ्तार

असम के कामरूप जिले में एक किलोग्राम से अधिक नकली सोने के बिस्कुट के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। रंगिया पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी प्रेमांकुर हजारिका ने बताया कि नकली सोना एक वाहन से बरामद किया गया, जो पड़ोसी जिले तामुलपुर जा रहा था।

उन्होंने कहा, “सूचना के आधार पर तलाशी अभियान चलाया गया। हमने एक वाहन से 1.4 किलोग्राम नकली सोने के बिस्कुट बरामद किए, जिनमें 10 ग्राम के 90 टुकड़े और 5 ग्राम के 100 टुकड़े शामिल थे।” पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से दो असम के बोकाजान के और तीसरा राजस्थान का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि वाहन और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

त्रिपुरा: महिला के साथ बर्बरता, जूतों की माला पहनाकर किया अपमान

त्रिपुरा के धलाई जिले में अवैध संबंध के शक में एक महिला के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। कमलपुर थाना क्षेत्र के हरेरखोला गांव में ग्रामीणों के एक समूह ने महिला को घर से घसीटकर बाहर निकाला और उसकी पिटाई की और जूतों की माला पहनाकर सरेआम अपमानित किया। पुलिस ने सड़क पर पड़ी महिला को एम्बासा जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

घटना के बाद कमलपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है। अब तक एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है और जांच जारी है। त्रिपुरा महिला आयोग की अध्यक्ष झरना देबबर्मा ने घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने का किसी को अधिकार नहीं है। आयोग की टीम पीड़िता से मिलने और न्याय सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र का दौरा करेगी।

श्रीलंका ने तीन मछुआरे किए गिरफ्तार,  रिहाई के लिए स्टालिन ने जयशंकर को लिखा पत्र
श्रीलंका की नौसेना ने तमिलनाडु के तीन मछुआरों को गिरफ्तार कर उनकी मछली पकड़ने वाली नाव भी जब्त कर ली। इन मछुआरों की रिहाई के लिए राज्य के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने रविवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिखा।

 उन्होंने केंद्र से मछुआरों और उनकी नाव को जल्द से जल्द रिहा करवाने की अपील की है। स्टालिन ने पत्र में बताया है कि ये मछुआरे 27 दिसंबर, 2025 को रामनाथपुरम जिले के मंडपम फिशिंग जेटी से मछली पकड़ने के लिए निकले थे। इन्हें अगले दिन रविवार को श्रीलंकाई नौसेना ने गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि अब- तक राज्य की कुल 248 मछली पकड़ने वाली नावें और 61 मछुआरे श्रीलंका की हिरासत में हैं।

केरल : पी विश्वनाथन ने चौकीदार से नगर पालिका अध्यक्ष बन रचा इतिहास
भारत के केरल राज्य के वायनाड जिले के शहर कलपेट्टा नगर पालिका के नए अध्यक्ष पी विश्वनाथन का यहां तक पहुंचने का सफर किसी मिसाल से कम नहीं है। पनिया जनजाति से आने वाले 40 साल के विश्वनाथन पेशे से चौकीदार और लोकगायक हैं। वह अपने पिछड़े समुदाय से इस शीर्ष पद पर पहुंचने वाले पहले शख्स हैं। वह जिले में सत्ताधारी सीपीई (एम) के कार्यकर्ता हैं।

कलपेट्टा नगर पालिका का अध्यक्ष पद एसटी समुदाय के लिए आरक्षित होने पर मार्क्सवादी पार्टी ने इस पद के लिए विश्वनाथन को चुना। विश्वनाथन ने हाल ही में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में एडगुनी वार्ड नंबर 28 की सामान्य सीट से 424 वोटों से जीत हासिल की। पद पर चुने जाने के बाद विश्वनाथन ने कहा, आदिवासी समुदाय अभी भी कई मामलों में मुख्यधारा के समाज से पीछे हैं। मैं इसमें बदलाव लाना चाहता हूं। मैं चाहता हूं कि मेरा नया पद मेरे समुदाय के सदस्यों को आगे आने के लिए कुछ प्रेरणा दे।

अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ बंगलूरू में 3 मेफेड्रोन फैक्टरियां ध्वस्त
महाराष्ट्र एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने एक अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ कर बंगलूरू में तीन मेफेड्रोन फैक्टरियों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान 55.88 करोड़ रुपये की प्रतिबंधित सामग्री और मशीनरी भी जब्त की गई। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई नशीले पदार्थों के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान का हिस्सा है, जो पिछले सप्ताह पुणे- मुंबई हाईवे पर एक व्यक्ति की गिरफ्तारी के साथ शुरू हुई थी। टास्क फोर्स की कोंकण यूनिट ने 21 दिसंबर को नवी मुंबई के वाशी गांव के पास आरोपी अब्दुल कादर राशिद शेख से 1.48 करोड़ रुपये का मेफेड्रोन जब्त की थी।

इसके बाद, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने केस दर्ज किया और टीम बेलगाम निवासी प्रशांत यल्लापा पाटिल तक पहुंची, जो ड्रग्स बनाने में शामिल था। पूछताछ में यह भी पता चला कि बंगलूरू में तीन फैक्ट्रियां चल रही थीं। एक बयान में कहा गया कि इस जानकारी पर कार्रवाई करते हुए टास्क फोर्स ने इस हफ्ते की शुरुआत में राजस्थान निवासी सूरज रमेश यादव और मलखान रामलाल बिश्नोई को गिरफ्तार किया, जो कर्नाटक की राजधानी में यह अवैध कारोबार कर रहे थे। इनकी निशानदेही पर जांचकर्ताओं को एनजी गोलाहल्ली, येरप्पनहल्ली और कन्नूर की अवैध फैक्टरियों पर छापा मारा और 21.4 किलो मेफेड्रोन जब्त किया गया। 

अदाणी समूह स्वदेशी सैन्य क्षमताओं को बढ़ावा देने के लिए खर्च करेगा 1.8 लाख करोड़
अदाणी समूह अगले साल रक्षा क्षेत्र में करीब 1.8 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेगा। इस निवेश से ड्रोन, मानवरहित प्रणालियों और आधुनिक हथियारों के निर्माण की क्षमता बढ़ाई जाएगी। अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने 2025 में लंबी योजना प्रक्रियाओं के बजाय तेजी से तैनाती पर ध्यान दिया। कंपनी के कुछ रक्षा उपकरणों का इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी किया गया था।

अगले साल कंपनी ड्रोन और अन्य मानवरहित प्रणालियों, आधुनिक निर्देशित हथियारों, सेंसर और इलेक्ट्रॉनिक्स, एआई आधारित सैन्य अभियानों, साथ ही रखरखाव, मरम्मत और प्रशिक्षण से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार में निवेश करेगी। हवा, समुद्र और जमीन पर काम करने वाली ये स्वायत्त प्रणालियां बिना चालक के चलने वाले प्लेटफॉर्म होते हैं, जो सेंसर, सॉफ्टवेयर और सुरक्षित नेटवर्क की मदद से बहुत कम मानवीय हस्तक्षेप में काम करते हैं। अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस अब भारत की सबसे बड़ी निजी रक्षा कंपनी बन गई है। कंपनी ड्रोन और मानवरहित समुद्री प्रणालियों, ड्रोन रोधी तकनीक, आधुनिक हथियार, छोटे हथियार और गोला-बारूद, साथ ही विमान की मरम्मत, रखरखाव और प्रशिक्षण जैसी सेवाओं में काम करती है। 

असम के हिंसाग्रस्त जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बहाल
असम के हिंसाग्रस्त जिलों कार्बी आंगलोंग और पश्चिम कार्बी आंगलोंग में हालात सामान्य होने के बाद रविवार से मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बहाल कर दी गईं। गृह एवं राजनीतिक विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अजय तिवारी के आदेश के अनुसार 23 दिसंबर से निलंबित सेवाएं सुबह 8 बजे से फिर शुरू कर दी गईं। अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है। हालांकि, कई इलाकों में कड़ी सुरक्षा जारी है।

बंगाल में बीएलओ की संदिग्ध हालात में मौत काम के दबाव का आरोप
पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में रविवार को एक बूथ लेवल ऑफिसर हराधन मंडल का शव एक स्कूल परिसर में संदिग्ध अवस्था में मिला। मंडल पेशे से स्कूल शिक्षक थे। पुलिस को मौके से मृतक के हस्ताक्षर वाला एक नोट मिला है, इसमें उन्होंने काम के दबाव का जिक्र किया है। मामले की जांच की जा रही है। 

असम कार्बी में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं से हटाया गया प्रतिबंध
कार्बी आंगलोंग। असम सरकार ने रविवार को कार्बी आंगलांंगे में कानून व्यवस्था में सुधार के बाद मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर लगाया प्रतिबंध रविवार को हटा लिया है। राज्य सरकार ने अधिसूचना जारी की है। इसमें कहा गया है कि इलाके में कानून व्यवस्था सुधरने और हालात सामान्य होने से मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर लगाया प्रतिबंध हटाया गया है। 

पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को वाई-प्लस सुरक्षा
पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मनोज अग्रवाल को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी है। खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर दी गई वाई प्लस सुरक्षा के तहत सीआईएसएफ के सशस्त्र अग्रवाल को चौबीसों घंटे सुरक्षा देंगे। विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में एसआईआर प्रक्रिया को संवेदनशील माना जा रहा है। इस प्रक्रिया में दावे व आपत्तियों पर सुनवाई 27 दिसंबर से शुरू हुई है, जिसमें करीब 32 लाख ऐसे मतदाता शामिल हैं, जिनका नाम 2002 की सूची में नहीं मिला। 

केरल में कांग्रेस को झटका, 8 पार्षद भाजपा के साथ गए
केरल में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। यहां त्रिशूर जिले के मट्टाथुर में कांग्रेस के आठ पार्षदों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया और भाजपा का समर्थन किया, ताकि निर्दलीय प्रत्याशी टेसी जोस कल्लारक्कल को मट्टाथुर पंचायत का अध्यक्ष बनाया जा सके। इसी से वाम लोकतांत्रिक मोर्चे (एलडीएफ) का स्थानीय निकाय पर 23 साल का नियंत्रण भी खत्म हो गया। मट्टाथुर पंचायत में 24 वार्ड हैं। निकाय चुनावों में एलडीएफ ने 10 सीटें, संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे (यूडीएफ) ने आठ, एनडीए ने चार सीटें जीतीं, जबकि दो निर्दलीय चुने गए। एलडीएफ ने निर्दलीय पार्षद केआर ओसेफ को उम्मीदवार बनाया था, जबकि यूडीएफ ने दूसरे निर्दलीय टेसी जोस का समर्थन किया था। टेसी को जीत के लिए पूरे वोट नहीं मिल पाने के कारण कांग्रेस पार्षदों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया और फिर भाजपा से हाथ मिलाकर टेसी को जीत दिलाई।

दक्षिणी मेक्सिको में पटरी से उतरी ट्रेन, 15 घायल; पाकिस्तान में टीटीपी के 8 आतंकी ढेर

दक्षिणी मेक्सिको में एक ट्रेन दुर्घटना में कम से कम 15 लोग घायल हो गए और प्रशांत महासागर को मेक्सिको की खाड़ी से जोड़ने वाली रेल लाइन पर यातायात ठप हो गया। ओक्साका और वेराक्रूज राज्यों को जोड़ने वाली अंतरमहासागरीय ट्रेन निजांडा कस्बे के पास एक मोड़ पर पटरी से उतर गई। रविवार को X पर एक संदेश में ओक्साका राज्य के गवर्नर सोलोमन जारा ने कहा कि कई सरकारी एजेंसियां घायलों की सहायता के लिए दुर्घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के समय ट्रेन में 241 यात्री और नौ चालक दल के सदस्य सवार थे।

अंतरमहासागरीय रेल सेवा का उद्घाटन 2023 में तत्कालीन राष्ट्रपति एंड्रेस मैनुअल लोपेज ओब्राडोर द्वारा किया गया था। यह रेल सेवा दक्षिणी मेक्सिको में रेल यात्रा को बढ़ावा देने और प्रशांत महासागर और मेक्सिको की खाड़ी के बीच स्थित संकरे भूभाग, तेहुआंटेपेक के साथ बुनियादी ढांचे के विकास के व्यापक प्रयासों का हिस्सा है।

पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा में टीटीपी के 8 आतंकवादी मारे गए
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में एक बड़े पुलिस अभियान के दौरान प्रतिबंधित संगठन टीटीपी से जुड़े कम से कम आठ आतंकवादी मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। यह अभियान प्रांत के दक्षिणी भाग में स्थित कोहाट और करक जिलों के बीच सीमावर्ती क्षेत्र में चलाया गया था।

कोहाट के क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी (आरपीओ) अब्बास मजीद मरवत के अनुसार, यह अभियान खुफिया रिपोर्टों के बाद शुरू किया गया था, जिसमें खुर्रम पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले करकंडो क्षेत्र में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के आतंकवादियों की उपस्थिति का संकेत मिला था। उन्होंने कहा कि इस अभियान में अन्य आतंकवादी घायल हुए हैं।

रक्षा बल के अधिकारी ने बताया कि अभियान अभी भी जारी है और पहाड़ी इलाकों में आतंकवादियों के कई ठिकाने नष्ट कर दिए गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि मारे गए आतंकवादियों के शव पहाड़ी इलाके में ही पड़े हैं, क्योंकि उनके साथी पुलिस पर गोलीबारी करके शवों को वापस लेने की कोशिश कर रहे हैं।

ताइवानी सीमा के आसपास चीन के लड़ाकू विमानों की घुसपैठ
ताइवान की सीमा के आसपास एक बार फिर से चीन के लड़ाकू विमानों ने घुसपैठ की। ताइवानी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि रविवार सुबह छह बजे तक चीन के तीन सैन्य विमान और सात नौसैनिक जहाजों की गतिविधि का पता लगाया गया। मंत्रालय के अनुसार, तीनों चीनी विमान ताइवान जलडमरूमध्य की मध्य रेखा पार कर दक्षिण-पश्चिमी एयर डिफेंस आइडेंटिफिकेशन जोन (एडीआईजेड) में दाखिल हुए। इससे एक दिन पहले भी 13 चीनी विमानों और सात जहाजों की मौजूदगी दर्ज की गई थी। 

पापुआ न्यू गिनी में तख्तापलट के बाद पहला राष्ट्रपति चुनाव
पश्चिमी अफ्रीकी देश पापुआ न्यू गिनी में 2021 के सैन्य तख्तापलट के बाद रविवार को पहला राष्ट्रपति चुनाव हो रहा है। विश्लेषकों के अनुसार, कमजोर विपक्ष के कारण जुंटा प्रमुख जनरल मामादी डूम्बूया की जीत तय मानी जा रही है। चार साल पहले सत्ता संभालने के बाद डूम्बूया पर विपक्ष और असहमति को दबाने के आरोप लगे हैं। खनिज संपदा से भरपूर होने के बावजूद देश की आधी से ज्यादा आबादी गरीबी और खाद्य संकट से जूझ रही है।

महिला प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी पर बढ़ा बवाल
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में महिला प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी को लेकर मानवाधिकार संकट गहराने के आरोप लगे हैं। मंझू शोरी इलाके में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रही महिलाओं पर पुलिस कार्रवाई की बलूचिस्तान बार काउंसिल ने कड़ी निंदा की है। रिपोर्ट के अनुसार महिलाएं लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान की मांग कर रही थीं। बार काउंसिल ने इसे पाकिस्तान के संविधान, कानून और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार मानकों का उल्लंघन बताया।

भारतवंशी की मौत पर कनाडा की स्वास्थ्य व्यवस्था पर बरसे मस्क
दुनिया के दिग्गज अरबपति एलन मस्क ने कनाडा की स्वास्थ्य प्रणाली की कड़ी आलोचना की है। एडमोंटन के एक अस्पताल में इलाज के लिए 8 घंटे तक इंतजार करने के बाद भारतीय मूल के प्रशांत श्रीकुमार (44) की मौत हो गई थी।

इस घटना पर मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि जब सरकार स्वास्थ्य सेवा संभालती है, तो उसका हाल डीएमवी (मोटर वाहन विभाग) जैसा हो जाता है। प्रशांत को 22 दिसंबर को सीने में दर्द के बाद अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन उन्हें 8 घंटे तक प्रतीक्षालय में बैठाए रखा गया। जब 8 घंटे बाद उन्हें इलाज मिला, तो कुछ ही मिनटों में उनकी मौत हो गई। प्रशांत की पत्नी निहारिका ने न्याय की मांग करते हुए अस्पताल के कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने को कहा है। स्थानीय भारतीय समुदाय के नेताओं का भी कहना है कि कनाडा की स्वास्थ्य सेवाएं पिछले 30 वर्षों में काफी खराब हुई हैं।

बांग्लादेश में हिंदू श्रमिक की हत्या की अमेरिकी सांसद रो खन्ना ने की निंदा
भारतवंशी अमेरिकी सांसद रो खन्ना ने बांग्लादेश के एक कपड़ा कारखाने में काम करने वाले हिंदू श्रमिक की हत्या की निंदा की। उन्होंने वैश्विक समुदाय से ऐसे घृणित कृत्यों के खिलाफ आवाज उठाने का आग्रह किया। खन्ना ने सोशल मीडिया पर शनिवार को एक पोस्ट में दास की हत्या को भयानक घटना बताया। डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्य व सांसद खन्ना ने कहा, मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उसके मित्रों और परिवार के साथ हैं। 

बांग्लादेश के मतदाता बने बीएनपी के कार्यवाहक  अध्यक्ष तारीक रहमान
बांग्लादेश के चुनाव आयोग ने रविवार को बीएनपी के कार्यवाहक अध्यक्ष तारीक रहमान को 12 फरवरी को होने वाले आम चुनाव से पहले मतदाता सूची में जोड़ लिया। एक दिन पहले, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के 60 वर्षीय नेता ने चुनाव आयोग के कार्यालय में जाकर बायोमेट्रिक एनरोलमेंट के लिए फिंगरप्रिंट और आइरिस स्कैन दिए। उन्होंने पहले ही अपना मतदाता पंजीकरण जमा कर दिया था।

ब्राजील: छोटे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से पायलट की मौत

ब्राजील के रियो डी जनेरियो के कोपाकबाना समुद्र तट के पास एक विज्ञापन बैनर ले जा रहा विमान समुद्र में गिर गया, जिससे पायलट की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि पायलट के शव को पहचान के लिए चिकित्सा परीक्षक के कार्यालय भेजा गया है। दमकल विभाग की बचाव टीमें घटनास्थल पर जेट स्की, नावों, गोताखोरों और हवाई सहायता का उपयोग कर रही थीं। खोज में संभावित अतिरिक्त पीड़ितों और मलबे का पता लगाने के लिए सोनार उपकरण का भी इस्तेमाल किया जा रहा था।

अधिकारियों द्वारा जारी किए गए सुरक्षा कैमरे के फुटेज में विमान को दोपहर 12:30 बजे (1530 जीएमटी) के आसपास समुद्र तट के पास समुद्र में नाक के बल गिरते हुए दिखाया गया है। ब्राजील की वायुसेना ने बताया कि उसने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह विमान एक विज्ञापन कंपनी का सेस्ना 170ए विमान था।

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें