आज: बिहार में पेश होगा बजट, डब्ल्यूपीएल एलिमिनेटर में दिल्ली-गुजरात का मुकाबला,भारतवंशी विज्ञानी रामनाथन ने जीता क्रैफोर्ड पुरस्कार; अमेरिका के साथ बातचीत के लिए तैयार- क्यूबा
आज 3 फरवरी 2026 को फाल्गुन कृष्ण पक्ष की द्वितीया है। आज बिहार विधानसभा में नई सरकार का पहला बजट पेश होगा। वही, डब्ल्यूपीएल एलिमिनेटर में दिल्ली और गुजरात के बीच मुकाबला होगा। इसके साथ ही मंगलवार को एनडीए दल की बैठक भी होगी।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने भारत पर लगे पारस्परिक टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने का एलान किया है। इस पोस्ट में ट्रंप ने एक और अहम बात कही है, जिसमें उन्होंने भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर सहमति बनने का एलान किया। राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम मोदी के बीच सोमवार को टेलीफोन पर बात हुई। इस बातचीत के बाद ही ट्रंप ने भारत पर लगे 25 प्रतिशत टैरिफ को घटाने का एलान किया। वहीं एअर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर के फ्यूल स्विच में खराबी की आशंका के मद्देनजर विमान को उड़ान भरने से रोक दिया गया। विमान के पायलटों ने ईंधन नियंत्रण स्विच में संभावित खराबी की सूचना दी थी। इस मामले पर एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, ‘हमें इस बात की जानकारी है कि हमारे एक पायलट ने बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान के फ्यूल स्विच में संभावित खराबी की सूचना दी है। यह प्रारंभिक सूचना प्राप्त होने के बाद हमने उक्त विमान को उड़ान भरने से रोक दिया है।
भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौता पर लगी मुहर

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने भारत पर लगे पारस्परिक टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने का एलान किया है। इस पोस्ट में ट्रंप ने एक और अहम बात कही है, जिसमें उन्होंने भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर सहमति बनने का एलान किया। राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम मोदी के बीच सोमवार को टेलीफोन पर बात हुई। इस बातचीत के बाद ही ट्रंप ने भारत पर लगे 25 प्रतिशत टैरिफ को घटाने का एलान किया।
फ्यूल स्विच में फिर गड़बड़ी: एअर इंडिया के ड्रीमलाइनर का स्विच बंद हुआ

एअर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर के फ्यूल स्विच में खराबी की आशंका के मद्देनजर विमान को उड़ान भरने से रोक दिया गया। विमान के पायलटों ने ईंधन नियंत्रण स्विच में संभावित खराबी की सूचना दी थी। इस मामले पर एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, ‘हमें इस बात की जानकारी है कि हमारे एक पायलट ने बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान के फ्यूल स्विच में संभावित खराबी की सूचना दी है। यह प्रारंभिक सूचना प्राप्त होने के बाद हमने उक्त विमान को उड़ान भरने से रोक दिया है।
फिर बिगड़ा मौसम का मिजाज: पहाड़ से लेकर मैदान तक वर्षा

दो और पश्चिमी विक्षोभों के सक्रिय होने से उत्तर-पश्चिम में मौसम फिर बिगड़ गया है। सोमवार को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों हल्की बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हुआ है, वहीं मैदानी इलाकों में बूंदाबांदी के साथ ठंडी हवाएं चली और कोहरा छाया रहा। हालांकि, तापमान में कुछ वृद्धि दर्ज की गई है, लेकिन शीतलहर के चलते ज्यादा ठंड महसूस की गई। इन इलाकों में मंगलवार को भी बारिश, बर्फबारी और शीतलहर चलने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में पांच फरवरी तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर रविवार रात और सोमवार सुबह घना कोहरा तो कुछ स्थानों पर बहुत घना कोहरा छाया रहा और दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई।
उत्तर प्रदेश के सरसावा, आगरा और हिंडन वायुसेना अड्डों पर दृश्यता शून्य दर्ज की गई। इस दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी भी हुई। मैदानी राज्यों में उत्तराखंड, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पूर्वी राजस्थान में छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई।
हिमाचल में चोटियों पर हिमपात पंजाब व हरियाणा में गलन बढ़ी
हिमाचल प्रदेश में चोटियों पर बर्फबारी का दौर जारी है। कुल्लू, लाहौल, चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई है। मणिकर्ण के तोष में सब्जी लेकर जा रही जीप बर्फ पर फिसलकर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। भारी बर्फबारी के चलते अटल टनल बंद हो गई है। रोहतांग दर्रा में भी 90 सेंटीमीटर तक बर्फ गिरी है। वहीं, पंजाब और हरियाणा में न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि के बावजूद शीतलहर के चलते ठंड बनी हुई है। सोमवार को हरियाणा में सबसे ठंडा सिरसा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश की चेतावनी
आईएमडी ने पूर्वी राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है, खासकर खुले इलाकों और खेतों में काम करने वालों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
आईपीओ से पहले एलन मस्क का मास्टर स्ट्रोक

दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क ने टेक्नोलॉजी और अंतरिक्ष की दुनिया में एलन मस्क ने बड़ा दांव खेला है। मस्क ने अपनी स्पेस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़ी कंपनियों को एक साथ जोड़ने का फैसला किया है। उनकी अंतरिक्ष कंपनी स्पेसएक्स ने सोमवार को घोषणा की कि उसने एक्स एआई कंपनी को खरीद लिया है। स्पेस एक्स ने इस बात पर भी जोर दिया कि यह कदम मस्क की तकनीकी ताकत को और मजबूत करने के लिए उठाया गया है।
आज: बिहार में पेश होगा बजट, डब्ल्यूपीएल एलिमिनेटर में दिल्ली-गुजरात का मुकाबला
राष्ट्रपति मुर्मू का ओडिशा दौरा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ओडिशा के छह दिन के दौरे पर हैं। इस दौरान मंगलवार को बालासोर स्थित फकीर मोहन विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसके साथ विश्वविद्यालय के नवनिर्मित सभागार का उद्घाटन करेंगी।
एनडीए दल की बैठक
मंगलवार को संसद भवन परिसर में एनडीए संसदीय दल की बैठक होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बैठक में कई मुद्दों पर सांसदों को संबोधित करेंगे।
विदेश मंत्री का अमेरिका दौरा
विदेश मंत्री एस जयशंकर अमेरिका दौरे पर हैं। वे वाशिंगटन में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो द्वारा आयोजित महत्वपूर्ण खनिज आपूर्ति श्रृंखला पर मंत्रिस्तरीय बैठक में भाग लेंगे। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
बिहार में बजट पेश
मंगलवार को बिहार की नई सरकार अपना पहला बजट पेश करेगी। इससे पहले सोमवार को वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव ने राज्य का आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया था। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
दिल्ली- गुजरात के बीच मुकाबला
डब्ल्यूपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का एलिमिनेटर में मुकाबला गुजरात जाएंट्स से होगा। यह मैच वडोदरा में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। जीतने वाली टीम फाइनल में 5 फरवरी को आरसीबी से भिड़ेगी।(संबंधित खबर यहां पढ़ें)
अंडर 19 में ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड के बीच मुकाबला
आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप में मंगलवार को पहला सेमीफाइनल खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच यह मुकाबला क्वींस स्पोर्ट्स क्लब बुलावायो में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मैच की शुरुआत दोपहर 1 बजे से होगी। दूसरे सेमीफाइनल में 4 फरवरी को भारत का मुकाबला अफगानिस्तान से होना है।
केंद्रीय बजट से संबंधित प्रतियोगिता
मंगलवार को माय भारत प्लेटफॉर्म पर बजट क्वेस्ट 2026 प्रतियोगिता शुरू होगी। यह केंद्रीय बजट 2026 पर आधारित एक राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी है, जिसमें माय भारत पोर्टल पर पंजीकृत युवा भाग ले सकते हैं। भाग लेने की अंतिम तिथि 17 फरवरी है। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने सोमवार को इसका शुभारंभ किया। इसका उद्देश्य देश के युवाओं के बीच केंद्रीय बजट की समझ को बढ़ाना है।
अमृत उद्यान
राष्ट्रपति भवन का प्रसिद्ध अमृत उद्यान मंगलवार से 31 मार्च तक आम जनता के लिए खुल रहेगा। आम जनता सप्ताह में छह दिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे के बीच उद्यान में जा सकेगी।
,भारतवंशी विज्ञानी रामनाथन ने जीता क्रैफोर्ड पुरस्कार; अमेरिका के साथ बातचीत के लिए तैयार- क्यूबा
अमेरिका में भारतीय मूल के जलवायु वैज्ञानिक वीरभद्रन रामनाथन को ‘रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज’ ने भू-विज्ञान में 2026 का क्रैफोर्ड पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा की है। भू-विज्ञान का नोबेल कहे जाने वाले इस सम्मान के तहत रामनाथन को सुपर-प्रदूषकों और वायुमंडलीय ब्राउन क्लाउड्स पर किए गए उनके शोध के लिए सम्मानित किया गया है। इससे ग्लोबल वॉर्मिंग की समझ को नई दिशा मिली। रामनाथन (82) ने 1975 में नासा में काम करते हुए एक ऐतिहासिक खोज की थी। उन्होंने बताया, क्लोरोफ्लोरोकार्बन, जो एरोसोल व रेफ्रिजरेशन में इस्तेमाल होते थे, वायुमंडल में सीओ-2 की तुलना में 10,000 गुना प्रभावी ढंग से गर्मी खींचते हैं।
क्यूबा ने कहा- अमेरिका के साथ बातचीत के लिए तैयार
क्यूबा के एक वरिष्ठ नेता ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनकी सरकार की अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं हो रही है, लेकिन अगर कुछ शर्तें पूरी होती हैं तो वे इसके लिए तैयार हैं। यह बयान ऐसे समय आया है, जब दोनों देशों के बीच तनाव बना हुआ है।
क्यूबा के उप विदेश मंत्री कार्लोस फर्नांडीज डी कोसियो ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस धमकी के बाद यह बात कही है, जिसमें ट्रंप ने क्यूबा को तेल देने वाले देश पर टैरिफ लगाने की धमकी दी थी। उन्होंने कहा, ‘हम बातचीत के लिए तैयार हैं। अगर हम बातचीत कर सकते हैं, तो शायद इससे बातचीत की शुरुआत हो सकती है।’ कोसियो ने कहा कि क्यूबा अमेरिका के साथ इस मकसद से कि हमारे दोनों देशों के बीच मतभेदों के बावजूद हम एक सम्मानजनक, गंभीर सह-अस्तित्व बनाए रख सकें, अनौपचारिक बातचीत के लिए तैयार है।’
लेकिन कोसियो ने इस बात पर ज़ोर दिया कि क्यूबा के लिए कुछ चीजें बातचीत से बाहर हैं, जिसमें देश का संविधान, अर्थव्यवस्था और सरकार की प्रणाली शामिल है, जो समाजवादी है। क्यूबा एक गंभीर आर्थिक संकट, लगातार बिजली कटौती, वेनेजुएला से तेल शिपमेंट में रुकावट और अमेरिकी प्रतिबंधों से जूझ रहा है, जिसके बारे में क्यूबा के अधिकारियों का कहना है कि मार्च 2024 और फरवरी 2025 के बीच देश को 7.5 अरब अमेरिकी डॉलर से ज़्यादा का नुकसान हुआ है।
पीएम मोदी की ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत इस्राइल में 300 पेड़ लगाए गए
इस्राइल के मोशव नेवातिम इलाके में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और यहूदी त्योहार टू बिशवत को साथ मिलकर मनाया गया, जिसके तहत कम से कम 300 पेड़ लगाए गए। टू बिशवत को इस्राइल में पर्यावरण जागरूकता दिवस के रूप में मनाया जाता है।
इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय दूतावास ने केरेन कायमेट लेइजराइल और मोशव नेवातिम के सहयोग से किया था। यह आयोजन पर्यावरण स्थिरता, सामुदायिक भागीदारी और भारत और इस्राइल के बीच लोगों के आपसी संबंधों के प्रति साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक था। इस्राइल के पर्यावरण संरक्षण मंत्रालय के महानिदेशक रामी रोजेन, इस्राइल में भारत के राजदूत जेपी सिंह और बनेई शिमोन क्षेत्रीय परिषद के प्रमुख नीर जमीर ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।
सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘टू बिशवत और एक पेड़ मां के नाम दोनों ही पेड़ों को सामुदायिक जुड़ाव और स्थायी जीवन के केंद्र में रखते हैं। ये साझा प्रथाएं भारत और इज़राइल के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों और मजबूत लोगों के आपसी संबंधों को दर्शाती हैं, जो प्रकृति, समुदाय और साझा मूल्यों पर हमारे दोनों देशों द्वारा दिए जाने वाले महत्व को रेखांकित करती हैं।’
भारतीय राजदूत ने इस बात पर जोर दिया कि, ‘मुझे पूरा विश्वास है कि ये पेड़ भारत-इस्राइल दोस्ती के स्थायी प्रतीक के रूप में खड़े रहेंगे, और इस बंधन को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएंगे।’
कार्की ने माना- जेन-जी विद्रोह सरकारी विफलता
नेपाल की पीएम सुशीला कार्की ने पिछले साल 8-9 सितंबर को हुए जेन-जी विद्रोह को सत्ता की विफलताओं का आईना बताया है। राष्ट्रीय सभा में बोलते हुए कार्की ने स्वीकारा, यह आंदोलन युवाओं की आकांक्षाओं की उपेक्षा, व्याप्त भ्रष्टाचार और सुशासन की कमी के विरुद्ध उभरा एक आक्रोश था। कार्की ने कहा, यह विद्रोह एक ऐसा दर्पण है, जिसमें हम अपनी शासकीय त्रुटियां और आचरणगत कमजोरियां देख रहे हैं। उन्होंने माना, कार्यपालिका, न्यायपालिका और व्यवस्थापिका द्वारा समय पर जिम्मेदारी न निभाने के कारण देश को बड़ी क्षति हुई। पीएम ने घोषणा की कि सरकार ने आंदोलन में मारे गए लोगों को शहीद घोषित कर उनके परिवारों को राहत दी है। साथ ही, आंदोलनकारियों के साथ मांगों को लेकर एक ऐतिहासिक समझौता भी किया गया है।
आंदोलन में लूटे गए ज्यादातर हथियार जब्त
आगामी चुनावों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने जानकारी दी कि 5 मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने बताया कि आंदोलन के दौरान लूटे गए अधिकांश हथियार बरामद कर लिए गए हैं और एकीकृत सुरक्षा योजना लागू है।
नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने इस चुनाव को केवल जनप्रतिनिधि चुनने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि एक नई राजनीतिक संस्कृति की शुरुआत बनाने का आह्वान किया। कार्की ने सभी दलों से स्वच्छ और भयमुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न कराने की अपील की।





