पाकिस्तान में सुरक्षा बलों की आतंकियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में करीब 20 आतंकी ढेर
आज: संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण, केजरीवाल-लालू से राहुल तक से जुड़े अलग-अलग मामलों में सुनवाई
देश और दुनिया में कई अहम घटनाएं सामने आई हैं। क्रिकेट में भारत ने इतिहास रचते हुए तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीत लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन बनाए, जिसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ भारत टी20 विश्व कप तीन बार जीतने वाली पहली टीम बन गया। राजनीति के मोर्चे पर संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण सोमवार से शुरू हो रहा है, जिसमें पश्चिम एशिया के हालात, भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और अन्य मुद्दों पर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर पश्चिम एशिया के मौजूदा संकट पर संसद में बयान देंगे। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सबका साथ, सबका विकास विषय पर आयोजित वेबिनार को भी संबोधित करेंगे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान में बड़ा राजनीतिक बदलाव हुआ है। अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को देश का नया सर्वोच्च नेता घोषित किया गया है। इसी बीच पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर वैश्विक तेल बाजार पर भी पड़ रहा है। भारत ने ऊर्जा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अमेरिका, रूस और अफ्रीका समेत कई देशों से कच्चे तेल की खरीद बढ़ा दी है। देश में मौसम का मिजाज भी बदल रहा है। उत्तर भारत के कई इलाकों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है और राजस्थान के पिलानी में 40.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी जारी रह सकती है। वहीं सरकार ने भूकंप जोखिम से जुड़े नए सिस्मिक जोन-6 मानक को फिलहाल वापस लेते हुए पुराना मानक फिर से लागू कर दिया है।
आज: संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण, केजरीवाल-लालू से राहुल तक से जुड़े अलग-अलग मामलों में सुनवाई
आज 9 मार्च 2026 को कृष्ण पक्ष की षष्ठी है। संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण आज से शुरू हो रहा है। यह चरण 2 अप्रैल तक चलेगा। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक वेबिनार को संबोधित करेंगे।
शिक्षा मंत्रालय के पोस्ट-बजट वेबिनार को संबोधित करेंगे पीएम मोदी
शुरुआत प्रधानमंत्री से। पीएम नरेंद्र मोदी सोमवार को बजट के बाद आयोजित वेबिनार को संबोधित करेंगे, जिसका विषय होगा “सबका साथ, सबका विकास–जनता की आकांक्षाओं की पूर्ति: शिक्षा, कौशल और विश्वविद्यालय टाउनशिप”। वेबिनार में भारत की शिक्षा, कौशल और एवीजीसी–क्रिएटर अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए केंद्रीय बजट 2026-27 की पहलों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस वेबिनार का उद्देश्य बजट में घोषित योजनाओं को जमीन पर लागू करने के लिए रणनीति तैयार करना, समय-सीमा तय करना, विभिन्न मंत्रालयों के बीच समन्वय स्थापित करना और कार्यान्वयन के स्पष्ट रास्ते तय करना है।
संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण
संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू हो रहा है। माना जा रहा है कि इस सत्र के दौरान लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला को हटाने के विपक्ष के प्रस्ताव पर चर्चा हो सकती है। विपक्ष ने उन पर आरोप लगाया है कि उन्होंने खुले तौर पर पक्षपातपूर्ण तरीके से काम किया है। कांग्रेस ने कहा है कि यह प्रस्ताव नियमों और परंपराओं के अनुसार है। ईरान में चल रहे युद्ध पर भी विपक्ष सत्ता पक्ष को घेर सकता है। बजट सत्र का दूसरा चरण 2 अप्रैल तक चलेगा।
दिल्ली आबकारी नीति
दिल्ली आबकारी नीति मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट में सोमवार को सुनवाई होगी। यह मामला हाईकोर्ट की जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की एकल पीठ के समक्ष सूचीबद्ध है। दरअसल, दिल्ली की आबकारी नीति से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में सीबीआई ने राउज एवेन्यू कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के साथ सभी 23 आरोपियों को आरोपमुक्त कर दिया था।
राष्ट्रीय महिला आयोग जन सुनवाई
जयपुर में सोमवार को ‘राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत महिला जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर स्वयं उपस्थित रहकर महिलाओं की शिकायतें सुनेंगीं। महिला जनसुनवाई सोमवार, 9 मार्च को प्रातः 11 बजे से राजस्थान पुलिस अकादमी के बैठक कक्ष में आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से संबंधित विभिन्न प्रकार की शिकायतें- जैसे पारिवारिक विवाद, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, संपत्ति विवाद औरअन्य सामाजिक मुद्दों से जुड़ी समस्याओं पर सुनवाई की जाएगी
नेशनल हेराल्ड से जुड़े मामले पर सुनवाई
नेशनल हेराल्ड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सोमवार को दिल्ली हाईकोर्ट सुनवाई करेगा। यह सुनवाई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की उस याचिका पर होगी, जिसमें ट्रायल कोर्ट के फैसले को चुनौती दी गई है। ट्रायल कोर्ट ने कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अन्य आरोपियों के खिलाफ ईडी की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया था। इसी फैसले को ईडी ने हाईकोर्ट में चुनौती दी है।
राहुल गांधी के दोहरी नागरिकता मामले पर सुनवाई
इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में राहुल गांधी के खिलाफ कथित दोहरी नागरिकता मामले में सोमवार को सुनवाई होगी। याचिका में एफआईआर दर्ज कर विस्तृत जांच की मांग की गई है।
राहुल गांधी से जुड़े एक और मामले पर सुनवाई
कांग्रेस नेता राहुल गांधी से जुड़े मामले पर एमपी-एमएलए कोर्ट में सोमवार को सुनवाई होगी। यह गृह मंत्री अमित शाह पर कथित टिप्पणी से जुड़ा आठ वर्ष पुराना मानहानि मामला है।
लैंड फॉर जॉब मामले में सुनवाई
लैंड‑फॉर‑जॉब मामले में सोमवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सुनवाई होगी। इस मामले में लालू परिवार सहित कुल 41 लोगों पर आरोप है।

भारत ने इतिहास बदलकर नया अध्याय लिख दिया: टीम इंडिया तीसरी बार टी20 चैंपियन, न्यूजीलैंड को 96 रन से दी शिकस्त
टी20 विश्वकप 2026 का फाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। भारत ने 255 रन बनाए। जवाब में कीवी टीम 159 रन पर सिमट गई।

Parliament: संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण आज से, पश्चिम एशिया के हालात पर बयान देंगे जयशंकर
संसद के बजट सत्र का सोमवार से दूसरा चरण शुरू हो रहा है। इसके भी हंगामेदार रहने के आसार हैं। सत्र के पहले दिन लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला को पद से हटाने के लिए विपक्ष के प्रस्ताव पर चर्चा होगी। इसके लिए एनडीए और विपक्षी गठबंधन के दलों ने अपने सांसदों को उपस्थित रहने का व्हिप भी जारी किया है। हालांकि सरकार के संख्या बल के आधार पर विपक्ष का प्रस्ताव पारित होने की उम्मीद नहीं है। 9 मार्च से 2 अप्रैल तक चलने वाले इस दूसरे चरण में पश्चिम एशिया के संघर्ष से लेकर भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर भी पक्ष-विपक्ष में तकरार के आसार हैं। बजट सत्र के पहले चरण में 28 जनवरी से 13 फरवरी कार्यवाही चली थी।

मोजतबा खामेनेई चुने गए ईरान के नए सुप्रीम लीडर, ईरानी सरकार ने किया एलान
ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई को उनका उत्तराधिकारी घोषित किया गया है। ईरानी सरकारी टीवी ने सोमवार तड़के इसकी घोषणा की। यह फैसला ऐसे समय लिया गया है, जब अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद शुरू हुआ युद्ध अब एक नाटकीय मोड़ पर पहुंच गया है। मोजतबा खामेनेई को लंबे समय से इस पद का संभावित दावेदार माना जा रहा था। उल्लेखनीय है कि मोजतबा ने इससे पहले कभी भी किसी सरकारी पद के लिए चुनाव नहीं लड़ा और न ही उन्हें किसी पद पर नियुक्त किया गया था।

पीएम मोदी ने किया एलान- लखपति दीदी योजना का होगा विस्तार, तीन करोड़ और महिलाओं को जोड़ा जाएगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर दिल्ली में विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान ‘लखपति दीदी’ योजना के विस्तार का एलान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने देश में तीन करोड़ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर लखपति दीदी बनाने का जो लक्ष्य रखा था, वह पूरा हो चुका है और अब इस योजना के तहत तीन करोड़ और महिलाओं को जोड़ा जाएगा। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि देश की नारी शक्ति के आशीर्वाद से यह लक्ष्य भी निश्चित रूप से पूरा होगा

सबका साथ, सबका विकास वेबिनार: पीएम मोदी आज करेंगे संबोधित, जानें शिक्षा-रोजगार समेत किन मुद्दों पर होगा फोकस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को ‘सबका साथ, सबका विकास: जनता की आकांक्षाओं की पूर्ति’ विषय पर आयोजित वेबिनार को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित किया जाएगा। सरकार का कहना है कि इस वेबिनार का उद्देश्य बजट में घोषित योजनाओं और नीतियों को जमीन पर लागू करने के लिए सरकार, उद्योग जगत और विशेषज्ञों के बीच संवाद को मजबूत करना है

भूकंप जोन-6 का नया नक्शा रद्द: सरकार ने फिर लागू किया पुराना सिस्मिक मानक, जानें नए मानकों पर क्या सवाल उठे
भारत में भूकंप जोखिम को लेकर लागू किए गए नए सिस्मिक जोन-6 मानक को केंद्र सरकार ने वापस ले लिया है। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) ने नई अधिसूचना जारी कर बताया कि पहले लागू किया गया संशोधित भूकंपीय मानक अब रद्द कर दिया गया है। इसके साथ ही भवन निर्माण के लिए पहले वाला 2016 का मानक फिर से लागू कर दिया गया है।

पश्चिम एशिया तनाव: तेल संकट के बीच भारत ने बदली आयात रणनीति, अफ्रीका समेत इन देशों से बढ़ाई कच्चे तेल की खरीद
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही पर बढ़ते खतरे के बीच भारत ने अपनी तेल आपूर्ति को सुरक्षित रखने के लिए बड़ा कदम उठाया है। भारतीय रिफाइनरी कंपनियों ने अब अमेरिका, लैटिन अमेरिका, रूस और पश्चिम अफ्रीका जैसे वैकल्पिक स्रोतों से कच्चे तेल की खरीद बढ़ा दी है। इसका उद्देश्य देश में ईंधन की आपूर्ति को स्थिर रखना और किसी संभावित संकट से बचाव करना है।

गर्मी के तेवर हुए तीखे, पहाड़ो पर छाई धूप; उत्तर में 35 डिग्री के पार पहुंचा पारा, कब राहत की उम्मीद?
देश के कई हिस्सों में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। उत्तर भारत के कई शहरों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मैदानी इलाकों में राजस्थान के झुंझुनूं जिले के पिलानी में सबसे अधिक 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।

भारतीय टीम ने कब-कौन सा आईसीसी टूर्नामेंट जीता? 1983 से लेकर 2026 तक जानें पूरा इतिहास
भारत ने तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीत लिया है। रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में भारत ने संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 255 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में सिर्फ 159 रन ही बना सकी और भारत ने 96 रन से मैच जीत लिया। इसी के साथ टीम इंडिया तीन टी20 विश्व कप खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई। भारतीय टीम ने कब-कब आईसीसी के टूर्नामेंट पर कब्जा जमाया है, इसके बारे में हम यहां आपको बता रहे हैं। आइये जानते हैं.

T20 WC: ‘मेरी जवाबदेही 30 लोगों के प्रति’ आलोचनाओं पर गंभीर की दो टूक; संन्यास लेने पर क्या बोले सूर्यकुमार?
भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने टी20 विश्व कप में खिताबी जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर उनकी नीतियों को लेकर होने वाली आलोचनाओं पर भी बयान दिया। गंभीर ने स्पष्ट रूप से कहा कि उनकी जवाबदेही सोशल मीडिया पर लिखने वालों के प्रति नहीं, बल्कि ड्रेसिंग रूम में बैठे 30 लोगों के प्रति है।
पाकिस्तान में सुरक्षा बलों की आतंकियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में करीब 20 आतंकी ढेर
पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने आतंकियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मुठभेड़ में करीब 20 आतंकियों को ढेर कर दिया है। खैबर पख्तूनख्वा में सुरक्षा बलों ने पांच अलग-अलग खुफिया अभियानों में 13 आतंकवादियों को मार गिराया है। सेना की मीडिया विंग आईएसपीआर ने रविवार को बताया कि ये अभियान 6 और 7 मार्च को चलाए गए थे। सबसे बड़ी कार्रवाई बाजौर जिले में हुई, जहां भीषण गोलाबारी के बाद पांच आतंकियों को ढेर कर दिया गया। इसके अलावा बन्नू, डेरा इस्माइल खान, खैबर और दक्षिण वजीरिस्तान जिलों में हुई मुठभेड़ों में आठ अन्य आतंकी मारे गए।
पाकिस्तान के पंजाब में TTP के 4 आतंकवादी मारे गए
पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने रविवार रात पंजाब प्रांत में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के चार आतंकवादियों को मार गिराया। पंजाब पुलिस के काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट (CTD) के अनुसार, पंजाब का डेरा गाजी खान जिला एक बड़े आतंकवादी हमले से बाल-बाल बच गया, क्योंकि ‘फितना अल-खवारिज’ (TTP) के चार आतंकवादी सीमावर्ती गांव जोतार के पास CTD के साथ गोलीबारी में मारे गए।
CTD ने कहा, ‘इलाके में लगभग 15 आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद एक खुफिया ऑपरेशन चलाया, जिन्होंने DG खान में पुलिस चेकपॉइंट और अन्य सरकारी ठिकानों पर हमला करने की योजना को अंतिम रूप दिया था। जैसे ही काउंटर टेरेरिज्म टीम उस जगह पर पहुंची, आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। सीटीडी के कर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप चार आतंकवादी मारे गए। 11 अन्य आतंकवादी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहे। आतंकवादियों के पास से राइफल, गोला-बारूद और विस्फोटक सामान समेत हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए।






Add comment