सूडान में नील नदी में पलटी नाव, कम से कम 15 की मौत; यमन में प्रदर्शन के दौरान पांच की मौत
देश-दुनिया में आज कई अहम मोर्चों पर बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। अमर उजाला शब्द सम्मान 2025 समारोह में सुर और साहित्य का खास संगम दिखा, जहां उस्ताद शुजात हुसैन खान की सितार प्रस्तुति के बीच कई प्रमुख साहित्यकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने शब्द और संगीत के रिश्ते को केंद्र में रखा। दूसरी ओर बांग्लादेश में आम चुनाव हो रहे हैं। राजनीतिक अस्थिरता, अंतरिम सरकार के फैसलों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की खबरों के बीच कड़ी सुरक्षा में मतदान कराया जा रहा है, जबकि नतीजों की विश्वसनीयता पर भी बहस जारी है। वहीं, मौसम के मोर्चे पर उत्तर भारत में नया बदलाव दिख रहा है। पश्चिमी हिमालयी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है, जबकि मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ने का अनुमान है। सियासत में कांग्रेस पर एक नई किताब के हवाले से राष्ट्रीय हितों से समझौते के आरोपों को लेकर विवाद गहराया है। विदेश मोर्चे पर ईरान ने अमेरिका पर भरोसा कम होने की बात कही है और साफ किया है कि वह बातचीत और जवाबी कार्रवाई दोनों के लिए तैयार है। मुंबई के भायखला में एक 18 मंजिला इमारत में लिफ्ट गिरने से पांच लोग घायल हुए हैं। बैंकिंग क्षेत्र में आरबीआई ने लोन के साथ जबरन बीमा बेचने पर सख्त रुख दिखाया है। खेल जगत में भारत-पाकिस्तान टी20 मुकाबले से पहले बयानबाजी तेज है। वहीं मनोरंजन जगत में जानी ने अरिजीत सिंह के साथ तस्वीरें साझा कर भावुक संदेश दिया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने भी पुलिस कार्रवाई पर सख्त टिप्पणी की है।
बांग्लादेश में आज चुनाव: कब तक आएंगे नतीजे, अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा के बीच क्या हैं सुरक्षा इंतजाम
बांग्लादेश में आज (12 फरवरी) को आम चुनाव का आयोजन किया जाना है। इन चुनावों पर भारत से लेकर अमेरिका और चीन से लेकर पाकिस्तान तक की नजर बनी हुई है। खासकर बांग्लादेश में लगातार बदलती स्थिति को देखते हुए। दरअसल, भारत के इस पड़ोसी मुल्क में प्रधानमंत्री शेख हसीना के हटने के बाद से धार्मिक हिंसा में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसे लेकर कई संगठनों ने आंकड़े भी जारी किए हैं। दूसरी तरफ इन चुनावों की विश्वसनीयता को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। इसकी वजह यह है कि इन चुनाव में मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार ने सबसे बड़ी पार्टी- आवामी लीग को ही प्रतिबंधित करवा दिया। इसके अलावा राजनीतिक हिंसा की कई घटनाएं सामने आ रही हैं, जो कि निष्पक्ष चुनाव के दावों पर भी प्रश्न चिह्न लगा रही हैं।

अमर उजाला शब्द सम्मान 2025: सितार की छांव में सुर और साहित्य का हुआ अनोखा संगम, शब्द साधकों को मिला सम्मान
शब्द और सुर अलग-अलग नहीं, बल्कि एक ही नदी के दो किनारे हैं। साहित्य वह रंग है, जो सुरों के कैनवास पर भावों की आकृति उकेरता है और संगीत वह लय है, जो शब्दों के भीतर प्राण फूंककर उन्हें थिरकने पर मजबूर कर देती है। सुरों के पास यदि शब्दों का आधार न हो तो वे एक अनकही पहेली की तरह भटकते रहते हैं। एक संगीतकार जब साहित्य पढ़ता है तो उसे अपनी तान में पिरोने के लिए एक ‘कहानी’ मिलती है

मौसम ने ली नई करवट, हिमालयी राज्यों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट; मैदानी इलाकों में चढ़ेगा पारा
उत्तर भारत का मौसम फिर बदलने जा रहा है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं, जबकि मैदानी इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ेगा। मौसम की यह करवट सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और ऊपरी वायुमंडल में बने ट्रफ के कारण मानी जा रही है। पहाड़ों में ठंड दोबारा तेज हो सकती है, जबकि मैदानों में सर्दी कमजोर पड़ती दिखेगी।

कांग्रेस ने निजी लाभ के लिए राष्ट्रीय हितों को बेचा, पॉल एम मैकगेरकी की किताब के हवाले से कई दावे
पूर्व सेनाध्यक्ष एमएम नरवणे की किताब को लेकर जारी सियासत के बीच दक्षिण एशिया में शीतयुद्ध काल में जासूसी गतिविधियों पर आधारित एक नई किताब में भारतीय राजनीति को लेकर कई चौंकाने वाले दावे किए गए हैं। इस किताब के सामने आने से कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

अमेरिका पर भरोसा नहीं कर पा रहा ईरान, विदेश मंत्री अराघची बोले- हम बातचीत और जंग दोनों के लिए तैयार
ईरान ने अमेरिका के साथ परमाणु मुद्दे पर चल रही बातचीत के बीच सख्त और साफ संदेश दिया है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि उनका देश कूटनीतिक समाधान के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन अगर हमला हुआ तो जवाब देने के लिए भी पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि बातचीत ही एकमात्र रास्ता है, लेकिन हाल की घटनाओं ने अमेरिका पर भरोसा कमजोर किया है। उनके बयान से साफ है कि वार्ता और तनाव दोनों साथ-साथ चल रहे हैं।

Lift Crash: मुंबई के भायखला में बड़ा हादसा, 18 मंजिला इमारत की गिरी लिफ्ट; पांच लोग घायल, इलाज जारी
मुंबई के मध्य क्षेत्र भायखला में बुधवार रात एक 18 मंजिला रिहायशी इमारत में लिफ्ट गिरने से कम से कम पांच लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा रात करीब 10 बजे घोडापदेव क्रॉस लेन नंबर 1 स्थित जय कृपा टॉवर में हुआ।

लोन के साथ बीमा खरीदने का दबाव तो नहीं बना रहा आपका बैंक?: आरबीआई का यह अपडेट जान लीजिए, मिल सकता है हर्जाना
क्या आप भी बैंकों के लगातार आने वाले अनचाहे कॉल्स या लोन लेते समय जबरन चिपकाए गए बीमा उत्पादों से परेशान हैं? अगर हां, तो भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) आपके लिए बड़ी राहत लेकर आया है। केंद्रीय बैंक ने बैंकों और वित्तीय संस्थानों में ‘मिस-सेलिंग’ (गलत तरीके से उत्पाद बेचना) की संस्कृति को खत्म करने के लिए बुधवार को एक ऐतिहासिक कदम उठाया है।

भारत के खिलाफ मैच से पहले साहिबजादा फरहान का बड़बोलापन, हाई-प्रेशर मैच को बताया ‘सामान्य’ मुकाबला
भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में टी20 विश्व कप 2026 का हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। हमेशा की तरह इस मैच पर भी सभी की निगाहें होंगी। इससे पहले पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने अपना बड़बोलापन दिखाया है। उन्होंने कहा कि भारत के खिलाफ मुकाबले में उनकी टीम सामान्य मैचों की तरह ही खेलेगी। उनकी टीम पर कोई दबाव नहीं है।

इलाहाबाद हाईकोर्ट का सिस्टम पर चाबुक, पुलिस पर सख्ती; कहा- वाहवाही के लिए नहीं लगा सकती किसी पर गैंस्टर
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि अपनी पीठ थपथपाने व महिमामंडन के लिए पुलिस किसी नागरिक पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई नहीं कर सकती। यह एक्ट सामान्य धाराओं की अपग्रेडेड कॉपी नहीं है, जिसे हर मामले में लगा दिया जाए।

अरिजीत सिंह के साथ राजीव अरोड़ा ने शेयर की प्यारी तस्वीरें, किया शुक्रिया; लिखा- ‘स्वा सत साल बाद…’
राजीव अरोड़ा, जिन्हें पेशेवर रूप से जानी के नाम से जाना जाता है। पंजाबी और हिंदी भाषा के लिए मशहूर गीतकार और संगीतकार जानी ने आज अरिजीत सिंह के साथ कई शानदार तस्वीरें शेयर कीं। इसके साथ ही उन्होंने सिंगर के लिए एक दिल छू लेने वाला नोट भी लिखा है।
किसान संगठनों और केंद्रीय ट्रेड यूनियनों की देशव्यापी हड़ताल आज; नगालैंड में तदर्थ शिक्षकों भूख हड़ताल
केंद्र सरकार की श्रमिक नीतियों के खिलाफ केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच ने बृहस्पतिवार को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। यूनियनों का दावा है कि इसमें करीब 30 करोड़ श्रमिक शामिल हो सकते हैं। ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस की महासचिव अमरजीत कौर ने कहा कि बिजली, बैंक, बीमा, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, गैस व जलापूर्ति क्षेत्रों पर असर पड़ सकता है। हालांकि सभी बैंक यूनियनें हड़ताल में शामिल नहीं होंगी। संयुक्त किसान मोर्चा व कृषि मजदूर संगठनों ने भी हड़ताल को समर्थन दिया है। वे मनरेगा बहाली व श्रम कानूनों में बदलाव वापस लेने की मांग कर रहे हैं।
नगालैंड में तदर्थ शिक्षकों ने सेवा नियमितीकरण में देरी के विरोध में शुरू की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल
नगालैंड सरकार की कथित टालमटोल की नीति से नाराज होकर राज्य के 2015 बैच के तदर्थ स्कूल शिक्षकों के एक समूह ने बुधवार को अपने 1,166 शिक्षकों की तत्काल सेवा नियमितीकरण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। बुधवार को अखिल नागालैंड तदर्थ शिक्षक समूह (एएनएटीजी)-2015 आंदोलन का सातवां दिन है, जिसे उन्होंने 4 फरवरी को शांत तरीके से शुरू किया था। आंदोलन के बीच, नगालैंड सरकार ने 1990 के दशक के उत्तरार्ध और 2012 के बीच स्कूल शिक्षा विभाग के तहत संविदा/तदर्थ आधार पर नियुक्त शिक्षकों से मिलकर बने एएनएटीजी-2015 के लंबे समय से लंबित नियमितीकरण प्रक्रिया की स्थिति का विवरण दिया। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि मई 2017 में योग्यता परीक्षा आयोजित की गई थी, जो 2008 और 2016 के पी एंड एआर कार्यालय ज्ञापनों के अनुरूप थी। इन ज्ञापनों में तीन वर्ष की निरंतर सेवा के बाद नियमितीकरण का प्रावधान था, बशर्ते परीक्षा उत्तीर्ण की जाए और मंत्रिमंडल की मंजूरी प्राप्त हो। परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले सभी 1,166 शिक्षकों को नियमितीकरण के लिए अनुशंसित किया गया और 26 अक्टूबर, 2017 को मंत्रिमंडल को एक ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।
पीएम मोदी का विमान 14 को डिब्रूगढ़ के राष्ट्रीय राजमार्ग पर उतरेगा
गुवाहाटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 फरवरी को असम के डिब्रूगढ़ जिले में एक नेशनल हाईवे पर बनी इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ईएलएफ) पर उतरेंगे। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बताया कि इस मौके पर वायुसेना के राफेल और सुखोई जैसे 16 लड़ाकू विमान एयरशो करेंगे। यह पहली बार है जब किसी ईएलएफ पर इतना बड़ा अभ्यास होगा। पीएम यहां से गुवाहाटी जाएंगे, जहां ब्रह्मपुत्र नदी पर बने नए पुल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद आईआईएम के अस्थायी परिसर और हाइपरस्केल डाटा सेंटर का लोकार्पण करेंगे। पीएम मोदी खानापारा में भाजपा के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। गौरतलब है कि विधानसभा चुनावों से पहले तीन महीनों में प्रधानमंत्री का यह तीसरा असम दौरा है। ब्यूरो
एनएसजी का ऑरोविले में डार्क नाइट आतंकवाद रोधी अभ्यास
राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) ने ऑरोविले टाउनशिप में डार्क नाइट आतंकवाद रोधी अभ्यास किया। तीन दिन तक चले अभ्यास में एनएसजी की 27वीं स्पेशल कॉम्पोजिट ग्रुप (एससीजी) यूनिट का सहयोग विलुपुरम जिला पुलिस ने किया। 120 से अधिक कमांडो ने अत्याधुनिक उपकरणों का उपयोग किया। ऑरोविले फाउंडेशन की सचिव और गुजरात की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जयंती एस रवि ने रणनीतिक समन्वय की निगरानी की। अभ्यास का मुख्य आकर्षण डार्क नाइट ऑपरेशन रहा। इसमें घुप्प अंधेरे में सामरिक गतिविधियों का अभ्यास किया गया। एनएसजी टीम ने रात में उड़ान भरने में सक्षम ड्रोन और थर्मल सर्विलांस कैमरों के जरिये पूरे क्षेत्र की निगरानी की। इससे अंधेरे में भी वास्तविक-समय की ट्रैकिंग व रणनीतिक नियंत्रण संभव हुआ। अभ्यास में प्रशिक्षित हमलावर कुत्तों को सीमित स्थानों में उच्च-जोखिम वाले कमरों में घुसकर आतंकियों को निष्क्रिय करने के लिए और विस्फोटक खोजी कुत्तों को बमों का सटीक पता लगाने और उन्हें निष्क्रिय करने के लिए तैनात किया गया।
भुवनेश्वर में प्रेमिका के पुरुष मित्र की हत्या के आरोप में एक शख्स गिरफ्तार
ओडिशा के भुवनेश्वर में एक शख्स ने अपनी प्रेमिका के एक पुरुष मित्र की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को बताया कि भुवनेश्वर में अपनी प्रेमिका के पुरुष मित्र की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान जगतसिंहपुर जिले के निवासी दिनेश नायक के रूप में हुई है और मृतक की पहचान सत्यब्रत प्रधान के रूप में हुई है। विवाहित होने के बावजूद नायक का कुछ समय से नीलाद्री विहार में रहने वाली एक महिला के साथ रिश्ते में था। हालांकि, एसीपी (जोन-6) सोनाली सिंह परमार ने बताया कि नायक को शक था कि उसकी प्रेमिका का किसी और पुरुष के साथ भी संबंध है। पुलिस ने बताया कि रविवार रात को नायक ने महिला को कई बार फोन किया, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। इसलिए, वह रविवार और सोमवार की दरमियानी रात को नीलाद्री विहार स्थित उसके घर गया और उसे प्रधान के साथ देख लिया। एक अन्य व्यक्ति के साथ महिला को देखने के बाद, दोनों के बीच तीखी बहस छिड़ गई जो हिंसा में तब्दील हो गई। महिला ने प्रधान को बचाने की कोशिश की, लेकिन नायक ने उसकी गर्दन पर चाकू से वार कर दिया।
सूडान में नील नदी में पलटी नाव, कम से कम 15 की मौत; यमन में प्रदर्शन के दौरान पांच की मौत
सूडान में नील नदी पर एक यात्री नाव पलटने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। एक चिकित्सा समूह ने यह जानकारी दी। सूडान डॉक्टर्स नेटवर्क, जो देश में चल रहे युद्ध पर नजर रखने वाला एक चिकित्सा समूह है, ने बताया कि महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 27 लोगों को ले जा रही नौका उत्तरी नील नदी प्रांत में डूब गई। समूह ने बताया कि कम से कम 15 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि निवासी और बचाव दल कम से कम छह अन्य पीड़ितों की तलाश कर रहे हैं। समूह ने कहा कि छह लोग इस त्रासदी में बच गए।
यमन में सुरक्षा बलों द्वारा अलगाववादी प्रदर्शन को तितर-बितर करने के दौरान कम से कम 5 की मौत, कई घायल
अधिकारियों और अलगाववादियों ने बुधवार को बताया कि यमन के मुख्य अलगाववादी समूह के समर्थकों और स्थानीय सुरक्षा बलों के बीच हुई झड़पों में कम से कम पांच लोग मारे गए हैं और दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार में नव नियुक्त कानूनी मामलों के मंत्री एशराक अल-मक्तारी ने एक्स पर लिखा कि शबवा प्रांत में ‘दर्दनाक घटनाएं’ घटी हैं। प्रत्यक्षदर्शियों खालिद अल-मेरफेदी और सलेम लाहतल ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि यमन की अलगाववादी दक्षिणी संक्रमणकालीन परिषद के समर्थकों द्वारा अताक शहर में प्रांत के स्थानीय प्रशासनिक प्राधिकरण भवन पर धावा बोलने के दौरान झड़पें भड़क उठीं, जिसके दौरान यमनी ध्वज को उतारने का प्रयास किया गया।
अजरबैजान से अगवा गुजराती दंपती सुरक्षित बचाए गए, भारतीय दूतावास ने 24 घंटे में छुड़ाया
अमेरिका जाने की कोशिश कर रहे गुजरात के आणंद जिले के एक दंपती को अजरबैजान में अगवा कर लिया गया। विदेश मंत्रालय के हस्तक्षेप के बाद ध्रुव पटेल और उनकी पत्नी दीपिका को सुरक्षित बचा लिया गया है। आणंद के सांसद मितेश पटेल ने मंगलवार को बताया कि अपहरणकर्ताओं ने फिरौती के लिए उन्हें बंधक बनाया था और पैसे न मिलने पर जान से मारने की धमकी दी थी। गौरतलब है कि, दंपती अवैध तरीके से अमेरिका पहुंचने के लिए एजेंटों के जरिये यात्रा कर रहे थे। दो दिन पहले परिजनों ने अपहरण की सूचना मिलने पर सांसद से संपर्क किया। मितेश पटेल ने दिल्ली में विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की। इसके बाद भारतीय दूतावास ने 24 घंटे के भीतर दोनों को अजरबैजान के बाकू से छुड़ा लिया। सांसद ने युवाओं से अपील की है कि वे अवैध रास्तों से विदेश जाने का जोखिम न उठाएं।
ट्रंप का फिर दावा, टैरिफ की धमकी से रोका भारत और पाकिस्तान युद्ध
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर दावा किया कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच संभावित परमाणु युद्ध को रुकवाया। एक साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा कि पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के बाद उपजे तनाव के दौरान उन्होंने टैरिफ (व्यापार शुल्क) लगाने की चेतावनी दी थी। इसके दबाव में आकर दोनों देश संघर्षविराम को राजी हुए। ट्रंप के अनुसार पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने एक करोड़ लोगों की जान बचाने के लिए उनका आभार भी जताया।
श्रीलंका : सांसद की हत्या के 12 संदिग्धों को मौत की सजा
श्रीलंका की एक अदालत ने सांसद अमरकीर्ति अथुकोरले और उनके सुरक्षा अधिकारी की हत्या के मामले में 12 संदिग्धों को मौत की सजा सुनाई है। गम्पाहा हाईकोर्ट ने कुल 41 आरोपियों में से 16 को दोषी पाया, इनमें से 4 को निलंबित कारावास की सजा मिली है। घटना 9 मई 2022 की है, जब देशव्यापी आर्थिक संकट के खिलाफ प्रदर्शन हिंसक हो गए थे। भीड़ ने सांसद की गाड़ी रोककर उनकी बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इसी जनाक्रोश के कारण तत्कालीन राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे को इस्तीफा देना पड़ा था।
धार्मिक भावनाएं आहत करने पर भारतवंशी को 14 सप्ताह की जेल
सिंगापुर की एक अदालत ने धार्मिक भावनाएं आहत करने और एक सरकारी अधिकारी के खिलाफ अपमानजनक शब्दों के इस्तेमाल के मामले में भारतवंशी विक्नेश्वरन वी. मोगनावल को 14 सप्ताह की जेल की सजा सुनाई है। पड़ोसियों के बच्चों के शोर से नाराज होकर उसने दीवाली के दिन कॉरिडोर में सूअर का मांस फैला दिया, जबकि उसे पता था कि वे मलय-मुस्लिम हैं। अभियोजन ने इसे असहिष्णु कृत्य बताया। हालांकि, बाद में आरोपी ने अदालत में माफी मांगते हुए पश्चाताप जताया।
रूसी ड्रोन हमले में पिता और तीन बच्चों की मौत, गर्भवती घायल
यूक्रेन के उत्तर-पूर्वी खार्किव में रूसी ड्रोन हमले में एक घर पूरी तरह तबाह हो गया। इसमें एक पिता और उसके तीन छोटे बच्चों की मौत हो गई। बचावकर्मियों ने 35 सप्ताह की गर्भवती को मलबे से जिंदा निकाला, जो गंभीर रूप से घायल है। अधिकारियों के अनुसार, हमला गेरान-2 ड्रोन से किया गया। रूस ने रातभर में 129 ड्रोन दागे। वहीं, यूक्रेन के ड्रोन हमले से रूस के वोल्गोग्राद में औद्योगिक संयंत्र में आग लगी और कई हवाईअड्डों पर उड़ानों को अस्थायी रूप से रोका गया है।
ईरान : प्रदर्शनों पर राष्ट्रपति पेजेशकियान ने मांगी जनता से माफी
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने देशव्यापी प्रदर्शनों व उसके बाद खूनी कार्रवाई से पीड़ित सभी लोगों से बुधवार को माफी मांगी। राष्ट्रपति ने प्रदर्शनों को लेकर फैलाए कथित पश्चिमी दुष्प्रचार की भी निंदा की। उन्होंने कहा, वह प्रदर्शनों और उनके खिलाफ कार्रवाई के दौरान हुए लोगों के गहरे दुख को समझते हैं लेकिन उन्होंने सीधे तौर पर यह स्वीकार नहीं किया कि इस रक्तपात में ईरानी सुरक्षा बलों की भूमिका थी।
पनामा : कैरेबियन सागर में दो नौकाओं के पलटने से तीन लोगों की मौत
पनामा में कैरेबियन तट पर दो नौकाओं के पलटने से तीन प्रवासियों की मौत हो गई और एक अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पनामा समुद्री प्राधिकरण ने कहा, ये घटनाएं कोलंबिया की सीमा के निकटवर्ती तट के एक सुदूर इलाके में हुईं। नौकाएं कोलंबिया की सीमा से लगे गुना याला इंडीजिनस क्षेत्र में प्यूर्तो ओबाल्डिया की ओर जा रही थीं। 16 यात्रियों के साथ मिरामर से प्रस्थान करने वाली नौकाओं के लिए खोज अभियान चलाया गया।
अल्बानिया में हिंसक हुए सरकार विरोधी प्रदर्शन
अल्बानिया में पीएम एडी रामा के कार्यालय के बाहर हुआ सरकार विरोधी प्रदर्शन मंगलवार रात हिंसक हो गया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारें व आंसू गैस छोड़ीं, जबकि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की ओर मोलोटोव कॉकटेल व बोतलें फेंकीं। संसद भवन के पास भी झड़पें हुईं। घटना में 16 लोग घायल हो गए। 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गत नवंबर से ही यहां सियासी असंतोष बढ़ गया था। अल्बानिया में अभियोजकों ने उप प्रधानमंत्री व ऊर्जा-बुनियादी ढांचा मंत्री बेलिंडा बालुकु पर सरकारी निर्माण ठेकों में दखल का आरोप लगाया था। उन्हें कुछ समय निलंबित कर फिर पद पर बुला लिया गया।
जैविक उत्पादों के वैश्विक व्यापार मेले में भारत कंट्री ऑफ द इयर के लिए नामित
जैविक उत्पादों के लिए विश्व के अग्रणी व्यापार मेले बायोफैच 2026 में भारत को ‘कंट्री ऑफ द इयर’ नामित किया गया है। इसका आयोजन 10 से 13 फरवरी 2026 तक जर्मनी के नूरेमबर्ग में किया जा रहा है। जर्मनी में आयोजित बायोफैच जैविक खाद्य पदार्थों और कृषि को समर्पित विश्व की सबसे बड़ी और सबसे प्रभावशाली प्रदर्शनी है। इसमें भारत की भागीदारी देश की समृद्ध कृषि विरासत, जैविक उत्पादों के वैश्विक आपूर्तिकर्ता की है। भारतीय वाणिज्य-उद्योग मंत्रालय के अधीन कृषि-प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीईडीए) बायोफैच 2026 में भारत की प्रमुख और प्रभावशाली भागीदारी का आयोजन कर रहा है। वह इसमें लगातार अपनी मजबूत उपस्थिति बनाए हुए है। बायोफैच 2026 में जैविक उत्पादों के निर्यातकों, किसान उत्पादक संगठनों सहित 67 सह-प्रदर्शक भी होंगे। भारतीय मंडप में चावल, तिलहन, जड़ी-बूटियां, मसाले, दालें, काजू, अदरक, हल्दी, व जरूरी तेलों सहित कई जैविक उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा।
दुबई एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले यात्रियों में भारत बना शीर्ष गंतव्य
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) का दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, 2025 में भी दुनिया का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा रहा। अधिकारियों ने बताया, 2025 में रिकॉर्ड 9.52 करोड़ यात्रियों ने इसके टर्मिनल से सफर किया। दुबई अंतरराष्ट्रीय से उड़ान भरने वाले यात्रियों के लिए भारत शीर्ष गंतव्य रहा जहां 1.19 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की। इसके बाद सऊदी अरब (75 लाख) और ब्रिटेन (63 लाख) का स्थान रहा। वैश्विक महामारी के बाद पिछले साल पर्यटकों की संख्या 5% बढ़कर 1.96 करोड़ तक पहुंच गई। यह लगातार तीसरा वर्ष है जब रिकॉर्ड आंकड़े दर्ज किए गए।






Add comment