दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सभी 250 वार्ड के लिए आज वोट डाले जाएंगे। इस चुनाव में दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी (आप), निगम में काबिज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। एमसीडी चुनाव में 1.45 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इस चुनाव में कुल 1,349 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान सुबह आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक होगा। वोटों की गिनती 7 दिसंबर को होगी। राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में मतदाताओं की कुल संख्या 1 करोड़ 45 लाख 5 हजार 358 है। इसमें 78 लाख 93 हजार 418 पुरुष, 66 लाख 10 हजार 879 महिलाएं और 1,061 ट्रांसजेंडर हैं।
- कई बुजुर्गों को नहीं मिले बैलेट पेपर, नहीं कर पाएंगे मतदान
- नगर निगम चुनाव में दक्षिण-पश्चिमी व पश्चिमी जिले में 80 साल से अधिक के कई बुजुर्ग वोटर इस बार मतदान से वंचित रह जाएंगे। इन बुजुर्गों के वोट बैलेट पेपर से नहीं लिए जा सके। कुछ बीएलओ ने बताया कि उनके पास अभी तक बैलेट पेपर पहुंचे ही नहीं हैं। वशिष्ठ पार्क की कमलेश सक्सेना ने बताया कि उनकी उम्र 83 साल की है। वह अध्यापक के पद से रिटायर हुई हैं। अब उम्र की वजह से चलने-फिरने में असमर्थ हैं, लेकिन मतदान करना चाहती हैं। उन्हें राज्य चुनाव आयोग की योजना की जानकारी मिली, जिसके बाद उनके परिजनों ने बीएलओ से संपर्क किया पर उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। इसके बाद परिजनों ने निर्वाचन अधिकारी, जिला अधिकारी, पीएमओ और राज्य चुनाव आयोग सभी को ई-मेल के माध्यम से सूचित किया है पर किसी का कोई जवाब नहीं आया है।
- 60 ड्रोन के जरिये होगी निगरानी
- एमसीडी चुनाव को सुचारु ढंग से संपन्न कराए जाने के लिए लगभग 40,000 पुलिस कर्मियों, 20,000 होमगार्डों और अर्धसैनिक एवं राज्य सशस्त्र पुलिस बलों की 108 कंपनियों को तैनात किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 60 ड्रोन विमानों के जरिये नजर रखी जाएगी।
- आप, बीजेपी और कांग्रेस में दिलचस्प मुकाबला
- एमसीडी के रण में बीजेपी, आप, कांग्रेस के अलावा एआईएमआईएम, बीएसपी, जेडीयू, एमसीपी जैसे दलों के उतरने से मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है। दो हफ्ते तक चले प्रचार के दौरान दलों ने अपनी सारी ताकत लगा दी। बीजेपी ने तो 1024 कैंपेन किए और 19 केंद्रीय मंत्री मैदान में उतार दिए। वहीं, आप ने भी 14,862 प्रचार कार्यक्रम कर डाले।
- दिल्ली : एमसीडी चुनाव के मद्देनजर आज बंद रहेंगे थोक, खुदरा बाजार
- दिल्ली में सभी थोक और खुदरा बाजार आज निगम चुनाव के मद्देनजर बंद रहेंगे। एक व्यापारी संगठन ने यह जानकारी दी। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने कहा कि लाजपत नगर, गांधी नगर, कृष्णा नगर, कमला नगर, करोल बाग, लक्ष्मी नगर सहित सभी प्रमुख बाजार रविवार को बंद रहेंगे।
- पिछली बार बीजेपी को मिली थीं 181 सीट
- साल 2017 में हुए निकाय चुनाव में भाजपा ने कुल 270 वार्ड में से 181 में जीत हासिल की थी। प्रत्याशियों के निधन के कारण दो सीट पर मतदान नहीं हो सका था। ’आप’ ने 48 और कांग्रेस ने 27 वार्ड में जीत दर्ज की थी। 2017 में 53 फीसदी मतदान हुआ था।
- 68 पिंक मतदान केंद्र बनाए गए हैं
- चुनाव अधिकारियों ने बताया कि 68 मतदान केंद्रों को मॉडल मतदान केंद्र बनाया गया है, जबकि 68 को ‘पिंक’ मतदान केंद्र बनाया गया है।
- दिल्ली दंगों के बाद पहला चुनाव
- दिल्ली में फरवरी 2020 में हुए दंगों के बाद नगर निगम का यह पहला चुनाव है। अधिकारियों की ओर साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, 493 स्थानों पर 3360 बूथ को संवेदनशील घोषित किया गया है।
- 1958 में हुई थी एमसीडी की स्थापना
- एमसीडी को 1958 में स्थापित किया गया था। 2012 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के कार्यकाल के दौरान इसे तीन हिस्सों- उत्तर, दक्षिण और पूर्वी दिल्ली नगर निगमों में बांट दिया गया था। हालांकि, इस साल फिर से तीनों को एकीकृत कर दिया गया।
- निगम परिसीमन के बाद पहला चुनाव
- राजधानी दिल्ली में परिसीसन की कवायद और उत्तर, दक्षिण और पूर्वी दिल्ली नगर निगमों को मिलाकर एकीकृत एमसीडी बनाने के बाद यह पहला चुनाव है। एकीकृत एमसीडी 22 मई से अस्तित्व में आई है।





