अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

*वेनेजुएला के अंतरिम राष्ट्रपति के तौर पर डेल्सी रोड्रिगेज ने लिया शपथ, मादुरो-फ्लोरेस को बताया नायक*

Share

अमेरिका की तरफ से बंधक बनाए गए वेनेजुएला के अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की उपराष्ट्रपति रह चुकीं और ट्रंप प्रशासन के साथ काम करने का वादा करने वाली डेल्सी रोड्रिगेज ने वेनेज़ुएला की संसद भवन में अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। डेल्सी रोड्रिगेज को उनके भाई, नेशनल असेंबली के नेता जॉर्ज रोड्रिगेज ने शपथ दिलाई।वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति रहीं डेल्सी रोड्रिगेज ने देश के अंतरिम राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ले लिया है। नेशनल असेंबली में शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को वेनेजुएला के लोगों पर अत्याचार करार दिया और शोक जताते हुए मादुरो-फ्लोरेस को नायक बताया है।

मादुरो-फ्लोरेस नायक- डेल्सी रोड्रिगेज
शपथ ग्रहण के दौरान उन्होंने अपना दाहिना हाथ ऊपर उठाते हुए कहा, ‘मैं अपने देश पर हुए अवैध सैन्य आक्रमण के बाद वेनेजुएला के लोगों पर हुए अत्याचारों के लिए शोक व्यक्त करती हूं। मैं दो नायकों के अपहरण के लिए भी शोक व्यक्त करती हूं।’

डेल्सी रोड्रिगेज के बारें में जानें
इससे पहले वेनेजुएला की सुप्रीम कोर्ट और सेना ने डेल्सी रोड्रिगेज को कार्यवाहक राष्ट्रपति के तौर पर मान्यता दी थी। बता दें कि डेल्सी रोड्रिगेज का जन्म 18 मई 1969 को वेनेजुएला की राजधानी काराकास में हुआ था। वह वामपंथी नेता और पूर्व गुरिल्ला जॉर्ज एंटोनियो रोड्रिगेज की बेटी हैं, जिन्होंने 1970 के दशक में क्रांतिकारी संगठन लीगा सोशलिस्टा की नींव रखी थी। डेल्सी रोड्रिगेज को निकोलस मादुरो की सबसे भरोसेमंद नेताओं में गिना जाता है। वह अपने भाई जॉर्ज रोड्रिगेज, जो वेनेजुएला की नेशनल असेंबली के प्रमुख हैं के साथ मिलकर लंबे समय से सरकार की अहम नीतियों पर काम करती रही हैं।

डेल्सी रोड्रिगेज ने अपने राजनीतिक करियर में सरकार के कई अहम पदों पर काम किया है। वर्ष 2013 से 2014 तक वह संचार और सूचना मंत्री रहीं, इसके बाद 2014 से 2017 तक उन्होंने विदेश मंत्री की जिम्मेदारी संभाली। साल 2017 में उन्हें सरकार समर्थक संविधान सभा का प्रमुख बनाया गया, जिसने मादुरो सरकार की नीतियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जून 2018 में डेल्सी रोड्रिगेज को वेनेजुएला का उपराष्ट्रपति नियुक्त किया गया।

यह भी पढ़ें – ‘मैं दोषी नहीं…अब भी वेनेजुएला का राष्ट्रपति’: मादुरो ने सभी आरोपों को किया खारिज, जानें सुनवाई में क्या हुआ

वहीं अगस्त 2024 में उन्हें तेल मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई, जहां उन्होंने अमेरिका के बढ़ते प्रतिबंधों के बीच देश के सबसे अहम उद्योग को संभालने और उसे स्थिर रखने की कोशिश की। पेशे से वकील डेल्सी रोड्रिगेज ने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ वेनेजुएला से पढ़ाई की है। अपने स्टाइल और डिजाइनर फैशन के शौक के लिए भी वह जानी जाती हैं। पिछले एक दशक में उन्होंने तेजी से राजनीतिक ऊंचाइयां हासिल कीं और आज वेनेजुएला की सबसे प्रभावशाली नेताओं में शामिल हैं।

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें