त्तराखंड के नैनीताल हाईकोर्ट ने कुंभ में आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए कोविड-19 की निगेटिव RT-PCR रिपोर्ट लाना अनिवार्य कर दिया है। हालांकि, यह रिपोर्ट तीन दिन से पुरानी नहीं होनी चाहिए। मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने हाईकोर्ट के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद मीडिया को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कुंभ आने वाले लोगों को एक और विकल्प दिया गया है। जिसके तहत तीर्थयात्री कोरोना वैक्सीनेशन का सर्टिफिकेट भी दिखा सकते हैं। कोर्ट ने ये भी आदेश दिए कि मुख्य सचिव ओम प्रकाश और सचिव स्वास्थ्य अमित नेगी को हरिद्वार में ही रहना होगा। साथ ही वहां की व्यवस्थाओं पर नजर रखनी होगी।
18 राज्यों में कोरोना वायरस वैरिएंट के 771 केस मिले
देश में कोरोना की दूसरी लहर का खौफ बढ़ता जा रहा है। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 47 हजार 262 नए केस सामने आए हैं। यह आंकड़ा पिछले 132 दिनों में सबसे ज्यादा है। इस दौरान 23,913 ठीक हुए और 277 की मौत हो गई। राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (NCDC) के डायरेक्टर डॉ. एसके सिंह ने बताया कि देश के 18 राज्यों में कोरोनो वायरस वैरिएंट के 771 मामलों का पता चला है। इनमें ब्रिटेन के 736, दक्षिण अफ्रीका के 34 और ब्राजील वैरिएंट के 1 केस सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने बताया कि इस बात का कोई ठोस प्रमाण नहीं है कि देश में बढ़ रहे संक्रमण के लिए कोरोना के विदेशी वैरिएंट जिम्मेदार हैं।
वहीं, हेल्थ मिनिस्ट्री ने तेलंगाना, चंडीगढ़, नगालैंड और पंजाब में हेल्थ वर्कर्स के कम वैक्सीनेशन पर चिंता जताई है। विभाग ने ये भी बताया कि 1 अप्रैल से 45 वर्ष और उससे अधिक आयु वालों के टीकाकरण के लिए वैक्सीन की पर्याप्त आपूर्ति की जा रही है। इसमें किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। अब तक 2 करोड़ 64 लाख 52 हजार से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। भूषण ने महाराष्ट्र और पंजाब में संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता जाहिर की।
नए मामलों में 80.90% अकेले महाराष्ट्र में
सोमवार को देश में सामने आए नए मामलों में 80.90% अकेले महाराष्ट्र (28,699) में हैं। इसके अलावा पंजाब में 2,254, कर्नाटक में 2010, गुजरात में 1730, छत्तीसगढ़ में 1910 और तमिलनाडु में 1437 केस आए हैं। वहीं, 24 घंटे में हुई मौतों में अकेले महाराष्ट्र का आंकड़ा 48% है। महाराष्ट्र में 132, पंजाब में 53, कर्नाटक में 5, गुजरात में 4, छत्तीसगढ़ में 20 और तमिलनाडु में 9 मौतें हुई हैं।
कोरोना अपडेट्स…
- नागपुर में बुधवार को कोरोना के 3,717 केस सामने आए। जिला प्रशासन के मुताबिक, पिछले साल महामारी शुरू होने के बाद यह एक दिन में सबसे ज्यादा संक्रमण का मामला है।
- पुणे में सार्वजनिक और निजी स्थानों पर होली समारोह का आयोजन नहीं हो सकेगा। नगर निगम ने शहर की सीमा के भीतर रिसॉर्ट्स, होटल, खुली जगह और हाउसिंग सोसाइटी में समारोह पर प्रतिबंध लगा दिया है।
- महाराष्ट्र के बीड़ और नांदेड़ में 26 मार्च से 4 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस दौरान शहर में मैरिज हॉल, होटल और रेस्टोरेंट बंद रहेंगे। साथ ही कॉलेज और स्कूल भी नहीं खोले जाएंगे। इसके अलावा सभी प्राइवेट ऑफिस भी बंद रखने और वर्क फ्रॉम होम करने के निर्देश दिए गए हैं।
- उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उनके परिवार के चार लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
- कोरोना की वजह से बिगड़े हालात के मद्देनजर हरियाणा सरकार ने भीड़ में होली खेलने पर रोक लगा दी है। प्रदेश के गृह मंत्री अनिल विज ने यह जानकारी दी।
- मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि सरकार प्रदेश के कुछ और शहरों में हर रविवार को लॉकडाउन लगाने पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा, ‘भोपाल और इंदौर में हर दिन 300 से 400 केस आ रहे हैं। अगर इनमें इसी तरह बढ़ोतरी होती रही तो हम पुरानी स्थिति में पहुंच जाएंगे। मैं लोगों से हाथ जोड़कर अपील करता हूं कि वे कोरोना गाइडलाइन का पालन करें।’
- दिल्ली सरकार ने सभी हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों, अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों पर अन्य राज्यों से आने वाले यात्रियों की रैंडम टेस्टिंग (RAT / RT-PCR) अनिवार्य कर दी है। दिल्ली में सार्वजनिक स्थानों पर होली, शब-ए-बारात और नवरात्रि मनाने पर रोक लगा दी गई है।
- उत्तर प्रदेश में होली से पहले राज्य सरकार ने कुछ निर्देश जारी किए हैं। इनमें बिना पूर्व अनुमति के कोई जुलूस नहीं निकाल सकता है। 60 वर्ष से अधिक और 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को किसी भी प्रकार के उत्सव में भाग लेने की अनुमति नहीं है।
- कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर गृह मंत्रालय ने प्रभावी नियंत्रण के लिए दिशा-निर्देश जारी किया है। यह 1 अप्रैल से प्रभावी होगा और 30 अप्रैल 2021 तक लागू रहेगा। इसमें सभी राज्यों से टेस्ट, ट्रैकिंग और ट्रीट प्रोटोकॉल को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया गया है।
- देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच वैक्सीनेशन को लेकर बड़ी खबर आ रही है। एक अप्रैल से 45 साल और इससे ऊपर के सभी लोग कोरोना वैक्सीन लगवा सकेंगे। केंद्र सरकार ने मंगलवार को यह फैसला लिया। अब तक 45 से 60 साल के बीच सिर्फ गंभीर बीमारियों वाले लोगों को ही वैक्सीन दी जा रही थी।
- कोरोना महामारी के बढ़ते मामलों को देखते हुए BMC (बृहन्मुंबई महानगरपालिका) ने होली खेलने पर पाबंदी लगा दी है।




