नॉर्वे के शाही परिवार में उस वक्त भूकंप आ गया जब क्राउन प्रिंसेस के बेटे मारियस बोर्ग होइबी का नाम अमेरिका के कुख्यात ‘एपस्टीन फाइल्स’ में आया. मारियम पर पर बलात्कार और मारपीट सहित 38 गंभीर मामले दर्ज हैं. एपस्टीन फाइल्स से शाही परिवार के सदस्यों के नाम और पुराने ईमेल कनेक्शन सामने आए हैं. मारियस के इन काले कारनामों ने राज परिवार पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
बेटे के ट्रायल से पहले मां पर संकट: नॉर्वे की क्राउन प्रिंसेस मेट-मैरिट के बेटे मारियस पहले से ही बलात्कार के गंभीर आरोपों का सामना कर रहे हैं. अब अमेरिकी कोर्ट से जारी ‘एपस्टीन फाइल्स’ ने नया बवाल खड़ा कर दिया है. इन दस्तावेजों में राजकुमारी का नाम 1,000 से अधिक बार आया है, जो दिवंगत यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन के साथ उनके बेहद करीबी और व्यक्तिगत संबंधों का खुलासा करता है. (AP)

आपत्तिजनक ईमेल और शर्मिंदगी: लीक हुए ईमेल्स के अनुसार, राजकुमारी ने एपस्टीन को ‘बेहद आकर्षक’ बताया और अपने 15 वर्षीय बेटे के लिए न्यूड महिलाओं वाले वॉलपेपर का सुझाव तक मांगा. राजकुमारी ने इन संपर्कों को अपनी गलत समझ बताते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है. हालांकि बेटे के रेप केस और मां के एपस्टीन कनेक्शन ने नॉर्वे के शाही परिवार की प्रतिष्ठा को पूरी तरह मिट्टी में मिला दिया है.

पुरानी जानकारी के बावजूद दोस्ती का जारी रहना: लीक हुए दस्तावेजों से यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि राजकुमारी को एपस्टीन के काले अतीत की जानकारी 2011 में ही थी. उन्होंने खुद एपस्टीन को ईमेल में लिखा था कि उन्होंने उसे ‘गूगल’ किया है और परिणाम ‘ज्यादा अच्छे नहीं’ दिखे. इसके बावजूद, उन्होंने 2014 तक दोस्ती जारी रखी और 2013 में उसके फ्लोरिडा स्थित घर पर भी रुकीं. यह तथ्य उनके उस दावे पर सवालिया निशान लगाता है, जिसमें उन्होंने कहा था कि वे एपस्टीन की असलियत जल्दी नहीं समझ पाई थीं.

ड्रग्स और हिंसा के आरोपों की गंभीरता: अदालत में पेश किए गए साक्ष्यों के अनुसार, बेटे मारियस ने बचपन से ही नशीली दवाओं के सेवन और मानसिक बीमारियों से संघर्ष की बात स्वीकार की है. उन पर आरोप है कि उन्होंने एक महिला के फ्लैट में हिंसक हमला किया, झूमर तोड़ा और चाकू से हमला किया. हाल ही में उन पर 3.5 किलोग्राम मारिजुआना के परिवहन का नया आरोप भी जुड़ा है. मारियस ने छोटे अपराधों को स्वीकार किया है, लेकिन बलात्कार के आरोपों को पूरी तरह नकारा है. (AP)

पीड़ितों का दर्द और सार्वजनिक पहचान: इस मुकदमे में गवाही देने वाली महिलाओं में कई प्रभावशाली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शामिल हैं, लेकिन अधिकांश सामान्य युवतियां हैं. कोर्ट ने पूर्व प्रेमिका नोरा हाउकलैंड की गुमनामी की अपील खारिज कर दी है, जिन्होंने मारियस पर गला घोंटने और मारपीट करने के सार्वजनिक आरोप लगाए थे. पत्रकारों की भारी मौजूदगी के बीच इन महिलाओं को अपनी सबसे निजी और दर्दनाक यादों को अदालत के सामने पेश करना होगा, जो उनके लिए काफी पीड़ादायक अनुभव साबित हो सकता है. (AP)

राजशाही की प्रतिष्ठा पर संकट का साया: विशेषज्ञों का मानना है कि यह नॉर्वे के आधुनिक राजशाही इतिहास का सबसे बड़ा स्कैंडल है. हालांकि ताजा सर्वे के अनुसार अभी भी 73% जनता राजशाही का समर्थन करती है, लेकिन मारियस की बहन प्रिंसेस इनग्रिड एलेक्जेंड्रा के भविष्य पर इसके प्रभाव को लेकर चिंताएं हैं. नॉर्वेजियन संसद में राजशाही को समाप्त करने का वोट भी इसी मुकदमे के दौरान होना है, जिसने इस अदालती कार्यवाही को राजनीतिक रूप से भी बेहद संवेदनशील बना दिया है. (AP)

पालन-पोषण और भविष्य की चुनौतियां: क्राउन प्रिंसेस मेट-मैरिट ने सार्वजनिक रूप से उन आलोचनाओं पर दुख जताया है जिनमें उनके पालन-पोषण पर सवाल उठाए गए थे. उन्होंने कहा कि एक माता-पिता के रूप में उन्होंने मारियस की मदद के लिए हर संभव पेशेवर प्रयास किए. अब सबकी नजरें भविष्य की रानी प्रिंसेस इनग्रिड एलेक्जेंड्रा पर हैं, जिन्हें इस कलंकित विरासत के बीच जनता का भरोसा दोबारा जीतना होगा. मारियस को दोषी पाए जाने पर 10 साल से अधिक की जेल हो सकती है





