अतिक्रमण और फुटपाथ वाले मसले पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव और व्यापारियों के बीच गुरुवार को अहम बैठक हुई। इसमें महापौर ने कहा कि फुटपाथ और सड़क पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम जल्द ही बाजारों के दौरा करेंगे। अतिक्रमण, फुटपाथ और बाजारों की समस्याओं और अव्यवस्थाओं को लेकर व्यापारियों ने निगम की रिमूवल टीम को चाकचौबंद करने की मांग की।
इस पर महापौर भार्गव ने कहा कि दुकानों के आगे फुटपाथ और सड़क पर कब्जे बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस दिशा में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। महापौर ने बताया ट्रैफिक को लेकर भी बड़ा प्लान बना रहे हैं। दो-चार दिन में रिजल्ट भी दिखने लगेगा। महापौर ने भरोसा दिलाया कि व्यापारिक बाजारों में दौरा करके पूरे मसले का स्थायी हल निकालेंगे।
पश्चिम क्षेत्र के 13 व्यापारिक संगठनों के समन्वयक अक्षय जैन, कैलाश मूंगड, अनिल रांका ने बताया कि महापौर भार्गव ने सभी एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ अपने कार्यालय में चर्चा की। महापौर ने राजबाड़ा के प्रवेश से ही अतिक्रमण के साथ ही फुटपाथ और सड़कों के कब्जेधारियों के मसले पर उपायुक्त लता अग्रवाल को कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
13 एसोसिएशन की ओर से दिए गए मांग-पत्र में कहा गया कि पुश्तैनी बाजार राजबाड़ा, बांके बिहारी मंदिर, गोपाल मंदिर, इमामबाड़ा, जबरेश्वर महादेव मंदिर रोड, निहालपुरा, सराफा, पिपली बाजार, यशोदा माता मंदिर क्षेत्र, शक्कर बाजार, सीतला माता बाजार चौक से गोराकुण्ड चौराहे तक सबसे बड़े क्षेत्र क्लॉथ मार्केट में सभी ओर से अतिक्रमण के चलते ग्राहक निर्धारित शॉप तक नहीं पहुंच पाता है। इस पर महापौर ने कहा कि इस पूरे क्षेत्र के लिए वृहद ट्रैफिक प्लान बन रहा है, उसके लागू होते ही बड़ी समस्या का हल दिखेगा।
आधुनिक शौचालय बनाया जाएगा
सराफा एसोसिएशन के सचिव अविनाश शास्त्री ने इमामबाड़ा, सराफा चौराहा, सराफा, बौहरा बाजार चौराहा, सीतलामाता बाजार जहां प्रतिदिन 20 हजार से ज्यादा महिलाओं की आवाजाही होती है लेकिन सुलभ शौचालय का अभाव है। महापौर ने कहा कि पुराने सराफा थाने की जगह के उत्पन्न दिक्कत का हल निकाल कर वहां सुलभ शौचालय निर्माण शुरू करवा दिया।
सराफा, पिपली बाजार वाले चौराहे का सुलभ शौचालय पीपीपी मोड पर दिया जाना तय हुआ। इसकी शेष औपचारिक प्रक्रिया अमल में आते ही आधुनिक शौचालय का काम शुरू कर दिया जाएगा। यशोदा माता मंदिर और धान गली क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट का काम तत्काल हल करने के निर्देश दिए।
सड़क अवरुद्ध न हो इसका प्रयास भी को करना होगा
क्लॉथ मार्केट एसोसिएशन सचिव कैलाश मूंगड ने कहा कि स्मार्ट सिटी सड़क चौड़ीकरण में कपड़ा मार्केट का मुख्य द्वार पुनः निर्माण करने मांग पर महापौर ने कहा कि दौरे के अवसर पर इस दिशा में स्पॉट दिखकर निर्णय कर लेंगे। अनिल रांका, अविनाश शास्त्री ने कहा कि सराफा में अमूल्य जवाहरात का कारोबार होता है, लेकिन मुख्य प्रवेश मार्ग चाट खाने-खिलाने वालों की वजह से अवरुद्ध रहता है, जो बड़ी समस्या है। चाट वाले अपना व्यवसाय करें लेकिन सड़क अवरुद्ध न हो इसलिए स्वयं परिसर में बैठने की व्यवस्था करें, जगह के अभाव की सूरत में केवल डिलेवरी नीति पर व्यापार करें। इस विषय पर स्पॉट निरीक्षण कर निर्णय लेंगे । लेकिन सड़क अवरुद्ध न हो इसका प्रयास भी सभी को करना ही होगा।
महापौर ने रिमूवल टीम को दिए निर्देश
एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि महापौर ने नगर निगम की रिमूवल टीम को बिना पक्षपात सड़क अवरुद्धता के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दे दिए हैं। 13 व्यापारिक संगठन के साथ करीब एक घण्टे से अधिक समय देकर महापौर ने व्यापारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। महापौर ने कहा कि हम 2-4 दिन में ही नगर निगम की स्मार्ट सिटी टीम संयुक्त रूप से सभी बाजारों का दौरा करेगी। इसके साथ ही स्पॉट पर ही समस्याओं के निराकरण का प्रयास होगा।
हल नहीं निकला तो आंदोलन का फैसला लेंगे
महापौर के आश्वासन को व्यावसायिक संगठन सकारात्मक दिशा में देख रहे हैं। महापौर के आश्वासन के बाद व्यापारिक संगठनों ने तय किया है कि टीम के दौरे के बाद भी समस्या का हल नहीं निकला तो आगे के आंदोलन के संबंध में निर्णय लेंगे।





