इन्दौर । दीपों की जगमग रोशनी समाज में फैले वैमनस्यता एवं आपसी मतभेदों के अंधकार को समाप्त करें, समाज में सुख समृद्धि और वैभव का वातावरण स्थापित हो, इसी संकल्प के साथ श्री महावर विचार मंच के तत्वावधान में महावर कोली समाज का दीपावली मिलन समारोह अखिल भारतीय कोली समाज के राष्ट्रीय सदस्य एवं अखिल भारतीय वीरांगना झलकारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रकाश महावर कोली के मुख्य आतिथि में सम्पन्न हुआ, कार्यक्रम की अध्यक्षता मंच के संयोजक नंदराम मेहर ने की। स्वागत भाषण मंच के अध्यक्ष रुपचंद चौधरी ने दिया।
उक्त जानकारी देते हुए संयोजक नंदराम मेहर ने बताया कि कोली समाज में विवाह योग्य युवक-युवतियों के रिश्ते तलाशने में उनके माता-पिता को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, समाजबंधु लम्बे समय से परिचय सम्मेलन की प्रतिक्षा में है, हमने समाजबंधुओं की सहमती से 23 फरवरी 2026 को बसंत पंचमी को राष्ट्रीय स्तर पर युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया है, इसी सम्मेलन में अक्षय तृतिया पर सामुहिक विवाह करने की घोषणा की जाएगी।

महावर कोली समाज वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष प्रकाश महावर कोली ने बताया कि युवक-युवती परिचय सम्मेलन हाईटेक होगा, जिसमें कुंडली मिलान के लिए पंडित एवं कम्प्यूटर की व्यवस्था भी रहेगी साथ ही परिचय स्मारिका का प्रकाशन भी किया जाएगा।
सम्मेलन में मध्यप्रदेश के अलावा राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश सहित अन्य राज्यों के विवाह योग्य युवक – युवतियां एवं उनके परिजन हिस्सा लेंगे।
इस अवसर पर सर्वश्री दिलीप खंडेलवाल, टी सी महावर, मांगीलाल कसेड़िया, रामगोपाल खंडेलवाल, पुरुषोत्तम चौधरी, पन्नालाल तोनगर, रामचंद्र बिंदौरिया, सुनील अस्टोलिया, गिरधारी सिंदेल, देवदास पेड़वा, पप्पू बेरवाड़, मोहन भरतोनिया आदि ने भी विचार रखे। संचालन राहुल मेहर ने एवं अंत में आभार वेलफेयर सोसायटी के कोषाध्यक्ष प्रहलाद टाटवाल ने माना।





