कृष्णानगर।नदिया
गुरूवार को नदिया जिला स्थित कृष्णानगर (पश्चिम बंगाल) में पिछले चार सालों से नदी और पर्यावरण को बचाने के लिए काम कर रहे जलंगी नदी समाज ने बहादुरपुर पंचायत के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार का नामांकन किया। प्रार्थी तारक घोष ने नामांकन के बाद कहा की यह अपने आप में ही बहुत दुर्लभ है क़ि ऐसे एक दल ने भारत में पहली बार नदी और पर्यावरण सम्बंधित मांगो को पूरा करने के लिए चुनाव लड़ने का कदम उठाया है।
“हम कोई राजनैतिक दल नहीं हैं, हम प्रकृति के लिए लड़ते हैं। यह हमारा राजनीती में जाने की कोई बात नहीं है, यह पूरे भारत को एक सन्देश देने की कोशिश है कि जो इतने लम्बे समय से नदी और पर्यावरण के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं वो अगर इसे लेकर भविष्य में नहीं सोचेंगे तो आने वाले दिनों में हम खुद नदी और पर्यावरण की रक्षा के लिए एक पार्टी बनाएंगे और चुनाव लड़ेंगे,” जलंगी नदी समाज ने कहा।
संगठन ने कहा कि उम्मीदवार को नामांकित करने के साथ साथ उनका लगभग सौ गांवों में अभियान जारी रहेगा, साथी संगठनों के प्रतिनिधि भी आएंगे। भाषण, लीफलेटिंग, पोस्टर, दीवार लेखन के अलावा बैठकें होंगी और डिजिटल एवं सोशल मीडिया कैंपेन भी जारी रहेगा।
वो जिन मांगो को पूरा करने पर काम करते आये हैं, जैसे नदी को पूरी तरह से अनब्लॉक करना, पानी से गन्दगी और काई हटाना, मछुआरों के अधिकारों की रक्षा, उनकी आजीविका की व्यवस्था, सहकारी समितियों को पुनर्जीवित करना, पानी में नियमित मछली को छोड़ना, जल परीक्षण और ईंट भट्टों, मिट्टी काटने, नदियों पर अवैध निर्माण व पुल निर्माण के नाम पर अनियोजित और अवैज्ञानिक तरीके से नदियों के मार्ग को अवरुद्ध करने को रोकने पर काम को वो पहले करेंगे।
उनका कहना है क़ि उन्हें हार-जीत की कोई चिंता नहीं है बल्कि उन्हें उनकी नदी की मांग और संदेश को सैकड़ों गांवों तक पहुंचाने में ज्यादा दिलचस्पी है।





