ग्वालियर. अगर आप अपार, एटोक्स, MPR या अन्य ब्रांड की कंपनी के जूते खरीद रहे हैं तो जरा सावधान रहें. कहीं आप नकली जूते न खरीद बैठें. क्योंकि इनके मिलते जुलते नाम के नकली जूते बाजार में खपाए जा रहे हैं. इसका खुलासा आज ग्वालियर में हुआ. दिल्ली से आयी कोर्ट ऑफ कमिश्नर की टीम ने ग्वालियर और दतिया में जूता कंपनियों पर दबिश दी. यहां से 5 करोड़ रुपए के नकली जूते बरामद किए गए. यहां से ग्वालियर चंबल अंचल के साथ ही MP के कई ज़िलों में बड़े ब्रांड के नाम पर बनाए गए नकली जूते सप्लाय किये जा रहे थे.

दिल्ली से आई टीम ने मारा छापा
दिल्ली से आई कोर्ट ऑफ कमिश्नर की टीम ने ग्वालियर और दतिया पुलिस की मदद से छापा मारा. साहिबानी परिवार की दतिया और ग्वालियर की फैक्ट्रियों पर छापा मारा गया. ये कम्पनियां ब्रांडेड जूता निर्माता कंपनी आरपार के नाम पर नकली जूता बना कर सप्लाय कर रही थीं. दिल्ली की साकेत कोर्ट में नकली जूते को लेकर चल रहे मामले में जांच के बाद कोर्ट कमिश्नर की नियुक्ति की गई थी. ग्वालियर पुलिस को साथ लेकर कोर्ट कमिश्नर ने आशीर्वाद पॉलिमर्स और हिन्द पॉलिमर्स के नाम की फैक्ट्रियों पर छापा मारा दतिया और ग्वालियर स्थित इन फैक्ट्रियों में कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अपार, एटोक्स, एमपीआर के मिलते जुलते ब्रांड के नाम से जूते और कच्चा माल मिला है. साहिबानी परिवार द्वारा दिल्ली के प्रसिद्ध आरपार ब्रांड के नाम से नकली जूते दतिया और ग्वालियर में बनाये जा रहे थे.
खराब क्वालिटी के जूते सप्लाय होने की मिली शिकायत
रामानंद इंटरप्राइजेज के संचालक नरेश कुमार मदान ने शिकायत की थी कि नकली जूते खपाए जा रहे हैं. नरेश इन कंपनियों के ब्रांडेड जूते अंचल में सप्लाई करते हैं. पिछले कुछ महीनों से उनको कंपनी के जूते खराब क्वालिटी के होने की शिकायत मिल रह थी. कंपनी संचालक ने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई तो पता चला कि दतिया और ग्वालियर में नकली जूते बनाए जा रहे हैं. इसका पता चलते ही उन्होंने मामले की शिकायत की और शिकायत के बाद ये कार्रवाई हुई.
पांच करोड़ रुपए के नकली जूते और मशीनरी बरामद
महाराजपुरा औधोगिक क्षेत्र में श्याम चंदानी की मैसर्स शारदा पॉलीमर्स पर कार्रवाई के दौरान टीम को 150 पैकेट बने हुए नकली जूते मिले. हर पैकेट में 56 जोड़ी जूते रखे हुए थे. टीम ने नकली जूते, मशीन और कच्चे मटेरियल को जब्त कर सील कर दिया. दतिया और ग्वालियर में कार्रवाई के दौरान 350 कार्टन बने हुए जूते, 467 डाई, 450 मोल्ड, बिना पैकिंग के कच्चे माल के साथ ही करीब 5 करोड़ रुपए की मशीनरी मिली.




