मध्य प्रदेश में रविवार को तीन नए सिस्टम के चलते बारिश का दौरा देखा गया. इस दौरान बड़वानी में सबसे ज्यादा बारिश रिकार्ड की गई. इसके अतिरिक्त खरगोन, खंडवा, धार, गुना, दमोह, दतिया, सिवनी, जबलपुर और नर्मदापुरम में भी बारिश देखी गई. वहीं राजधानी भोपाल सहित सीहोर में भी देर रात और सुबह के समय कोहरा छाए रहा. पिछले 24 घंटे के दौरान बड़वानी में सबसे ज्यादा करीब 20 इंच बारिश दर्ज की गई. वहीं छिंदवाड़ा में 15 इंच और खरगोन में 10 इंच से ज्यादा पानी गिरा है.मौसम विभाग के अनुसार, बड़वानी के सेंधवा में भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया. वहीं खरगोन में उफनती नदी पार कर तरह युवक तेज बहाव में बह गया.
बड़वानी और धार में तेज बारिश के चलते खेतों में जल भराव की स्थिति भी देखी गई है. वहीं खरगोन में लगातार हो रही बारिश के चलते रूपारेल नदी बह उठी. यहां बाढ़ की स्थिति बनी हुई है. बता दें, प्रदेश में औसत से 37 इंच ज्यादा बारिश दर्ज की जा चुकी है. पूर्वी मध्य प्रदेश में औसत से 29% अधिक तो वहीं पश्चिम मध्य प्रदेश में औसत से 20% अधिक बारिश रिकार्ड की गई है. मौसम वैज्ञानिक दिव्या सुरेंद्रन के अनुसार, वर्तमान समय में एक ट्रफ लाइन प्रदेश के गुना और मंडला जिले से होते हुए गुजर रही है. साथ ही प्रदेश में एक साइक्लोनिक सरकुलेशन सिस्टम भी पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना हुआ है. एक अन्य साइक्लोनिक सर्कुलेशन पंजाब के ऊपर व एक अन्य उत्तर पूर्वी अरब सागर क्षेत्र में बना हुआ है. अगले 5 दिनों तक पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना बनी हुई है.

कुछ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन और बड़वानी जिले में वज्रपात के साथ अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. साथ ही नर्मदापुरम, बैतूल, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है. वहीं भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर जैसे जिलों में हल्की बारिश हो सकती है.
जाने अधिकतम/न्यूनतम तापमान
प्रदेश के अधिकतम तापमान वाले जिलों की बात करें तो सतना में 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. इसके अलावा ग्वालियर में 36.1 डिग्री, खजुराहो (छतरपुर) में 35.8 डिग्री, श्योपुर/उमरिया में 35 डिग्री और दतिया में 34.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान खंडवा में 18 डिग्री दर्ज किया गया. खरगोन/पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में 19.2 डिग्री, अमरकंटक (अनूपपुर) में 21.2 डिग्री, राजगढ़/छिंदवाड़ा/नरसिंहपुर में 22 डिग्री और बैतूल में 22.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ.
कैसा रहा बड़े शहरों का पारा
प्रदेश के पांच बड़े शहरों के अधिकतम तापमान की बात करें तो ग्वालियर का अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा दर्ज किया गया. यहां पारा 35.3 डिग्री दर्ज हुआ. इसके अलावा जबलपुर का 31.7 डिग्री, उज्जैन का 31.5 डिग्री, भोपाल का 30.4 डिग्री, इंदौर का 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.




