धनतेरस पर राजधानी भोपाल का सराफा बाजार खरीदारों से गुलजार नजर आया। भले ही इस बार सोना और चांदी के भाव ऊंचे रहे, लेकिन ग्राहकों की संख्या में कोई कमी नहीं दिखी। उलटे, व्यापारियों का कहना है कि पिछले साल की तुलना में इस बार ग्राहक लगभग दोगुनी संख्या में बाजार पहुंचे, जिससे बिक्री में 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है। शुक्रवार को सोने की कीमतों में 1,000-1,500 प्रति 10 ग्राम और चांदी में 6,000-7,000 प्रति किलो की गिरावट देखी गई, जिसके चलते ग्राहक बड़ी संख्या में दुकानों की ओर उमड़ पड़े। लोगों का मानना है कि त्योहारी सीजन के बाद रेट और बढ़ सकते हैं, ऐसे में अभी निवेश करना ज्यादा फायदेमंद रहेगा।
लाइटवेट और इटालियन ज्वेलरी बनी पहली पसंद
भोपाल सराफा बाजार के सचिव अखिलेश मित्तल ने बताया, इस बार धनतेरस पर मार्केट में जबरदस्त रौनक है। पिछले कुछ दिनों से सोने-चांदी के दामों में उतार-चढ़ाव हो रहा था, लेकिन एक दिन पहले जो थोड़ी गिरावट आई, उससे ग्राहक और ज्यादा संख्या में बाजार पहुंचे। इस बार लाइटवेट ज्वेलरी की डिमांड सबसे ज्यादा है। लोग अब भारी गहनों की जगह ट्रेंडी और चलन में रहने वाली हल्की डिजाइनों को पसंद कर रहे हैं। इसके अलावा, ग्राहकों को लग रहा है कि आगे भाव और बढ़ सकते हैं, इसलिए लोग अभी ही शादियों की खरीदारी भी कर रहे हैं। बाजार की चाल देखकर कहा जा सकता है कि इस बार पिछले साल की तुलना में ज्यादा बिक्री होगी।
ग्राहक सोने को सिर्फ गहना नहीं बल्कि एक मजबूत निवेश के रूप में देख रहे
होलसेल सराफा एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारी विजय कुमार वर्मा के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में सरकार की तरफ से हॉलमार्क ज्वेलरी को अनिवार्य किए जाने के बाद ग्राहकों का भरोसा बढ़ा है। लोग अब अधिक निश्चिंतता के साथ सोना-चांदी खरीद रहे हैं। इस बार मार्केट में इटालियन और लाइटवेट ज्वेलरी का चलन बढ़ गया है। खासकर युवा वर्ग अब डिजाइन और क्वालिटी को प्राथमिकता देता है। ग्राहक अब सोने को सिर्फ गहना नहीं बल्कि एक मजबूत निवेश के रूप में देख रहे हैं। बैंक में जो रिटर्न मिलते हैं, उससे कहीं बेहतर रिटर्न उन्हें गोल्ड में दिखता है। कई लोग इस बार सोने की कीमत 1.5 लाख प्रति 10 ग्राम तक पहुंचने की संभावना को लेकर अभी निवेश कर रहे हैं।
नई वैरायटी, शादी की शॉपिंग भी शुरू
व्यापारी सुनील जैन ने बताया कि हमारे पास इस बार नई-नई वैरायटी और ट्रेंडिंग डिजाइन्स आई हैं, जिनका ग्राहकों में जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। कल भाव में जो कमी आई, उससे आज बाजार में भीड़ दोगुनी हो गई है। लोग त्योहार के साथ-साथ आगे आने वाली शादियों के लिए भी खरीदारी कर रहे हैं। सोने में करीब 1,000-1,500 की और चांदी में 6,000-7,000 तक की गिरावट आने से ग्राहक तुरंत खरीदारी के लिए पहुंचे। इस बार का मार्केट वाकई बहुत अच्छा चल रहा है। हमें उम्मीद है कि दीपावली के साथ-साथ शादी सीजन में भी ग्राहकों का रुझान बना रहेगा।”





