अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

*मंत्री प्रतिमा बागरी केबंगले पर लगी नेमप्लेट पर पोती कालिख,कांग्रेस, NSUI, समाजवादी पार्टी का जोरदार प्रदर्शन*

Share

भोपाल और सतना इन दिनों एक ही नाम को लेकर राजनीतिक रूप से सुलग रहे हैं राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी. उनका नाम नहीं, बल्कि उनके भाई और बहनोई की ड्रग्स/गांजा तस्करी में गिरफ्तारी ने ऐसा तूफान खड़ा किया है कि कांग्रेस, NSUI, समाजवादी पार्टी और युवा कांग्रेस सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक बवाल मचा हुआ है.
मामला तब और गर्म हो गया जब सतना पुलिस ने मंत्री प्रतिमा बागरी के सगे भाई अनिल बागरी को गांजा तस्करी में गिरफ्तार कर लिया. इससे ठीक दो दिन पहले उनके बहनोई शैलेन्द्र सिंह को यूपी के बांदा जिले में गांजा के साथ पकड़ा गया था. दोनों गिरफ्तारियों ने विपक्ष को बड़ा मौका दे दिया और अब पूरा हमला प्रतिमा बागरी पर है.
कांग्रेस का बड़ा हमला
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने सबसे तीखा बयान दिया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रतिमा बागरी को तुरंत पद से मुक्त करें, तभी वह अपने भाई को भाई और बहनोई को बहनोई मानेंगी. ड्रग्स चले और पद भी बना रहे इसलिए वह रिश्तेदारों से दूरी बता रही हैं. पीसी शर्मा यहीं नहीं रुके. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में कई मंत्रियों के शराब और ड्रग्स माफिया से कनेक्शन सामने आए हैं. राजधानी में 35 से ज्यादा हत्याएं हुईं, रेप बढ़ रहे हैं, पुलिस का मनोबल गिर रहा है.कमिश्नर सिस्टम भी बेअसर साबित हुआ है.

NSUI और युवा कांग्रेस सड़कों पर, कालिख पोती, घेराव की कोशिश
भोपाल में NSUI कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से निकलकर सीएम हाउस और प्रतिमा बागरी के सरकारी निवास की तरफ बढ़े. पुलिस ने रेड क्रॉस चौराहे पर रोककर कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया. सुबह 7 बजे युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मंत्री के बंगले पर लगी नेमप्लेट पर कालिख पोत दी. जिला अध्यक्ष अमित खत्री ने कहा ड्रग्स तस्करी में मंत्री के भाई-बहनोई पकड़े जा रहे हैं और सरकार उन्हें बचा रही है. मंत्री को तुरंत इस्तीफा देना होगा. भिंड, सतना, पन्ना समेत कई जिलों में कांग्रेस और महिला कांग्रेस ने पुतला दहन, ज्ञापन और विरोध मार्च निकाला. एक प्रदर्शन के दौरान सतना में एक कार्यकर्ता पुलिस के धक्के से नाली में जा गिरा वीडियो वायरल हुआ और बहस और भड़क गई.

राज्य में कानून व्यवस्था भगवान भरोसे
SP प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने कहा कि MP में स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था भगवान भरोसे है. अगर मंत्री को उनके परिवार के ‘नशा कारोबार’ की जानकारी नहीं थी, तो उन्हें मंत्री बनाया ही क्यों गया? और अगर जानकारी थी तो उन पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? SP ने भी बागरी के इस्तीफे की मांग कर दी.
मंत्री प्रतिमा बागरी की सफाई
कैबिनेट बैठक में शामिल होने पहुंचीं मंत्री प्रतिमा बागरी ने साफ कहा कि कानून किसी का रिश्तेदार नहीं होता. पूरा विधानसभा मेरा परिवार है. जिसने गलत किया है, कानून कार्रवाई करेगा. उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल से परिवार की सभी तस्वीरें हटा दीं, जिससे विरोधियों को और हमला करने का मौका मिल गया.
BJP का पलटवार
भाजपा प्रवक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस हर मुद्दे में राजनीति ढूंढती है. जिसे पकड़ा गया है, वह जेल जाएगा,कानून अपना काम कर रहा है. हमारी सरकार में अपराधी नहीं बचते, कांग्रेस के जमाने में अपराधियों को संरक्षण मिलता था.
मामला कहां जा रहा है?
दो रिश्तेदारों की गिरफ्तारी ने मंत्री प्रतिमा बागरी की छवि पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.
कांग्रेस इस्तीफे पर अड़ी है, सड़क पर उतर चुकी है. भाजपा बचाव कर रही है, लेकिन मामला तेज़ी से राजनीतिक रूप ले चुका है. यह विवाद अब सिर्फ ड्रग्स का नहीं, बल्कि सत्ता, साख और सियासी संघर्ष का बन चुका है.

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें