भोपाल
मध्यप्रदेश में बारिश का दौर जारी है। बड़वानी के सेंधवा में गुरुवार को मूसलाधार बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गए। घर-दुकानों और सरकारी दफ्तरों में पानी भर गया। भोपाल में रात में तेज बारिश शुरू हो गई। वहीं इंदौर, खंडवा और सागर में भी जमकर बारिश हुई है। विदिशा, धार और छिंदवाड़ा में भी तेज पानी गिरा है। पन्ना में बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई। वहीं टीकमगढ़ में भी बिजली गिरने से दो किसानों ने दम तोड़ दिया।

मंडला-रीवा में डेढ़ इंच बारिश
अरब सागर में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम बना है, जो मध्यप्रदेश में भी एक्टिव हो गया है। इस कारण गुरुवार को प्रदेशभर में बारिश का दौर शुरू हो गया है। सुबह 8.30 से शाम 5.30 बजे के बाद प्रदेश के मंडला और रीवा में करीब डेढ़ इंच बारिश हुई। पचमढ़ी, इंदौर में पौन इंच पानी गिरा। वहीं, मलांजखंड, खजुराहो, उज्जैन, सतना, जबलपुर और कसागर में भी बारिश हुई। सागर, नर्मदापुरम, बड़वानी समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी है।
यहां भारी बारिश के आसार
आज टीकमगढ़ और छतरपुर में अति भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, खरगोन, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, मंदसौर, नीमच, शिवपुरी, दतिया, सीधी, रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, निवाड़ी में भारी बारिश होने के आसार है।
बड़वानी: घर-दुकानों और जिला सहकारी बैंक में घुसा पानी
बड़वानी के सेंधवा के ग्रामीण क्षेत्र में तेज बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए। धनोरा गांव के बीच में नाले पर बनी करीब 7 फीट ऊंची पुलिया पर पानी आ गया। जिसके चलते नाले के आसपास के घरों और जिला सहकारी बैंक में पानी घुस गया। सड़क पर खड़े वाहनों में भी पानी भर गया।

बड़वानी के सेंधवा में घर-दुकानों और जिला सहकारी बैंक में पानी घुस गया।
इंदौर: बीआरटीएस समेत कई सड़कों पर पानी भरा
इंदौर में गुरुवार शाम को तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश इतनी तेज थी कि एक घंटे में एक इंच बारिश हो गई। कुछ ही देर में सड़कों पर पानी भर गया। बारिश से बीआरटीएस एबी रोड के कुछ हिस्सों में पानी भर गया। ऐसी ही स्थिति पलासिया, हुकुमचंद घंटाघर, गीता भवन के आसपास रही। मौसम वैज्ञानिकों ने अभी ऐसा ही मौसम बने रहने की बात कही है।

इंदौर में तेज बारिश से सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई।
बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत, 12 बकरियों की गई जान
पन्ना जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में आकाशीय बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई। इसमें धरमपुर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि शाहनगर के खर्रा गांव में भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक शख्स की मौत हो गई। यहां बिजली गिरने से 12 से ज्यादा बकरियों की भी मौत हो गई।

खंडवा में भी शाम को आधे घंटे तक जमकर बारिश हुई। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
टीकमगढ़ में 2 घंटे में 5 इंच बारिश
टीकमगढ़ में बुधवार को दो घंटे में 5 इंच पानी गिरा था। इससे सड़क, बाजार, गलियां, घर-दुकानों और सरकारी दफ्तरों में पानी भर गया। कलेक्टर, जेलर के बंगले में भी पानी भर गया। जनपद पंचायत कार्यालय में भी दो फीट तक पानी भर गया। गर्ल्स हॉस्टल में पानी भरने से वहां रह रही लड़कियां फंस गईं थी। इसके बाद होमगार्ड का दल बचाव कार्य के लिए भेजा गया। टीकमगढ़-जतारा रोड पर मजना चौकी के पास उर नदी के बहाव में फंसे युवक को रात 12.30 बजे नाव की मदद से रेस्क्यू किया गया।
बल्देवगढ़-टीकमगढ़ मार्ग पर पड़ने वाले करमाशन घाट पर स्थित उर नदी बुधवार को बारिश में उफान पर आ गई। इससे पुल से 3 फीट ऊपर पानी बहता रहा।
24 घंटे में कहां – कितनी बारिश
| खरगोन | 0.80 (बारिश इंच में) |
| भोपाल | 0.78 |
| नर्मदापुरम | 0.77 |
| खंडवा | 0.51 |
| उज्जैन | 0.35 |
| दमोह | 0.23 |
| गुना | 0.21 |
| सतना, धार | 0.20 |
| मलाजखंड | 0.12 |
| दतिया, उमरिया | 0.11 |
| पचमढ़ी | 0.05 |
| रायसेन | 0.02 |
| इंदौर | 0.01 |
| भोपाल सिटी | 0.003 |
आज इन जिलों में बारिश
गुरुवार को इंदौर संभाग में बारिश का अनुमान है। इंदौर, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ और धार में भारी बारिश हो सकती है। इसी तरह शिवपुरी, दतिया, भिंड, श्योपुरकलां, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट और निवाड़ी में भी हैवी रेन का अलर्ट है।
पातालपानी उफनाया, गंभीर नदी में भी तेज बहाव
इंदौर के महू और आसपास भी तेज बारिश हुई। इसके बाद पातालपानी उफान पर आ गया। यहां गंभीर नदी पर बने रपटे पर पानी आ जाने से दो गांवों का तहसील मुख्यालय से संपर्क टूट गया। आकाशीय बिजली गिरने से घरों में लगे इलेक्ट्रिक और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो गए।
महू में गंभीर नदी पर बने रपटे पर पानी आने से दो गांवों का संपर्क तहसील मुख्यालय से टूट गया। यहां बुधवार को झमाझम बारिश हुई।
बुरहानपुर में सड़कों पर भरा पानी
बुरहानपुर में बुधवार रात 10 बजे से तेज बारिश शुरू हुई। एक घंटे में सड़कों पर पानी भर गया। शनवारा क्षेत्र में भी करीब तीन फीट से ज्यादा तक पानी भर गया। इसी दौरान यहां से गुजर रही एम्बुलेंस शनवारा चौराहे पर बंद होकर फंस गई थी। हालांकि एम्बुलेंस में कोई मरीज नहीं था। कुछ लोगों ने धक्का देकर आगे पहुंचाया। रात 10.30 बजे से बिजली गुल हो गई।

बुरहानपुर में शनवारा चौराहा लबालब होने के बाद कॉम्प्लेक्स में पानी घुस गया। इससे निचले तल की दुकानें डूब गईं।
एमपी में 3 सिस्टम करा रहे बारिश
IMD भोपाल के सीनियर वैज्ञानिक वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश, गुजरात के तट और ओडिशा के पास तीन जगह ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचलन जारी है। इस वजह से अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है। जिससे प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि गुरुवार को इंदौर समेत प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
24 जून को एक्टिव हो गया मानसून
प्रदेश में 24 जून को मानसून एक्टिव हो गया था। अगले ही दिन 25 जून को मानसून ने प्रदेश को कवर कर लिया था। इसके बाद लगातार चार-पांच दिन तक प्रदेशभर में भारी बारिश हुई। इस कारण कई जिलों में तो बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए तो कई लोगों का रेस्क्यू तक करना पड़ा। सिवनी के डुंगरिया डैम में रिसाव होने से दो गांव खाली कराने की नौबत बन गई, जबकि जबलपुर-इटारसी रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया। इस कारण दो दर्जन से ज्यादा ट्रेनें कैंसिल हो गई, या फिर उन्हें डायवर्ट कर दिया गया। बारिश का अगला दौर अब 6 जुलाई के बाद शुरू होगा, जो 9-10 जुलाई तक जारी रहेगा।





