अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

बदलापुर का राजा बन गए हैं गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा- जीतू पटवारी

Share

भोपाल. कांग्रेस के पूर्व मंत्री और राऊ से विधायक जीतू पटवारी ने कहा है कि मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा बदलापुर का राजा बन गए हैं. प्रदेश में कांग्रेस नेताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज हो रहे हैं. जनता की आवाज उठाना विधायक का काम है, मैंने कुछ गलत नहीं किया. किसके दबाव में मेरे खिलाफ एफआईआर हुई इसकी जांच होनी चाहिए. पटवारी शनिवार को भोपाल में मीडिया को संबोधित कर रहे थे.

जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में 6000 से ज्यादा कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर जनता की आवाज उठाने के लिए बेवजह मुकदमे दर्ज कर दिए गए हैं. इंदौर में जनता की आवाज उठाने पर मेरे खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया. जबकि, सच्चाई यह है कि कथित पीड़ित कर्मचारी, नगर निगम कमिश्नर और पुलिस अधीक्षक सभी पहले कह चुके थे कि इस मामले में FIR का मामला नहीं बनता. उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान सरकार हर हाल में जनता की आवाज का दमन करना चाहती है. कांग्रेस के नेता जनता की पीड़ा और समस्या को उजागर करते हैं, इसलिए उनके ऊपर झूठे मुकदमें डाले जा रहे हैं.

दिग्विजय सिंह-कमलनाथ के खिलाफ हुई एफआईआर- पटवारी

कांग्रेस के पूर्व मंत्री ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ जब कोरोना वायरस से हुई मौतों का सच दुनिया के सामने लाए, तो उनके खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कर दी गई. पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने जब महंगाई के खिलाफ धरना दिया, तो उनके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर ली गई. कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने जब आरएसएस और बीजेपी की सच्चाई दुनिया के सामने उजागर की, तो विधायक रामेश्वर शर्मा रिपोर्ट कराने के लिए प्रदर्शन करने लगे. लेकिन इससे कांग्रेस डरने वाली नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के सत्ता के दुरुपयोग का हाल यह है कि दतिया में कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के खिलाफ एक ऐसे मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई, जिससे उनका कोई वास्ता ही नहीं.

कई नेताओं पर दर्ज किए झूठे मामले- पटवारी

पटवारी ने कहा कि कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा, आरिफ मसूद, ओमकार मरकाम, बाबू जंडेल, सज्जन सिंह वर्मा, शशांक भार्गव, सतीश सिकरवार, ग्यारसी लाल रावत, घनश्याम सिंह, कमलेश्वर पटेल, बैजनाथ कुशवाहा और अजब सिंह कुशवाहा पर प्रदेश सरकार राजनीतिक बदले की भावना से कई मुकदमे दर्ज कर चुकी है. इसी तर्ज पर अब मेरे खिलाफ भी इंदौर में मुकदमा दर्ज कराया गया है. जनता की आवाज उठाने के लिए और आम आदमी को न्याय दिलाने के लिए एक जनप्रतिनिधि, एक विधायक को जो कार्य करना चाहिए मैंने वही कार्य किया. उन्होंने कहा- मैं जो बात कर रहा हूं वह रिकॉर्ड पर है. इन लोगों ने बाकायदा वीडियो रिकॉर्डिंग में दिए बयानों में यह सारी बात कही है. घटना के 3 दिन बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इंदौर जाते हैं और उसके बाद अचानक एफआईआर की जाती है. मैं मांग करता हूं कि कथित पीड़ित कर्मचारी के मोबाइल फोन के कॉल डिटेल्स की जांच की जाए और यह पता लगाया जाए कि किन-किन लोगों ने उसके ऊपर एफआईआर दर्ज कराने के लिए दबाव बनाया

सरकार को दी ये चुनौती

विधायक जीतू पटवारी ने कहा- मैं कांग्रेस का सिपाही हूं और किसी से डरने वाला नहीं हूं. गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को जो लगता है, करके देख लें. अगर मुझे गिरफ्तार करना जरूरी है तो पुलिस जहां कहे मैं वहां आकर गिरफ्तारी देने को तैयार हूं. शिवराज सिंह चौहान सरकार और उनके गृह मंत्री कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट लिखा कर भय उत्पन्न करना चाहते हैं. लेकिन वह एक बात समझ लें कि कांग्रेस पार्टी ने वर्षों तक जेल जाकर और गिरफ्तारियां देकर ही अंग्रेजों की गुलामी से भारत को आजाद कराया था. हम लोग पुलिस से डरने वाले नहीं हैं और न ही झूठे मुकदमों से डरने वाले हैं. सरकार को जितना अत्याचार करना हो करके देख ले, कांग्रेस के लोग विधानसभा में, सड़क पर और जरूरत पड़ी तो जेल जाकर भी जनता की लड़ाई लड़ते रहेंगे.

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें