भोपाल
भोपाल के सूखी सेवनिया इलाके में महिला ने भाई के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। भाई ने दोस्त के साथ मिलकर जीजा पर पहले तलवार से हमला किया। इसके बाद पिस्टल से गोली मार दी। युवक 8 दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था। बताया गया कि युवक ने सालभर पहले अपनी सास पर जानलेवा हमला किया था। इसी का बदला लेने उसकी पत्नी ने साजिश रची थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बैतूल में तालाब पर नहाने के दौरान चार बच्चे डूबे
बैतूल में तालाब पर नहाने गए चार बच्चे डूब गए। नीमपानी पंचायत के आमगोहना में दो लड़की और दो लड़के डूबे हैं। शाहपुर पुलिस मौके के लिए रवाना हो चुकी है। बच्चों की उम्र 12 से 14 साल बताई जा रही है। चारों के शव मिल गए हैं।
भोपाल रेलवे स्टेशन पर इंजन पटरी से उतरा
भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर हादसा हो गया। एक ट्रेन का इंजन पटरी से उतर गया। सूचना के बाद स्टेशन पर थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल हो गया। फिलहाल स्थिति सामान्य है। दुर्घटना के बाद से रूट पर रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। रेलवे के तमाम अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद हैं। फिलहाल रेलवे कर्मचारी ट्रेन के इंजन को वापस पटरी पर लाने की जद्दोजहद में लगे हुए हैं।
मैहर में स्टॉपेज के बाद भी ट्रेन नहीं रुकी
दरभंगा से मैसूर जा रही ट्रेन (नंबर 02577) मैहर में स्टॉपेज के बाद भी नहीं रुकी, हालांकि बाद में मैसेज करके उसे रोका गया। ट्रेन को मैहर बुधवार सुबह 5:38 पर पहुंचना था। ट्रेन लेट होने के कारण गुरुवार की सुबह 7:40 बजे मैहर स्टेशन पहुंची। स्टॉपेज होने के बाद भी ट्रेन मैहर स्टेशन पर नहीं रुकी, जबकि ट्रेन रुकने का अनाउंस भी किया गया था। जब रेल ग्रीन सिग्नल देख आधा प्लेटफॉर्म क्रॉस कर गई तब मैसेज देकर ट्रेन को रोका गया। इस वजह से यात्रियों में हड़कंप मच गया। इस मामले में जिम्मेदार स्टेशन प्रबंधक या कोई भी अधिकारी कोई जवाब नहीं दे रहे हैं।
इंदौर में लोक सेवा अयोग के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन करते अभ्यर्थी।
मध्यप्रदेश लोकसेवा आयोग के बाहर प्रदर्शन
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग इंदौर कार्यालय के बाहर अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक मांग पूरी नहीं होगी, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। 2019- 20 का रिजल्ट जारी करने सहित अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है।
हबीबगंज थाने का भी नाम बदलेगा
हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम गोंड रानी कमलापति के नाम पर होने के बाद अब हबीबगंज थाने का नाम भी बदला जाएगा। गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि इस थाने का नाम बदलने का प्रस्ताव आया है। जिस पर विचार कर निर्णय लिया जाएगा।





