मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के एक गांव में नरवाई में लगी आग 10 घरों तक फैल गई। इसे छह घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। वहीं चार अन्य घरों को आंशिक रूप से क्षति पहुंची है। इन घरों में रखे सामान भी जल गए हैं। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

सामान भी जलकर हुए खाक
नायब तहसीलदार संगम पटले ने रविवार को बताया कि यह घटना सिवनी जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर बंडोल थाना अंतर्गत रनबेली गांव में शनिवार को हुई। उन्होंने कहाकि आगजनी की इस घटना में छह व्यक्तियों के मकान गृहस्थी के समान सहित पूरी तरह जल गए हैं। चार घरों और सामानों को आंशिक रूप से क्षति हुई है। पटले ने बताया कि एक अन्य व्यक्ति की गौशाला भी आग में स्वाहा हो गई है।
काबू पाने में लगे पांच घंटे
नायब तहसीलदार ने बताया कि इनके अलावा 10 अन्य ग्रामीणों के घर के बाहर रखे हुए कृषि उपकरण और अनाज इस आग से नष्ट हुए हैं। पटले ने बताया कि रनबेली गांव में सर्वेक्षण कर इन सभी 21 प्रभावित व्यक्तियों को राहत राशि उपलब्ध कराने के लिये जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रकरण तैयार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि दमकल की मदद से आग को करीब 5 घंटे में काबू कर लिया गया।
उपलब्ध कराई आर्थिक सहायता
इस बीच, सिवनी तहसीलदार पीयूष दुबे ने बताया कि दो परिवारों को 1500-1500 रुपए की तत्काल आर्थिक सहायता रेडक्रॉस से उपलब्ध कराई गई है। वहीं, जिला प्रशासन ने प्रभावित 6 लोगों को 50-50 किलोग्राम गेहूं-चावल और 5-5 लीटर मिट्टी का तेल उपलब्ध कराया है। उन्होंने कहा कि आगजनी से प्रभावित सभी लोगों को राजस्व विभाग की नियमावली के अनुसार राहत राशि उपलब्ध कराने कार्रवाई की जा रही है।




