अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

न्यूज ब्रीफ:गुजरात में फर्जी EVM पर बवाल, ICC रैंकिंग में इंडियन प्लेयर्स का दबदबा और आज से आम लोगों को लगेगी कोरोना वैक्सीन

Share

आज से आम लोगों को लगेगी कोरोना वैक्सीन
देश में कोरोना वैक्सीनेशन का दूसरा फेज आज यानी 1 मार्च से शुरू हो रहा है। इस फेज में 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को वैक्सीन लगेगी। इसके साथ ही 45 से 60 की उम्र के ऐसे लोगों को भी वैक्सीन लगेगी, जो गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। जिन लोगों की उम्र 60 साल या ज्यादा है, उन्हें रजिस्ट्रेशन और वैक्सीनेशन के वक्त ID कार्ड साथ रखना होगा। 45 से 60 साल के जिन लोगों को गंभीर बीमारी है, उन्हें मेडिकल सर्टिफिकेट दिखाना होगा। सरकार ने इसके लिए डिक्लेरेशन फॉर्मेट के साथ इस क्राइटेरिया में आने वाली 20 बीमारियों की लिस्ट भी जारी कर दी है। इस फॉर्म को डॉक्टर से सर्टिफाई करवाना होगा। केंद्र सरकार का आकलन है कि करीब 27 करोड़ लोग इस कैटेगरी में आते हैं।

विवादों में घिरे उद्धव के मंत्री का इस्तीफा
पुणे की टिकटॉक स्टार पूजा चौहान की खुदकुशी के बाद विवादों में घिरे महाराष्ट्र सरकार के वन मंत्री संजय राठौड़ ने रविवार को इस्तीफा दे दिया। राठौड़ ने इस्तीफे से पहले मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से उनके घर पर मुलाकात की। 22 साल की टिकटॉक स्टार पूजा चौहान की खुदकुशी के मामले में संजय राठौड़ का नाम आया था। इसके बाद से ही उद्धव ठाकरे पर राठौड़ से इस्तीफा लेने का दबाव था। बीजेपी ने इसको लेकर 28 फरवरी को प्रदेशभर में प्रदर्शन भी किया था।

नीतीश कुमार के जिले में जंगलराज
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में रविवार को LIC अधिकारी की हत्या कर दी गई। झिंगनगर मोहल्ले में लोजपा नेता छोटेलाल यादव और उसके समर्थकों ने प्रवीण कुमार को लाठी और रॉड से पीट-पीटकर मार डाला। छोटेलाल लोजपा का महानगर अध्यक्ष है। मारपीट में मृतक के भाई सुजीत कुमार और सुदर्शन कृष्ण घायल हो गए। सुजीत एयरफोर्स में फ्लाइंग कैप्टन के पद पर भुवनेश्वर में कार्यरत हैं। सुजीत ने बताया कि घटना के दौरान 17 बार पुलिस को कॉल किया, लेकिन टीम मौके पर नहीं पहुंची। छोटेलाल और उसके साथियों के खिलाफ प्रवीण के परिजनों ने केस दर्ज करवाया है।

गुजरात में निकाय चुनाव में हिंसा
गुजरात में रविवार को स्थानीय निकायों और पंचायत चुनावों के लिए मतदान हुआ। इस दौरान दाहोद में वोटिंग सेंटर पर जमकर हंगामा हुआ। कुछ लोगों ने EVM को भी नुकसान पहुंचाया। हालात संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। वहीं, विरमगाम में भाजपा कार्यकर्ताओं की निर्दलीय उम्मीदवार के साथ झड़प हो गई। यहां भी पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। कुछ जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फर्जी EVM के इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। रविवार को 31 जिला, 231 तालुका पंचायत और 81 नगर पालिकाओं के लिए चुनाव हुए। वोटों की गिनती 2 मार्च को होगी।

ICC रैंकिंग में इंडियन प्लेयर्स का दबदबा
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने रविवार को ताजा टेस्ट रैंकिंग जारी की। इसमें भारतीय ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा 6 पायदान की छलांग लगाकर करियर की सर्वश्रेष्ठ 8वीं रैंकिंग पर पहुंच गए। वहीं, भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को भी 4 स्थानों का फायदा हुआ। वे दुनिया के टॉप-3 गेंदबाजों में शामिल हो गए हैं। अक्षर पटेल को 30 स्थान का फायदा हुआ और वे भी करियर की बेस्ट 38वीं रैंकिंग पर पहुंच गए। जबकि चेतेश्वर पुजारा को 2 पायदान, अजिंक्य रहाणे को एक और ऋषभ पंत को 3 स्थान का नुकसान हुआ है। ICC रैंकिंग के टॉप 15 बल्लेबाजों में से 5 भारत के हैं।

अब आजाद ने की PM मोदी की तारीफ
कांग्रेस के सीनियर लीडर गुलाम नबी आजाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की है। श्रीनगर में गुज्जर समुदाय के एक कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद गुलाम नबी आजाद ने कहा कि PM नरेंद्र मोदी जमीन से जुड़े नेता हैं और लोगों को उनसे सीखना चाहिए कि कामयाबी की बुलंदियों पर पहुंचने के बाद भी कैसे अपनी जड़ों को याद रखा जाता है। राज्यसभा में विपक्ष के नेता रहे गुलाम नबी आजाद ने कहा, ‘PM मोदी कहते हैं कि बर्तन मांजता था, चाय बेचता था। निजी तौर पर हम उनके खिलाफ हैं, लेकिन जो इंसान अपनी असलियत नहीं छिपाते, वे हमेशा जड़ों से जुड़े होते हैं।’

राहुल के विदेशी दौरों पर शाह का तंज
गृह मंत्री अमित शाह रविवार को पुडुचेरी और तमिलनाडु के दौरे पर पहुंचे। पहले उन्होंने पुडुचेरी में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राहुल के विदेशी दौरों और मछुआरों पर दिए बयान को लेकर तंज कसा। राहुल ने कुछ दिन पहले कहा था कि मछुआरों के लिए अलग से केंद्रीय मंत्रालय होना चाहिए। शाह ने अपनी सभा में कहा- मोदीजी ने 2 साल पहले ही मछुआरों के लिए अलग से मंत्रालय बनाया है और वह काम कर रहा है। राहुल भैया आपको इसलिए नहीं पता, क्योंकि आप छुट्टी पर थे।

एयरफोर्स का बालाकोट जैसा ऑपरेशन
बालाकोट एयर स्ट्राइक के 2 साल पूरे होने पर वायुसेना (IAF) के मिराज और सुखोई फाइटर एक बार फिर गरजे। इस बार टारगेट था राजस्थान के पोकरण में बने बंकर। ये बंकर ठीक वैसे ही थे, जिन्हें बालाकोट में पाकिस्तानी आतंकवादी पनाह लेने के लिए इस्तेमाल करते हैं। रविवार को IAF के अपग्रेडेड मिराज 2000 और सुखोई 30 MKI फाइटर जेट के स्क्वाड्रन ने ग्वालियर के महाराजपुर एयरबेस से उड़ान भरी। टारगेट यहां से 615 किलोमीटर दूर पोकरण में थे। मिराज ने उन्हें स्पाइस बमों से टारगेट हिट किया, जिनसे बालाकोट में आतंकी ठिकाने तबाह किए गए थे। देखिए ऑपरेशन का वीडियो..

एंटीलिया केस में सामने आया नया दावा
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के बाहर विस्फोटक से भरी गाड़ी पार्क करने की जिम्मेदारी आतंकी संगठन जैश-उल-हिंद ने ली है। संगठन ने इससे संबंधित पोस्ट सोशल मीडिया पर पोस्ट की है। कुछ दिन पहले इसी संगठन ने दिल्ली में इजराइली दूतावास के बाहर ब्लास्ट की जिम्मेदारी ली थी। हालांकि, मुंबई पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है। मीडिया रिपोर्ट्स में इसे आतंकी संगठन का पब्लिसिटी स्टंट बताया जा रहा है। आतंकी संगठन ने अपनी पोस्ट में जांच एजेंसी को चैलेंज किया है और पैसों की डिमांड की है।

LoC पर बसे लोगों को पाकिस्तान पर भरोसा नहीं
भारत और पाकिस्तान के बीच बॉर्डर पर शांति बनाए रखने के लिए सहमति बनी है। हाल ही में दोनों देशों के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशंस (DGMO) की बैठक हुई थी। जिसमें सीजफायर वॉयलेशन, युद्धविराम और कश्मीर समेत सभी जरूरी मुद्दों पर चर्चा हुई। LoC एरिया में रहने वाले ज्यादातर लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है। इस बातचीत के बाद उन्हें उम्मीद है कि सबकुछ धीरे-धीरे पटरी पर लौटेगा और आम जनजीवन बेहतर होगा, लेकिन अभी उन्हें पाकिस्तान पर पूरा भरोसा नहीं है। लोग आशंका जाहिर करते हैं कि पाक कभी भी धोखा दे सकता है, वो पहले भी ऐसा कर चुका है।
पढ़िए पूरी खबर..

पॉजिटिव खबर
चाय की होम डिलीवरी से लाखों की कमाई

आज की पॉजिटिव खबर में बात महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के रहने वाले रेवन शिंदे की। रेवन 12वीं तक पढ़े हैं। घर की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। इसलिए उन्हें कम उम्र में ही नौकरी के लिए बाहर जाना पड़ा। एक साल पहले तक वे सिक्युरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। 12 हजार रुपए महीना सैलरी थी। आज वे चाय की होम डिलीवरी का बिजनेस करते हैं। हर दिन एक हजार से ज्यादा उनके पास ऑर्डर आते हैं। इससे हर महीने 2 लाख रुपए से ज्यादा की कमाई हो रही है।
पढ़िए पूरी खबर..

अंटार्कटिका में न्यूयॉर्क से बड़ा ग्लेशियर टूटा
अंटार्कटिका में ब्रंट आइस शेल्फ से बर्फ का बड़ा हिस्सा टूटकर अलग हो गया। यह जगह ब्रिटेन की साइंटिफिक आउटपोस्ट से बहुत दूर नहीं है। ब्रिटिश अंटार्कटिक सर्वे (BAS) के मुताबिक, आइसबर्ग का टूटा हुआ हिस्सा 490 वर्ग मील (1270 वर्ग किलोमीटर) का है। यह साइज में न्यूयॉर्क शहर से भी बड़ा है। BAS के मुताबिक, यहां बर्फ की मोटाई करीब 150 मीटर है। इसमें बड़ी दरारें पड़ने के कारण वैज्ञानिक काफी समय से एक बड़े आइसबर्ग के टूटने की आशंका जता रहे थे।

रेसलर विनेश फोगाट की गोल्डन वापसी
इंडियन रेसलर विनेश फोगाट ने कोरोना के बाद गोल्डन वापसी की। एक साल बाद रिंग में उतरी विनेश ने यूक्रेन की राजधानी कीव में चल रहे ‘आउटस्टैंडिंग यूक्रेनियन रेसलर्स और कोचेस मेमोरियल’ टूर्नामेंट में गोल्ड मेडल जीता। फाइनल में वे पूर्व वर्ल्ड चैम्पियन वेनेसा कलाजिंसकाया के खिलाफ 6-8 से पीछे चल रही थीं। आखिरी 35 सेकंड में उन्होंने 4 पॉइंट लेकर खेल पलट दिया। 53 किग्रा वेट कैटेगरी इवेंट के फाइनल में खेल रत्न से सम्मानित विनेश ने 2017 की वर्ल्ड चैम्पियन और वर्ल्ड नंबर-7 बेलारूस की कलाजिंसकाया को 10-8 से शिकस्त दी। वे ओलिंपिक के लिए पहले ही क्वालिफाई कर चुकी हैं।

छत्तीसगढ़ के मंत्री का VIDEO वायरल
छत्तीसगढ़ के एक मंत्री भागवत कथा में भजन सुनकर ऐसे झूमे कि वहां मौजूद लोग कहने लगे- इन पर तो देवी आ गई हैं। कथा सुनने पहुंचे राज्यमंत्री गुलाब कमरो अचानक तेजी से सिर हिलाने लगे। वे कभी घुटने के बल बैठकर झूमने लगे तो कभी लेट कर अजीब हरकतें करने लगे। उनकी हरकतें देखकर सुरक्षाकर्मी भी परेशान हो गए। लोगों ने उन पर पानी के छींटे भी मारे, लेकिन मंत्री जी लगातार झूमते रहे। पूरी घटना का वीडियो वायरल हो गया है। गुलाब कमरो भरतपुर सोनहत से कांग्रेस के विधायक हैं। साथ ही वे सरगुजा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष भी हैं। उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा मिला है। मंत्रीजी का वीडियो देखने के लिए क्लिक करें..

राम मंदिर की लागत से डेढ़ गुना चंदा मिला
अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के लिए शनिवार शाम तक 2,100 करोड़ रुपए चंदा जुटाया जा चुका है। फिलहाल 1,500 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है, यानी यह अनुमान से लगभग डेढ़ गुना है। पहले 1,100 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान था, लेकिन नींव का प्लान बदलने की वजह से लागत बढ़ गई। विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने 15 जनवरी से निधि समर्पण अभियान शुरू किया था। 44 दिन में टारगेट पूरा होना था। जिन राज्यों में अभियान देर से शुरू हुआ था, वहां चंदा जुटाया जा रहा है। ऐसे में धनराशि और बढ़ना तय है।

सुर्खियों में और क्या है..

  • एक्टिव कोरोना केस के मामले में महाराष्ट्र टॉप पर बना हुआ है। यहां प्रशासन ने पुणे में नाइट कर्फ्यू 14 तक बढ़ा दिया है। स्कूल भी बंद रहेंगे।
  • मैक्सिको में बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते राष्ट्रपति एन्ड्रेस मैनुअल लोपेज ने अमेरिकन प्रेसिडेंट जो बाइडेन से वैक्सीन शेयरिंग की अपील की है।

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें