भोपाल
कर्नाटक में जैन आचार्य काम कुमार नंदी महाराज की हत्या के विरोध में गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय जैन संघ ने भारत बंद बुलाया है। मध्यप्रदेश में भी जैन समाज सड़कों पर उतर आया। भोपाल में दिगंबर जैन पंचायत कमेटी ट्रस्ट ने बंद का समर्थन कर अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। प्रदेश के दूसरे जिलों में भी जैन समाज ने विरोध प्रदर्शन किया।
जैन संघ के संयोजक राजेश जैन ने बताया कि हमारी मांग है कि जैन आचार्य की हत्या की साजिश में शामिल सभी लोगों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। मामले की जांच CBI करे और आरोपियों के खिलाफ केस फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए।
भोपाल: मौन जुलूस निकाला, व्यापारिक संगठनों ने किया समर्थन
भोपाल में जैन समाज ने मौन जुलूस निकाला। विद्योदय युवा महासंघ ने रैली निकाली। भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स और दूसरे व्यापारिक संगठनों ने भी समर्थन किया। जैन समाज के मीडिया प्रभारी अंशुल जैन ने बताया कि संपूर्ण भारत वर्ष में बंद के आह्वान के साथ भोपाल में भी प्रतिष्ठान बंद रखे गए।
संत की हत्या श्रमण संस्कृति (श्रमण धर्म आगे चलकर जैन धर्म के नाम से प्रचलित हुआ) की हत्या है। भारतीय संस्कृति, संस्कारों और धर्म पर संकट आए तो हमें परंपरा, संस्कृति की रक्षा के लिए अहिंसात्मक तरीके से अपना विरोध दर्ज करवाना चाहिए।कर्नाटक में जैन मुनि की हत्या के विरोध में गुरुवार को भोपाल बंद रहा। चौक बाजार की दुकानों के शटर भी नहीं खुले।
इंदौर: इक्का-दुक्का दुकानें छोड़ पूरा मार्केट बंद
इंदौर में इक्का-दुक्का दुकानें छोड़कर क्लॉथ मार्केट, खजूरी बाजार, जवाहर मार्ग सहित शहर के प्रमुख बाजार नहीं खुले। राजवाड़ा चौक में समाज के लोगों ने नारेबाजी कर नाराजगी जताई। विश्व जैन संगठन के नेतृत्व में कॉलानी नगर से कमिश्नर कार्यालय तक वाहन रैली निकाली गई। रैली ने आचार्य विहर्ष सागर महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।
रैली खजूरी बाजार, राजबाड़ा, तोपखाना से रीगल तिराहा कीर्ति स्तंभ होते हुए वापस कमिश्नर कार्यालय पहुंची। यहां प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।इंदौर के राजवाड़ा चौक में जैन समाज के लोगों ने नारेबाजी कर नाराजगी जताई। जैन मुनि की हत्या को भारतीय संस्कृति पर कलंक बताया।
छिंदवाड़ा: रैली में शामिल हुए आचार्य श्री विभव सागर महाराज
सकल जैन समाज ने छिंदवाड़ा में मौन रैली निकाली। प्रशासन को मांग पत्र सौंपा। छोटी बाजार से रैली शुरू हुई। सामाजिक, राजनीतिक, व्यापारिक संगठनों के साथ मुस्लिम समाज भी इस प्रदर्शन में शामिल हुआ। रैली में जैन मुनि आचार्य श्री विभव सागर जी महाराज छोटी बाजार से फव्वारा चौक तक शामिल हुए। शहर में प्रतिष्ठान बंद रखे गए।सकल जैन समाज ने छिंदवाड़ा में मौन रैली निकाली।
गुना में पुराने कलेक्ट्रेट तक निकाली रैली, सौंपा ज्ञापन
गुना में भी जैन समाज सड़कों पर उतर आया। जैन मंदिर से पुराने कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकाला गया। इसके बाद प्रधानमंत्री के नाम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में जैन समाज की महिलाएं भी शामिल हुईं। इससे पहले दोपहर तक बाजार बंद रखा गया। विरोध प्रदर्शन में जैन समाज, वैश्य समय, कायस्थ समाज समेत सर्व समाज के लोग शामिल हुए।

गुना में जैन समाज ने जैन मंदिर से पुराने कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकाला।
क्या है मामला?
घटना 10 दिन पहले की है। कर्नाटक के बेलगावी की चिक्कोडी तालुक में दिगंबर जैन मुनि काम कुमार नंदी महाराज की हत्या कर दी गई। आरोपियों ने जैन मुनि के शव के टुकड़े कर दिए और उन्हें गांव में एक बंद पड़े बोरवेल में फेंक दिया। पुलिस ने दो लोगों नारायण बसप्पा माडी और हसन दलायथ को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि हत्या करीब 6 लाख रुपए के लेन-देन को लेकर की गई।
6 जुलाई को जैन मुनि काम कुमार के लापता होने की खबर आई। वे नंदी पर्वत आश्रम के अपने कमरे में नहीं मिले, जबकि उनकी पिच्छिका और कमंडल वहीं थे। 5 जुलाई की रात 10 बजे तक उन्हें कमरे में देखा गया था। जैन संत के आश्रम में नहीं मिलने पर उनके शिष्यों की चिंता बढ़ गई।
काफी खोजबीन के बाद भी नहीं मिलने पर आचार्य काम कुमार नंदी चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष भीमप्पा उगारे ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने 8 जुलाई को साड़ी में बंधे जैन मुनि के शव के टुकड़े कटकभावी गांव में एक बोरवेल से बरामद किए थे।





