भारत और ब्रिटेन (UK) के बीच हुआ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट अप्रैल 2026 से लागू होने की उम्मीद है. इस एग्रीमेंट का नाम कॉम्प्रिहैन्सिव इकोनॉमिक एंड ट्रेड एग्रीमेंट (CETA) (CETA) है. इसके लागू होने से दोनों देशों के बीच ट्रेड करना बहुत आसान और सस्ता हो जाएगा.
भारत और ब्रिटेन ने 24 जुलाई, 2025 को कॉम्प्रिहैन्सिव इकोनॉमिक एंड ट्रेड एग्रीमेंट (CETA) साइन किया था. इस एग्रीमेंट के तहत भारत के 99 फीसदी प्रोडक्ट ब्रिटेन में जीरो ड्यूटी पर भेजे जा सकेंगे. वहीं ब्रिटिश प्रोडक्ट्स जैसे कार और व्हिस्की पर कम टैरिफ लगेगा. एक सरकारी अधिकारी ने पीटीआई को कहा, “हम उम्मीद कर रहे हैं कि यह समझौता इस साल अप्रैल से लागू हो जाएगा.”
डबल कॉन्ट्रीब्यूशंस कनवेंशन भी हो सकते हैं लागू
दोनों देशों ने डबल कॉन्ट्रीब्यूशंस कनवेंशन (DCC) पर भी साइन किए हैं, ताकि अस्थायी कर्मचारियों को दोनों देशों में एक ही तरह के सोशल लेवी दोबारा न भरने पड़ें. अधिकारी के मुताबिक, दोनों समझौते एक साथ लागू किए जा सकते हैं.
ब्रिटिश संसद की मंजूरी जरूरी
समझौते को लागू करने से पहले ब्रिटिश संसद की मंजूरी जरूरी है. भारत में ऐसे समझौतों को केंद्रीय कैबिनेट मंजूरी देती है. ब्रिटिश संसद की मंजूरी मिलने के बाद इसे आपसी सहमति से तय तारीख पर लागू किया जाएगा. ब्रिटिश हाउस ऑफ कॉमन्स ने इस सप्ताह की शुरुआत में भारत-यूके CETA पर बहस की. व्यापार और उद्योग विभाग में राज्य मंत्री क्रिस ब्रायंट ने लेबर सरकार की ओर से जवाब देते हुए कहा कि CETA एक ऐतिहासिक उपलब्धि है.
56 अरब डॉलर के ट्रेड को दोगुना करने का टारगेट
CETA का मकसद 2030 तक दुनिया की पांचवीं और छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच 56 अरब डॉलर के ट्रेड को दोगुना करना है. समझौते के तहत भारत ने ब्रिटेन की चॉकलेट, बिस्किट और कॉस्मेटिक्स जैसे अलग-अलग कंज्यूमर गुड्स के लिए अपना मार्केट खोला है। वहीं उसे ब्रिटेन के मार्केट में अपने टेक्सटाइल, फुटवियर, जेम्स एंड ज्वेलरी, स्पोर्ट्स गुड्स और खिलौनों जैसे प्रोडक्ट्स के लिए ज्यादा एक्सेस मिलेगी।
इस समझौते के तहत, जिसे CETA कहा गया है, स्कॉच व्हिस्की पर शुल्क तुरंत 150 प्रतिशत से घटाकर 75 प्रतिशत किया जाएगा और 2035 तक इसे 40 प्रतिशत तक कम किया जाएगा. ऑटोमोबाइल पर, भारत आयात शुल्क को पांच वर्षों में 110 प्रतिशत की वर्तमान दर से घटाकर 10 प्रतिशत करेगा, एक क्रमिक उदारीकृत कोटा प्रणाली के तहत. इसके बदले, भारतीय निर्माता कोटा ढांचे के भीतर इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड वाहनों के लिए यूके बाजार तक पहुंच प्राप्त करेंगे।






Add comment