ईरान ने जून में इजरायल के साथ हुए संघर्ष के दौरान 21000 लोगों को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया था। यह जानकारी ईरान के सरकारी मीडिया ने दी है। इस संघर्ष के दौरान पूरे देश में 1000 से अधिक जांच चौकियां बनाई गई थी।

तेहरान: ईरान पुलिस ने जून में इजराइल के साथ 12 दिनों तक चले हवाई युद्ध के दौरान 21,000 संदिग्धों को हिरासत में लिया था। सरकारी मीडिया ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सरकारी टीवी की एक खबर में पुलिस प्रवक्ता जनरल सईद मोंताजेरलमहदी के हवाले से बताया गया कि लोगों ने संदिग्धों की सूचना अधिकारियों को दी थी।
12 दिनों में 21000 लोग हुए गिरफ्तार
उन्होंने बताया, “12 दिनों तक चले युद्ध के दौरान 21,000 संदिग्धों की गिरफ्तारी सुरक्षा प्रदान करने में लोगों की उच्च जागरूकता और भागीदारी को दर्शाती है।” मोंताजेरलमहदी ने हालांकि यह नहीं बताया कि संदिग्धों पर क्या आरोप लगाए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि 260 से ज्यादा लोगों पर जासूसी का संदेह था और 172 अन्य लोगों को अवैध रूप से वीडियो बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
1000 से अधिक जांच चौकियां बनाई गईं
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने 13 से 24 जून के बीच संघर्ष के दौरान देश भर में 1,000 से ज्यादा जांच चौकियां बनायी थीं। यह पहली बार है जब ईरान पुलिस ने युद्ध के दौरान कुल गिरफ्तारियों की संख्या बताई है।




