उज्जैन
उज्जैन सेंट्रल जेल में हुए 15 करोड़ के गबन मामले में जेल अधीक्षक उषा राज को पुलिस ने जेल से हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जाएगी। इस दौरान वह पुलिस पर भड़क गईं। बोलीं- मुझे हाथ मत लगाना। मैं कोई कैदी या अपराधी नहीं हूं, जो फरार हो जाऊंगी। जेल अधीक्षक खुद को बेकसूर बताती रहीं। एक दिन पहले यानी शुक्रवार को ही उषा राज को भोपाल जेल मुख्यालय ट्रांसफर किया गया था। इसके बाद शनिवार दोपहर यहां पटाखे फोड़कर जश्न भी मनाया गया।
सीएसपी अनिल मौर्य ने बताया कि जेल अधीक्षक से पूछताछ की जा रही है। जेल कर्मियों के खाते से जो राशि निकली है, उसके दस्तावेज जब्त किए गए हैं। आरोपी रिपुदमन घर से पत्नी समेत फरार है, उसके घर पर भी दबिश दी जा रही है।
उज्जैन की केंद्रीय भैरवगढ़ जेल में डीपीएफ में 15 करोड़ के गबन का मामला सामने आया था। तत्कालीन जेल अधीक्षक उषा राज पर गबन का आरोप है। इसी मामले में शुक्रवार रात उषा राज को यहां से हटाकर भोपाल जेल मुख्यालय अटैच कर दिया गया था। रात में ही इसके आदेश भी जारी हो गए थे।

उषा राज को जेल से ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
जेल में दूसरे दिन मनाया जश्न
बताया जा रहा है कि उषा राज की जेल में तानाशाही थी। उनके हटने की खबर सुनकर शनिवार दोपहर जेलकर्मियों ने जेल के बाहर आतिशबाजी करते हुए जश्न मनाया गया। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई भी दी गई। ढोल भी बजवाए गए। इसी बीच, उषा राज अपनी फाइलें और कुछ सामान लेने के लिए केंद्रीय जेल पहुंचीं।
पुलिस ने जेल से ही हिरासत में लिया
शुक्रवार को उषा राज उज्जैन से इंदौर चली गई थीं। शनिवार सुबह वह दोबारा जेल पहुंची। उन्हें कुछ फाइलें और सामान लेना था। दोपहर होते-होते भैरवगढ़ थाना पुलिस भी पूछताछ के लिए सेंट्रल जेल पहुंच गई। पुलिस ने जेल अधीक्षक से बाहर आने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं आईं। इसके बाद पुलिस ने अंदर जाकर जेल अधीक्षक उषा राज को हिरासत में ले लिया।
कहती रहीं- मुझे हाथ मत लगाओ
जब पुलिस जेल अधीक्षक को हिरासत में लेने के लिए पहुंची, तो उन्होंने काफी इंतजार करवाया। आखिरकार पुलिस ने उन्हें पकड़ा, तो जेल अधीक्षक भड़क गईं। उन्होंने कहा कि मुझे हाथ मत लगाओ। मैं खुद ही चल रही हूं। मैं कोई अपराधी नहीं हूं, जो फरार हो जाऊंगी। सभी सवालों का जवाब दूंगी। मैं तो खुद लड़ रही हूं और लड़ूंगी भी।

जब पुलिस जेल अधीक्षक को पकड़कर ले जाने लगी, तो वह पुलिस को ही हड़काती रही।
जेल अधीक्षक बोलीं- मुझे फंसाया गया
इस दौरान जेल अधीक्षक ने मीडिया से कहा कि मैं पूरी तरह बेकसूर हूं। जेल में मेरे खिलाफ साजिश रची गई है। मुझे अभी रिलीव भी नहीं किया गया। मेरे लिए तो अच्छा है कि मैं इस टेंशन से दूर रहूंगी। रिलीव नहीं होने के बावजूद मुझसे मेरा स्टाफ वापस ले लिया गया। ये गलत है। मामले की जांच चल रही है। सच्चाई सामने आएगी। साइबर क्राइम हुआ है। मैं खुद भी मामले की जांच की मांग कर रही हूं। मुझे फंसाया गया है। बंदियों ने कभी शिकायत की क्या? कि कभी उन्हें खाना नहीं दिया गया। जिन लोगों की दुकानें बंद हुई हैं, उन्होंने मेरे खिलाफ साजिश रची है। मैं खुद यहां से हटने के लिए इच्छुक थी। क्योंकि यहां मैं सुरक्षित नहीं थी। शासन के आदेश का मैं पालन करूंगी।
नई जेल अधीक्षक भी पहुंचीं
जेल परिसर में बज रहे ढोल-धमाके के बीच देवास के साथ उज्जैन जेल का कार्यभार संभालने नई जेल अधीक्षक हिमानी मनवारे पहुंच गईं। उन्होंने जेल का मुआयना किया। उन्होंने कहा- पहली बार यहां आई हूं। यहां के बारे में पता चला है। उनको दूर करने का कार्य प्राथमिकता रहेगी।





