अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

*इंदौर में झमाझम,जल्दी शहर सामान्य बारिश से आगे निकलेगा, 24 घंटे में 5 इंच वर्षा, यशवंत सागर के 3 गेट खोले*

Share

कई क्षेत्रों में जल-जमाव,कान्ह लबालब,मंदिर में सो रहा वृद्ध फंसा, ऑरेंज टीम ने निकाला,निगम मुख्यालय के सामने वाले छोटे पुल के मुहाने तक पहुंचा पानी,कई तालाबों के साथ-साथ यशवंत सागर भी लबालब, सुबह तीन गेट खोले,शहर की कई कॉलोनियों में सुबह लोग सोकर उठे तो सडक़ें पानी से भरी थीं,एमजी रोड थाना परिसर, विंध्याचल नगर सहित कई स्थानों पर पेड़ गिरे

इंदौर। शहर पर कल से बादल जमकर मेहरबान हुए हैं। कल सुबह से आज सुबह के बीच शहर में 5 इंच बारिश दर्ज की गई। इस मानसून सीजन में ऐसा पहली बार हुआ है, जब 24 घंटे में इतनी बारिश शहर को मिली है। इसके साथ ही बारिश का कुल आंकड़ा 30 इंच के करीब पहुंच चुका है। बारिश का यह दौर अब भी लगातार जारी है। मौसम विभाग के अनुसार आज और कल भी शहर में अच्छी बारिश की संभावना है।

मौसम केंद्र के मुताबिक कल सुबह 8.30 बजे से आज सुबह के बीच शहर में कुल 747.8 मिलीमीटर, यानी 4.7 इंच बारिश दर्ज की गई। खास बात यह है कि कल सुबह से शाम तक 1 इंच से भी कम बारिश हुई थी, वहीं रात से सुबह के बीच करीब 4 इंच बारिश दर्ज हुई। इसके साथ ही जून से अब तक बारिश का कुल आंकड़ा 29.4 इंच पर पहुंच चुका है। हालांकि यह अब भी सामान्य से 1 इंच कम है, लेकिन लगातार जारी बारिश को देखते हुए उम्मीद है कि जल्दी शहर सामान्य बारिश से आगे निकलेगा।

कोटे से सिर्फ 8 इंच पीछे इंदौर
मौसम विभाग के अनुसार शहर में जून से सितंबर के बीच मानसून सीजन में औसत 37.5 इंच बारिश होती है। आज सुबह तक इंदौर में 29.4 इंच बारिश हो चुकी है। इस तरह इंदौर अपने बारिश के औसत कोटे से सिर्फ 8 इंच पीछे है।

देपालपुर में 7.3 इंच बारिश
पिछले 24 घंटे में इंदौर में जहां पौने 5 इंच बारिश दर्ज की गई, वहीं देपालपुर में सर्वाधिक बारिश दर्ज की गई। यहां पिछले 24 घंटों में 7.3 इंच बारिश हुई। वहीं गौतमपुरा में 6.3 इंच बारिश हुई। शहर के पूर्वी क्षेत्र में कम बारिश हुई। यहां स्थित कृषि महाविद्यालय पर इस बीच 3.1 इंच और मध्य में पौने 5 इंच बारिश ही रिकॉर्ड की गई।

इंदौर-उज्जैन में सर्वाधिक वर्षा
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में इंदौर में जहां 191.1 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई, वहीं उज्जैन में 100 मि.मी. वर्षा हुई। प्रदेश के गुना और रायसेन इसके बाद वर्षा के क्रम में रहे। गुना में 79.7 तो रायसेन में 71.8 मि.मी वर्षा दर्ज की गई। राजगढ़ जहां पूरी तरह सूखा रहा, वहीं बैतूल में मात्र 3.2 मि.मी. वर्षा हुई। वर्षा के इस क्रम में ग्वालियर में 50 मि.मी., भोपाल में 47.8 मि.मी. तो रतलाम में 54 मि.मी. वर्षा दर्ज हुई।

अगले 24 घंटे भी भारी बारिश की संभावना
भोपाल मौसम के अनुसारमध्यप्रदेश और आसपास के इलाकों में मानसूनी टर्फ के साथ ही बंगाल की खाड़ी से नया सिस्टम सक्रिय हो रहा है। इस कारण इंदौर सहित पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश हो रही है। अगले 24 घंटे तक इंदौर सहित आसपास के क्षेत्र में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।

कल रात से हो रही लगातार बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में पानी भर गया और सडक़ों पर जलजमाव के कारण लोग परेशान होते रहे। कान्ह (Kanh) नदी में जलस्तर अच्छा खासा बढ़ गया, जिसके कारण कृष्णपुरा छत्री के समीप मंदिर में सो रहा एक वृद्ध पानी में फंस गया। बाद में सूचना पर निगम की ऑरेंज टीम और होमगार्ड की टीम ने वहां पहुंचकर जैसे-तैसे वृद्ध को पानी से निकाला। कान्ह नदी में बढ़े जलस्तर को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो रही थी, जिन्हें पुलिसकर्मी और निगम की टीमें हटा रही थीं। बारिश के कारण फिर से प्रजापत नगर, द्वारकापुरी, हवा बंगला सहित छोटा बांगड़दा और एरोड्रम क्षेत्र की दर्जनों कॉलोनियों में पानी भर गया। सडक़ें, चौराहे पानी से लबालब थे। एमजी रोड थाना परिसर से लेकर कई जगह पेड़ गिरने की घटनाएं हुईं। हालांकि इसमें किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

आज सुबह-सुबह निगम कंट्रोल रूम और पुलिस एमजी रोड को सूचना मिली कि कृष्णपुरा छत्री के समीप पुराने मंदिर में एक वृद्ध मूलचंद साहू रात में मंदिर परिसर में ही सो गए थे और आज सुबह पानी बढऩे पर मंदिर में ही फंस गए। इस पर तत्काल ऑरेंज टीम के कर्मचारी, निगम अधिकारी और होमगार्ड की टीम मौके पर पहुंची और मशक्कत के बाद जैसे-तैसे वृद्ध को मंदिर से बाहर निकाला। इसी दौरान उनके परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए थे। अधिकारियों के मुताबिक वृद्ध को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। कान्ह नदी में कल रात से हो रही बारिश के बाद जलस्तर अच्छा खासा लगातार बढ़ रहा था और वहां हेमिल्टन रोड, कृष्णपुरा छत्री, रामबाग पुल, निगम मुख्यालय के सामने, कृष्णपुरा पुल आदि स्थानों पर लोगों की भीड़ जमा होने लगी तो पुलिस और निगम की टीम ने मोर्चा संभाला और लोगों को वहां से हटाया। निगम मुख्यालय के सामने शिवाजी मार्केट से हेमिल्टन रोड को जोडऩे के लिए बरसों पुराना छोटा पुल बना है और जलस्तर उसके मुहाने तक पहुंच गया। इसी के चलते निगम और पुलिस ने पुल के दोनों ओर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए और आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी। पुल के डूबने का अंदेशा बना हुआ है, क्योंकि लगातार कान्ह नदी में जलस्तर बढ़ता जा रहा है।

नार्थ तोड़ा के घरों में घुसा पानी, लोग सामान हटाते रहे
आज सुबह नार्थ तोड़ा के कई घरों में पानी भरने के कारण लोग परेशान होते रहे। निचले क्षेत्र में बसे हिस्सों में घरों में सुबह-सुबह पानी भर गया और कई लोग तो कान्ह नदी में पानी के बढ़ते जलस्तर के कारण सो नहीं पाए थे। सुबह दर्जनों घरों में पानी भरने के बाद लोग अपना सामान हटाने से लेकर पानी निकासी में जुटे रहे। नार्थ और साउथ तोड़ा क्षेत्र में कई मकान कान्ह नदी के किनारों पर बने हुए हैं और नदी में पानी बढऩे के बाद वहां हर साल यही स्थिति बनती है। बस्तियों में जलजमाव की सूचना पर निगम के अधिकारी और ऑरेंज टीम के कर्मचारी भी पहुंच गए थे। अफसरों का कहना है कि लगातार जलस्तर बढ़ता रहा तो फिर नदी किनारे बने कई मकानों से रहवासियों को अन्य स्थानों और धर्मशालाओं में शिफ्ट कराया जाएगा।

छत्रीबाग, गुरु नानक कॉलोनी, द्वारकापुरी, प्रजापत नगर बेहाल
रात से जारी बारिश के चलते आज सुबह शहर के कई इलाकों में पानी भराने की शिकायतें आती रहीं। छत्रीबाग कान्ह नदी के समीप बने कई मकानों में पानी भर गया था और कुछ मकान तो डूबने की स्थिति में थे। वहां के लोगों ने अपना सामान हटा लिया और घरों को छोड़ दूसरे स्थानों पर चले गए। गुरु नानक कॉलोनी में भी कान्ह नदी के छोर पर कई मकान बने हुए हैं। वहां भी यही स्थिति बनी। द्वारकापुरी, प्रजापत नगर, विदुर नगर क्षेत्र में भी सडक़ों पर लबालब पानी भरा था।

कई चौराहे तालाब में तब्दील, निगम टीमें पानी निकासी के लिए लगाईं
आज सुबह फूटी कोठी चौराहे की हालत सबसे ज्यादा खराब थी। वहां अलग-अलग हिस्सों में जलजमाव के कारण वाहन चालकों का चौराहे से गुजरना मुश्किल हो रहा था। विजयनगर चौराहा, कालानी नगर, गंगवाल बस स्टैंड, कलेक्टोरेट, अग्रसेन चौराहा सहित कई चौराहों पर भी जलजमाव के साथ स्थिति खराब थी। निगम की टीमें चौराहों पर पानी निकासी के लिए मोटरें लगाकर मशक्कत करने में जुटी थीं।

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें