सीबीआई अधिकारियों ने शनिवार को चेन्नई में कांग्रेस नेता कार्ति चिदंबरम के घर पर छापा मारा। चीनी वीजा केस में एजेंसी ने ये छापे मारे हैं।
मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता का निधन, पिछले हफ्ते से मेदांता में भर्ती थीं

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता का गुड़गांव के मेदान्ता हॉस्पिटल में निधन हो गया है। पिछले सप्ताह साधना गुप्ता को शुगर सहित कई अन्य बीमारियों की वजह से मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां शनिवार सुबह उनका निधन हो गया है। मुलायम सिंह यादव भी वहीं मौजूद हैं।। मालूम हो कि साधना गुप्ता LDA में कार्यरत थी। पिछले दिनों उनका स्थानांतरण भी हो गया था।
श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटबाया आवास छोड़कर भागे, कई दिनों से चल रहा प्रदर्शन
श्रीलंका में आर्थिक संकट को लेकर कई दिनों से प्रदर्शन चल रहा है। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे के आवास को घेर लिया। जानकारी मिल रही है कि राजपक्षे अपने सरकारी आवास पर नहीं हैं। न्यूज एजेंसी AFP के मुताबिक श्रीलंका के राजपक्षे भाग गए हैं। प्रदर्शकारियों ने राष्ट्रपति आवास पर कब्जा कर लिया है। हालांकि, इसके बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है।
उदयपुर-अमरावती हत्याकांड; दिल्ली में VHP समेत कई हिंदू संगठनों का विरोध प्रदर्शन, तिरंगे के साथ निकाला मार्च

उदयपुर और अमरावती हत्याकांड के विरोध में दिल्ली में शनिवार को विश्व हिंदू परिषद (VHP) समेत कई हिंदू संगठनों का धरना प्रदर्शन चल रहा है। हिंदू संगठन के लोग तिरंगे के साथ मंडी हाउस से लेकर जंतर मंतर तक विरोध मार्च भी निकाला। इस मार्च को संविधान संकल्प मार्च का नाम दिया है। संगठन के लोगों ने मार्च के दौरान ‘देश संविधान से चलेगा, शरीयत या जिहाद से नहीं’ का नारा भी लगाया।
अमरनाथ के बाद जम्मू के डोडा में बादल फटा, नेशनल हाईवे पर लगा जाम, कोई हताहत नहीं
अमरनाथ के बाद जम्मू के डोडा जिले के ठाठरी में आज सुबह बादल फटने की घटना सामने आई है। ठाठरी में मौजूद यहां आर्मी कैंप में पानी भर गया। इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पहाड़ से पानी के साथ गिरे मलबे में कई घरों के दबे होने की भी सूचना है। हालांकि अब तक किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं मिली हैं। न्यूज एजेंसी के मुताबिक ठठरी कस्बे के गुंटी जंगल में बादल फटने के चलते नेशनल हाईवे पर जमा हुए मलबे में कई वाहन फंस गए, जिसकी वजह से ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
कर्नाटक के बागलकोट और विजयपुरा में 4.6 तीव्रता का भूकंप

कर्नाटक के बागलकोट और विजयपुरा के कुछ हिस्सों में शनिवार सुबह 6 बजे 4.6 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप का केंद्र महाराष्ट्र के सांगली के पास 10 किलोमीटर की गहराई में बना। जानकारी के मुताबिक, विजयपुरा जिले के बसवाना बागेवाड़ी, विजयपुरा शहर, इंडी, बबलेश्वर और बागलकोट के जामखंडी के पास के कुछ गांवों में कम तीव्रता के झटके महसूस किए गए। फिलहाल किसी किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
बारामूला में लश्कर का एक हाइब्रिड आतंकी गिरफ्तार, भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद
जम्मू-कश्मीर के बारामूला मे सुरक्षा बलों ने लश्कर के एक हाइब्रिड आतंकी को गिरफ्तार किया है। आतंकी के पास से हथियारों का जखीरा और भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किए गए। उसके पास से एक पिस्टल, एक पिस्टल मैगजीन और 7 राउंड पिस्टल बुलेट्स और गोला बारूद भी मिले।
राष्ट्रपति चुनाव से पहले रविवार को NDA की बैठक, मानसून सत्र पर भी हो सकती है चर्चा

देश में राष्ट्रपति चुनाव को लेकर रविवार (10 जुलाई) को NDA की मीटिंग होगी। चुनाव से पहले यह मीटिंग काफी अहम मानी जा रही है। इस मीटिंग में PM मोदी सहित पार्टी के कई बड़े नेता शामिल होंगे। राष्ट्रपति चुनाव 18 जुलाई को होना है और इसी दिन संसद का मानसून सत्र भी शुरू हो रहा है। माना जा रहा है कि NDA की मीटिंग के दौरान राष्ट्रपति चुनाव और मानसून सत्र में पार्टी की स्ट्रैटेजी पर चर्चा हो सकती है।
चीनी कंपनी हुवावे पर टैक्स चोरी का आरोप, 750 करोड़ रुपए चीन भेजे
शाओमी और वीवो के बाद चीनी स्मार्टफोन निर्माता कंपनी हुवावे भी भारतीय जांच एजेंसियों के रडार पर है। हुवावे इंडिया पर आरोप है कि उसने अपनी टैक्सेबल इनकम कम दिखाने के लिए कमाई का बड़ा हिस्सा प्रॉफिट के तौर पर कंपनी के चीनी हेडक्वार्टर भेजा है।
इनकम टैक्ट डिपार्टमेंट (IT) ने कम से कम दो फाइनेंसियल ईयर के दौरान भारत में हुवावे की ओर से घोषित इनकम में गड़बड़ी पाए जाने का दावा किया है। इसके मुताबिक कंपनी ने रेवेन्यू कम होने के बावजूद प्रॉफिट के तौर 750 करोड़ रुपए चीन भेजे थे। इस साल फरवरी में IT ने छापेमारी के दौरान टैक्स चोरी के सबूत मिलने पर कंपनी का बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिया था। वहीं, IT ने कंपनी के अधिकारी पर जानकारी छिपाने का आरोप लगाया था।
ऋषि सुनक ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की

ब्रिटेन में प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के इस्तीफे के बाद नए PM की दौड़ तेज हो गई है। जॉनसन की कैबिनेट से इस्तीफा देने वाले भारतवंशी ऋषि सुनक ने भी शुक्रवार को आधिकारिक रूप से दावेदारी पेश की है। उन्होंने वीडियो जारी कर कहा कि ब्रिटेन की एकजुटता और अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए सभी को प्रयास करने होंगे।
सुनक ने कहा कि ब्रिटेन का नया नेतृत्व देशभक्ति, सभी को समान अवसर और साझा परिश्रम पर आधारित होगा। वीडियो में अपने परिवारिक बैकग्राउंड का भी जिक्र किया। वीडियो को ‘रेडी फॉर ऋषि’ का नाम दिया है। PM पद के लिए कंजर्वेटिव पार्टी के करीब एक दर्जन उम्मीदवार सामने आ चुके हैं। सूत्रों के अनुसार विदेशमंत्री लिज ट्रस भी शनिवार को आधिकारिक रूप से अपनी दावेदारी पेश करेंगी।





