उत्तराखंड के चमोली में बड़ा हादसा हुआ है। चमोली जिले में अलकनंदा के पास करंट लगने से 15 लोगों की मौत हो गई। इधर, दिल्ली में यमुना अब खतरे के निशान से नीचे आ गई है। हालांकि, पहाड़ी इलाकों में बारिश के चलते जलस्तर में उतार-चढ़ाव होता रहेगा। दिल्ली में बुधवार को मध्यम बारिश का अनुमान है। गुरुवार से संसद का मॉनसून सत्र शुरू हो रहा है।
विपक्षी गठबंधन के नाम के खिलाफ दिल्ली में शिकायत दर्ज कराई गई है। एक खबर उस पाकिस्तानी महिला की रही, जिसके पास से यूपी की एंटी टेररिज्म स्कॉड को अहम डॉक्यूमेंट्स मिले हैं।
आज के प्रमुख इवेंट्स
- संसद के मानसून सेशन की शुरुआत होगी। 23 दिनों तक चलने वाला सेशन 11 अगस्त को खत्म होगा। इस दौरान दोनों सदनों में 17 बैठकें होनी हैं और 31 नए बिल प्रस्तावित हैं। मानसून सेशन को लेकर जॉइंट स्ट्रैटजी बनाने के लिए विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A आज पहली बैठक करेगा।
- भारत और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच खेला जाएगा। ये दोनों देशों के बीच 100वां टेस्ट होगा। विराट कोहली आज अपने करियर का 500वां इंटरनेशनल मुकाबला खेलेंगे। वे ऐसा करने वाले भारत के चौथे और दुनिया के 10वें खिलाड़ी बनेंगे।
विपक्षी गठबंधन का नाम I.N.D.I.A रखने पर आपत्ति; दिल्ली के थाने में दर्ज कराई शिकायत

तस्वीर 18 जुलाई की है। इस दिन बेंगलुरु में 26 विपक्षी दलों की बैठक हुई थी। अगली बैठक मुंबई में होनी है।
विपक्षी पार्टियों के गठबंधन का नाम I.N.D.I.A रखे जाने के खिलाफ दिल्ली के बाराखंबा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज हुई है। शिकायतकर्ता ने कहा है कि 26 विपक्षी दलों ने इंडिया नाम का गलत इस्तेमाल किया है। इस नाम का चुनाव में दुरुपयोग हो सकता है। शिकायतकर्ता ने अपील की है कि 26 दलों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
NDA खेमे की पार्टियां लगातार विपक्षी गठबंधन के नामकरण पर सवाल उठा रही है। वहीं थाने में दर्ज कराए गए शिकायत में कहा गया है कि गठबंधन का नाम ‘INDIA’ रखने से सभी भारतीयों की भावनाएं आहत हुई हैं, क्योंकि उनकी पहचान ‘INDIA’ के नागरिक के तौर पर है।
उधर, हिंदुस्तान अवाम मोर्चा (HAM) के प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि किसी पार्टी या गठबंधन का नाम देश के नाम पर नहीं होना चाहिए। उन्होंने वोटर्स की भावनाओं को आकर्षित करने के लिए यह नाम रखा है।
मांझी ने कहा, PM मोदी का ग्राफ सराहनीय है। देश के बाहर के लोग भी मानते हैं कि 2024 में PM मोदी ही सरकार बनाएंगे।
ममता ने दिया था नाम, राहुल ने समर्थन किया
विपक्ष की बैठक में गठबंधन का नाम INDIA रखने का प्रस्ताव पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रखा था। न्यूज एजेंसी ANI ने मीटिंग में शामिल हुए विदुथलाई चिरुथिगल काची (VCK) पार्टी के चीफ थोल तिरुमावलवन के हवाले से बताया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस नाम पर सहमत नहीं थे, क्योंकि INDIA में NDA के लेटर्स भी आते हैं।
वहीं, कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि राहुल गांधी ने मीटिंग के दौरान बताया कि INDIA नाम क्यों रखा जाना चाहिए।
उधर, विपक्षी गठबंधन INDIA ने ‘जीतेगा भारत’ को अपनी टैगलाइन बनाया है। इसी टैगलाइन का अलग-अलग भाषाओं में ट्रांसलेशन भी किया जाएगा। न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि विपक्षी दलों की मीटिंग के दौरान कई नेताओं ने महसूस किया था कि गठबंधन के नाम में भारत भी होना चाहिए। इसके बाद इसे टैगलाइन में शामिल किया गया।

INDIA नाम पर नेताओं के बयान…
- असम के CM हिमंता बिस्वा सरमा ने अपने ट्विटर बायो से इंडिया हटाकर भारत कर लिया। उनका कहना है कि अंग्रेजों ने हमारे देश का नाम इंडिया रखा था।
- कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा है कि भाजपा इंडिया नाम पर बेवजह विवाद पैदा कर रही है। भाजपा ने खुद मेक इन इंडिया और शाइनिंग इंडिया जैसी स्कीम निकाली हैं।
- आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा है कि अब इलेक्शन NDA बनाम INDIA होंगे और इनमें INDIA की जीत होगी। सीट शेयरिंग पर अगली मीटिंग में चर्चा होगी।

ममता बनर्जी और सोनिया गांधी एक-दूसरे के बगल में बैठी थीं। जुलाई 2021 के बाद ये उनकी दूसरी मुलाकात थी।
सीमा के पास अधूरे नाम-पते वाला पासपोर्ट मिला; 4 मोबाइल और 2 वीडियो कैसेट भी बरामद
यूपी ATS को पाकिस्तानी नागरिक सीमा गुलाम हैदर के पास से दो पासपोर्ट, 4 मोबाइल फोन और 2 वीडियो कैसेट मिले हैं। इनमें एक पासपोर्ट अधूरे नाम-पते वाला है। इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल जासूसी एंगल पर ATS के हाथ अब तक कोई ठोस सबूत नहीं लगे हैं। उससे आज फिर पूछताछ की जा सकती है।
ATS ने पूछताछ में सीमा ने कबूल कर लिया है कि उसका भाई और चाचा पाकिस्तानी आर्मी में हैं। हालांकि, जासूसी एंगल की बात से वह साफ इनकार करती रही। 2 दिन में ATS ने उससे करीब 18 घंटे तक पूछताछ की। ATS सीमा की उम्र ,पाकिस्तानी आई कार्ड और पासपोर्ट को भी वेरिफाई करा रही है। ATS को शक है कि ये चारों बच्चे सीमा के नहीं है।
महाकाल की सवारी के दौरान थूकने वाले का घर तोड़ा; एक आरोपी को जेल भेजा गया
उज्जैन पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान मुनादी का नियम है, इसलिए DJ लेकर आए थे। आरोपी के मकान के अवैध हिस्से को तोड़ा गया है।
उज्जैन प्रशासन ने महाकाल की सवारी निकलने के दौरान छत से थूकने वाले एक आरोपी का घर बुलडोजर से गिरा दिया। उसे जेल भी भेजा गया है। सावन के दूसरे सोमवार को भगवान महाकाल की सवारी निकल रही थी, तभी एक बिल्डिंग से 3 लड़कों ने थूका और कुल्ला कर पानी फेंका। घटना का वीडियो सामने आने पर पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो नाबालिग हैं, जिन्हें बाल सुधार गृह भेजा गया है।
अगर सवारी में शामिल लोगों के ऊपर छींटे पड़ जाते तो धार्मिक सद्भाव बिगड़ सकता था। एक साल पहले मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में एक धार्मिक जुलूस के दौरान उपद्रव हुआ था। फिर शहर भर में पत्थरबाजी, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं हुईं। वहीं एक पक्ष का ये भी कहना है कि कुछ नादान लोगों ने कुल्ला किया या पानी फेंका। छोटी सी गलती पर मकान गिरा देना गलत है।
आज से ₹70/किलो टमाटर बेचेगी सरकार; राजस्थान, यूपी समेत कई शहरों में सस्ते मिलेंगे
केंद्र सरकार लोगों को राहत देने के लिए आज से 70 रुपए प्रति किलो की दर से टमाटर बेचेगी। इससे पहले सरकार इसे 80 रुपए में बेच रही थी। ये टमाटर दिल्ली-NCR, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के चुनिंदा शहरों में बेचे जा रहे हैं। ये बिक्री कंज्यूमर अफेयर्स मिनिस्ट्री के तहत आने वाली नेशनल कंज्यूमर कोऑपरेटिव फेडरेशन की ओर से की जा रही है।
कई राज्यों में टमाटर की कीमत 100 रुपए प्रति किलो से ज्यादा है। कीमतों पर काबू पाने के लिए केंद्र सरकार आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र से टमाटर खरीद रही है। देश के 60% टमाटर का उत्पादन दक्षिणी और पश्चिमी क्षेत्रों में होता है। महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश से जल्द ही नई फसल आने की उम्मीद है। जिससे आने वाले समय में कीमतें घट सकती हैं।
बजरंग-विनेश को ट्रायल में मिले छूट के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचे पहलवान; आज सुनवाई

पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया को एशियन गेम्स ट्रायल में मिली छूट का मामला दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचा है। हरियाणा की पहलवान अंतिम पंघाल और संजीत कलकल ने विनेश-बजरंग को डायरेक्ट एंट्री देने के भारतीय ओलिंपिक संघ (IOA) के फैसले को चैलेंज किया है। मांग है कि किसी भी पहलवान को ट्रायल में कोई छूट न दी जाए। इस मामले पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई होगी।
IOA की एडहॉक कमेटी 22 और 23 जुलाई को एशियन गेम्स के ट्रायल करा रही है। इसमें विनेश और बजरंग हिस्सा नहीं लेंगे। कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के खिलाफ धरना देने वाले पहलवानों में विनेश और बजरंग शामिल थे। ओलिंपियन योगेश्वर दत्त समेत कई रेसलर्स ने कहा है कि विनेश और बजरंग को छूट देने से कई योग्य पहलवान पीछे रह जाएंगे।
भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया को एशियन गेम्स ट्रायल से छूट का मामला दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच गया है। हरियाणा की पहलवाल अंतिम पंघाल और संजीत कलकल ने विनेश-बजरंग को डायरेक्ट एंट्री के भारतीय ओलिंपिक संघ (IOA) की एडहॉक कमेटी के फैसले को चैलेंज किया है।
उन्होंने खिलाड़ियों के निष्पक्ष ट्रायल की मांग की है। दिल्ली हाईकोर्ट में कल सुबह साढ़े 10 बजे इस मामले की सुनवाई होगी। दोनों पहलवानों की संयुक्त याचिका दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सतीश चंद्र शर्मा के समक्ष पेश की गई।
याचिका उनके वकील ऋषिकेश बरुआ और अक्षय कुमार ने दायर की है। जिसमें मांग की गई है कि एडहॉक कमेटी के निर्देश को खारिज कर बजरंग और विनेश को दी गई छूट नामंजूर की जाए।

पहलवानों का कहना है कि साक्षी मलिक, विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया और संगीता फोगाट ने धरना देते वक्त कहा था कि जूनियर पहलवानों की लड़ाई लड़ रही हैं लेकिन अब उन्हें ही किनारे करना चाहती हैं।
पहलवान बोले- ट्रायल से छूट न्यायसंगत नहीं
याचिका में दोनों पहलवानों ने मांग की कि ट्रायल निष्पक्ष तरीके से होना चाहिए। किसी भी पहलवान को कोई छूट नहीं दी जानी चाहिए। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जानी चाहिए। याचिका में दलील दी गई है कि इन पहलवानों ने जंतर मंतर पर अपने विरोध प्रदर्शन के दौरान कहा था कि उनकी लड़ाई न्याय और जूनियर पहलवानों के हित के लिए है। अब वे जूनियर पहलवानों को किनारे करना चाहते हैं। इसलिए हमें इस फैसले के खिलाफ कोर्ट का रुख करना पड़ा। याचिका में खास तौर से कहा गया है कि विनेश फोगाट व बजरंग पूनिया को ट्रायल के बगैर सीधा एशियन गेम्स में शामिल होने की अनुमति देना न्यायसंगत नहीं है।
अंतिम पंघाल ने कहा- वह विनेश को हरा देंगी
अंतिम पंघाल का कहना है कि वह विनेश के साथ कुश्ती के लिए तैयार हैं। उन्हें भरोसा है कि वह विनेश को हरा देंगी। इतना ही नहीं याचिका में कहा गया है कि विनेश फोगाट ने पिछले 1 साल से पहलवानी का अभ्यास नहीं किया है। बावजूद इसके इन सभी तथ्यों को नजरअंदाज कर उन्हें बगैर ट्रायल के एशियन गेम्स में जाने की अनुमति दे दी गई है। वहीं दूसरे पहलवान सुजीत ने कहा कि 65 किलोग्राम वर्ग में देश में 5-6 पहलवान हैं, जो बजरंग को हराने में सक्षम हैं।
एशिया कप का शेड्यूल जारी, 2 सितंबर को श्रीलंका के कैंडी में भारत-पाक मुकाबला
एशियन क्रिकेट काउंसिल के प्रेसिडेंट जय शाह ने 30 अगस्त से 17 सितंबर तक चलने वाले एशिया कप शेड्यूल जारी किया है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 30 अगस्त को पाकिस्तान और नेपाल के बीच मुल्तान में खेला जाएगा। वहीं भारत अपना पहला मैच 2 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ श्रीलंका के कैंडी में खेलेगा। फाइनल मुकाबला 17 सितंबर को कोलंबो में होगा।
एशिया कप के 4 मैच पाकिस्तान में, जबकि बाकी 9 मुकाबले श्रीलंका में होंगे। पाकिस्तान में भारत का एक भी मैच नहीं होगा। यानी भारत के सभी मुकाबले श्रीलंका में खेले जाएंगे। इसे लेकर पाकिस्तान ने आपत्ति जताई थी। इस मामले को लेकर पाकिस्तान ने 5 अक्टूबर से भारत में शुरू हो रहे वर्ल्ड कप में शामिल न होने की धमकी दी है।
पुतिन ब्रिक्स समिट में शामिल नहीं होंगे; रूसी राष्ट्रपति को गिरफ्तारी की आशंका थी

तस्वीर 17 जून 2023 की है। तब रूस-यूक्रेन जंग खत्म कराने के लिए साउथ अफ्रीकी प्रेसिडेंट सिरिल रामफोसा ने मॉस्को में पुतिन से बातचीत की थी।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन साउथ अफ्रीका में 22 से 24 अगस्त तक होने वाली ब्रिक्स समिट में शिरकत नहीं करेंगे। उनकी जगह रूस के फॉरेन मिनिस्टर सर्गेई लावरोव जाएंगे। मेजबान साउथ अफ्रीका ने ये जानकारी दी है। BRICS में 5 देश हैं- ब्राजील, रूस, इंडिया, चीन और साउथ अफ्रीका। फिलहाल, ब्रिक्स की चेयरमैनशिप फिलहाल साउथ अफ्रीका के पास है।
यूक्रेन में वॉर क्राइम्स को लेकर पुतिन के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट (ICC) ने मार्च 2023 में अरेस्ट वॉरंट जारी किया है। अगर पुतिन जोहान्सबर्ग जाते हैं, तो ICC का मेंबर कंट्री होने के नाते साउथ अफ्रीकी सरकार को उन्हें गिरफ्तार करना पड़ता। लिहाजा, दोनों देशों ने यह तय किया कि पुतिन इस समिट में हिस्सा ही न लें।
मुंबई में भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव हुआ जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बिहार के मंत्री तेज प्रताप यादव की तबीयत बिगड़ी, सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती
बिहार के वन एवं पर्यावरण तेज प्रताप यादव की तबीयत अचानक से बिगड़ गई है। उन्हें पटना के मेडिवर्सल अस्पतालले जाया गया है। बताया जा रहा है कि लालू यादव के बेटे तेज प्रताप के सीने में तेज दर्द होने के बाद उनकी तबीयत खराब हो गई। तबीयत खराब होते ही तेज प्रताप को आनन-फानन में पटना के मेडिवर्सल अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टर उनकी जांच कर रहे हैं।
मणिपुर पर संसद में स्थगन प्रस्ताव लाएगी कांग्रेस
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने सर्वदलीय बैठक के बाद कहा, ‘ढाई महीने से मणिपुर जल रहा है लेकिन प्रधानमंत्री ने चुप्पी साधी है। कल से सदन भी शुरू होने वाला है, प्रधानमंत्री से गुजारिश है कि अब सदन में आकर बयान दें और हमें भी चर्चा का मौका दें। हम कल स्थगन प्रस्ताव लाना चाहते हैं क्योंकि मणिपुर के हालात दिन पर दिन बदतर होते जा रहे हैं।’





