नई दिल्ली,पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु समेत 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों के एग्जिट पोल कुछ ही घंटों में जारी होने वाले हैं। 8 चरणों में हुए बंगाल चुनाव का आखिरी राउंड 29 अप्रैल को हुआ है और अब 2 मई को परिणाम आने वाले हैं। इससे पहले एग्जिट पोल्स के जरिए जनता के मूड का पता चलने वाला है। 27 मार्च से पश्चिम बंगाल में शुरू हुए चुनाव की प्रक्रिया एक महीने से ज्यादा लंबी चली है। वहीं असम में तीन राउंड में मतदान हुआ था। इसके अलावा केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी में 6 अप्रैल को एक ही राउंड में मतदान हुआ था। अब एक साथ ही 2 मई को पांचों राज्यों के चुनाव परिणाम आने वाले हैं। आइए इससे पहले जानते हैं, किस राज्य में जनता का क्या मूड बता रहे हैं एग्जिट पोल्स…
ओपिनियन पोल्स में बीजेपी और टीएमसी के बीच कड़ी टक्कर का अनुमान
चुनाव से पहले आए ओपिनियन पोल्स में टीएमसी और बीजेपी के बीत कड़ी टक्कर का अनुमान लगाया गया था। टाइम्स नाउ-सी वोटर सर्वे में टीएमसी को 42 फीसदी वोटों के साथ 157 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया था। राज्य में बहुमत के लिए 148 सीटों की जरूरत है। इसके अलावा बीजेपी को 37.5 फीसदी वोटों के साथ 107 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। हालांकि 2016 में बीजेपी को राज्य में 3 सीटें ही मिली थीं।
टीएमसी ने उठाया, मतगणना के लिए EC की गाइडलाइंस पर सवाल
मद्रास हाई कोर्ट की फटकार के बाद चुनाव आयोग ने 2 मई को मतगणना केंद्रों में प्रत्याशियों की एंट्री के लिए कोरोना निगेटिव रिपोर्ट को अनिवार्य कर दिया है। हालांकि टीएमसी ने इस पर आपत्ति जताई है। पार्टी का कहना है कि आखिर पोलिंग ऑफिसर्स और केंद्रीय सुरक्षा बलों के लिए यह रिपोर्ट अनिवार्य क्यों नहीं की गई।
केरल में कांग्रेस प्रत्याशी का दिल का दौरा पड़ने से निधन
केरल में कांग्रेस के सीनियर लीडर और निलांबुर विधानसभा सीट से प्रत्याशी वीवी प्रकाश का दिल का दौरा पड़ने से गुरुवार सुबह निधन हो गया। कुछ महीनों पहले ही उनकी एंजियोप्लास्टी हुई थी। पार्टी के प्रत्याशी होने के साथ ही वह मलप्पुरम जिला कांग्रेस कमेटी के प्रेसिडेंट भी थे। 56 वर्षीय कांग्रेस नेता के निधन पर विपक्षी दलों के नेताओं समेत राहुल गांधी ने भी संवेदना व्यक्त की है। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘मलप्पुरम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वीवी प्रकाश जी का आसमयिक निधन बेहद दुखद है। उन्हें कांग्रेस के एक ईमानदार और मेहनती कार्यकर्ता के रूप में याद रखा जाएगा। वह लोगों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। मेरी हार्दिक संवेदना उनके परिवार के साथ हैं।’
दूसरी बार सत्ता में आने की कोशिश में बीजेपी
असम में पहली बार पूर्ण बहुमत के साथ 5 साल का कार्यकाल पूरा करने वाली बीजेपी दूसरी बार सत्ता हासिल करने के लिए मैदान में उतरी है। यदि बीजेपी जीतती है तो यह भी एक रिकॉर्ड उसके नाम होगा।





