मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में आज कई महत्वपूर्ण घटनाएं सुर्खियों में हैं. एक तरफ मुंबई में आयोजित क्लाइमेट वीक 2026 का समापन होने जा रहा है, जिसमें मध्य प्रदेश अपने नवीकरणीय ऊर्जा मॉडल और निवेश-अनुकूल योजनाओं की प्रस्तुति दे रहा है. वहीं, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रतिदिन पौधारोपण संकल्प को पांच वर्ष पूरे होने पर दिल्ली में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. मौसम विभाग की भविष्यवाणी और संभावित बारिश का असर भी प्रदेशवासियों के लिए बड़ी खबर बनकर सामने आया है.
एमपी एटीएस की बड़ी कार्रवाई, 5 अफगानी नागरिक गिरफ्तार
भोपाल में मध्यप्रदेश एटीएस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 अफगानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि इन्होंने फर्जी दस्तावेजों के जरिए जबलपुर से भारतीय पासपोर्ट बनवाया और बाद में कोलकाता में अवैध रूप से रह रहे थे. एटीएस ने आरोपियों को सियालदह कोर्ट और जबलपुर कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है. ‘सोहबत’ नाम का आरोपी 10 साल से कोलकाता में रह रहा था और उसने स्थानीय महिला से निकाह भी किया. जांच में सामने आया कि उसने अपने साथियों के भी फर्जी दस्तावेजों से पासपोर्ट बनवाए. एटीएस को 30 से अधिक अफगानी नागरिकों की जानकारी मिली है. अगस्त 2025 में भी एटीएस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया था.
गुना: डिप्टी कलेक्टर-सीएमओ चैंबर में संविदा कर्मी ने जहर खाया
गुना की नगर पालिका परिषद में सोमवार शाम हड़कंप मच गया, जब बर्खास्त संविदा कर्मचारी करण मालवीय ने डिप्टी कलेक्टर एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी मंजूषा खत्री के कक्ष में जहरीला पदार्थ खा लिया. गंभीर हालत में उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार जारी है. जानकारी के अनुसार, करण को कथित फर्जी हस्ताक्षर और दस्तावेजों के मामले में सेवा से पृथक किया गया था. वह अपना पक्ष रखने सीएमओ कक्ष में पहुंचा था. चर्चा के दौरान कथित तौर पर अपनी बात अनसुनी होते देख उसने यह कदम उठाया. घटना के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल है और मामले की जांच की जा रही है.
शिवराज के पौधारोपण संकल्प और कार्यक्रम
19 फरवरी को नई दिल्ली के पूसा स्थित एपी शिंदे हॉल में एक खास कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पौधारोपण संकल्प की पांचवीं वर्षगांठ मनाई जाएगी. यह यात्रा वर्ष 2021 में अमरकंटक में नर्मदा जयंती के दौरान “रुद्राक्ष” और “साल” का पौधा लगाने से शुरू हुई थी. शिवराज ने रोजाना कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प लिया था और इसे उन्होंने लगातार निभाया. आज इसे एक सफल और प्रेरणादायक हरित अभियान के रूप में देखा जा रहा है.
‘औकात में रहो’ वाली टिप्पणी के बाद कमलनाथ के घर पर भोजन पर जुटे कांग्रेस विधायक, क्या नई रणनीति बनाई?
मध्य प्रदेश विधानसभा बजट सत्र चल रहा है. गुरुवार को संसदीय मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को ‘औकात में रहो’ कहा. इसके बाद हंगामा हुआ. सीएम यादव ने माफी मांगी. इधर, रात को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कांग्रेस विधायकों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की. कमलनाथ ने सोशल मीडिया पर फोटो शेयर करते हुए लिखा कि ‘आज भोपाल आवास पर मध्य प्रदेश कांग्रेस विधायक दल और वरिष्ठ नेताओं के साथ रात्रिभोज किया. हम कांग्रेस पार्टी के साथी पूरी एकजुटता के साथ हर स्तर पर मध्य प्रदेश की जनता की सेवा करते रहेंगे और जनता के मुद्दे उठाते रहेंगे. इस पोस्ट के बाद सियासी हलकों में चर्चा शुरू हो गई कि विपक्ष सदन में सरकार को घेरने के लिए नई रणनीति बना रहा है.
जबलपुर के पाटन में गैस सिलेंडर विस्फोट से भीषण आग, लाखों का नुकसान
मध्य प्रदेश के जबलपुर के पाटन क्षेत्र स्थित गुरु मोहल्ला में गुरुवार शाम करीब 6 बजे गैस सिलेंडर में विस्फोट के बाद एक मकान में भीषण आग लग गई. आग ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं. आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही पाटन नगर परिषद की टीम और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. बताया जा रहा है कि गुरु मोहल्ला निवासी कृष्ण कुमार रैकवार के मकान में आग उस समय लगी जब घर में कोई मौजूद नहीं था. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक गैस सिलेंडर से रिसाव हो रहा था और इसी दौरान शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क गई. आगजनी की इस घटना में गृहस्थी का पूरा सामान जलकर खाक हो गया. अनुमानित नुकसान लगभग 1 से 1.5 लाख रुपये बताया जा रहा है.
मध्यप्रदेश विधानसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
मध्य प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही गुरुवार को कल तक के लिए स्थगित कर दी गई है. मध्य प्रदेश विधानसभा बजट सत्र 16 फरवरी से शुरू हुआ था, जो 6 मार्च तक चलेगा. बजट सत्र की शुरुआत हंगामेदार रही. विपक्ष ने इंदौर दूषित पानी व कफ सिरप कांड को लेकर सरकार पर निशाना साधा. 18 फरवरी को मोहन यादव सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट पेश किया. 19 फरवरी को बजट सत्र में चर्चा के दौरान संसदीय कार्यकारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से कहा कि ”औकात में रहा”; विजय वर्गीय की इस टिप्पणी पर भी खूब हंगामा हुआ. 
छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग में 5000 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जल्द
छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता एवं सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के कुल 5000 पदों पर भर्ती का विज्ञापन शीघ्र जारी किया जाएगा. शासन ने परीक्षा आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ व्यापम को अधिकृत किया है. विभाग ने विज्ञापन से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर प्रपत्र व्यापम को सौंप दिए हैं. राज्य सरकार फरवरी 2026 से 5,000 से अधिक पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रही है. चयन व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा के माध्यम से होगा
रायपुर सीजीएमएसी घोटाले में बड़ी कार्रवाई, अनवर ढेबर गिरफ्तार
रायपुर में सीजीएमएसी घोटाले को लेकर बड़ी कार्रवाई की गई है. एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने अनवर ढेबर को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि 2019-20 से 2023-24 के बीच मैनपावर और प्लेसमेंट एजेंसियों के माध्यम से ओवरटाइम/अधिसमय भत्ता के नाम पर लगभग 100 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया. जांच में कमीशन की राशि अनवर ढेबर तक पहुंचने की पुष्टि हुई है. 29 नवंबर 2023 को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 28 लाख रुपये की राशि जब्त की थी और कार्रवाई की सूचना राज्य शासन को दी थी. एसीबी अब पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ करेगी.
रायपुर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, पूर्व IAS अनिल टूटेजा गिरफ्तार
रायपुर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टूटेजा को गिरफ्तार किया है. यह गिरफ्तारी डीएमएफ (जिला खनिज न्यास निधि) घोटाले मामले में की गई है. आरोप है कि उन्होंने अपने परिचितों और रिश्तेदारों को कमीशन लेकर काम दिलाया तथा कई फर्मों से कमीशन प्राप्त किया. जांच के दौरान उनके खिलाफ कई डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं. इससे पहले भी अनिल टूटेजा की विभिन्न मामलों में गिरफ्तारी हो चुकी है. एसीबी मामले की विस्तृत जांच में जुटी है.
ब्रिज के क्षतिग्रस्त होने के मामले में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई
जबलपुर में NH-45 पर ROB शहपुरा के ब्रिज के क्षतिग्रस्त होने के मामले में शासन द्वारा अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की गई. ब्रिज के मेंटनेंस की जिम्मेदारी संभाल रही वागड़ इंफ्रा को ब्लैक लिस्ट किया गया. 23 जनवरी 2018 को कंपनी को जबलपुर- हिरन नदी का 55.60 किलोमीटर तक निर्माण कार्य का ठेका दिया गया था. कंपनी द्वारा 07 फरवरी 2022 को निर्माण कार्य पूर्ण किया गया था. वागड़ इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड का 06 फरवरी 2026 तक मेंटनेंस (डीएलपी) का टेंडर था. सितंबर 2025 में ब्रिज की रिटेनिंग वॉल क्षतिग्रस्त होने के बाद कंपनी द्वारा रिपेयरिंग वर्क किया जा रहा था. रिपेयरिंग वर्क पूरा न होने के कारण 30 जनवरी 2026 को कंपनी के मेंटनेंस की समय अवधि बढ़ाकर 06 मई 2026 की गई. 22 फरवरी 2026 को ब्रिज का दूसरा हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के बाद कड़ी कार्रवाई की गई. पहली बार ब्रिज निर्माण के दौरान MPRDC में पदस्थ रहे तत्कालीन अधिकारियों के खिलाफ एक्शन लिया जा रहा है. तत्कालीन संभागीय प्रबंधक आरपी सिंह, आरएस चंदेल और तत्कालीन सहायक प्रबंधक संतोष शर्मा को नोटिस जारी हुए. आरपी सिंह और संतोष शर्मा सेवानिवृत्त हो चुके हैं. सेवानिवृत्ति के बावजूद अधिकारियों को नोटिस जारी हुए. पेंशन रोकने संबंधी कार्यवाही की जा रही है. वहीं इनके खिलाफ FIR भी दर्ज करवाई जा रही है. आरएस चंदेल वर्तमान में निगम में महाप्रबंधक पद पर हैं. इन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. वागड़ इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के खिलाफ भी FIR दर्ज की जा रही है.
युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों का थाने में शव रखकर प्रदर्शन
नर्मदापुरम के रामगंज निवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने थाने में शव रखकर प्रदर्शन किया. परिजनों ने कर्ज का दबाव और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया. 21 फरवरी को 26 वर्षीय शैलेन्द्र जाटव बेहोश हालत में नर्मदा घाट पर मिला था. जिला चिकित्सालय में इलाज के बाद उसे भोपाल रेफर किया गया था. डॉक्टरों ने मृत घोषित किया. इस मामले में एक महिला पर 15 लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर तीन लाख रुपये ठगने का भी आरोप है. परिजनों ने कार्रवाई की मांग की.
डॉ मोहन यादव ने आज पांच गिद्धों को खुले आसमान में छोड़ा
रायसेन जिले के सांची में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज पांच गिद्धों को खुले आसमान में छोड़ा. ये पांचों घायल थे, जिनका इलाज किया गया. गिद्ध विलुप्त प्रजाति है, जिसे संरक्षित करने की अनोखी पहल मुख्यमंत्री और वन विभाग ने की है. पांच में से चार देशी और एक विदेशी गिद्ध था.

दो दिन से घर से लापता युवक का मिला शव, सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान
पन्ना जिले के अमानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ककरहाई गांव में अज्ञात कारण के चलते युवक बलिराम चौधरी की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि बलिराम दो दिन से घर लापता था. गांव के पास भटवा में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए. फिलहाल अमानगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अमानगंज अस्पताल भेजा है. पुलिस के मुताबिक, हत्या के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हैं. आरोपी भी अज्ञात है. पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है.
कांग्रेस किसानों से किस मुंह से चर्चा करेगी: विधायक रामेश्वर शर्मा
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के मध्य प्रदेश दौरे को लेकर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि वो राहुल गांधी, जिसको धना और चना का फर्क नहीं मालूम, जिसको ये नहीं मालूम कि मिर्च लाल पैदा होती है या हरी, वो किसानों से क्या ही चर्चा करेंगे. कांग्रेस किसानों से किस मुंह से चर्चा करेगी. कांग्रेस ने न कभी किसानों को सम्मान निधि दी, कांग्रेस ने कभी किसानों के खेत तक जाने वाले मार्गों का निर्माण तक नहीं कराया. आज किसानों के हित और विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की सरकार निरंतर प्रयासरत है. किसानों के साथ खड़ी रहने वाली सरकार, उनकी प्रगति के लिए दिनरात खड़ी रहने वाली सरकार भाजपा सरकार है, इसलिए राहुल गांधी इटली जाओ और आराम करो.
पोस्टमार्टम के लिए लाई गई महिला का चुराया मंगलसूत्र
सीहोर जिले के इछावर सिविल अस्पताल में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है. अस्पताल के कुछ आउट सोर्सिंग कर्मियों ने पोस्टमार्टम के लिए लाई गई एक मृतक महिला के गले से मंगलसूत्र चोरी कर लिया. हालांकि परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच कर आरोपियों से मंगलसूत्र जब्त कर परिजनों को सौंप दिया लेकिन हैरानी की बात यह है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की. इससे अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं.
शिवपुरी में यादव जी की लव स्टोरी फिल्म का विरोध
शिवपुरी में फिल्म यादव जी की लव स्टोरी के विरोध में यादव समाज उतरा. समाज ने एसपी को ज्ञापन दिया. फिल्म पर यादव समाज की छवि धूमिल करने का आरोप है. उन्होंने कहा कि यदि फिल्म रिलीज हुई, तो यादव समाज विरोध करेगा.

ग्वालियर में CSP हिना खान को टक्कर मारने की कोशिश
ग्वालियर में एक बत्ती लगी कार को CSP हिना खान ने रोका. रुकने के बजाय चालक ने मौके से कार भगाई. CSP हिना खान बाल-बाल बचीं. ड्राइवर को चोट लगी. ट्रैफिक पुलिस ने कार चालक को पकड़ा. आरोपी की कार का 15 हजार रुपये का चालान किया गया है. ट्रैफिक पुलिस ने युवक को पड़ाव थाने भिजवाया.

उज्जैन कलेक्टर कार्यालय पर भारतीय किसान संघ का प्रदर्शन
भारतीय किसान संघ ने आज उज्जैन स्थित कलेक्टर कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया. बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी से रबी फसलों को हुए भारी नुकसान के खिलाफ किसानों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. प्रदर्शन के दौरान किसानों ने एडीएम अतेंद्र सिंह गुर्जर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका प्रतीकात्मक पुतला दहन किया. किसानों का आरोप है कि प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है और राहत प्रक्रिया को लेकर कोई स्पष्ट समय-सीमा नहीं बता रहा. किसानों का कहना है कि वर्ष 2026 की रबी फसल में गेहूं, चना, मटर, प्याज और लहसुन की फसल को भारी क्षति पहुंची है. उन्होंने आरबीसी की धारा 6(4) के तहत प्रति हेक्टेयर 40 हजार रुपये मुआवजा देने, फसल बीमा राशि का तत्काल भुगतान करने और गेहूं की खरीदी 2700 रुपये प्रति क्विंटल की दर से सुनिश्चित करने की मांग की है.

कार चलाते समय आया हार्ट अटैक, खंभे से टकराई कार
भोपाल के शाहपुरा लेक के पास एक कार चालक को हार्ट अटैक पड़ गया. इससे कार अनियंत्रित हुई और खंभे से जा टकराई. कार का नंबर MP02AV7999 है. चालक को तुरंत ही अस्पताल भेजा गया.
भोजशाला मामले में इंदौर हाईकोर्ट में सुनवाई
भोजशाला मामले में इंदौर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. HC में सुनवाई के दौरान यह बात सामने आई कि एएसआई सर्वे रिपोर्ट पहले ही ओपन हो चुकी है. सभी पक्षकारों को पहले ही रिपोर्ट मिल चुकी है. हाईकोर्ट ने सर्वे रिपोर्ट पर दो हफ्ते में दावे, आपत्ति और सुझाव देने का समय दिया. अदालत में 16 मार्च को फिर से मामले की सुनवाई होगी.
राजगढ़ में पुलिस का ऑपरेशन किसान रक्षक
राजगढ़ में ऑपरेशन किसान रक्षक के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है. नरसिंहगढ़ पुलिस ने 39 लाख रुपये की भूमि धोखाधड़ी का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से रकम की शत-प्रतिशत बरामदगी की है. पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने प्रेस कांफ्रेंस करके खुलासा किया. 72 लाख रुपये में जमीन दिलाने का झांसा देकर 39 लाख रुपये की ठगी की गई थी. बैंक ट्रांजैक्शन और तकनीकी जांच से खुलासा हुआ. रिमांड के बाद पूरी राशि बरामद की गई.
जबलपुर में तेज धूप के बाद अचानक होने लगी बारिश
जबलपुर में बेमौसम बारिश से मौसम का मिजाज बदला. तेज धूप के बाद अचानक बारिश हो गई. जिले के कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश हो रही है.
साउंड की आवाज से विवाद, मुस्लिम समुदाय की दबंगई
रायसेन में सतलापुर थाना क्षेत्र के झालार कला में हिंदू समाज के व्यक्ति के घर बच्ची का जन्मदिन मनाया जा रहा था. साउंड की आवाज से नाराज होकर मुस्लिम पक्ष के लोग तलवार-डंडे लेकर बाहर आए. सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो रहा है. मुस्लिम पक्ष के पुरुष और महिलाओं के हाथ में तलवार दिख रही है.
पानी नहीं निकला, तो पुलिस वाले ने निगम कर्मचारी की कर दी पिटाई
छिंदवाड़ा में कांग्रेस और भाजपा के आंदोलन के दौरान नगर निगम के कर्मचारी की पुलिस अधिकारी ने पिटाई कर दी. निगम के कर्मचारियों ने इसपर आक्रोश जताया. दमकल से पानी की बौछार नहीं होने की वजह से पुलिस अधिकारी नाराज था.






Add comment