अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

मध्य प्रदेश- छत्तीसगढ़:अशोकनगर जिला अस्पताल बना ‘चूहों का अड्डा’!, डबरा नगर पालिका की बैठक में हंगामा,दिनदहाड़े नर्मदा नदी से अवैध रेत उत्खनन

Share

डबरा नगर पालिका में विशेष सम्मेलन की बैठक में जमकर हंगामा
PIC सदस्य अनिल जायसवाल के उद्बोधन के दौरान अध्यक्ष लक्ष्मी देवी अपनी आसंदी छोड़कर चली गईं. इसके बाद 19 विपक्षी पार्षदों ने हंगामा कर अध्यक्ष लक्ष्मी देवी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए. सदन में धक्का-मुक्की भी हुई. हंगामे के बाद विशेष सम्मेलन स्थगित कर दिया गया. जब हंगामा हो रहा था. उस समय SDOP सौरभ कुमार और थाना प्रभारी संजय शर्मा मौजूद रहे.

ईरानी डेरे में पुलिस ने लोगों को आरोपियों को शरण न देने की हिदायत दी
जॉन-4 के पुलिस अधिकारी रात 9 बजे ईरानी डेरे में पहुंचे और उन्होंने लोगों से जनसंवाद दिया. इस दौरान पुलिस ने डेरे के लोगों को शपथ भी दिलाई. इसके अलावा अपराधियों को भी कड़ी चेतावनी दी कि उन्हें अपराध का रास्ता छोड़ना ही होगा. पुलिस ने आम जनता की समस्याएं सुनीं और इनामी फरार आरोपियों को शरण न देने की हिदायत भी दी. पूरी कॉलोनी में पुलिस ने पैदल मार्च किया और सामान्य जीवन जी रहे लोगों को सुरक्षा का आश्वासन भी दिया.

छत्तीसगढ़ में शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर जारी हुआ शेड्यूल
छत्तीसगढ़ में 5000 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया के लिए शेड्यूल जारी कर दिया गया है. इसको लेकर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि भर्ती के लिए व्यापम को पत्र लिखा था, जिसके लिए व्यापम से शेड्यूल जारी हो गया है. भर्ती की प्रतिक्षा कर रहे युवाओं के लिए बेहतर अवसर है. इसका लाभ युवाओं को सीधे तौर पर मिलेगा.

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि हमारी सरकार छत्तीसगढ़ के युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है. प्रदेश में 5000 शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया इसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है. इसी क्रम में व्यापम द्वारा वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की संभावित तिथियां जारी कर दी गई हैं. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सहायक शिक्षक की परीक्षा 11 अक्टूबर 2026, शिक्षक की परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 तथा व्याख्याता की परीक्षा 29 नवंबर 2026 को संभावित है. मैं सभी अभ्यर्थियों को उनकी तैयारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं.

भगोरिया मेले में शामिल हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार
धार के बिल्दा और अमझेरा गांव में भगोरिया मेले का आयोजन हुआ और इसमें मध्य प्रदेश में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार शामिल हुए. इस दौरान वह गले में मांदल लिए जमकर थिरकते हुए नजर आए. उमंग सिंघार ने भोगोरिया महापर्व की दी बधाई और शुभकामनाएं दीं. गौशाला को लेकर किए एक सवाल के जवाब में कहा कि यदि विदेशी कंपनियों गौशाला चलाएगी तो हिंदुओं की कैसे बात करेगी? भारतीय जनता पार्टी सिर्फ हिन्दुओं के नाम पर वोट मांगती है. उन्होंने कहा कि आदिवासियों के लिए केवल घोषणाएं ही नहीं उनके विकास के लिए भी काम करना पड़ेगा.

जबलपुर में जीजा की बहन से दुष्कर्म करने वाला गिरफ्तार
जबलपुर में जीजा की बहन से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा है. पीड़िता की शिकायत के बाद आरोपी अंकित बरकड़े को पुलिस ने हिरासत में लिया है. बरगी थाना क्षेत्र में बीते दिनों पीड़िता ने शिकायत दर्ज करवाई थी.

दतिया: दिनदहाड़े फायरिंग, इंदरगढ़ में भाजपा पार्षद के घर हमला
दतिया में दिनदहाड़े दो जगह बदमाशों ने फायरिंग की. इंदरगढ़ में भाजपा पार्षद विनीता राठौर के घर नकाबपोश आधा दर्जन बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की, लेकिन पार्षद बाल-बाल बच गईं. घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी में बदमाशों को खड़ा देखा गया. इंदरगढ़ थाना में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. वहीं, दतिया के छोटे बाजार में भी बदमाशों ने आधा दर्जन फायर किए, लेकिन भयभीत नागरिकों ने थाने में रिपोर्ट नहीं दर्ज करवाई.

जबलपुर: शोभापुर में लाखों की चोरी, दो शातिर चोर गिरफ्तार
जबलपुर के शोभापुर में 6 जनवरी को मार्टिन खाका के घर लाखों रुपए की चोरी हुई थी. रांझी थाना पुलिस की कार्रवाई में दो शातिर चोर गिरफ्तार किए गए. चोरी की गई संपत्ति में 13 लाख रुपए के 8 तोला सोना और आधा किलो चांदी जब्त की गई.

पद्मश्री डॉ. बी.के. जैन का निधन
सतना में पद्मश्री डॉ. बी.के. जैन का शाम 4:24 बजे निधन हो गया. वे सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के डायरेक्टर थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे, मुंबई में उनका इलाज चल रहा था. वेंटिलेटर से हटाए जाने के बाद जानकी कुंड चिकित्सालय में उन्होंने अंतिम सांस ली. डॉ. जैन ने सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के माध्यम से करोड़ों लोगों की आंखों का इलाज कर समाज में उल्लेखनीय योगदान दिया. स्वामी रणछोड़ दास जी महाराज के मार्गदर्शन में उन्होंने चित्रकूट में संत समाज, गरीबों और नेत्र रोगियों की सेवा कर एक बड़ी मिसाल पेश की.

भोपाल: टोल नाके पर 27 क्विंटल मावा और 45 किलो पनीर जब्त
खजूरी सड़क थाना पुलिस ने टोल नाके के पास मावा और पनीर से भरा वाहन रोका. नकली होने की आशंका पर खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दी गई. जांच के बाद टीम ने 27 क्विंटल मावा और 45 किलो पनीर जब्त किया. यह खेप शुक्रवार सुबह सिहोर की ओर से आ रही थी.

ईरानी डेरा में फिर हंगामा
भोपाल में ईरानी डेरा फिर विवादों में है. काला ईरानी का बेटा अबरार ईरानी महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और गाली-गलौज कर रहा था. विरोध करने पर उसने लोगों के साथ मारपीट भी की. राजू ईरानी ने अबरार को समझाने की कोशिश की. अबरार पहले भी कई युवकों पर चाकू से हमला कर चुका है और कई थानों से वांटेड है. बताया जा रहा है कि उसने 8-10 महिलाओं को धमकाया. दोनों पक्ष निशातपुरा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज करवाई, जिसमें डेरा की महिलाएं भी शामिल थीं. काला ईरानी फिलहाल फरार है.

सिहोरा अपडेट: मंदिर हिंसा के खिलाफ हिंदू संगठनों का जोरदार प्रदर्शन
सिहोरा में मंदिर में पत्थरबाजी की घटना के बाद हिंदू संगठनों में गहरा आक्रोश देखा गया. सैकड़ों लोगों ने घंटाघर चौक से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक पैदल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा. प्रदर्शन में सभी हिंदू समुदाय के पुरुष और महिलाएं शामिल हुए. हिंदू संगठन ने गिरफ्तारियों को अवैध बताया और बेगुनाह लोगों की जेल में भेजे जाने के खिलाफ विरोध जताया. उन्होंने 120 लोगों को जल्द रिहा करने और फर्जी मामलों को खारिज करने की मांग की. पुलिस अधिकारियों ने ज्ञापन लेते हुए आश्वासन दिया. अब तक पूरे मामले में मुस्लिम पक्ष के 49 और हिंदू पक्ष के 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. रमजान और होली को देखते हुए पुलिस पहले से अलर्ट है और सिहोरा के आजाद वार्ड में सुरक्षा बल तैनात हैं.

दिनदहाड़े नर्मदा नदी से अवैध रेत उत्खनन, प्रशासनिया दावे नाकाफी
नरसिंहपुर में मां नर्मदा नदी पर रेत माफिया दिनदहाड़े रॉकीकरार घाट से अवैध रेत उत्खनन कर रहे हैं. बीच धार से नाव के जरिए रेत निकाली जा रही है और इसकी लाइव तस्वीरें सामने आई हैं. नदी पर लगातार रेत निकालने से उसकी प्राकृतिक संरचना और गहराई बदल रही है, जिससे डूबने जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है. प्रशासनिक सख्ती के दावों के बावजूद यह अवैध गतिविधि खुलेआम जारी है, और अब तस्वीरों के सामने आने के बाद प्रशासन की कार्रवाई पर ध्यान रहेगा.

BU में रैगिंग पर बड़ी कार्रवाई! 6 छात्र सस्पेंड, हॉस्टल में गांजे की गंध से मचा हड़कंप

बरकतउल्लाह यूनिवर्सिटी में रैगिंग मामले में 6 छात्रों को 6 महीने के लिए सस्पेंड कर दिया गया है. क्लास और हॉस्टल में उनकी एंट्री बैन रहेगी, उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई होगी. एंटी रैगिंग शिकायत के बाद जांच कमेटी कैंपस पहुंची, जहां गांजे की गंध मिलने पर फटकार लगाई गई. प्रथम वर्ष की छात्रा ने सीनियर्स के खिलाफ शिकायत की थी. निलंबित छात्रों में ऋषि मिश्रा, आशीष शुक्ला, अहमद खान, कार्तिक कुशवाहा और हर्ष चतुर्वेदी शामिल हैं. रजिस्ट्रार एसवी ठाकुर ने कार्रवाई की पुष्टि की है.

अशोकनगर जिला अस्पताल बना ‘चूहों का अड्डा’! सर्जिकल वार्ड में मरीजों के ऊपर दौड़ रहे चूहे, दहशत में रातें

मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिला अस्पताल एक बार फिर सुर्खियों में है. इस बार वजह इलाज नहीं, बल्कि सर्जिकल वार्ड में चूहों का आतंक है. हालात ऐसे हैं कि भर्ती मरीज बीमारी से कम, चूहों से ज्यादा परेशान हैं. रात होते ही चूहे वार्ड में निकल आते हैं कभी कंबल में घुस जाते हैं, कभी खाने के थैले में, तो कभी सो रहे मरीजों के ऊपर चढ़ जाते हैं. मरीजों का कहना है कि दिन में भी चूहे खुलेआम दौड़ते दिखते हैं, लेकिन रात में उनका तांडव और बढ़ जाता है. सर्जिकल वार्ड जैसे संवेदनशील हिस्से में भी चूहों ने बिल बना रखे हैं. कई बार मरीज अचानक घबरा जाते हैं. अस्पताल परिसर के बाहर भी बड़ी संख्या में चूहों ने बिल बना दिए हैं, जिससे भवन को नुकसान पहुंचने का खतरा है. पहले स्प्रे और पिंजरे लगाए गए, लेकिन समस्या अब भी जस की तस बनी हुई है.

बिलासपुर में रॉन्ग साइड बना काल! ट्रेलर से भिड़ी स्कॉर्पियो, 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना सकरी क्षेत्र के संबलपुरी के पास नेशनल हाईवे पर हुई. बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो रॉन्ग साइड से जा रही थी, तभी उसकी तेज रफ्तार ट्रेलर से सीधी टक्कर हो गई. सभी मृतक ढाबे पर खाना खाने गए थे और लौटते समय हादसा हुआ. मृतकों में प्रकाश रात्रि, विशाल लहरे और अनमोल लहरे के नाम की पुष्टि हुई है. हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल है.

छग विधानसभा में आज गरमाएगा सत्र! प्रश्नकाल से लेकर बजट चर्चा और अशासकीय संकल्प तक हंगामे के आसार

छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज पांचवां दिन है और सदन में तीखी बहस की संभावना है. प्रश्नकाल में मंत्री रामविचार नेताम और मंत्री ओपी चौधरी जवाब देंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम विजय शर्मा और मंत्री नेताम पत्रों को पटल पर रखेंगे. नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और विधायक अजय चंद्राकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव उठाएंगे. विधायक धर्मजीत सिंह प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे. मुख्यमंत्री साय अतारांकित प्रश्न का जवाब देंगे. बजट चर्चा के बाद विधायक रिकेश सेन और लखेश्वर बघेल अशासकीय संकल्प पेश करेंगे.

विधानसभा में आज ‘आवारा पशु’ से लेकर जमीन अधिग्रहण तक गरमाएगा माहौल! फ्लाई एश और आत्मानंद स्कूलों पर घिरेगी सरकार

आज विधानसभा में कई अहम मुद्दों पर जोरदार बहस और हंगामे के आसार हैं. सड़क पर घूम रहे आवारा पशुओं का मामला सदन में गूंजेगा, जिससे शहरी और ग्रामीण इलाकों की समस्या पर चर्चा होगी. विपक्ष राज्य में फ्लाई एश और कोल डस्ट की अवैध डंपिंग को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है. इसके साथ ही फसल उत्पादन परीक्षण कार्य में हुए व्यय पर भी सवाल उठाए जाएंगे. राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए जमीन अधिग्रहण और मुआवजा गड़बड़ी का मुद्दा ध्यानाकर्षण के जरिए उठाया जाएगा, जिस पर तीखी बहस संभव है. वहीं पीएम श्री आत्मानंद स्कूलों की स्थिति को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा.

विधानसभा में आज हंगामेदार दिन! किसान, धान और कानून व्यवस्था पर गरमाएगा सदन, 9 घंटे बजट पर मंथन

आज विधानसभा की कार्यवाही का दसवां दिन है और सदन में जोरदार बहस के आसार हैं. ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के दौरान किसान, धान खरीदी, कानून व्यवस्था समेत कई अहम मुद्दे गूंजेंगे. कुल 22 ध्यानाकर्षण लगाए गए हैं, जिससे सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी चर्चा देखने को मिल सकती है. आज का दिन बजट चर्चा के लिहाज से भी खास है. करीब 9 घंटे तक विभागवार बजट पर विस्तार से मंथन होगा. संस्कृति, खेल, पर्यावरण, ऊर्जा समिति सहित कई महत्वपूर्ण विभागों के बजट पर चर्चा की जाएगी. इसके अलावा तीन अशासकीय संकल्पों पर भी लगभग डेढ़ घंटे तक विचार-विमर्श होगा. ऐसे में आज का दिन राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है और सदन में गर्मागर्म बहस के पूरे आसार हैं.

भारत में फिर गूंजेगी चीते की दहाड़! बोत्सवाना से 8 नए चीते आ रहे, कुनो में होगा भव्य स्वागत

भारत में वन्यजीव संरक्षण की बड़ी खबर सामने आई है. बोत्सवाना से 6 मादा और 2 नर सहित कुल 8 नए चीते आज रात विशेष विमान से रवाना होंगे और शनिवार सुबह ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचेंगे. वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए उन्हें श्योपुर स्थित कुनो राष्ट्रीय उद्यान ले जाया जाएगा, जहां केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव और मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में उन्हें रिलीज किया जाएगा. इन चीतों के आने के बाद देश में कुल संख्या 38 से बढ़कर 46 हो जाएगी, जिससे प्रोजेक्ट चीता को नई मजबूती मिलेगी.

अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की 95वीं पुण्यतिथि पर भाबरा में भव्य कार्यक्रम, CM मोहन यादव देंगे 171 करोड़ की सौगात

अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की 95वीं पुण्यतिथि आज पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है. इस अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अलीराजपुर जिले के चन्द्रशेखर आजाद नगर (भाबरा) पहुंचकर स्मृति मंदिर में श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. मुख्यमंत्री भाबरा स्थित स्मृति मंदिर में पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद मंडी परिसर में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे और जनसमुदाय को संबोधित करेंगे. इस दौरान वे क्षेत्र को 171.19 करोड़ रुपये की लागत वाले विकास कार्यों की सौगात भी देंगे. कार्यक्रम में 14 विकास कार्यों का लोकार्पण और 35 कार्यों का भूमि-पूजन किया जाएगा. इसके अलावा सीएम उदयगढ़ में आयोजित पारंपरिक भगोरिया उत्सव में भी शामिल होंगे. उत्सव स्थल पर वे जनजातीय प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं व सुझावों को सुनेंगे. पुण्यतिथि के मौके पर पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आएगा और आजाद के बलिदान को नमन करेगा.

Ramswaroop Mantri

Add comment

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें