अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़:इंदौर गेर में पुंगी और मास्क पर प्रतिबंध, भोपाल में बिना अनुमति जुलूस और धरना-प्रदर्शन पर रोक

Share

इंदौर डीएम का आदेश, गेर में पुंगी और मास्क पर प्रतिबंध
इंदौर में होने वाले गेर के दौरान सुरक्षा को देखते हुए कलेक्टर ने पुंगी, सीटी और मास्क के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है. आदेश के अनुसार, अगर कोई पुंगी या सीटी बजाकर लोगों को परेशान करता है तो सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी. मास्क पर प्रतिबंध इसलिए लगाया गया है क्योंकि पहले बदमाश मास्क पहनकर लड़कियों को छेड़ते थे और कैमरे में उनकी पहचान नहीं हो पाती थी. गेर मार्ग पर सुरक्षा के लिए 3,000 पुलिस जवान, 500 सीसीटीवी कैमरे और 100 से ज्यादा ड्रोन तैनात होंगे. महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला सुरक्षा टास्क फोर्स, क्विक रिस्पांस फोर्स और रैपिड एक्शन फोर्स जिम्मेदार होंगी. राजवाड़ा पर हाईटेक कंट्रोल रूम के माध्यम से मॉनिटरिंग की जाएगी.

9 करोड़ के टैक्स घोटाले में परिवहन विभाग के कर्मचारी पर आरोप
डिंडौरी जिले में करीब 9 करोड़ रुपये के टैक्स घोटाले का बड़ा मामला सामने आया है. जिला परिवहन कार्यालय के सहायक ग्रेड-1 पुष्पकुमार प्रधान पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. इस मामले में आकाश ट्रेवल्स के बस मालिक संजय केशवानी और साधना केशवानी को भी आरोपी बनाया गया है. आरोप है कि इनके नाम दर्ज करीब 16 यात्री वाहनों का टैक्स वर्ष 2006 से 2026 तक जमा नहीं किया गया, जबकि इस दौरान कई बार नोटिस जारी किए गए थे. आरोप यह भी है कि आरोपियों को फायदा पहुंचाने के लिए टैक्स से जुड़ी मूल फाइलें गुम या नष्ट कर दी गईं, जिससे शासन को करीब 9 करोड़ रुपये की आर्थिक क्षति हुई. भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम कोर्ट डिंडौरी ने आरोपी पुष्पकुमार प्रधान की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी है.

भोपाल में बिना अनुमति जुलूस और धरना-प्रदर्शन पर रोक, दो महीने के लिए आदेश जारी
भोपाल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने आदेश जारी करते हुए बिना अनुमति जुलूस, आंदोलन, रैली, धरना, प्रदर्शन, घेराव और सरकारी भवनों के घेराव पर रोक लगा दी है. यह आदेश अगले दो महीनों तक प्रभावी रहेगा. आदेश में स्पष्ट कहा गया कि किसी भी प्रकार के सार्वजनिक प्रदर्शन या कार्यक्रम के लिए पहले प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य होगा. पुलिस ने सभी संबंधित विभागों और नागरिकों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का सख्ती से पालन करें. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

उज्जैन में 7 वर्षीय मासूम की टैंक में गिरने से मौत, एएसआई पर गंभीर आरोप
उज्जैन के खाचरोद की लंगर कॉलोनी में 7 वर्षीय मासूम की पानी के टैंक में गिरने से मौत का मामला सामने आया है. परिजन बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक ध्रुव (7) पिता धर्मेंद्र बलाई निवासी देवास का रहने वाला था और अपनी मां के साथ खाचरोद में किराए के मकान में रह रहा था. मामले में नया मोड़ तब आया जब पिता धर्मेंद्र ने पत्नी ममता बाई और खाचरोद थाने के एएसआई प्रभुलाल डालमिया पर हत्या की आशंका जताते हुए एसडीओपी को आवेदन दिया. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी के आधार पर जांच कर रही है.

प्लांट के अंदर ही निगम कर्मचारी को सरकारी गाड़ी ने मारी टक्कर
भोपाल के भदभदा वाटर प्लांट में नगर निगम की बड़ी लापरवाही सामने आई है. जोन-21 स्वास्थ्य विभाग की सरकारी गाड़ी ने प्लांट परिसर के अंदर ही एक कर्मचारी को टक्कर मार दी. हादसे में जोन-8 के कर्मचारी अरुण गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके पैर में गंभीर चोट आई है. खून से लथपथ हालत में उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा है कि वाहन ड्राइवर पवन चला रहा था, जिसके नशे में होने का संदेह जताया जा रहा है. वहीं उसके प्राइवेट लाइसेंस को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. घटना के बाद प्लांट परिसर में हड़कंप मच गया और नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए.

टिंचा वॉटरफॉल में हादसा: खाई में गिरने से दो युवकों की मौत
इंदौर जिले के महू क्षेत्र में स्थित टिंचा वॉटरफॉल पर दर्दनाक हादसा हो गया. सिमरोल थाना क्षेत्र के इस स्थान पर पार्टी मनाने गए तीन युवकों में से दो की खाई में गिरने से मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, अशोक और सुमित अपने साथी के साथ खाई के पास बैठकर शराब पी रहे थे, तभी नशे की हालत में उनका पैर फिसल गया और वे लगभग 500 फीट गहरी खाई में गिर गए. घटना देर रात की बताई जा रही है. सुबह सिमरोल पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों युवकों के शव खाई से बाहर निकाले.

महिला दिवस पर महा-जन सुनवाई: 9 से 13 मार्च तक रायपुर में आयोजन
रायपुर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राज्य महिला आयोग द्वारा महाजन सुनवाई का आयोजन किया जा रहा है. यह जन सुनवाई 9 से 13 मार्च तक राज्य के सभी संभागों में आयोजित होगी. कार्यक्रम की शुरुआत 9 मार्च को सरगुजा संभाग के अंबिकापुर से होगी. इसके बाद 10 मार्च को बिलासपुर, 11 मार्च को दुर्ग, 12 मार्च को रायपुर और 13 मार्च को बस्तर में सुनवाई आयोजित की जाएगी. इस दौरान एक साथ दो बेंच मामलों की सुनवाई करेंगी. पिछले पांच वर्षों में राज्य महिला आयोग द्वारा 370 बार जन सुनवाई आयोजित की जा चुकी है, जिनमें लगभग 8000 प्रकरणों का निराकरण किया गया है.

खरगोन पुलिस लाइन में रंगों की मस्ती, डीआईजी-एसपी और कलेक्टर संग पुलिसकर्मियों ने मनाई होली

खरगोन. रंगपंचमी से एक दिन पहले खरगोन पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों ने धूमधाम से होली मनाई. इस मौके पर डीआईजी सिद्धार्थ बहुगुणा, एसपी डॉ. रविंद्र वर्मा और कलेक्टर भव्या मित्तल भी मौजूद रहे. सभी अधिकारी और पुलिसकर्मी रंग-गुलाल में सराबोर नजर आए और जमकर डांस किया. ड्यूटी के तनाव से दूर पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और जवानों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर खुशियां बांटी. खरगोन में पारंपरिक रूप से होली की बजाय रंगपंचमी का पर्व ज्यादा उत्साह से मनाया जाता है. इसी कड़ी में पुलिस परिवार ने एक साथ मिलकर होली मिलन समारोह मनाया और भाईचारे का संदेश दिया.

गैस सिलेंडर हुआ महंगा: भोपाल में घरेलू LPG के दाम ₹58 बढ़े, अब कीमत ₹918.50

भोपाल. घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में एक बार फिर बढ़ोतरी हो गई है, जिससे आम लोगों की जेब पर असर पड़ेगा. राजधानी भोपाल में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 58 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. इसके बाद अब सिलेंडर की कीमत बढ़कर 918.50 रुपये हो गई है. वहीं कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में भी 115 रुपये की वृद्धि की गई है. बढ़ती महंगाई से उपभोक्ताओं में नाराजगी देखने को मिल रही है. लोगों का कहना है कि हर चीज के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे रसोई का बजट बिगड़ रहा है. उनका कहना है कि 10-20 रुपये की बढ़ोतरी ठीक थी, लेकिन एक साथ 58 रुपये बढ़ना परेशानी बढ़ाने वाला है.

भोपाल से शुरू हुई ‘क्वींस ऑन द व्हील्स’ बाइक रैली, 25 महिला सुपर बाइकर्स तय करेंगी 1400 किमी का सफर

भोपाल. मुख्यमंत्री निवास से ‘क्वींस ऑन द व्हील्स’ महिला सुपर बाइक रैली की शुरुआत की गई. इस अभियान में देशभर की 25 महिला सुपर बाइकर्स हिस्सा ले रही हैं. यह राइडर्स भोपाल से खजुराहो तक करीब 1400 किलोमीटर की यात्रा करेंगी. सात दिनों तक चलने वाली यह रैली महिला सशक्तिकरण का संदेश देगी. यात्रा के दौरान सांची, उदयगिरि, चंदेरी, शिवपुरी, कूनो, ग्वालियर, दतिया और ओरछा जैसे ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों से होकर गुजरेगी. इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा देना, रूरल टूरिज्म को प्रोत्साहित करना और जिम्मेदार यात्रा का संदेश देना है. 13 मार्च को इसका समापन भोपाल में होगा.

मुरैना में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घर से 80 पेटी अवैध शराब जब्त, आरोपी फरार

मुरैना. सिविल लाइन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घर में छिपाकर रखी गई 80 पेटी अवैध शराब जब्त की है. पुलिस को महाराजपुर गांव निवासी नवल सिंह किरार के घर में शराब रखे होने की सूचना मिली थी. दबिश देने पर पुलिस ने 58 पेटी देसी प्लेन और 22 पेटी मसाला शराब बरामद की, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है. पुलिस को देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गए. सिविल लाइन थाना पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.

किसानों के लिए बड़ी राहत: गेहूं पर ₹40 बोनस और उड़द पर ₹600 प्रोत्साहन राशि देगी सरकार

भोपाल. किसानों को राहत देने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. भाजपा प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कहा कि किसानों को गेहूं पर ₹40 प्रति क्विंटल बोनस और उड़द पर ₹600 प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. उन्होंने बताया कि सरकार किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त बिजली, खाद और यूरिया उपलब्ध करा रही है. अजय सिंह यादव ने कहा कि डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है और प्रदेश में खेती को लाभकारी बनाने के लिए कई योजनाएं लागू की जा रही हैं. उन्होंने कहा कि यह सरकार किसानों की सरकार है.

हरदा में NH-47 पर भीषण बाइक भिड़ंत, एक की मौत, तीन घायल

हरदा. नेशनल हाईवे-47 पर उड़ा ब्रिज के पास बीती रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए. घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. जानकारी के अनुसार दुर्घटना रांग साइड से आ रही बाइक के कारण हुई. मृतक की पहचान नत्थू काजले निवासी भायली गांव के रूप में हुई है, जो पेशे से मिस्त्री था. घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

संजय टाइगर रिजर्व में खूनी संघर्ष! बाघ ने बाघिन के सामने ही 10 माह के शावक को जबड़े में दबाकर मार डाला

सीधी. मध्यप्रदेश के संजय टाइगर रिजर्व में बाघों के बीच एक बार फिर खूनी संघर्ष की घटना सामने आई है. यहां दुबरी पर्यटक क्षेत्र में बाघ T-67 ने बाघिन T-40 के करीब 10 महीने के शावक को मार डाला. बताया जा रहा है कि बाघ शावक को बाघिन के सामने ही जबड़े में दबाकर जंगल की ओर ले गया. इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बाघ शावक को मुंह में दबाकर जंगल की तरफ जाता हुआ दिखाई दे रहा है. इस घटना से रिजर्व में हलचल मच गई है. वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह घटना संजय टाइगर रिजर्व के दुबरी टूरिस्ट जोन की है और मामले की निगरानी की जा रही है.

आज व्यस्त रहेगा सीएम डॉ. मोहन यादव का शेड्यूल, भोपाल से विदिशा और उज्जैन तक कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

भोपाल. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज का दिन बेहद व्यस्त रहने वाला है. सुबह 10:30 बजे वे सीएम हाउस से “क्वींस ऑन द व्हील्स” कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इसके बाद दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में शामिल होंगे. दोपहर 1 बजे सीएम भोपाल से विदिशा जिले के शमशाबाद के लिए रवाना होंगे, जहां वे निर्धारित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. इसके बाद दोपहर करीब 3 बजे शमशाबाद से उज्जैन के लिए प्रस्थान करेंगे. वहां भी वे विभिन्न आयोजनों और बैठकों में भाग लेंगे.

विदिशा को सीएम मोहन यादव की बड़ी सौगात, 163.62 करोड़ के विकास कार्यों का करेंगे शिलान्यास और लोकार्पण

विदिशा. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज विदिशा जिले को बड़ी विकास सौगात देने जा रहे हैं. मुख्यमंत्री कुल 163.62 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. इसमें 104.30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 56 निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा, जबकि 59.32 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 41 विकास कार्यों का लोकार्पण होगा. इसके साथ ही मुख्यमंत्री प्रदेश की पहली जिला स्तरीय फिंगर प्रिंट लैब का भी शुभारंभ करेंगे. कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए जाएंगे.

भोपाल के 25 इलाकों में आज बिजली कटौती, 2 से 6 घंटे तक सप्लाई रहेगी बंद

भोपाल. राजधानी भोपाल के करीब 25 इलाकों में आज मेंटेनेंस कार्य के चलते बिजली सप्लाई बंद रहेगी. बिजली कंपनी के अनुसार अलग-अलग क्षेत्रों में 2 से 6 घंटे तक बिजली कटौती की जाएगी. सुबह 9 से 11 बजे तक हमीदिया रोड, इब्राहिमगंज, सज्जाद कॉलोनी, दवा बाजार, नादरा बस स्टैंड और चेतन मार्केट इलाके प्रभावित रहेंगे. सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक बर्रई, कस्तूरी होम्स कॉलोनी और कटारा थाना क्षेत्र में बिजली बंद रहेगी. वहीं सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक ग्वाल मोहल्ला, रोशनपुरा, मालवीय नगर, श्रीराम अपार्टमेंट, आंचल टॉवर, बेतवा अपार्टमेंट और भदभदा रोड क्षेत्र प्रभावित रहेंगे. सुबह 10 से शाम 4 बजे तक पुष्पा नगर, एलआईजी क्वार्टर, 80 फीट रोड, कम्मू का बाग और महामाई का बाग में बिजली कटौती रहेगी, जबकि दोपहर 1 से 3 बजे तक जीएडी चौराहा क्षेत्र में बिजली सप्लाई बंद रहेगी.

Ramswaroop Mantri

Add comment

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें