अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ :भगोरिया हाट में बवाल!, शराब घोटाले में सौम्या चौरसिया को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, मध्य प्रदेश हो गया नक्सल मुक्त:

Share

कूनो नेशनल पार्क पहुंचेंगे सीएम मोहन यादव
कल हेलीकॉप्टर से श्योपुर जिले के दौरे पर सीएम मोहन यादव आएंगे. उनकी हेलीकॉप्टर कूनो नेशनल पार्क में उतरेगा. जहां वह 6 चीतों को क्वारंटाइन बाड़ों में रिलीज करेंगे. साउथ अफ्रीका के बोत्सवाना से 9 चीते कूनो नेशनल पार्क लाए गए हैं. 3 को केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव आज रिलीज कर चुके हैं. अब बाकी बचे 6 को कल सीएम मोहन यादव रिलीज करेंगे.

मध्य प्रदेश हो गया नक्सल मुक्त: CM मोहन यादव
किसान कल्याण वर्ष के रूप में पूरे वर्ष को मना रही है. सरकार ने 17 मंत्रालयों के साथ मिलकर काम कर रही है. मत्स्य पालन, हार्टिकल्चर, पशुपालन, कृषि, सहकारिता, रोजगार और बड़वानी में होने वाली कैबिनेट बैठक के बारे में भी केंद्रीय गृह मंत्री को जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि भोपाल में गैस त्रासदी के स्थान पर स्मारक बनाने के लिए भी गृह मंत्री से मार्गदर्शन लिया है. यूनियन कार्बाइड का कचरे का निपटारा भी किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि साइंस पार्क आदि के 87 एकड़ भूमि ले रहे हैं. मध्य प्रदेश को नक्सल मुक्त कर दिया है. लाल सलाम को आखिरी सलाम बना दिया. बालाघाट में बैगा उत्सव मनाया जाएगा.

भोपाल में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई
भोपाल के बड़ा तालाब किनारे अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है. टास्कफोर्स और नगर निगम की टीम ने मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया है. मैरिज गार्डन की 150 मीटर बाउंड्रीवॉल के साथ 2 पक्के निर्माण भी हटाए गए हैं. बड़े तालाब FTL (फुल टैंक लेबल) से 50 मीटर अवैध निर्माण तोड़े जाने हैं. 50 मीटर के नो-कंस्ट्रक्शन जोन में आने वाले अतिक्रमणों पर लाल निशान लगाए गए हैं. शनिवार को बैरागढ़ एसडीएम और तहसीलदार ने टीम के साथ की कार्रवाई की है.

उज्जैन में गर्लफ्रेंड के घर जाकर युवक ने दे दी जान
उज्जैन की बंगाली कॉलोनी में निखिल नामक युवक खुद को प्रेम प्रसंग के चलते गोली मार ली. उसने गर्लफ्रेंड के घर जाकर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. ऐसा बताया जा रहा है कि युवक सारणी का रहने वाला है. नील गंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. अब इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है.

गोपी कृष्ण सागर डैम में पिता-पुत्र ने लगाई छलांग, एक की मौत
गुना के गोपी कृष्ण सागर डैम में एक दुखद घटना सामने आई. पिता राजेश साहू, निवासी भुल्लानपुरा, डैम में छलांग लगाने के बाद डूब गए और उनकी मौत हो गई. उनके साथ नौ वर्षीय पुत्र भविष्य साहू भी पानी में डूब गया, जिसे गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया. घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं. सूचना मिलते ही धरनावदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.

जबलपुर में सेंट्रल जीएसटी का छापा, कई ठिकानों पर जांच
जबलपुर में देर रात सेंट्रल जीएसटी की टीम ने होटल शॉन एलिजे और चंडोक मशीनरी के संचालक राजेश और नितिन चंडोक की अलग-अलग फर्मों के ठिकानों पर छापा मारा. फर्जी फर्मों के साथ लेन-देन की शिकायत मिलने के बाद टीम ने इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्ट्री और शो रूम समेत कई स्थानों की जांच की. दस्तावेज खंगाले गए और टैक्स चोरी व लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल देर रात तक जारी रही. कांग्रेस नेता आलोक मिश्रा के साथ व्यापारिक संबंध मिलने पर उनके दफ्तर में भी जांच कार्यवाही की गई.

नक्सलियों का खजाना बरामद, 2000 के नोट भी मिले

गरियाबंद के मैनपुर थाना क्षेत्र के बड़े गोबरा पहाड़ी में एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली. जमीन में गाढ़े गए 46 लाख रुपए बरामद हुए, जिनमें 2 लाख पुराने 2000 रुपए के नोट भी शामिल हैं. साथ ही एक भरमार राइफल और 160 नाग गोलियां भी मिलीं. नक्सलियों का लैपटॉप भी पुलिस के हाथ लगा, जिससे कई राज खुलने की संभावना है. यह कार्रवाई E30 टीम गरियाबंद और डीआरजी धमतरी की संयुक्त कार्यवाही में हुई.

होली पर शिकार को लेकर कान्हा टाइगर रिजर्व टीम अलर्ट
कान्हा टाइगर रिजर्व ने होली पर्व को देखते हुए सुरक्षा कड़ी कर दी है. पर्व के दौरान शिकार की आशंका के मद्देनजर पार्क और बफर क्षेत्रों में करीब 1000 वनकर्मी 24 घंटे गश्त कर रहे हैं. 2074 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में सघन निगरानी की जा रही है. संवेदनशील इलाकों और पानी के स्रोतों पर विशेष चौकसी रखी गई है. अवैध शिकार, लकड़ी कटाई और अन्य वन अपराधों पर पैनी नजर रखी जा रही है. मंडला और बालाघाट में फैले पार्क क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है.

शराब घोटाले में सौम्या चौरसिया को हाईकोर्ट से बड़ी राहत
बिलासपुर हाईकोर्ट ने बहुचर्चित शराब घोटाले मामले में सौम्या चौरसिया की जमानत याचिका मंजूर कर बड़ी राहत दी है. सौम्या ने ईडी और एसीबी/ईओडब्ल्यू के खिलाफ याचिकाएं दायर की थीं. पिछली सुनवाई में हाईकोर्ट ने सभी पक्षों को सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रखा था. आज सिंगल बेंच ने सौम्या की याचिका को स्वीकार करते हुए उन्हें जमानत प्रदान की. यह फैसला मामले में एक महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है.

भोपाल AIIMS के गेट नंबर 2 के सामने महिला की डिलीवरी
भोपाल में बीती देर रात एक गर्भवती महिला ने AIIMS Bhopal के गेट नंबर 2 के सामने बच्चे को जन्म दिया. प्रसव पीड़ा होने पर महिला अपने पति के साथ ऑटो से अस्पताल आ रही थी, तभी रास्ते में ऑटो चालक से किसी बात पर विवाद हो गया. विवाद के बाद चालक महिला को गेट के पास छोड़कर चला गया. तेज दर्द से कराह रही महिला की मदद मौके पर मौजूद लोगों ने की. सूचना मिलते ही एम्स स्टाफ पहुंचा और मां व नवजात को अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों की निगरानी में दोनों सुरक्षित हैं.

वन विभाग की टीम पर लकड़ी माफियाओं ने किया पथराव
मुरैना में वन विभाग की टीम ने प्रजापति पुरा से खैर की लकड़ी से भरा ट्रक पकड़ लिया. ट्रक पहाड़गढ़ के जंगल से काटी गई लकड़ी लेकर आ रहा था. जब वन विभाग ने कार्रवाई की, तो माफियाओं ने टीम पर पथराव कर ट्रक छुड़ाने का प्रयास किया. इसके जवाब में वन विभाग ने हवाई फायरिंग की और बंदूक के साये में ट्रक को डिपो तक सुरक्षित पहुंचाया. लकड़ी तस्कर मौके से फरार हो गए। फिलहाल मामले की जांच में वन विभाग की टीम लगी हुई है.

MP में एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू, 8 लाख किशोरियों को मिलेगा लाभ
मध्य प्रदेश में बेटियों और महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से राज्यव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई. वर्चुअल संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश गंभीर बीमारियों से बचाव की दिशा में प्रभावी कदम उठा रहा है. कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री स्वास्थ्य राजेंद्र शुक्ला, विधायक भगवान दास सबनानी, महापौर मालती राय, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अशोक बर्णवाल सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे. इस अभियान के तहत लगभग 8 लाख किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी, जिससे उनके स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत किया जा सके.

पत्नी की हत्या को पति को उम्रकैद
पत्नी की हत्या के मामले में डिण्डौरी न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाते हुए आरोपी दिलीप बनवासी को आजीवन कारावास की सजा दी है. मामला शहपुरा थाना क्षेत्र का है. द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश शिव कुमार कौशल ने निर्णय सुनाया. अदालत ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 103(1) के तहत आजीवन कारावास व ₹1000 अर्थदंड तथा अतिरिक्त सश्रम कारावास का आदेश दिया. धारा 238(बी) में 7 वर्ष सश्रम कारावास व ₹1000 अर्थदंड भी लगाया गया. आरोपी पत्नी पर चरित्र संदेह कर मारपीट करता था. 1 मार्च 2025 की रात की पिटाई में घायल पत्नी की मौत हो गई थी.

चिनार ड्रीम सिटी में फिर लिफ्ट हादसा! दो घायल, पहले भी जा चुकी है एक बुजुर्ग की जान

भोपाल स्थित चिनार ड्रीम सिटी में एक बार फिर लिफ्ट गिरने का मामला सामने आया है. हादसे में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. चौंकाने वाली बात यह है कि कुछ दिन पहले इसी परिसर में लिफ्ट गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो चुकी थी. बावजूद इसके सुरक्षा व्यवस्था में कोई ठोस सुधार नहीं किया गया. लगातार हो रहे हादसों से रहवासियों में डर का माहौल है और प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठने लगे हैं.

भगोरिया हाट में बवाल! फोपनार में मेले की मस्ती बनी अखाड़ा, पुरानी रंजिश पर दो पक्ष भिड़े

मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले के ग्राम फोपनार में होली से पहले लगने वाले पारंपरिक भगोरिया हाट में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए. कहासुनी इतनी बढ़ी कि विवाद झगड़े में बदल गया. इस दौरान एक युवक के सिर पर हाथ का कड़ा लग गया, जिससे वह घायल हो गया. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक साफ देखी जा सकती है. मौके पर मौजूद शाहपुर पुलिस और ग्रामीणों की समझाइश के बाद मामला शांत कराया गया. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.

रतलाम में 2.46 करोड़ की हेरोइन जब्त! बिलपांक टोल पर NCB की बड़ी कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार

मध्यप्रदेश के रतलाम में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 करोड़ 46 लाख रुपये कीमत की 352 ग्राम हेरोइन जब्त की है. यह कार्रवाई नीमच केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने की. बिलपांक टोल नाके पर संदिग्ध गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें मादक पदार्थ बरामद हुआ. बताया जा रहा है कि हेरोइन तस्करी कर इंदौर ले जाई जा रही थी. मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ की जा रही है.

ग्वालियर पहुंचा विशेष विमान, बोत्स्वाना से लाए गए 9 चीते अब कुनो की धरती पर

बोत्स्वाना से 9 चीते लेकर विशेष विमान ग्वालियर एयरफोर्स स्टेशन पहुंचा. यहां एक्सपर्ट टीम ने सभी चीतों की प्राथमिक जांच की. इसके बाद एयरफोर्स के तीन हेलीकॉप्टरों से उन्हें कूनो नेशनल पार्क के लिए रवाना किया गया. दो हेलीकॉप्टरों में चीते और एक में विशेषज्ञों की टीम सवार रही. सुबह 9:30 बजे कुनो में लैंडिंग के बाद चीतों को सुरक्षित बाड़ों में रखा जाएगा. अगले एक महीने तक उन्हें क्वारंटाइन में रखकर स्वास्थ्य और व्यवहार पर नजर रखी जाएगी.

राष्ट्रव्यापी HPV टीकाकरण अभियान आज से शुरू, अजमेर से पीएम मोदी करेंगे शुभारंभ

महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से आज राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत हो रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान के अजमेर से अभियान का शुभारंभ करेंगे. यह अभियान अगले तीन माह तक देशभर में चलाया जाएगा. मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली जुड़कर राज्य स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे. उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल भी मौजूद रहेंगे. सुबह 11:30 बजे डॉ. कैलाशनाथ काटजू अस्पताल भोपाल में राज्य स्तरीय आयोजन होगा.

राजधानी के 50 इलाकों में आज बिजली कटौती, मेंटेनेंस कार्य के चलते अलग-अलग समय पर सप्लाई बाधित

राजधानी में आज मेंटेनेंस कार्य के कारण करीब 50 इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी. सुबह 9 से 11 बजे तक विधान एलिना, शिवालय, गिरधर परिसर, मंगेश हाइट्स, विनीत कुंज बी सेक्टर और पार्क सेरेना कॉलोनी में कटौती होगी. 10 से 1 बजे तक पुतलीघर, इंद्रा नगर, न्यू राजीव नगर सहित आसपास के क्षेत्र प्रभावित रहेंगे. 10 से शाम 5 बजे तक गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया समेत कई कॉलोनियों में बिजली बंद रहेगी. दोपहर 12 से 4 बजे तक फॉरच्यून कस्तूरी और शहस्त्र बाहु नगर क्षेत्र में सप्लाई बाधित रहेगी. नागरिकों से जरूरी काम पहले निपटाने की अपील की गई है.

सीएम डॉ. मोहन यादव आज दिल्ली दौरे पर, स्थानीय कार्यक्रम में होंगे शामिल

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज नई दिल्ली दौरे पर रहेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दिल्ली में आयोजित एक स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस दौरान विभिन्न विषयों पर सहभागिता और मुलाकातों का भी कार्यक्रम संभावित है. दौरे को प्रशासनिक और संगठनात्मक दृष्टि से अहम माना जा रहा है. शाम तक उनके भोपाल लौटने की संभावना है.

Ramswaroop Mantri

Add comment

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें