बड़वानी में पहली कृषि कैबिनेट, सीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना
सीएम मोहन यादव ने 2 मार्च को बड़वानी में होने वाली कृषि कैबिनेट को लेकर कहा कि राज्य सरकार ने इस वर्ष को कृषि कल्याण वर्ष घोषित किया है. इसी क्रम में हर तीन से चार दिन में कृषि से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस शासन में वर्षों तक निमाड़ क्षेत्र उपेक्षित रहा, जबकि पिछले कुछ वर्षों में निमाड़ ने नई पहचान बनाई है. उन्होंने बताया कि कृषि कैबिनेट के साथ भगोरिया उत्सव भी धूमधाम से मनाया जाएगा. भगवान ममलेश्वरी के क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में किसानों की आय दोगुनी करने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा होगी.
कैबिनेट से पहले आदेश, पद्म विलोचन शुक्ला होंगे बड़वानी के नए एसपी
गृह विभाग ने आदेश जारी कर पद्म विलोचन शुक्ला को बड़वानी का नया पुलिस अधीक्षक (SP) नियुक्त किया है. वर्तमान में वे एसपी जीआरपी इंदौर के पद पर पदस्थ हैं. यह आदेश बड़वानी में प्रस्तावित कैबिनेट बैठक से ठीक पहले जारी किया गया है. 2 मार्च को बड़वानी के नांगलबाड़ी में मध्यप्रदेश सरकार की डेस्टिनेशन कैबिनेट आयोजित होनी है. कैबिनेट बैठक से पहले एसपी की नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
पॉलिटेक्निक कॉलेज में करंट लगने से छात्र की मौत
नौगांव स्थित सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज के नवीन हॉस्टल में इंजीनियरिंग प्रथम वर्ष के छात्र सुनील तिवारी की करंट लगने से मौत हो गई. छात्र रीवा जिले के चिल्ला खुर्द का निवासी था. घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है, जब वह पढ़ाई के बाद वाटर कूलर से पानी पीने गया और करंट लगने से अचेत होकर गिर पड़ा. उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. छात्रों ने आरोप लगाया कि वाटर कूलर में करंट आने की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन सुधार नहीं किया गया. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
छत्तीसगढ़ में 73 लाख के इनामी 15 नक्सलियों का सरेंडर
महासमुंद में बलांगीर, बरगढ़ और महासमुंद एरिया में सक्रिय कुल 73 लाख रुपये के इनामी 15 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया. नक्सलियों ने AK-47 सहित कई हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया. बताया जा रहा है कि सभी नक्सली रात में बलौदा थाने पहुंचे और औपचारिक रूप से सरेंडर किया. मुख्य रूप से 25 लाख के इनामी नक्सली लीडर विकास उर्फ सुदर्शन ने भी हथियार डाल दिए. सरेंडर करने वाले नक्सलियों में 9 महिलाएं और 6 पुरुष शामिल हैं. महासमुंद पुलिस ने उनका रेड कारपेट और गुलाब के फूल से स्वागत किया. नक्सलियों ने पहले गृह मंत्री विजय शर्मा को पत्र लिखकर आत्मसमर्पण की इच्छा जताई थी.
सतना में डोमिनोज पर 8 लाख का जुर्माना
सतना में शाकाहारी भोजन की जगह मांसाहारी आइटम परोसना Domino’s Pizza को भारी पड़ गया. जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष एससी उपाध्याय व सदस्य उमेश गिरि और विद्या पांडेय की पीठ ने 8 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. एक माह में भुगतान न करने पर 9% ब्याज और 10 हजार रुपये परिवाद खर्च देने का भी आदेश दिया गया है. दरअसल महादेव निवासी सूरज और नैंसी तिवारी ने 31 अक्टूबर 2024 को दीपावली पर रीवा रोड स्थित डोमिनोज से कोरियन पनीर ऑर्डर किया था. खाने के बाद उसमें मांस होने की जानकारी मिली. दंपति ने शिकायत दर्ज कराई थी.
डिजिटल अरेस्ट कर बुजुर्ग दंपति से 1.15 करोड़ की ठगी
इंदौर के हीरानगर क्षेत्र में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है. ठगों ने खुद को केंद्रीय जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर बुजुर्ग दंपति को पुलवामा हमले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में फंसाने की धमकी दी. करीब 15 दिनों तक वीडियो कॉल के जरिए डराकर दंपति से उनकी एफडी तुड़वाकर दो किश्तों में 65 लाख और 50 लाख, कुल 1.15 करोड़ रुपये ट्रांसफर करवा लिए. शिकायत मिलने पर क्राइम ब्रांच ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खातों को फ्रीज कराया और 27 लाख रुपये वापस दिलाए. शेष रकम की रिकवरी और आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें.
SET परीक्षा केंद्र में सिख छात्रा का दुमाला उतारकर चेकिंग पर हंगामा
रतलाम के उत्कृष्ट स्कूल में SET परीक्षा के दौरान चेकिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया. सिख समाज की एक बालिका की पगड़ी (दुमाला) उतरवाकर जांच किए जाने से समाज में नाराजगी फैल गई. बड़ी संख्या में समाजजन स्कूल परिसर पहुंचे और विरोध जताया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ग्रामीण और केंद्राध्यक्ष ने सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त किया. आश्वासन मिलने के बाद सिख समाजजन शांत हुए. प्रशासन ने भविष्य में धार्मिक आस्था का सम्मान रखते हुए संवेदनशीलता बरतने की बात कही है.
भोपाल में खामेनेई की मौत पर विरोध, करोंद में मजलिस और जुलूस

राजधानी भोपाल के करोंद क्षेत्र में स्थित मस्जिद आले मोहम्मद शिया जामा मस्जिद में जोहर की नमाज़ के बाद मजलिस का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम 28 फरवरी को ईरान में हुए हमले में Ayatollah Ali Khamenei की मौत को लेकर आयोजित किया गया. मजलिस के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने जुलूस निकाला और अमेरिका-इजराइल के खिलाफ नारेबाजी की. शिया समुदाय ने इसे शहादत बताते हुए आक्रोश व्यक्त किया. कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा. करोंद थाना प्रभारी मनोज पटवा ने बताया कि स्थिति शांतिपूर्ण रहा.
नरसिंहपुर NH-44 पर भीषण हादसा, कंटेनर से टकराकर पिकअप पलटी, 35 बकरियों की मौत
नरसिंहपुर में नेशनल हाईवे 44 पर बड़ा सड़क हादसा हो गया. रॉन्ग साइड से जा रहा बकरियों से भरा पिकअप वाहन कंटेनर से टकराकर पलट गया. हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही 30 से 35 बकरियों की मौत हो गई. पिकअप में करीब 40 से 50 बकरियां भरी हुई थीं. हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. घायल चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और रॉन्ग साइड ड्राइविंग को हादसे की वजह माना जा रहा है. बकरियां छीतापार से सिवनी ले जाई जा रही थीं. ट्रैफिक पुलिस अधिकारी ममता तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
ग्वालियर में सीएम बोले- MP बना वाइल्ड लाइफ में नंबर वन, विधायक की माताजी को दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ग्वालियर पहुंचे. वे भाजपा विधायक प्रीतम लोधी की माताजी भाग्यवती देवी को श्रद्धांजलि देने आए थे. इस दौरान एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने प्रदेश की वन संपदा और वन्यजीव संरक्षण को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. सीएम ने कहा कि मध्य प्रदेश का वन लगातार समृद्ध हो रहा है. बोत्सवाना से 9 चीते लाए जाने के बाद प्रदेश में चीतों की संख्या बढ़ी है. एशिया से विलुप्त हो चुका चीता आज मध्य प्रदेश में फिर से आबाद हो रहा है, जिससे दुनिया में भारत की पहचान मजबूत हुई है. उन्होंने कहा कि टाइगर, लैपर्ड, चीता और घड़ियाल की संख्या में मध्य प्रदेश देश में अग्रणी है. वाइल्ड लाइफ और पर्यटन से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे. चंबल क्षेत्र को उन्होंने सबसे समृद्ध बताया और कहा कि इसका लाभ आम लोगों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है.
हरदा में गीले हाथों से चार्जर लगाते समय करंट, युवक की दर्दनाक मौत
हरदा जिले के मालेगांव में लापरवाही एक परिवार पर भारी पड़ गई. गीले हाथों से मोबाइल चार्जर लगाने के दौरान करंट लगने से युवक पवन अहाके की मौत हो गई. घटना बीती रात की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार पवन अपनी पत्नी के साथ खाना खा रहा था. हाथ धोने के बाद उसने मोबाइल चार्जर लगाने की कोशिश की. इसी दौरान हाथ गीले होने से उसे तेज करंट लगा और वह गिर पड़ा. परिजन उसे संभाल पाते, इससे पहले उसकी सांसें थम गईं. मृतक की दो साल की बेटी है और पत्नी आठ माह की गर्भवती है. जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है.
बालाघाट में बच्चा चोरी की अफवाह पर बवाल, दो संदिग्ध युवकों की भीड़ ने की पिटाई
बालाघाट जिले के वारासिवनी थाना क्षेत्र की अयोध्या बस्ती में बच्चा चोरी की आशंका पर दो संदिग्ध युवकों की भीड़ ने जमकर पिटाई कर दी. घटना से इलाके में तनाव का माहौल बन गया. बताया जा रहा है कि दोनों युवक फेरी लगाकर सामान बेचते हैं और महाराष्ट्र व उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं. आरोप है कि उन्होंने एक बच्चे को चॉकलेट का लालच देकर अपने पास बुलाया था, जिसके बाद लोगों को संदेह हुआ और भीड़ इकट्ठा हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया. फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है. जिले में पिछले कुछ दिनों से बच्चा चोरी गैंग को लेकर अफवाहें फैल रही हैं, जिसके चलते लोग सतर्क हैं. पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाने में देने की अपील की है.
नर्मदापुरम में आईआईटी नागपुर छात्रों की कार पलटी, एक छात्र की मौत, अन्य घायल
नर्मदापुरम के छिंदवाड़ा स्टेट हाईवे पर मटकुली के पास आईआईटी नागपुर के छात्रों की कार अनियंत्रित होकर पलटी गई. हादसे में एक छात्र की मौके पर मौत हो गई और अन्य छात्र घायल हुए. घायलों को पिपरिया अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
पन्ना पुलिस ने रोकी भैंसों की अवैध तस्करी, 23 मवेशी सुरक्षित मुक्त
पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने रविवार सुबह दो पिकअप वाहनों को रोककर 23 भैंसों की अवैध तस्करी नाकाम कर दी. वाहन माधौगंज बैरियल के पास पकड़े गए थे, जहां भैंसों को उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था. पुलिस ने सभी मवेशियों को सुरक्षित गौशाला भेजा और वाहनों को जब्त कर लिया. इससे पहले भी अजयगढ़ पुलिस तीन वाहनों से 100 से अधिक मवेशी मुक्त करा चुकी है. लगातार हो रही कार्रवाइयों से अब पशु तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है.
बिलासपुर- गजमोहिनी अपार्टमेंट में भीषण आग
बिलासपुर के मंगला क्षेत्र स्थित गजमोहिनी अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर में रविवार तड़के करीब 5 बजे भीषण आग लग गई. पार्किंग एरिया में संचालित इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में लगी आग ने पूरे परिसर में हड़कंप मचा दिया. सूचना के लगभग एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. घटना में लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया, हालांकि किसी जनहानि की खबर नहीं है. प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. अब रिहायशी अपार्टमेंट की पार्किंग में गोदाम संचालन की अनुमति और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं.

एमपी भाजपा में हलचल तेज, दिल्ली में दिग्गजों की अमित शाह से बैक-टू-बैक मुलाकात
मध्य प्रदेश भाजपा में इन दिनों राजनीतिक हलचल बढ़ गई है. सीएम डॉ. मोहन यादव समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से अलग-अलग समय पर मुलाकात की. बैठक में नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल भी शामिल रहे. इसके बाद सीएम मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी चर्चा की. सूत्रों के मुताबिक इन बैठकों के परिणाम आने वाले दिनों में सामने आ सकते हैं. राजनीतिक हलकों में इन मुलाकातों को निगम-मंडल नियुक्ति, मंत्रिमंडल विस्तार, संगठनात्मक गतिविधियों और हालिया विवादित बयानों से जोड़कर देखा जा रहा है.




भोपाल में बर्खास्त रेलवे कर्मचारी गिरफ्तार, ब्लैकमेल कर वसूली का आरोप
भोपाल में निशातपुरा पुलिस ने बर्खास्त रेलवे कर्मचारी राजेश तिवारी को कथित रूप से ब्लैकमेल कर अवैध रूप से पैसे लेते हुए गिरफ्तार किया है. कार्रवाई शाहजेब खान उर्फ जिब्बी (असलम चमड़ा के करीबी) की शिकायत पर की गई. पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से 2 ग्राम एमडी (ड्रग) और एक अवैध हथियार भी बरामद हुआ है. उसके मोबाइल फोन से कई संदिग्ध दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. राजेश तिवारी पर आरोप है कि वह मछली गैंग और कथित बीफ स्मगलिंग गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा करता था। मामले की जांच जारी है.
भोपाल में डिजिटल अरेस्ट मामले में म्यूल खाता धारक को पहली सजा
भोपाल में डिजिटल अरेस्ट मामले में पहली बार म्यूल खाता धारक को सजा दी गई. आरोपी दिनेश खिंची ने राजधानी की महिला व्यापारी से 44 लाख रुपए की ठगी की थी. क्राइम बांच की साइबर सेल ने उसे राजस्थान के किशनगढ़से गिरफ्तार किया. कोर्ट ने आरोपी को तीन साल की कठोर कारावास और 25 हजार रुपए का अर्थदंड सुनाया.
मुरैना में तेज रफ्तार कार घर में घुसी, मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत
मुरैना के दिमनी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार दीवार तोड़कर घर में घुस गई. हादसे में एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए. घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना सरपंच के परिवार के घर में हुई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
होली से पहले पृथ्वीपुर पुलिस ने पकड़ी 243 लीटर अवैध शराब
होली के पहले पृथ्वीपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए स्विफ्ट कार से 27 पेटी (243 लीटर) अवैध शराब बरामद की, जिसकी कीमत लगभग 48,600 रुपए है. कार के चालक को गिरफ्तार किया गया और पुलिस मामले की जांच जारी रखे हुए है.
MP में 2 मार्च को बसों की हड़ताल नहीं होगी
2 मार्च को प्रस्तावित बस हड़ताल अब नहीं होगी. मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक के बाद बस ऑपरेटरों ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी है. मध्य प्रदेश बस ऑनर एसोसिएशन के महामंत्री जय कुमार जैन ने बताया कि बैठक में यह तय किया गया कि परिवहन विभाग से जुड़े दोनों विवादित राजपत्रों को फिलहाल सस्पेंड करते हुए होल्ड पर रखा जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार के इस निर्णय के बाद बस ऑपरेटरों द्वारा घोषित 2 मार्च की हड़ताल समाप्त की जाती है. एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि मध्य प्रदेश में यात्री बसों का संचालन बिना किसी परिवर्तन के सामान्य रूप से जारी रहेगा. यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी. गौरतलब है कि होली के चलते ट्रेनों में पहले से लंबी वेटिंग की स्थिति बनी हुई है. ऐसे में बस हड़ताल टलने से यात्रियों को बड़ी राहत मिली है.
बलौदाबाजार में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई
वन विभाग ने अर्जुनी वन परिक्षेत्र में छापेमार कार्रवाई करते हुए सुकली और बरेली में एक मकान से अवैध सागौन चिरान और फर्नीचर बरामद किया. दो मकानों को मालिक अनुपस्थित मिलने पर सीलबंद किया गया. इस कार्रवाई में प्रशिक्षु रेंजरों की भागीदारी रही, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया.


भोपाल के 25 इलाकों में बिजली कटौती
भोपाल में बिजली कंपनी के मेंटेनेंस कार्यों के कारण राजधानी के 25 इलाकों में बिजली कटौती जारी रहेगी. कटौती का समय और प्रभावित इलाके इस प्रकार हैं:
सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक: सुल्तानिया इंफ्रेंट्री रोड, विटल नगर, रामानंद नगर, जानकी नगर, जैन नगर, शिवा अपार्टमेंट, नयापुरा, बरेलागांव, राजीव रोसरी, ओम शिव नगर, मुंशी प्रेम कॉलोनी एवं आसपास के इलाके.
सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक: टीला रोड, जीएडी चौराहा एवं आसपास के इलाके.
सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक: अरेरा हिल्स, अर्जुन नगर, दुर्गा नगर, चिनार कॉम्पलेक्स एवं आसपास.
सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक: थर्ड स्टॉप मार्केट, मछना कॉलोनी, तुलसी नगर, शिवानी कॉम्पलेक्स, सिद्धेश्वर नगर एवं आसपास.
कटौती आमतौर पर 2 से 4 घंटे तक रहेगी, इसलिए नागरिकों को समय अनुसार तैयारी करने की सलाह दी गई है.
श्योपुर दौरे पर सीएम डॉ. मोहन यादव
श्योपुर जिले के दौरे पर आज डॉ. मोहन यादव हेलीकोप्टर से पहुंचेंगे. उनका हेलीकॉप्टर कूनो नेशनल पार्क में उतरेगा, जहां वे बोत्सवाना से लाए गए 9 चीतों में से 6 चीतों को क्वारंटाइन बाड़ों में रिलीज करेंगे. इससे पहले केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव 3 चीतों को रिलीज कर चुके हैं. आज बाकी 6 चीतों को सीएम द्वारा छोड़ा जाएगा. डॉ. मोहन यादव कूनो नदी में घड़ियाल छोड़ेंगे. इस पहल के बाद कूनो नेशनल पार्क में पर्यटक अब चीतों और अन्य वन्यजीवों के साथ घड़ियाल मगरमच्छ भी देख सकेंगे. कार्यक्रम को लेकर मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. प्रशासन और पुलिस की टीमें व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.






Add comment