भोपाल। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकसभा से सदस्यता समाप्त करने के निर्णय के विरोध में कांग्रेस देशभर में प्रदर्शन कर रही है। मध्य प्रदेश में आज दूसरे दिन भी व्यापक विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। राजधानी भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ता मुंह पर पट्टी और ताला लगाकर सड़कों पर उतरे।
, राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द करने से कांग्रेस कार्यकर्ता बेहद नाराज हैं। मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कांग्रेस कार्यकर्ता कल से ही विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुंह पर काली पट्टी बांधकर और उसके ऊपर ताला लगाकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता दीप्ति सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की तानाशाह सरकार विपक्ष पर ताला लगाकर रखना चाहती है।
कांग्रेस प्रवक्ता अपराजिता पांडे ने कहा कि, “हमारा संदेश स्पष्ट है, अगर आप हमें संसद में सच नहीं बोलने देंगे, भारत की आवाज नहीं उठाने देंगे तो हम सड़कों पर आवाज उठाएंगे, हम घर घर जाकर लोगों को सच्चाई बताएंगे। आप भारत की आवाज को रोक नहीं सकते। ये एक षड्यंत्र है जो बीजेपी ने राहुल गांधी के खिलाफ रचा है। ये षड्यंत्र इसलिए रचा गया क्यूंकि वे सच बोल रहे थे। अडानी घोटाले पर जेपीसी गठित करने की मांग कर रहे थे। आप भारत की आवाज को ज्यादा देर खामोश नहीं रख सकते। भारतीय लोकतंत्र को खत्म करने में भारतीय जनता पार्टी कभी सफल नहीं होगी।”
उधर, खंडवा में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के 20 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार भी किया गया। खंडवा पुलिस सभी को थाना कोतवाली लेकर गई। पुलिस प्रदर्शनकारियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 151 के तहत कार्रवाई कर रही है। दरअसल, राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ता यहां भाजपा दफ्तर का घेराव करने पहुंचे थे।
डबरा विधानसभा क्षेत्र से भी विरोध प्रदर्शन की तस्वीरें सामने आई है। यहां स्थानीय कांग्रेस विधायक के नेतृत्व में सैंकड़ों लोग पीएम मोदी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर उतर आए। बाद में उन्होंने बीच सड़क पर पीएम मोदी का पुतला फूंका। बता दें कि इसके पहले कल राहुल गांधी की सदस्यता रद्द होते ही राजधानी भोपाल में यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई का बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला था। एमपी यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ विक्रांत भूरिया के नेतृत्व में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हबीबगंज रेलवे स्टेशन पर रेल रोक दिया। नतीजतन काफी देर बाद ट्रेन की परिचालन बाधित रही।
मध्य प्रदेश में हो रहे विरोध प्रदर्शनों को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता आनंद जाट ने कहा, ‘नरेंद्र मोदी और भाजपा के खिलाफ यह जनता का गुस्सा है जो विरोध प्रदर्शन के रूप में सामने आ रहा है। पीएम मोदी ने इस बार बड़ी गलती कर दी है जिसके लिए देश उन्हें कभी माफ नहीं करेगा। राहुल गांधी के पुरखों ने इस देश के लिए शहादत दी है। संसद सदस्यता समाप्त होने से कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी बल्कि और मुखर होकर इस फासीवादी सरकार का विरोध करेगी। अगले हफ्ते मध्य प्रदेश में और व्यापक विरोध प्रदर्शन होंगे।’





